1 Nov 2011

01 Nove 2011



जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार

छिन्दवाड़ा में म.प्र. स्थापना दिवस समारोह
हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया

स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ द्वारा ध्वजारोहण एवं पुरस्कार वितरण

                छिन्दवाड़ा जिला मुख्यालय पर म.प्र. स्थापना दिवस समारोह हर्ष, उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया । प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने आज स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में म.प्र.स्थापना दिवस समारोह पर मुख्य अतिथि के रुप में ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रगान की मधुर ध्वनि से समारोह की शुरुआत हुई । उन्होंने प्रारंभ में दीप प्रज्जवलित कर और सरस्वती पूजन कर समारोह का शुभारंभ किया । उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के म.प्र. के स्थापना दिवस के संदेश का वाचन किया और सभी को संकल्प दिलाया । उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों को पुरस्कार भी वितरित किये । इस अवसर पर राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसुईया उईके, म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री संतोष जैन, महाकौशल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री शेषराव यादव, नगरपालिका अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर, जिला सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष श्री श्रीराम रघुवंशी, श्री रमेश पोफली, श्री दौलतसिंह ठाकुर और अन्य जनप्रतिनिधि, डी.आई.जी. श्री लखनलाल अहिरवार, कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्वाति मीणा, अतिरिक्त कलेक्टर डॉ.श्रीनिवास शर्मा,राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी.त्रिपाठी, सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी,शिक्षक-शिक्षिकायें,छात्र-छात्रायें,पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
                मुख्य अतिथि श्री मोहोड़ ने मुख्यमंत्री के स्थापना दिवस संदेश में पढ़ा कि देश की आजादी के पाँच दशकों के बाद हमारे प्रदेश को विकास की दौड़ में अग्रिम पंक्ति में देख, मेरा मन गर्व से प्रफुल्लित हो रहा है । वर्तमान पंचवर्षीय योजना जो मार्च 2012 में समाप्त हो रही है उसमें प्रदेश की विकास दर 10 प्रतिशत से अधिक रहने की उपलब्धि हासिल हो रही है । यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की 7 करोड़ जनता की है । आज मैं प्रदेशवासियों को सदैव आगे बढ़ने की लगन और इस दिशा में किये जा रहे अथक परिश्रम के लिए ह्मदय से प्रणाम करता हूँ । हमारी संस्कृति की भावना है- “जननी जन्म भूमिश्च, स्वर्गादपि गरियसी” अर्थात् माँ एवं जन्मभूमि का स्थान स्वर्ग से भी ऊपर है, मेरा दृढ़ विश्वास है कि यदि हम सभी ने मिलकर अपनी जन्मभूमि हेतु इसी भावना से अपना योगदान दिया तो कोई भी शक्ति हमें सर्वाधिक विकसित प्रदेश की श्रेणी में आने से नहीं रोक सकती । मध्यप्रदेश, विभिन्न संस्कृतियों का अद्भुत संगम है जहां बोलियों एवं क्षेत्र की विविधता होते हुये भी अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाने का ज़ज्बा है, और यहीं हमारी प्राणवायु हैं । “आओ बनायें अपना मध्यप्रदेश” अभियान इसी भावना की अभिव्यक्ति है । प्रदेश की बढ़ती विकास दर में कृषि, उद्योग तथा सेवा तीनों क्षेत्रों में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि का योगदान रहा है । अगली पंचवर्षीय योजना में हमारा लक्ष्य 12 फीसदी विकास दर हासिल करने का है । कृषि के क्षेत्र में राष्ट्रीय वृद्धि दर से भी अधिक तेजी से वृद्धि होना निस्संदेह प्रदेश के किसानों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। इस वर्ष 50 लाख टन गेहूँ उपार्जन कर मध्यप्रदेश ने पंजाब और हरियाणा के बाद देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। सरकार ने भी कृषि संबंधित विषयों पर तुरंत और प्रभावी निर्णय लेने के लिये “कृषि कैबिनेट” का गठन किया है ।
              मुख्य अतिथि श्री मोहोड़ ने मुख्यमंत्री के संदेश में पढ़ा कि यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि लोगों के प्रति सरकार की जवाबदेही तय करने वाला मध्यप्रदेश “ लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम” अब पूरे देश के लिए मिसाल बन चुका है, लेकिन इस अधिनियम का सफल क्रियान्वयन आप के हाथ में है। प्रारंभ में यह योजना 26 सेवाओं के साथ शुरु हुई थी। अभी पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिवस 25 सितम्बर से इसमें 26 और सेवाओं को जोड़ा गया है । प्रदेश में इसके लिये अलग से लोक सेवा प्रबंधन विभाग का गठन किया गया है । यह सुखद संयोग कहा जा सकता है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की चिंता सबसे पहले करने की बात कहने वाले पं. उपाध्याय ने एकात्म मानववाद की अवधारणा को सबसे पहले मध्यप्रदेश में ही प्रकट किया था । मेरा सपना तो तब पूरा होगा जब सुदूर ग्रामीण अंचल में रहने वाला और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ा नागरिक “ लोक सेवा गारंटी” में अपना हक पाकर मुस्करायेगा । जब हम अधिकारों की बात करते हैं, तो अपने कत्र्तव्यों के बारे में जागरुकता भी उतनी ही आवश्यक है । जहाँ एक ओर तेजी से हो रहे विकास में हम ऊर्जा ग्रहण करें, तो वहीं दूसरी ओर अशिक्षा, कुपोषण, अस्वच्छता और समाज में बेटियों की उपेक्षा के दाग को जड़ से मिटाने का संकल्प भी लें । मैं मानता हूँ कि प्रदेश में ऐसी गंभीर समस्याओं से पूर्ण मुक्ति पाये बगैर विकास का सपना अधूरा रह जायेगा । प्रदेश के सभी बेटी, बेटा स्कूल जायें, प्रत्येक शिशु कुपोषण से मुक्त हो, प्रदेश में कहीं भी खुले में शौच की कुप्रथा नहीं रहे, तभी हम गर्व से विकसित प्रदेश के नागरिक होने का दावा कर सकते हैं । इसी के साथ हम सबको अपने गांव और शहरों में पानी का अपव्यय रोकना होगा, बिजली बचाना होगी और सघन वृक्षारोपण कर प्रदेश को हरा-भरा बनाना होगा । उन्होंने आगे पढ़ा कि प्रदेश में स्त्री-पुरुष के घटते लिंगानुपात और बेटियों के प्रति असहिष्णुता ने हमें झकझोर कर रख दिया है । “बेटी है तो कल है” – यह महज एक नारा नहीं, बल्कि हमारे प्रदेश में हो रही सामाजिक क्रांति का सूत्रपात है । “बेटी बचाओ अभियान” के माध्यम से पूरे समाज को जोड़ने के इस पवित्र प्रयास में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है । नवरात्रि के शुभ पर्व से प्रारंभ इस अभियान को सफल बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है । यह एक सतत चलने वाला यज्ञ है, जिसकी पूर्णाहुति बेटियों को उनका पूर्ण अधिकार दिला कर ही होगी । आइये, हम सब मिलकर विकसित और समृद्ध मध्यप्रदेश के लिये अपने सर्वश्रेष्ठ योगदान का संकल्प लें । लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब सब मिलकर एक साथ काम करेंगे । एक बार पुन “ बेटी बचाओ अभियान” से जुड़ने के आव्हान के साथ मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनायें।
              समारोह में शासकीय उत्कृट विद्यालय, दानियलसन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलाशनगर और शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। मुख्य अतिथि श्री मोहोड़ द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलाशनगर की छात्राओं को प्रथम, दानियलसन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को द्वितीय, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की प्रथम प्रस्तुति को तृतीय तथा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की द्वितीय प्रस्तुति को सांत्वना पुरस्कार के रुप में शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये। शासकीय कलापथक दल द्वारा राष्ट्रगान‘जन-गण-मन अधिनायक’,मध्यप्रदेश गीत और वंदेमातरम् की प्रस्तुतियाँ दी गई।

उत्कृष्ट कार्यो और उपलब्धियों के लिये सम्मान

          प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ ने म.प्र. स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में उत्कृष्ट कार्यो और उपलब्धियों के लिये पुरस्कार वितरित किये । उन्होंने साहसी गोताखोरों सर्वश्री राजू, ग्रे सिंह, कौशल, राजकुमार और गनपत को अपनी ओर से 11-11 सौ रुपये एवं पुलिस विभाग की ओर से 5-5 सौ रुपये की नगद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र, बिजली के करंट से बचाने के लिये तत्परता से कार्य करने पर प्रधान आरक्षक श्री प्रमोद सिंह और अन्य पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र तथा पानी में डूबने से एक महिला को बचाने पर सहायक उप निरीक्षक श्री राजेश कश्यप और आरक्षक श्री सुरेन्द्र कुमार को एक-एक हजार रुपये की नगद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किये । उन्होंने कक्षा दसवीं में शत प्रतिशत परीक्षाफल आने पर हाईस्कूल हनोतिया के प्राचार्य डॉ. एस.के. चौरसिया एवं कक्षा बारहवीं में शत-प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय कन्या शिक्षा परिसर छिन्दवाड़ा की प्राचार्य सुश्री सुशीला इवनाती और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री यू.के.सातनकर को 21-21 सौ रुपये की नगद राशि, शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया । इसी प्रकार कक्षा दसवीं में 97.67 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय उत्कृष्ट हाईस्कूल बुर्रीकला के प्राचार्य श्री एस.सी. मर्सकोले, 95.08 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुंगरिया के प्राचार्य श्री एच.के. पाण्डेय, 93.33 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजौरी के प्राचार्य श्री यू.के.सातनकर, हाईस्कूल जैतपुर के प्राचार्य श्री बी.एल.उईके और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदन के प्राचार्य श्री आर.के.दुबे, 93.94 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय कन्या शिक्षा परिसर छिन्दवाड़ा की प्राचार्य सुश्री सुशीला इवनाती, 92.86 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय कन्या हाईस्कूल डुंगरिया पनारा की प्राचार्य सुश्री युक्ति शर्मा, 91.36 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बिछुआ की प्राचार्य सुश्री कलावती उईके और 90 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय जुन्नारदेव के प्राचार्य श्री मनोज श्रीवास्तव तथा कक्षा बारहवीं में 91.40 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तामिया के प्राचार्य श्री यू.के.सातनकर, 91.23 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हर्रई की प्राचार्य श्रीमती विद्या डेहरिया और 90 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घानाउमरी के प्राचार्य श्री आर.आर.वानखेडे को 11-11 सौ रुपये की नगद राशि, शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया ।
               समारोह में मुख्य अतिथि श्री मोहोड़ ने बेटी बचाओ अभियान के अन्तर्गत कन्हान व्हेली हायर सेकेंडरी स्कूल डुंगरिया की छात्रा सुश्री शिवांगी स्वर्णकार का आई.ए.एस. में 38 वीं रैंक से चयनित होने और सुश्री देवांगी स्वर्णकार का आई.पी.एस. में 87 वीं रैंक में चयनित होने पर उनके अभिभावक श्री रामगोपाल स्वर्णकार का शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर अभिनंदन किया । इसी प्रकार कक्षा दसवीं में 86.16 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्रा कु.प्रमिला इवनाती और 85.50 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्रा कु. प्रियंका रघुवंशी एवं कक्षा बारहवीं में 82.60 प्रतिशत परीक्षाफल आने पर नंदलाल सूद उत्कृष्ट विद्यालय जुन्नारदेव की छात्रा कु. फलक नाज को, कराते अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने पर शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्रा कु. आशिका परानी, राष्ट्रीय स्तर पर बास्केट बाल टीम में दिल्ली में प्रदर्शन करने पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय तामिया की छात्रा कु. शिवानी सोनी, एथलेटिक्स में राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने  पर शासकीय राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय छिन्दवाड़ा की छात्रा कु. नीता भलावी और बैडमिंटन में राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर केन्द्रीय विद्यालय छिन्दवाड़ा की छात्रा कु. काजोल मंडल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । उन्होंने अगरबत्ती और फिनायल निर्माण कार्य एवं मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने पर लोनियाकरबल के श्री रामचंद्र स्व सहायता समूह, ग्राम पंचायत में ग्रामीण स्वच्छता मिशन के अन्तर्गत उत्कृष्ट सौर उर्जा और प्रकाश व्यवस्था करने पर ग्राम पंचायत कोल्हिया, टाप और चांदामेटा कला, स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत डेयरी उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने पर पाटनढ़ाना के महामाया स्व सहायता समूह एवं मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के अन्तर्गत किचन गार्डन का निर्माण कर ताजी सब्जियाँ उपलब्ध कराने और मध्यान्ह भोजन का उत्कृष्ट संचालन करने पर जैतपुर के गीता स्वसहायता समूह को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया ।

--------------------
विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ एवं अवलोकन

                  प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने आज  म.प्र. स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शित की गई विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया । इस विकास प्रदर्शनी में ग्रामीण विकास, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, कृषि, स्वास्थ्य, जिला शिक्षा केन्द्र, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं सामाजिक न्याय, उद्योग, विद्युत, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा, मत्स्य, सहकारिता, शहरी विकास, अन्त्यावसायी, म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास,जल संसाधन, जबलपुर दुग्ध संघ, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और जनसम्पर्क विभागों द्वारा विभागीय विकास गतिविधियों की प्रदर्शनी आयोजित की गई । इस अवसर पर राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके, म.प्र. पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री संतोष जैन, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर, जिला सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष श्री श्रीराम रघुवंशी, श्री रमेश पोफली, श्री दौलतसिंह ठाकुर और अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्वाति मीणा, सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी और अन्य अधिकारीगण, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे ।

  --------------------

सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों का
 सम्मान समारोह आज

             कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में 2 नवम्बर को शाम 5 बजे से जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में 31 अक्टूबर 2011 को सेवानिवृत्त हुये अधिकारियों/ कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया है । इस समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों।कर्मचारियों का शाल, श्रीफल से सम्मान किया जायेगा तथा उन्हें जी.पी.ओ./पी.पी.ओ. भी वितरित किये जायेंगे । जिला पेंशन अधिकारी श्री महोबिया ने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों, संबंधित कार्यालय प्रमुखों, सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारियों, पत्रकारों आदि से इस समारोह में सहभागी होकर इसे सफल बनाने की अपील की है ।

-----------------

टीन शेड निर्माण का शिलान्यास

                राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके ने आज स्थानीय पुलिस परेड़ ग्राउंड में 4.24 लाख रुपये की लागत से बनने वाले टीन शेड के निर्माण कार्य का मुख्य अतिथि के रुप में शिलान्यास कर भूमिपूजन किया । इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने  की तथा म.प्र. पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री संतोष जैन, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर, जिला सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष श्री श्रीराम रघुवंशी,श्री रमेश पोफली और श्री दौलतसिंह ठाकुर विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे।                   
               उल्लेखनीय है कि टीन शेड निर्माण कार्य के लिए सांसद स्थानीय निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के अन्तर्गत राज्य सभा सदस्य सुश्री उईके ने अपनी सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराई है । इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्वाति मीणा, अन्य अधिकारी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे । 

-------------------------- 

फोटो युक्त मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं
के नाम जोड़ने हेतु दावे/आपत्ति प्राप्त करने
 की अवधि 15 नवम्बर तक बढ़ी

               उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्धारित कार्यक्रम में दावे/आपत्ति प्रापत करने की अवधि 15 नवम्बर तक बढ़ा दी गई है । पूर्व में यह अवधि 10 अक्टूबर से एक नवम्बर तक निर्धारित थी । अब पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु दावे/आपत्तियाँ संबंधित मतदान केन्द्र में 15 नवम्बर तक प्राप्त की जायेंगी । बढ़ाई गई अवधि में ऐसे पात्र मतदाता जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गये हैं, वे अपने आवेदन पत्र संबंधित मतदान केन्द्र में नियुक्त बी.एल.ओ. को उपलब्ध कराने के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, म.प्र. भोपाल की वेबसाईट ध्र्ध्र्ध्र्.ड़ड्ढदृथ्र्ठ्ठड्डण्न्र्ठ्ठद्रद्धठ्ठड्डड्ढद्मण्.दत्ड़.त्द पर ई-रजिस्ट्रेशन की सुविधा का उपयोग कर अपना आवेदन पत्र भर सकते हैं । शेष कार्यक्रम यथावत रहेगा एवं फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 05 जनवरी 2012 को होगा ।

----------------------
जन सुनवाई कार्यक्रम के अन्तर्गत 38 आवेदनों का निराकरण

            जनसुनवाई कार्यक्रम के अन्तर्गत आज स्थानीय कलेक्टर न्यायालय कक्ष में 38 आवेदनों में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आशा कुशरे द्वारा बी पी एल सर्वे सूची में नाम जोडने, बंटवारा नामांतरण, मुआवजा राशि देने, पेंशन देने, अनुकम्पा नियुक्ति, छात्रवृत्ति, निर्माण कार्यो की जांच तथा अन्य विषयों पर जनसुनवाई की गई । उन्होंने आवेदकों को संबंधित कार्यालयों के प्रमुखों से भी सम्पर्क करने की समझाईश दी ताकि उनके आवेदनों का शीघ्र निराकरण हो सके।

---------------

No comments:

Post a Comment