जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार
समाचार
पातालकोट क्षेत्र को देश के पर्यटन
नक्शे में लाने का प्रयास करें
--प्रभारी मंत्री श्री बिसेन
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन द्वारा रातेड़ में सात दिवसीय
सतपुड़ा रोमांचकारी खेल महोत्सव का रंगारंग समापन
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि पातालकोट क्षेत्र के भौगोलिक परिवेश और विहंगम दृश्यों का उदाहरण देश और दुनिया के किसी क्षेत्र में देखने को नहीं मिलता, किन्तु फिर भी देश के पर्यटन नक्शे में पातालकोट क्षेत्र को वह स्थान नहीं मिल पाया है, जो मिलना चाहिये । हम सभी मिलकर पातालकोट क्षेत्र को देश के पर्यटन नक्शे में लाने का प्रयास करें तथा इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित करने का कार्य भी करें । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन आज जिले के तामिया विकासखंड के दुर्गम क्षेत्र पातालकोट के रातेड़ में 5 नवम्बर से चल रहे सतपुड़ा रोमांचकारी खेल महोत्सव के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने की तथा म.प्र. पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री संतोष जैन, महाकौशल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री शेषराव यादव, क्षेत्रीय विधायक श्री प्रेमनारायण ठाकुर औरपरासिया के विधायक श्री ताराचंद बावरिया एवं नगरपालिका छिन्दवाड़ा के अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने रोमांकचकारी खेल महोत्सव में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं के ग्रुपो को 5-5 हजार रुपये तथा खेल महोत्सव जिस कृषक की भूमि पर संचालित हो रहे हैं, उसकी फसल नुकसानी के लिए 10 हजार रुपये देने की घोषणा भी की ।
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को मिलकर पातालकोट क्षेत्र के विकास की एक कार्ययोजना बनाना चाहिये तथा इस कार्य योजना पर जिला योजना समिति में भी पृथक से विस्तार से चर्चा करना चाहिये । उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में एक सप्ताह नहीं, बल्कि पूरे वर्ष भर गतिविधियों का आयोजन होना चाहिये जिससे पर्यटक और प्रकृति प्रेमी निरंतर इस क्षेत्र से जुड़े रह सकें । उनहोंने कहा कि पतालकोट क्षेत्र में आकर ऐसा प्रतीत होता है कि आकाश और धरती एक हो गये है तथा यहाँ की मनोरम दृश्यावलियाँ सदैव स्मृति में बनी रहने लायक है । उन्होंने सभी से आव्हान किया कि अपने अवकाश के समय में प्रकृति के नैसर्गिक आनंद का यहाँ पर अवश्य ही आनंद लें तथा कम से कम तीन-चार दिन तो यहाँ पर रुके ही । उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पातालकोट क्षेत्र के विकास और उत्थान के लिये कृत संकल्पित है तथा उन्होंने यहाँ के वनवासियों के साथ रात्रि में रुककर उनके द्वारा बनाये गये भोजन का उनके साथ बैठकर स्वाद भी चखा है । उनहोंने सीमित जसंख्या के लिये परिवार कल्याण कार्यक्रम को अपनाये जाने के साथ ही लिंगानुपात कम करने की दृष्टि से बेटी बचाओ अभियान में सभी से सहयोग का आव्हान भी किया । उन्होंने जिला ओलंपिक संघ द्वारा प्रकाशित स्मारिका ‘उड़ान’ का सभी अतिथियों के साथ विमोचन भी किया तथा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं आजाद, शिवाजी, भगत, गांधी और सुभाष समूहों को प्रमाण पत्र वितरित किये । उन्होंने अंत में विमोचन सतपुड़ा रोमांचकारी खेल महोत्सव के विधिवत समापन की घोषणा भी की । उन्होंने पैरामोटर में बैठकर इस खेल का आनंद भी लिया ।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने इस अवसर पर कहा कि पातालकोट क्षेत्र में सतपुड़ा रोमांचकारी खेल महोत्सव के माध्यम से बहुत अच्छे कार्यक्रम हुये हैं जिसमें सभी ने मेहनत कर इस उत्सव को सार्थक बनाया । उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन निरंतर होते रहना चाहिये तथा क्षेत्र के जुढारु विधायक के माध्यम से पातालकोट क्षेत्र के और विकास की अपेक्षा की ।उनहोंने पैरामोटर में बैठकर इस खेल का आनंद भी लिया । विशिष्ट अतिथि एवं म.प्र. पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री संतोष जैन ने कहा कि जिले के पातालकोट क्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जायेगा तथा निगम के माध्यम से इस क्षेत्र में अधिक से अधिक राशि उपलब्ध कराई जायेगी । उन्होंने बताया कि तामिया क्षेत्र को गंतव्य बनाकर लगभग 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है जिससे तामिया में इंटरप्रिटीशन सेंटर और बिजौरी में 6 कमरे का वे आफ साइट बनाये जा रहे है जो लगभग पूर्णता की ओर हैे । विशिष्ट अतिथि एवं क्षेत्रीय विधायक श्री प्रेमनारायण ठाकुर ने कहा कि रोमांचकारी खेलों के आयोजन से इस क्षेत्र में पर्यटकों के लिए एक अच्छे कार्य की शुरुआत हुई है । इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई गतिविधियों से जोड़कर एक नये वातावरण का निर्माण किया गया है, जो सराहनीय है । उन्होंने कहा कि महाकौशल विकास प्राधिकरण, म.प्र. पर्यटन विकास निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्कूल शिक्षा, जिला ओलंपिक संघ और अन्य विभागों के साथ मिलकर इस क्षेत्र में गतिविधियाँ आयोजित कर इस क्षेत्र का देश में नाम रौशन किया जा सकता है । कलेक्टर एवं जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि इस क्षेत्र में रोमांचकारी खेलों का जो आह्लाद प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के चेहरे पर दिखाई देता है और जनप्रतिनिधियों में यहाँ आने की जो ललक है, उससे इस कार्यक्रम की सफलता दिखाई देती है । यह सभी के जुड़ाव का नतीजा है कि खेलों के रोमांच का सभी ने आनंद लिया । उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में 238 छात्र छात्राओं के अलावा हजारो की संख्या में पर्यटकों ने आकर रोमांचकारी खेलों का आनंद लिया । उन्होंने सभी से इन खेलों को निरंतर जारी रखने का आग्रह भी किया । उन्होंने बताया कि खेल महोत्सव जिस कृषक की भूमि पर आयोजित किये जा रहे है, वह भूमि शासन द्वारा अधिग्रहित कर ली गई है तथा संबंधित कृषक को 16 लाख रुपये की राशि का चेक शीघ्र दी प्रदाय किया जा रहा है ।
गैंडी नत्य में झूमकर नाचे प्रभारी मंत्री
समारोह में ग्राम सिंघोली के शिवशक्ति नृत्य मंडल ने आकर्षक और लयबद्ध ढंग से गैंडी लोक नृत्य प्रस्तुत किया । इस लोक नृत्य की लय और तान से सम्मोहित प्रभारी मंत्री श्री बिसेन अपने आपको रोक नहीं सके तथा उन्होंने झूमकर आदिवासी लोक नर्तक दल के साथ गैडी नृत्य किया । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन को देखकर क्षेत्रीय विधायक श्री ठाकुर भी अपने आपको नहीं रोक पाये तथा वे भी प्रभारी मंत्री और आदिवासी लोक नर्तक दल के साथ नाचे । कार्यक्रम में रातेड के आदिवासी लोक नर्तक दल ने भी भडम लोक नत्य की सराहनीय प्रस्तुति दी तथा श्री रविन्द्र जायसवाल के मार्गदर्शन में छात्र छात्राओं ने माश्र्ल आर्ट का प्रदर्शन किया । कार्यक्रम का संचालन श्री ओ.पी.शर्मा ओर श्री नरेन्द्र शक्रवार ने तथा आभार प्रदर्शन जिला आलंपिक संघ के सचिव और जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.आर.कोषे ने किया । इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गौरीकुंवर ठाकुर और अन्य जनप्रतिनिधि, प्रभारी मंत्री की सुपुत्री डॉ. पायल हिरिनखेडे, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, मुख्य वन संरक्षक श्री पुष्कर सिंह, वन संरक्षक एवं जिला ओलंपिक संघ के प्रभारी अधिकारी डॉ सुनीश बक्शी, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश जैन, परियोजना प्रशासक एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना श्री नीतिराज सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तामिया श्री राजकुमार पांडे, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री वैद्य और अन्य जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी, पत्रकार, जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारी, प्रतिभागी छात्र-छात्रायें, खेल प्रेमी, पर्यटक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
------------------
No comments:
Post a Comment