6 Nov 2011

News 6 Nove 2011


 जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

बेटी बचाओ अभियान के अन्तर्गत बेटियों
को सशक्त करने में सहयोग करें
-- प्रभारी मंत्री श्री बिसेन
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन द्वारा ग्राम तीतरा में
घटामाली नदी पर 243.51 लाख रुपये लागत
के उच्च स्तरीय जलमग्नीय पुल
निर्माण कार्य का भूमिपूजन
               प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि सम्पूर्ण सृष्टि का निर्माण माँ के गर्भ से हुआ है तथा हमें मातृशक्ति को सम्मान देकर उन्हें सशक्त बनाने के प्रयास करना चाहिये । बेटे की तुलना में बेटी माता-पिता के प्रति अधिक संवेदनशील और भावुक होती है तथा समाज को चिंतन करके ऐसा वातावरण बनाना चाहिये जिससे जिन माता–पिताओं के यहाँ केवल बेटियाँ हैं, वे बेटों की भांति अग्नि संस्कार भी कर सकें । प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में जो सकारात्मक कार्य किये गये हैं, वह इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा । आप सभी बेटी बचाओ अभियान के अन्तर्गत लिंगानुपात कम करने और बेटियों को सशक्त करने में सहयोग करें । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन आज जिले के परासिया विकासखंड के ग्राम तीतरा में 2 करोड़ 43 लाख 51 हजार रुपये लागत के तीतरा डुंगरिया से डुड्डी मार्ग में घटामाली नदी पर उच्च स्तरीय जलमग्नीय पुल निर्माण कार्य के भूमिपूजन समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर 3 नल जल योजनाओं और 11 हैण्डपंप खनन कार्य को भी स्वीकृति प्रदान की । कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक श्री ताराचंद बावरिया ने की तथा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे ।           प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्त करने की दृष्टि से पंचायत निर्वाचन में 50 प्रतिशत का आरक्षण किया गया है । बेटियाँ पढ़ेंगी तो अपनी संतान को भी शिक्षित कर एक अच्छा नागरिक बनायेगी । उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या को रोके जिससे पुरुष-महिला के लिंगानुपात को समान किया जा सकें । जिन बेटियों द्वारा दो बेटे या बेटियों के बाद परिवार नियोजन करा लिया गया है, उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा सम्बल कार्ड देने की योजना बनाई गई है । अब ऐसा बिल भी लाया जा रहा है जिसमें बेटियों के माता-पिताओं को 55 वर्ष की उम्र के बाद पेंशन दी जा सकेगी । बेटी की शादी के बाद उसके आवासहीन होने पर उसे आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जायेगी । उन्होंने बताया कि खेती को फायदे का धंधा बनाने के लिये कृषकों को एक अप्रैल से एक प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है । यह ऋण पर समय पर भुगतान करने से कृषकों को फायदा होगा । सरकार द्वारा कृषकों से दण्ड ब्याज नहीं लेने का निर्णय भी लिया गया है । उन्होंने बताया कि एक नवम्बर से समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी शुरु की गई है । कृषक 980 रुपये प्रति Ïक्वटल की दर पर अपना मक्का खरीदी केन्द्रों पर लाकर विक्रय कर सकते हैं । इसके लिये उन्हें खरीदी केन्द्रों पर ऋण पुस्तिका, बी-1 या खसरा की छायाप्रति प्रस्तुत करना होगी। उन्होंने बताया कि किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर स्थायी पंप कनेक्शन उपलब्ध कराये जा रहे हैं तथा इसमें कृषकों को सिर्फ 10 प्रतिशत राशि देना होगी । इसमें एक हेक्टेयर की भूमि वाले किसान को 3 हार्स पावर तक के पंप कनेक्शन के लिये 15 हजार रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया जायेगा । उन्होंने कार्यक्रम में राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि शिविर आयोजित कर किसानों के अविवादित बंटवारा, नामांतरण आदि के प्रकरणों का निराकरण करें और खातों में सुधार कर नई ऋण पुस्तिका प्रदाय करें । उन्होंने घटामाली नदी पर पुल निर्माण कार्य के शुभारंभ को क्षेत्रीय विधायक श्री बावरिया की मेहनत और प्रयासों का फल बताते हुये कहा कि इस बहुप्रतीक्षित योजना के पूर्ण होने से क्षेत्रीय ग्रामवासियों के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा । उन्होंने पूर्व में भूमिपूजन कार्यक्रम को स्थगित किये जाने के कारणों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
                  प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने प्रारंभ में घटामाली नदी पर पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया तथा अमर शहीद बादल भोई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर ग्राम तीतरा, डुड्डी और जामुनबर्रा में नल जल योजनाओं को स्वीकृति प्रदान करते हुये फरवरी के प्रथम पखवाडे तक ये योजनायें पूर्ण करने और 11 हैण्डपंप विभिन्न स्थानों पर खनित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये । कार्यक्रम अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक श्री बावरिया ने इस अवसर पर पुल निर्माण कार्य प्रारंभ करने के घटनाक्रम की वास्तविकता बताते हुये कहा कि ग्रामवासियों की मांग पर इकलहरा में आयोजित एक कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री नागेन्द्र सिंह द्वारा पुल निर्माण की घोषणा की गई थी जिसके परिप्रेक्ष्य में विधानसभा में भी इस कार्य को करने की मांग रखी गई । लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग के माध्यम से इस कार्य को करने के लिये बजट सत्र के दौरान स्वीकृति प्राप्त हुई जिसमें प्रभारी मंत्री श्री बिसेन का विशेष योगदान है । उन्होंने बताया कि देवरानी दाई में विधायक निधि से 12 लाख रुपये की राशि दी गई है जिससे सी.सी.रोड, सीढ़ी और रेलिंग निर्माण का  कार्य जारी है तथा बुदला पठार जलाशय के कार्य की स्वीकृति भी हो चुकी है जिसमें बजट सत्र के दौरान राशि आवंटित कराकर टेंडर जारी किया जायेगा । उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विगत 8 वर्षो में इतने विकास कार्यो और योजनाओं को अमली जामा पहनाया है जितने पिछले 35 वर्षो में नहीं हुये हैं । उन्होंने कहा कि घटामाली नदी पर पुल का निर्माण भी इस क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा । तुलसी विवाह के दिन से इस ऐतिहासिक कार्य की शुरुआत करके प्रदेश सरकार विकास की एक नई परिभाषा बना रही है । जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर ने कहा कि बैंक के द्वारा किसानों के हित में कई कार्य किये जा रहे हैं जिससे खेती लाभ का धंधा बनें । उन्होंने आगामी 19 नवम्बर को आयोजित मेगा लोक अदालत के माध्यम से किसानों से अपने ऋण प्रकरणों का निराकरण कराने का आव्हान किया तथा क्षेत्र में किये जा रहे विकास कार्यो की विस्तार से जानकारी दी । कार्यक्रम में सर्वश्री भरत जैन, सुनील परतेती, प्रहलाद पटेल और हरिशंकर सूर्यवंशी ने भी अपने विचार व्यक्त किये ।
                कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग के कार्यपालन यंत्री श्री जे.एस.बघेल ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक श्री बावरिया के प्रयासों से घटामाली नदी पर पुल निर्माण का कार्य मूर्त रुप ले रहा है । केन्द्रीय सड़क निधि योजना के अन्तर्गत स्वीकृत 243.51 लाख रुपये लागत के इस निर्माण कार्य के अन्तर्गत 105 मीटर लंबे, 8.40 मीटर चौड़े और 9.50 मीटर ऊंचे उच्चस्तरीय जलमग्नीय  पुल का निर्माण होगा जिसके पहुंच मार्ग की लंबाई 305 मीटर रहेगी । दिसम्बर 2012 तक यह निर्माण कार्य पूर्ण होगा । प्रारंभ में प्रभारी मंत्री और अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया गया । कार्यक्रम का संचालन श्री मोहन भास्कर और आभार प्रदर्शन श्री मोहन कहार ने किया । इस अवसर पर सरपंच श्री प्रभात सिंह धुर्वे और अन्य जनप्रतिनिधि, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री अनुराग सक्सेना, तहसीलदार श्री गोपाल सोनी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री श्री श्रीवास्तव और कार्यपालन यंत्री द्वय श्री वैद्य और श्री प्रधान , अन्य अधिकारी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
 
------------------

प्रभारी मंत्री श्री बिसेन द्वारा ग्राम कारीडोंगरी में
मक्का खरीदी केन्द्र का शुभारंभ

               प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने आज जिले के परासिया विकासखंड के ग्राम कारीडोंगरी में सेवा सहकारी समिति के मक्का खरीदी केन्द्र का शुभारंभ किया । उन्होंने इलेक्ट्रानिक तौल यंत्र की विधिवत पूजा कर खरीदी कार्य की शुरुआत कराई । कृषकों से यह मक्का 980 रुपये प्रति Ïक्वटल के समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही है । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने इस अवसर पर कृषक श्री लक्ष्मीनारायण और अन्य कृषकों से चर्चा की तथा अपनी उपज इस केन्द्र में लाकर बेचने का आव्हान किया । उन्होंने केन्द्र में किसानों द्वारा लाई गई मक्का की गुणवत्ता का अवलोकन भी किया । इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर, श्री रघुवीर वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री अनुराग सक्सेना, तहसीलदार श्री गोपाल सोनी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री श्री श्रीवास्तव और कार्यपालन यंत्री द्वय श्री वैद्य और श्री प्रधान, अन्य अधिकारी, कृषक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।

---------------------
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन छिन्दवाड़ा, सिवनी और

बालाघाट के कटे-फटे होंठ के मरीजों का
नि:शुल्क उपचार करायेंगे

                    प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन छिन्दवाड़ा के साथ ही सिवनी और बालाघाट के कटे-फटे होंठ वाले मरीजों का नि:शुल्क उपचार करायेंगे । यह उपचार महाराष्ट्र राज्य के नागपुर के समीप कामठी के आशा हास्पिटल में डॉ. राजेन्द्र अग्रवाल के माध्यम से कराया जायेगा तथा इस उपचार पर होने वाले व्यय की संपूर्ण राशि प्रभारी मंत्री श्री बिसेन द्वारा आशा हास्पिटल को दी जायेगी । उपचार के संबंध में डॉ. राजेन्द्र अग्रवाल से उनके मोबाइल क्रमांक 098230-46049 पर सम्पर्क किया जा सकता है । साथ ही प्रभारी मंत्री श्री बिसेन के निज सहायक श्री नितिन रानाडे से मोबाईल क्रमांक 89093-74041 और श्री श्यामलाल बिसेन से मोबाईल क्रमांक 94243-35855 पर छिन्दवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिले के कटे-फटे होंठ वाले मरीज सम्पर्क कर अपना नि:शुल्क उपचार करा सकते हैं ।


----------------

 

No comments:

Post a Comment