5 Nov 2011

News 5 Nove 2011



जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

पातालकोट क्षेत्र में पर्यटन उद्योग में
 रोजगार की अपार संभावनायें हैं

-- वन मंत्री श्री सिंह

वन मंत्री श्री सिंह द्वारा सतपुड़ा रोमांचकारी
 खेल महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ

            प्रदेश के वन मंत्री श्री सरताज सिंह ने जिले के पातालकोट क्षेत्र की नैसर्गिक और हसीन वादियों में सतपुड़ा रोमांचकारी खेल महोत्सव-2011 का रंगारंग शुभारंभ करते हुये कहा कि यहाँ के लैंडस्कोप,पहाड़ियाँ, खाईयाँ आदि में बहुत की अनूठापन है तथा रोमांचकारी खेलों के लिये यह क्षेत्र बहुत ही उपयोगी और आदर्श है । इस क्षेत्र में पर्यटन उद्योग में रोजगार की अपार संभावनायें हैं । हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम सब मिलकर इस क्षेत्र के आदिवासीजनों विशेषकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करायें । श्री सिंह आज जिले के तामिया विकासखंड के पातालकोट क्षेत्र के रातेड़ में सतपुड़ा रोमांचकारी खेल महोत्सव के शुभारंभ समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । इस अवसर पर प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ , राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके, नगरपालिका छिन्दवाड़ा अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सीताराम डेहरिया, महाकौशल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री शेषराव यादव, म.प्र. पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री संतोष जैन तथा विधायक द्वय श्री ताराचंद बावरिया और रामराव कवरेती विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे ।
                वनमंत्री श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन उद्योग में रोजगार की दृष्टि से इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के साथ ही जमीन की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी पड़ेगी तभी हम आगे बढ़ पायेंगे तथा इससे इस क्षेत्र का नक्शा बदलेगा, यहाँ के लोग खुशहाल हो सकेंगे और समृद्धि एवं रौनक आ पायेगी । उन्होंने खेल महोत्सव के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की तथा प्रारंभ में दीप प्रज्जवलित कर और सरस्वती पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । उन्होंने खुशी के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े तथा अन्य अतिथियों के साथ जार्बिंग बॉल, हॉट एयर बैलून और अन्य रोमांचकारी खेलों में भाग भी लिया । प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विगत 8 वर्षो में आदिवासी विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किये गये हैं तथा ये कार्य निरंतर जारी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पातालकोट क्षेत्र के गैलडुब्बा में आये थे तथा उनके द्वारा की गई घोषणा के अनुरुप गैलडुब्बा तक पक्की सड़क का निर्माण हो चुका है एवं लोगों को आवागमन की सुविधा मिली है । उन्होंने कहा कि पातालकोट क्षेत्र में रोमांचकारी खेलों के आयोजन से आदिवासी समाज के लोगों के लिये एक अच्छे कार्य की शुरुआत हुई है तथा पर्यटकों के आने-जाने से यह क्षेत्र शीघ्र ही तरक्की करेगा और यहाँ समृद्धि और खुशहाली आयेगी । राज्य सभा सदस्य सुश्री उईके ने कहा कि सतपुड़ा रोमांचकारी खेलों के आयोजन से पातालकोट क्षेत्र को एक नई पहचान मिली है तथा एक अच्छे पर्यटन स्थल के रुप में वेबसाईट के माध्यम से यह क्षेत्र प्रदेश ही नहीं पूरे देश के सामने आ गया है । पर्यटकों के इस क्षेत्र में आने से इस पिछड़े हुये क्षेत्र में विकास की एक नई दिशा अब प्रारंभ हो सकेगी। उन्होंने इस क्षेत्र की एक कार्य योजना बनाकर यहाँ के लोगों के आर्थिक और सामाजिक विकास की अपेक्षा वन मंत्री से की ।
               समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री डेहरिया ने कहा कि इस क्षेत्र में रोमांचकारी खेलों का आयोजन किया जाना खुशी की बात है । इस आयोजन से आदिवासी बालक-बालिकाओं को आगे बढ़ने के अच्छे अवसर मिलेंगे तथा इस पिछड़े क्षेत्र के विकास के नये रास्ते सुलभ हो सकेंगे । उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों के अलावा इस क्षेत्र के निवासियों के लिये कुछ नया करने का संकल्प लिया जाना चाहिये जिससे उनका विकास और उन्नति हो सके । विधायक परासिया श्री बावरिया ने इस अवसर कहा कि पातालकोट क्षेत्र के आदिवासी समाज के लोगों के लिये प्रदेश सरकार द्वारा यहाँ पर जो खेल गतिविधियाँ आयोजित की जा रही है, वह सराहनीय है । इससे आदिवासी समाज के युवक और युवती रोजगार के माध्यम से नये आर्थिक क्षेत्रों से जुड़कर अपने विकास की गाथा खुद लिख रहे हैं । उन्होंने कहा कि पर्यटन से इस क्षेत्र को जोड़ने पर यहाँ की अपेक्षाओं की पूर्ति हो सकेंगी, किन्तु इसके लिये म.प्र. पर्यटन विकास निगम के माध्यम से एक सुदृढ़ कार्य योजना बनाई जाना चाहिये । विधायक पांढुर्ना श्री कवडेती ने खेलों के आयोजन को एक अच्छी पहल बताते हुये कहा कि इस आयोजन से इस क्षेत्र के लोगों की आशायें पूरी हो सकेंगी । उन्होंने तत्परता से हर संभव सहयोग के लिए भी कहा । जिला ओलंपिक संघ के प्रभारी अधिकारी एवं उप वन संरक्षक श्री सुनीश बक्शी ने कार्यक्रम की रुपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश ड़ालते हुये कहा कि इस क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण विशेषकर गिद्ध संरक्षण, पर्यटन के नक्शे में पातालकोट क्षेत्र को लाना और क्षेत्र में रोजगारोन्मुखी गतिविधियों को संचालित करने की दृष्टि से इस क्षेत्र को रोमांचकारी खेल गतिविधियों से जोड़ा गया है जिसके बहुत ही सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं । उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र के भारिया युवाओं ने साहसिक खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त किया है तथा वे रोजगार से जुड़कर अन्य युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए तैयार हो गये हैं ।
                कार्यक्रम में वनमंत्री श्री सिंह का कलेक्टर एवं जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शर्मा, प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ और महाकौशल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री यादव का उप वन संरक्षक एवं आयोजन प्रभारी डॉ. बक्शी एवं म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री जैन का सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री बृजेशचंद्र पांडे ने आदिवासियों का पारंपरिक मोर मुकुट पहनाकर अभिनंदन किया ।  कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोटिया के छात्र-छात्राओं ने लोक नृत्य और छात्राओं ने सरस्वती वंदना, शिवशक्ति मंडल सिंघोली और रातेड़ के लोक दल के नर्तकों ने भड़म नृत्य तथा कु.ध्वनि घोंगे ने भरतनाट¬म नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी जिसकी सभी ने सराहना की । कार्यक्रम का संचालन श्री ओ.पी. शर्मा और श्री नरेन्द्र शक्रवार ने तथा आभार प्रदर्शन जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.आर. कोषे ने किया । इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गौरीकुंवर, अध्यक्ष अन्त्योदय समिति श्री वीरेन्द्र राय, नगरपालिका छिन्दवाड़ा उपाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र मिगलानी और पार्षदगण, पिपरिया के श्री हरिशंकर जायसवाल, सर्वश्री रमेश पोफली, दौलतसिंह ठाकुर, जितेन्द्र शाह, नरेन्द्र परमार और अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, मुख्य वन संरक्षक श्री पुष्कर सिंह, वन संरक्षक वर्किंग प्लान श्री चित्तरंजन त्यागी, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश जैन, परियोजना प्रशासक एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना श्री नीतिराज सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री यू.के.सातनकर, जिला और विकासखंड स्तरीय अन्य अधिकारी, जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारी और सदस्यगण, खिलाडी छात्र-छात्रायें, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।

-----------------------

No comments:

Post a Comment