जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार
समाचार
मोहखेड में विकासखंड स्तरीय अन्त्योदय मेले का आयोजन 13 दिसम्बर को
आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
जिले की जनपद पंचायत मोहखेड द्वारा आगामी 13 दिसम्बर को स्थानीय तहसील कार्यालय के पीछे स्थित मैदान पर विकासखंड स्तरीय अन्त्योदय मेले का आयोजन किया गया है । इस मेले में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभान्वित किया जायेगा । इस अन्त्योदय मेले में हितग्राहियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की गई है ।
राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी. त्रिपाठी ने बताया कि अन्त्योदय मेले को सफल बनाने के लिए सभी विभाग प्रमुखों और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि अपने विभाग की संचालित योजनाओं में अधिकाधिक हितग्राहियों का चयन समय से पूर्व कर उन्हें मेला स्थल पर लाभ दिलायें तथा विभागीय स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी पोस्टर, बैनर के माध्यम से प्रदर्शित करें । विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन पत्र पर्याप्त संख्या में स्टाल पर रखें और मेले में अपनी विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान करने हेतु चिन्हित हितग्राहियों की सूची 8 दिसम्बर तक अनिवार्यत: मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मोहखेड को उपलब्ध कराये । योजनाओं से संबंधित पम्पलेट्स की व्यवस्था व्यापक प्रचार प्रसार हेतु करें और मेला स्थल पर अपने विभाग का स्टाल लगाये जाने हेतु जगह का आरक्षण पूर्व से ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मोहखेड से करा लें । विभागीय स्टाल में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी के नियुक्ति आदेश मेला तिथि से 7 दिन पूर्व उपलब्ध कराये और मेला स्थल पर मेला तिथि पर अपने स्टॉल की सारी तैयारी करके प्रात: 9 बजे से अनिवार्यत: उपस्थित रहें ।
राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. त्रिपाठी ने निर्देश दिये है कि विभागीय स्टाल पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो, इसलिये सभी विभागीय अधिकारी/कर्मचारी आवश्यक सहयोग करें तथा अंत्योदय मेले में लाभान्वित किये जाने वाले हितग्राहियों की विभागवार, योजनावार सूची सी.डी. एवं हार्ड कापी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मोहखेड को उपलब्ध करायें ताकि वे एक सी.डी. और एक हार्ड कॉपी कलेक्टर (सामाजिक न्याय) को समय से पूर्व उपलब्ध करा सके । मेला दिनांक तक मेला स्थल में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी को किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं करें ओर मेला समाप्ति के पश्चात अपनी विभागीय प्रगति संबंधी प्रतिवेदन निर्धारित प्रारुप में प्रस्तुत करें । उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मोहखेड को भी निर्देश दिये है कि मेला आयोजन स्थल पर छाया, पानी, बैठक और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करं ।
---------------
सर्पदंश से मृत्यु पर वारिस पति को 50 हजार
रुपये की आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृत
जिले के जुन्नारदेव के राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश जैन द्वारा जिले की तहसील जुन्नारदेव के ग्राम खिडकी कनेरी की श्रीमती कपूरी की सर्पदंश से मृत्यु होने पर उसके वारिस पति श्री दिनेश पिता झलक को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6 (4) के अन्तर्गत 50 हजार रुपये की आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृत की गई है । उन्होंने तहसीलदार जुन्नारदेव को विपत्तिग्रस्त हितग्राही को स्वीकृत राशि आहरित कर प्रदान करने के निर्देश दिये हैं ।
--------------------
पंचायतों में रिक्त पदों के उप निर्वाचन का कार्यक्रम निर्धारित
रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग आफीसर (पंचायत) नियुक्त
म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों में 30 सितम्बर 2011 तक रिक्त हुये पदों की पूर्ति, नवगठित पंचायतों, कार्यकाल पूर्ण करने वाली पंचायतों तथा आरक्षण से अपवर्जित पंचायतों के आम/उप निर्वाचन (उत्तराद्र्ध) के निर्वाचन के लिए कार्यक्रम निर्धारित किया गया है । इसके लिये आगामी 5 दिसम्बर को प्रात: 10.30 बजे से निर्वाचन की सूचना, स्थानों के आरक्षण की सूचना और मतदान केन्द्रों की सूची के प्रकाशन के साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य प्रारंभ होगा तथा 12 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किये जायेंगे । आवश्यक होने पर 26 दिसम्बर को प्रात: 8 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा और मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्रों पर मतगणना की जायेगी ।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 दिसम्बर को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्ष्ाा की जायेगी तथा अभ्यर्थी 15 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता से नाम वापस ले सकेंगे एवं अभ्यर्थिता वापसी के ठीक बाद निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर उन्हें निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जायेगा । उन्होंने बताया कि आगामी 27 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे से खंड मुख्यालय पर पंच, सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के मतों का सारणीकरण कर निर्वाचन परिणम की घोषणा की जायेगी तथा 28 दिसम्बर को प्रात: 10.30 बजे से जिला मुख्यालय पर जिला पंचायत सदस्य के मतों का सारणीकरण कर निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जायेगी ।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. शर्मा ने पंचायतों में रिक्त स्थानों के उप निर्वाचन के लिये विकासखंड पांढुर्ना और मोहखेड में पंच/सरपंच पद के लिये तहसीलदार श्री सुधीर कुमार जैन और श्रीमती छोटी मरावी, पंच पद के लिये विकासखंड छिन्दवाडा में तहसीलदार श्री महेश अग्रवाल, परासिया में तहसीलदार श्री गोपाल कुमार सोनी, तामिया में तहसीलदार श्री मनोज चौरसिया, अमरवाड़ा में तहसीलदार श्री डी.एस.काकोडिया, चौरई में तहसीलदार श्री सी.एल.वर्मा, जुन्नारदेव में तहसीलदार श्री कमलचंद सिंहसार और बिछुआ में तहसीलदार श्री बलीराम मेश्राम तथा सरपंच पद के लिये विकासखंड सौंसर में तहसीलदार श्री करतारसिंह बघेल को रिटर्निंग आफीसर (पंचायत) नियुक्त किया है । उन्होंने सभी विकासखंडों में संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सर्वश्री राजीव खरे, ए.डी.श्रीवास्तव, राजकुमार पाण्डेय, पी.एस.सरेयाम, प्रदीप शर्मा, गायत्री कुमार सारथी, महावीर जैन, सी.एल.मरावी, आर.एस.इरपाचे और प्रदीप गुहा को सहायक रिटर्निंग आफीसर (पंचायत) नियुक्त किया है जो रिटर्निंग आफीसर (पंचायत) के पर्यवेक्षण, निर्देशन और नियंत्रण के अधीन कार्य करेंगे ।
---------------
शांति समिति की बैठक आज
जिले में आगामी 6 दिसम्बर को मोहर्रम पर्व मनाया जायेगा । इस पर्व को शांतिपूर्वक मनाये जाने और कानून व्यवस्था आदि पर विचार विमर्श के लिये एक दिसम्बर को शाम 4 बजे से जिलाध्यक्ष् कार्यालय के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया है ।
--------------------
रोजगार और मार्केटिंग व्यवस्था में सक्षम संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा ने बताया कि स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजनान्तर्गत विभिन्न प्रकार के उद्योगों में स्व- सहायता समूहों/व्यक्तिगत स्वरोजगारियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा । ऐसी संस्थायें जो प्रशिक्षण के बाद स्व सहायता समूहों/ स्वरोजगारियों को दीर्घकालीन सुनिश्चित रोजगार एवं मार्केटिंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने में सक्षम हो, वे अपना पूर्ण प्रस्ताव आगामी 14 दिसम्बर तक पोस्ट आफिस के माध्यम से रजिस्टर्ड डाक द्वारा जिला पंचायत कार्यालय में प्रस्तुत कर सकती है । निर्धारित तिथि के पश्चात या व्यक्तिगत रुप से प्राप्त प्रस्ताव पर कोई विचार नहीं किया जायेगा।
---------------
पारडसिंगा में मॉक ड्रिल का आयोजन 3 दिसम्बर को
राज्य शासन के निर्देशों के परिपालन में जिले में स्थापित रासायनिक एवं औद्योगिक इकाईयों द्वारा बनाये गये ऑफ साईट इमरजेंसी प्लान के संबंध में आगामी 3 दिसम्बर को प्रात: 10.30 बजे से जिले की सौंसर तहसील के ग्राम पारडसिंगा (सतनूर) स्थित भंसाली इंजीनियरिंग पॉलीमर्स लिमिटेड में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया है । कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा इस मॉक ड्रिल में पुलिस, होमगार्डस, स्वास्थ्य, नगरपालिका, परिवहन, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, आपूर्ति, प्रदूषण नियंत्रण, उद्योग, रोजगार, जनसम्पर्क और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं ।
---------------
No comments:
Post a Comment