3 Nov 2011

News 3 Nove 2011




जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार

वन मंत्री श्री सिंह 5 नवम्बर को तामिया में
वितरित करेंगे तेन्दूपत्ता प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि

                प्रदेश के वन मंत्री श्री सरताज सिंह आगामी 5 नवम्बर को दोपहर 12 बजे से जिले के तामिया में फारेस्ट कॉलोनी के सामने पश्चिम सामान्य वनमंडल द्वारा आयोजित तेन्दूपत्ता प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि वितरण, वन विभागीय आजीविका समूहों का सम्मेलन और सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में भाग लेंगे । इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके करेंगी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सीताराम डेहरिया, विधायकगण सर्वश्री प्रेमनारायण ठाकुर,ताराचंद बावरिया और  तेजीलाल सरेयाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गौरीकुंवर तथा अध्यक्ष अंत्योदय समिति श्री वीरेन्द्र राय विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रहेंगे । पश्चिम सामान्य वनमंडल के जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष श्री मंगलसिंह ठाकुर और प्रबंध संचालक श्री ए.के.एस. चौहान ने सभी से इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है । 

------------------
ईदुज्जुहा का पर्व शांतिपूर्वक मनाया जायेगा
शांति समिति की बैठक सम्पन्न

             जिले में ईदुज्जुहा का पर्व आगामी 7 नवम्बर को हर्ष, उल्लास और उमंग के साथ शांतिपूर्वक मनाया जायेगा । इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष की अध्यक्षता में जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विचार-विमर्श किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये । इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी.त्रिपाठी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री नीरज सोनी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री हिमांशु सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत नायडू और आबकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, श्री दौलत सिंह ठाकुर, श्रीमती रेखा श्रीवास्तव, श्रीमती भारती साहू, श्री अरविंद राजपूत और समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।
               बैठक में बताया कि ईदुज्जुहा पर्व पर जामा मस्जिद में प्रात: 8.30 बजे , बड़ी ईदगाह में प्रात: 9 बजे और छोटी ईदगाह में प्रात: 9.15 बजे नमाज अदा की जायेगी । पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने नमाज स्थल और मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में विशेष रुप से साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल व्यवस्था करने तथा नमाज स्थल के साथ ही दीवानचीपुरा, बैल बाजार और कब्रिास्तान के स्थलों पर मुरम डलवाकर गड्डों को समतल करने और सड़कों के गड्डों की मरम्मत करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिये । उन्होंने पर्व के दौरान प्रात: 8 से 10 बजे तक विद्युत व्यवस्था बनाये रखने के संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारी को तथा पर्व और नमाज के दौरान पुराने बैल बाजार चौक पर ट्राफिक व्यवस्था बनाये रखने के संबंध में यातायात पुलिस को भी निर्देश दिये । बैठक में सदस्यों द्वारा कुर्बानी के बाद अवांछित सामग्री का परिवहन सावधानीपूर्वक करने और जामा मस्जिद में रात्रि में ही पुलिस व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया जिसके संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के लिये आश्वस्त किया गया । समिति के सदस्यों द्वारा अन्य सुझाव भी दिये गये ।

------------------

पर्यटन,खेल एवं युवा कल्याण मंत्री
श्री पवार का भ्रमण कार्यक्रम

               प्रदेश के पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार 4 नवम्बर को दोपहर 3.30 बजे भोपाल से प्रस्थान कर रात्रि 9.30 बजे तामिया पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे । आप 5 नवम्बर को दोपहर 1.30 बजे तामिया से प्रस्थान कर दोपहर 2.30 बजे पातालकोट पहुंचकर रोमांचकारी खेल उत्सव 2011 के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे । श्री पवार इसी दिन शाम 4 बजे पातालकोट से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे ।
------------------

 
राज्य सभा सदस्य सुश्री उईके का
 भ्रमण कार्यक्रम में आंशिक संशोधन


                राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके के भ्रमण कार्यक्रम में आंशिक संशोधन हुआ है । आप 4 नवम्बर को छिन्दवाड़ा पहुंचेंगी तथा आपके 5 से 7 नवम्बर तक के कार्यक्रम यथावत रहेंगे । आप 8 नवम्बर को प्रात: 10.30 बजे छिन्दवाड़ा से प्रस्थान कर प्रात: 11 बजे जुन्नारदेव पहुंचेंगी एवं यहाँ पर शासकीय महाविद्यालय में कन्या छात्रावास का भूमिपूजन कर प्रस्थान करेगी तथा दोपहर 3 बजे दमुआ पहुंचकर सांसद निधि से स्वीकृत आदिवासी सामुदायिक भवन का भूमिपूजन कर छिन्दवाड़ा वापस आयेंगी । आपका 9 से 11 नवम्बर तक का समय आरक्षित रहेगा तथा 12 नवम्बर को प्रात: 11 बजे छिन्दवाड़ा से प्रस्थान कर तामिया पातालकोट जायेगी एवं यहाँ पर साहसिक खेलों के समापन कार्यक्रम में भाग लेने के बाद शाम 4 बजे तामिया से छिन्दवाड़ा-नागपुर होते हुये नई दिल्ली के लिये प्रस्थान करेगी।

------------------
कैंसर,ह्मदयरोग एवं घुटना और कूल्हा
प्रत्यारोपण के लिए 10 हितग्राहियों को
 6.98 लाख रुपये की उपचार एवं
 परिवहन व्यय राशि स्वीकृत

              जिला बीमारी सहायता निधि से जिले के 10 हितग्राहियों का कैंसर और ह्मदय रोग के उपचार के साथ ही घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण कराया जायेगा । इसके लिये जिला बीमारी सहायता निधि की प्रबंध समिति के अनुमोदन की प्रत्याशा में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार नायडू द्वारा 6.81 लाख रुपये की उपचार और 17 हजार रुपये की परिवहन व्यय की राशि स्वीकृत की गई है । उपचार की राशि संबंधित चिकित्सा संस्था और परिवहन की राशि हितग्राही को प्रदाय की जायेगी ।
                  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नायडू ने बताया कि ग्राम गुरैया की श्रीमती कुसमा पति भगतराम, बटकाखापा की श्रीमती लताबाई पति सुंदरलाल कुल्हार और अमरवाड़ा के श्री चोखेलाल पिता सुखलाल धुर्वे के कैंसर के उपचार के लिए मेट्रो कैंसर हास्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर जबलपुर को 50-50 हजार रुपये की उपचार व्यय राशि और 2-2 हजार रुपये की परिवहन व्यय राशि, चौरई के श्री रामचरण पिता हरलाल शर्मा को कैंसर के उपचार के लिए मेट्रो कैंसर हास्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर जबलपुर को एक लाख रुपये, चांद की श्रीमती विमला पति पुरुषोत्तम सुनेरी के कैंसर के उपचार के लिये जवाहरलाल नेहरु कैंसर हास्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर भोपाल और डुंगरिया की श्रीमती कुसमाबाई पति लारेंस मसीह के कैंसर के उपचार के लिये पाढ़र हास्पिटल पाढ़र को 50-50 हजार रुपये की उपचार व्यय राशि और 2-2 हजार रुपये की परिवहन व्यय राशि, ग्राम काराघाट के मास्टर रोहित पिता जगदीश यादव के ह्मदय रोग के उपचार के लिये चिरायु कार्डियक सेंटर भोपाल को 70 हजार रुपये की उपचार व्यय राशि और 2 हजार रुपये की परिवहन व्यय राशि, ग्राम करेर की श्रीमती पुष्पाबाई पति तुलसीराम के घुटना प्रत्यारोपण के लिये शिवम मेडीकल एण्ड रिसर्च इंस्टीट¬ूट भोपाल को 81 हजार रुपये की उपचार व्यय राशि और 2 हजार रुपये की परिवहन व्यय राशि, ग्राम लकड़ाई जम्होडी के श्री गोपाल पिता घुरुलाल कुमरे के कूल्हा प्रत्यारोपण के लिये एस.एन.जी. हास्पिटल इन्दौर को 81 हजार रुपये की उपचार व्यय राशि और 2 हजार रुपये की परिवहन व्यय राशि तथा ग्राम रजोला के श्री मुश्ताक खाँ पिता खलील खां के घुटना प्रत्यारोपण के लिए सिटी हास्पिटल जबलपुर को 99 हजार रुपये की उपचार व्यय राशि और एक हजार रुपये की परिवहन व्यय राशि स्वीकृत की गई है ।


क्रमांक 16/1374/ओपीस/एमआर/


वन मंत्री श्री सिंह 5 नवम्बर को रंगारंग
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ करेंगे
सतपुड़ा रोमांचकारी खेल उत्सव का उद्घाटन

प्रभारी मंत्री श्री बिसेन के साथ ही अन्य
मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

7 दिवसीय खेल महोत्सव में होगी विभिन्न
रोमांचकारी गतिविधियाँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम

                 प्रदेश के वन मंत्री श्री सरताज सिंह जिले के पातालकोट (बीजाढ़ाना) में आगामी 5 नवम्बर को दोपहर 3 बजे सतपुड़ा रोमांचकारी खेल उत्सव का मुख्य अतिथि के रुप में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उद्घाटन करेंगे । इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन करेंगे तथा प्रदेश के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री कुंवर विजय शाह, पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार, स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़, राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके, म.प्र. राज्य विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अद्र्धघुमक्कड़ जाति विकास अभिकरण अध्यक्ष श्री नारायण सिंह बंजारा, नगरपालिका छिन्दवाड़ा अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सीताराम डेहरिया, म.प्र. पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री संतोष जैन, महाकौशल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री शेषराव यादव तथा विधायकगण सर्वश्री प्रेमनारायण ठाकुर, दीपक सक्सेना, तेजीलाल सरेयाम, ताराचंद बावरिया, चौधरी मेरसिंह और रामराव कवडेती विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रहेंगे । कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला ओलंपिक संघ डॉ. पवन कुमार शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी म.प्र. ईको पर्यटन विकास बोर्ड डॉ. ए.के.भट्टाचार्य और प्रबंध निदेशक म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम श्री पंकज राग ने तामिया-पातालकोट क्षेत्र में इको पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 5 से 12 नवम्बर तक आयोजित इस सात दिवसीय महोत्सव में सहभागी होकर इसे सफल बनाने की अपील की है । विश्व पर्यटन पर तामिया और पातालकोट को पहचान देने और पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से म.प्र. पर्यटन विकास निगम और म.प्र. ईको पर्यटन विकास बोर्ड के सहयोग से जिला प्रशासन और जिला ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित इस खेल महोत्सव में भारिया आदिवासी छात्र-छात्राओं सहित अन्य विद्यार्थी और पर्यटक तामिया और पातालकोट की प्राकृतिक एवं हसीन वादियों का आनंद ले सकेंगे । कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला ओलंपिक संघ डॉ. शर्मा जहाँ इस आयोजन को सफल और रंगारंग बनाने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष और वानिकी अनुसंधान एवं मानव संसाधन विकास केन्द्र के उप वन संरक्षक एवं प्रभारी अधिकारी जिला ओलंपिक संघ डॉ. सुनीश बक्शी कार्ययोजना को अंतिम रुप प्रदान कर कैम्प को रोचक बनाने में लगे हुये हैं ।
              कार्यक्रम के संयाजक, आयोजन प्रभारी और उप वन संरक्षक डॉ. बक्शी ने बताया कि इस आयोजन में 200 आदिवासी छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण के लिए नि:शुल्क शामिल किया जायेगा तथा अन्य स्कूली विद्यार्थियों के लिए 7 दिन का प्रशिक्षण शुल्क 3500 रुपये रखा गया है । रोमांचकारी खेलों में पैरामोटर, पैरासिलिंग, हॉट एयर बैलून, वॉटर स्पोर्टस, रॉक क्लाइबिंग, एयरो माडलिंग सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रतिदिन रात्रि में आयोजन होगा । खेलों का आयोजन चिमटीपुर, मुत्तौर सहित तामिया में होगा । खेलों के दौरान म.प्र.हाथकरघा और हस्तशिल्प विकास निगम, वन, आदिवासी विकास विभाग और ग्रामीण विकास विभाग विभिन्न स्टाल लगायेंगे । तामिया रेस्ट हाउस में एक सूचना केन्द्र बनाया गया है तथा खेल स्थलों का बेस कैम्प रातेड़ में पुलिस, मेडिकल, एम्बुलेंस, पानी, बिजली एवं सुरक्षा सहित कंट्रोल रुम स्थापित होगा । आकर्षक टेंटों में विद्यार्थी और पर्यटकों के ठहरने की उच्च स्तरीय व्यवस्था की जा रही है । उल्लेखनीय है कि जहाँ वर्ष 2009 में पहले सफल आयोजन के पश्चात मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम ने भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में छिन्दवाड़ा जिले को सम्मानित कर छिन्दवाड़ा के आयोजन को मॉडल जिला घोषित किया था । वहीं वर्ष 2010 में कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा के निर्देशन में हुये सफल आयोजन के लिए हॉल ही में अक्टूबर माह में मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम ने ओलम्पिक संघ के प्रभारी अधिकारी डॉ. सुनीश बक्शी को भोपाल में माननीय राज्यपाल के करकमलो से सम्मानित किया और जिला  ओलंपिक संघ के प्रयासों की सराहना की है । इस आयोजन के माध्यम से भारिया आदिवासी विद्यार्थियों को समय-समय पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया जिसके उपरान्त वे स्वयं ही इन खेलों के माध्यम से आय के साधन जुटाने में लगे हुये हैं । साथ ही उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं । जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति ने इन आयोजनों में छिन्दवाड़ा जिले की आम जनता से शामिल होने का अनुरोध किया है । विशेष रुप से विद्यार्थियों के लिए आकर्षक छूट की व्यवस्था की गई है जिसका लाभ लेकर इस रोमांचकारी खेल उत्सव में शिरकत की जा सकती है ।

------------------
म.प्र. स्थापना दिवस पर तामिया में
 मनाया गया छात्रावास दिवस

           आदिवासी विकास विभाग के संभागीय उपायुक्त होशंगाबाद श्री कैलाश नीरज के मुख्य आतिथ्य में म.प्र. स्थापना दिवस पर जिले के आदिवासी विकासखंड तामिया के सभी आश्रम और छात्रावासों में हर्षोल्लास से छात्रावास दिवस मनाया गया । आदर्श आश्रम बिजौरी में यह समारोह नवीन बालक आश्रम और कन्या आश्रम द्वारा संयुक्त रुप से आयोजित किया गया । इस अवसर पर परियोजना प्रशासक एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना श्री नीतिराज सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री उमेश कुमार सातनकर, सहायक संचालक आदिवासी विकास श्री सी.के.शर्मा, सहायक संचालक आदिवासी विकास होशंगाबाद श्री दुबे, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पालकगण, अन्य विभागीय अधिकारी/कर्मचारी तथा छात्र-छात्रायें उपस्थित थे । छात्रावास दिवस पर तामिया के बालक छात्रावास, कन्या छात्रावास, कन्या आश्रम ओर खेल परिसर में भी विभिन्न खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयेजन किया गया। 
                   मुख्य अतिथि श्री नीरज ने इस अवसर पर कहा कि छात्र जीवन अत्यन्त महत्वपूर्ण होता है तथा इस जीवन में आप जो ज्ञान अर्जित करते हैं, वह जीवनपर्यन्त आपके काम आता है । आप अच्छी तरह से अध्ययन कर ज्ञानार्जन करें और सफल जीवन व्यतीत करें । उन्होंने अपने छात्र जीवन से संभागीय उपायुक्त बनने तक के भी अनुभव सुनाये । उन्होंने विजेता प्रतियोगिताओं को पुरस्कृत किया और सभी जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विद्यार्थियों के साथ सामूहिक सह भोज भी किया । उन्होंने प्रारंभ में दीप प्रज्जवजन कर और सरस्वती पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।  कार्यक्रम में आश्रम के बच्चों द्वारा स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये तथा रांगोली, चित्रकला, कुर्सीदौड़, व्हालीबाल आदि प्रतियोगितायें आयोजित की गई ।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सातनकर ने इस अवसर पर बताया कि जिले के आदिवासी विकासखंड तामिया में स्थित आश्रम/छात्रावासों से प्रतिवर्ष छात्र एवं छात्रायें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेलकूद, स्काउट गाईड व अन्य गतिविधियों में अव्वल नंबर पाकर क्षेत्र को गौरवान्वित करते हैं । ऐसे सभी बच्चों को इस अवसर पर पुस्कृत भी किया गया । उन्होंने बताया कि इन बच्चों को इन कार्यो में दक्ष करने में अधीक्षक आदर्श आश्रम बिजौरी श्री पूनाजी सरेयाम, अधीक्षक नवीन बालक आश्रम बिजौरी श्री रमेश मर्सकोले, अधीक्षक कन्या आश्रम बिजौरी श्रीमती रश्मि तन्तुवाय, अधीक्षक आश्रम घटलिंगा श्री एस.एल.भारती, अधीक्षक बालक छात्रावास तामिया श्री बी.एल. मंडराह, अधीक्षक कन्या उत्कृष्ट छात्रावास तामिया श्रीमती सरिता सल्लामें, अधीक्षक कन्या आश्रम तामिया कु. सुशीला भारती और अधीक्षक खेल परिसर तामिया श्री शैलेश राय का सराहनीय योगदान रहता है ।

------------------

 

No comments:

Post a Comment