29 Nov 2011

News 29 Nove 2011


जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

पशुपालकों से जिला स्तरीय गोपाल पुरस्कार योजना
के अन्तर्गत 10 दिसम्बर तक आवेदन पत्र आमंत्रित

                पशु चिकित्सा विभाग द्वारा जिले के पशुपालकों से जिला स्तरीय गोपाल पुरस्कार योजना के अन्तर्गत आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं । भारतीय नस्ल की दुधारु गाय के पशुपालक आगामी 10 दिसम्बर तक समीपस्थ विकासखंड स्तरीय पशु चिकित्सालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर भरे हुये आवेदन इसी स्थल पर जमा कर सकते हैं। इस योजना में जिला स्तरीय पुरस्कार के अन्तर्गत प्रति गाय 50 हजार रुपये का प्रथम, 25 हजार रुपये का द्वितीय और 15 हजार रुपये का तृतीय पुरस्कार दिया जायेगा तथा जिला स्तर पर चयनित और पुरस्कृत पशुपालकों को राज्य स्तरीय गोपाल पुरस्कार योजना की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा जिसमें दो लाख रुपये का प्रथम, एक लाख रुपये का द्वितीय और 50 हजार रुपये का तृतीय पुरस्कार दिया जायेगा ।
 उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें श्री एन.एस.ठाकुर ने बताया कि जिला स्तरीय गोपाल पुरस्कार योजना सभी वर्ग के पशुपालकों क लिए हैं तथा प्रतियोगिता में प्रतिदिन 4 लीटर से अधिक दूध देने वाली भारती नस्ल की गाय को पंजीकृत किया जायेगा । विदेशी या विदेशी संकर नस्ल की दुधारु गाय इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं होगी । प्रतियोगिता में भाग लेने वाली गाय के चयन का आधार तीन समय के दूध उत्पादन का औसत रहेगा जिसमें सर्वाधिक दूध उत्पादन करने वाली गाय को पुरस्कृत किया जायेगा । उन्होंने बताया कि  विकासखंड पर प्राप्त आवेदन पत्रों को जिला स्तरीय चयन समिति के समक्ष संकलन और परीक्षण हेतु प्रस्तुत किया जायेगा तथा जिला स्तर पर प्राप्त आवेदनों में से 30 आवेदनों का परीक्षण और सत्यापन उप संचालक द्वारा गठित जिला स्तरीय समिति के माध्यम से किया जायेगा । परीक्षण के उपरान्त 10 गायों का चयन कर जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा जिसमें अधिकतम दूध देने वाली गायों को क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किया जायेगा ।
-----------

एक निर्माण कार्य के लिए 30 हजार रुपये की स्वीकृति और आवंटन प्रदाय

                 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के अन्तर्गत कलेक्टर द्वारा जारी वित्तीय वर्ष में जिले के विधानसभा क्षेत्र छिन्दवाड़ा के विधायक श्री दीपक सक्सेना की अनुशंसा पर छिन्दवाड़ा नगरपालिका के मोहन नगर स्थित गणेश चौक पर कलामंच निर्माण कार्य के लिए 30 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति और आवंटन क्रियान्वयन एजेंसी मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगरपालिका छिन्दवाड़ा को प्रदाय किया गया है । उन्होंने इस निर्माण कार्य को मार्च माह तक पूर्ण करने के निर्देश क्रियान्वयन एजेंसी को दिये हैं ।
-------------

जन सुनवाई कार्यक्रम के अन्तर्गत 135 आवेदनों का निराकरण

         जनसुनवाई कार्यक्रम के अन्तर्गत आज स्थानीय कलेक्टर न्यायालय कक्ष में 135 आवेदनों में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा बी पी एल सर्वे सूची में नाम जोडने, बंटवारा नामांतरण, मुआवजा राशि देने, पेंशन देने, अनुकम्पा नियुक्ति, छात्रवृत्ति, निर्माण कार्यो की जांच तथा अन्य विषयों पर जनसुनवाई की गई । उन्होंने आवेदकों को संबंधित कार्यालयों के प्रमुखों से भी सम्पर्क करने की समझाईश दी ताकि उनके आवेदनों का शीघ्र निराकरण हो सके।
--------------

स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड की अनुशंसा पर
5 निर्माण कार्यो के लिए 6.48 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदाय

                  प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री एवं जिले के विधानसभा क्षेत्र सौंसर के विधायक श्री नानाभाऊ मोहोड की अनुशंसा पर कलेक्टर द्वारा जारी वित्तीय वर्ष में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के अन्तर्गत 5 निर्माण कार्यो के लिए 6.48 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुये प्रथम किश्त के रुप में 3 लाख 90 हजार 500 रुपये का आवंटन क्रियान्वयन एजेंसी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मोहखेड, कार्यपालन यंत्री म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी और कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवायें को प्रदाय किया गया है । उन्होंने मार्च माह तक इन निर्माण कार्यो को पूर्ण करने के निर्देश क्रियान्वयन एजेंसी को दिये हैं ।
                  कलेक्टर ने बताया कि जिले के मोहखेड विकासखंड के ग्राम जमुनिया माल में प्रभुदयाल के मकान से माता मंदिर तक 100 मीटर सी.सी.रोड निर्माण कार्य के लिए 2.23 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति और 1.23 लाख रुपये का आवंटन, ग्राम गोरखपुर में भाऊराव नागरे के मकान से जगदीश नागरे के मकान तक 100 मीटर सी.सी.रोड निर्माण कार्य के लिए 2.26 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति और 1.26 लाख रुपये का आवंटन एवं ग्राम बीसापुरकला में कला मंच निर्माण कार्य के लिए 1.575 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति और एक लाख रुपये का आवंटन तथा सौंसर विकासखंड के ग्राम जाम में 11 के.व्ही. लाईन हटाकर दूसरी लाईन शिफ्ट करने के लिए 41 हजार 500 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति और आवंटन प्रदाय किया गया है ।
---------------

छात्र-छात्राओं को शत प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरित करने के निर्देश

                 कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने जिले के सभी संकुल केन्द्र प्रभारी प्राचार्यो को निर्देश दिये हैं कि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर 7 दिसम्बर के पूर्व शत प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरण करना सुनिश्चित करें एवं तदाशय का प्रमाण पत्र भी निर्धारित प्रारुप में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में 9 दिसम्बर तक प्रेषित कर पावती प्राप्त करें ताकि 12 दिसम्बर की समय सीमा की बैठक में विद्यालयवार समीक्षा की जा सके । जिन संस्था प्रमुखों के प्रमाण पत्र सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में 9 दिसम्बर तक प्राप्त नहीं होंगे, उनके वेतन रोकने की कार्यवाही की जायेगी जिसके लिये संस्था प्रमुख स्वयं जिम्मेदार होंगे । इस संबंध मं मुख्य सचिव के आदेशों की अवहेलना करने के कारण गोपनीय चरित्रावली में भी प्रतिकूल टीप अंकित की जायेगी । उन्होंने सभी सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं ।
                   कलेक्टर डॉ. शर्मा ने बताया कि माह अक्टूबर एवं नवम्बर 2011 की परख वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव द्वारा अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को तत्काल छात्रवृत्ति वितरित करने के निर्देश दिये गये हैं तथा इस संबंध मं राज्य शासन द्वारा भी 31 अक्टूबर की तिथि निर्धारित की जाकर शत प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरण का प्रमाण पत्र चाहा गया है । उन्होंने खेद व्यक्त करने हुये कहा है कि बहुत कम संस्था प्रमुखों ने इस दिशा में गंभीर प्रयास कर शत प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरित कर तदाशय का प्रमाण पत्र प्रेषित किया है । उन्होंने पुन: निर्देश दिये है कि यदि सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय से स्वीकृति अनुसार आवंटन प्राप्त नहीं हो तो दूरभाष क्रमांक 243419 पर एवं बैंक से समस्या हो तो संबंधित शाखा अथवा लीड बैंक मैनेजर से सम्पर्क कर समस्या का निराकरण करायें तथा शत प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरण सुनिश्चित करें ।  
---------------------

No comments:

Post a Comment