जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार
समाचार
मलेरिया रोग की जाँच के लिये रेपिड किट की पर्याप्त व्यवस्था रखें
-कलेक्टर डॉ. शर्मा
साप्ताहिक समय सीमा की समीक्षा बैठक सम्पन्न
कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने निर्देश दिये कि जिला चिकित्सालय और जिले के सभी स्वासथ्य केन्द्रों में मलेरिया रोग की तत्काल जाँच के लिये रेपिड किट की पर्याप्त व्यवस्था रखें तथा सभी बी.एम.ओ. को निर्देशित करें यदि किसी व्यक्ति को बुखार की शिकायत हो तो उसका तत्काल उपचार करें एवं एहतियात के तौर पर मलेरिया रोग नियंत्रण संबंधी टेबलेट अवश्य दें । इसके अलावा वन विभाग के माध्यम से कालमेघ और आयुष विभाग के माध्यम से महासुदर्शन चूर्ण का काढ़ा भी सभी को पिलवायें जिससे मलेरिया रोग प्रतिरोधित रह सके । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने ये निर्देश आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये । उन्होंने वन और आयुष विभाग के अधिकारियों को भी शिविर आयोजित कर लोगों को नि:शुल्क कालमेघ और महासुदर्शन चूर्ण का काढ़ा पिलवाने के निर्देश दिये । बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा, अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आशा कुशरे, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी.त्रिपाठी और सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे ।
कलेक्टर डॉ. शर्मा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि सभी ब्लाकों में जिन तीन-तीन लैब टेक्नीशियन की ड¬ूटी लगाई गई है, उन्होंने कार्यभार ग्रहण कर कार्य शुरु कर दिया है, यह सुनिश्चित करें तथा जो लैब टेक्नीशियन कार्य पर उपस्थित नहीं हुये हैं, उनके तत्काल निलंबन की कार्यवाही करें । उन्होंने पिंडरईकला स्वास्थ्य केन्द्र में अधिक मात्रा में संग्रहित रक्त स्लाईडों की जाँच जिला चिकित्सालय की पैथालाजी में कराने के निर्देश भी दिये । उन्होंने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों से भी अपेक्षा की कि वे जब भी जिले के भ्रमण पर जायें तो ब्लाक मुख्यालय के स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर लैब टेक्नीशियनों की उपलब्धता और कार्य की जानकारी लेकर एस.एम.एस. करें तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जाने पर वहाँ भी लोगों से बुखार आदि की जानकारी लेकर अधिक संख्या में लोगों के बुखार पीडित होने पर सूचित करें । उन्होंने एक एम.डी.मेडीकल आफीसर की ड¬ूटी लगाकर नेत्र रोगियों के आपरेशन तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये तथा इसके बाद भी आपरेशन से मना करने वाले चिकित्सकों के निलंबन के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिये कहा । उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों में नियुक्ति के रोस्टर संबंधी जानकारी अगली बैठक में प्रस्तुत करने तथा समय सीमा के लंबित पत्रों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिये । उन्होंने जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को निर्देश दिये कि बी.पी.एल. के हितग्राहियों को अपरैल ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण के प्रकरण तैयार करें तथा लक्ष्य प्राप्त होते ही ये प्रकरण ट्रेनिंग सेंटर को भेजें । उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को भी हितग्राहियों के चयन में सहयोग के लिए कहा । उन्होंने मत्स्य,शहरी विकास, उद्योग, आदिवासी विकास और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि बैंकों को भेजे जाने वाले प्रकरणों में बैंक से समय लेकर जाये और कमियों को समझकर उसे दूर कर प्रकरण स्वीकृत करायें ।
बैठक में कलेक्टर डॉ.शर्मा ने उप संचालक कृषि और सहायक संचालक उद्यान से सहकारी खाद और बीज समितियों के गठन के संबंध मं जानकारी ली तथा शीघ्र ही शेष समितियों का गठन कर किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये । उन्होंने ग्राम खमराजेठू में सी.सी.रोड निर्माण कार्य में संशोधित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदाय कर प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही करने तथा छात्र श्री विशाल पाटिल को संशोधित अंक सूची दिलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये । उन्होंने जिलाध्यक्ष कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के साथ ही ग्रामीण विकास, शहरी विकास, आदिवासी विकास, पशु चिकित्सा, मत्स्य, जिला शिक्षा केन्द्र, योजना, आबकारी, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, वन, पंचायत, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, लोक निर्माण, सहकारिता, श्रम, विद्युत, प्रधानमंत्री ग्राम सडक आदि विभागों के लंबित पत्रों की प्रगति की समीक्षा की । बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में मलेरिया की रेपिड किट सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध कराई गई है, अभी स्टाक में 1025 रेपिड किट उपलब्ध है तथा 5 हजार रेपिड किट की व्यवस्था एक-दो दिन में की जा रही है । इसके अलावा जिला चिकित्सालय में 10 और प्रत्येक ब्लाक में 3-3 लैब टैक्नीशियन को रक्त पट्टी जाँच के लिये नियुक्त किया गया है ।
---------------
विधायक स्वेच्छानुदान निधि योजना में 557 जरुरतमंदों को
19.145 लाख रुपये की आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृत
विधायक स्वेच्छानुदान निधि योजना के अन्तर्गत जिले के 4 विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों की अनुशंसा पर कलेक्टर द्वारा जारी वित्तीय वर्ष में 557 जरुरतमंद हितग्राहियों को 19 लाख 14 हजार 500 रुपये की आर्थिक अनुदान सहायत राशि स्वीकृत की गई है । यह राशि आर्थिक सहायता, शिक्षा और चिकित्सा कार्य के लिए स्वीकृत की गई है ।
कलेक्टर ने बताया कि जिले के विधानसभा क्षेत्र परासिया के विधायक श्री ताराचंद बावरिया की अनुशंसा पर 45 जरुरतमंदों को 2 लाख 3 हजार 500 रुपये, विधानसभा क्षेत्र पांढुर्ना के विधायक श्री रामराव कवडेती की अनुशंसा पर 166 जरुरतमंदों को 5.59 लाख रुपये, विधानसभा क्षेत्र छिन्दवाड़ा के विधायक श्री दीपक सक्सेना की अनुशंसा पर 111 जरुरतमंदों को 4.40 लाख रुपये तथा विधानसभा क्षेत्र जुन्नारदेव के विधायक श्री तेजीलाल सरेयाम की अनुशंसा पर 235 जरुरतमंदों को 7.12 लाख रुपये की आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृत की गई है ।
------------------
वात्सल्य क्लब की बैठक आयोजित करने के निर्देश
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री स्वर्णिमा शुक्ला ने जिले की सभी एकीकृत बाल विकास परियोजनाओं के परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि दिसम्बर माह के प्रथम मंगलवार को सभी आंगनबाडी केन्द्रों में वात्सल्य क्लब की बैठक का आयोजन करवाया जाना सुनिश्चित करें तथा बैठक में खाना पकाने और खाने के सही तरीके, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्रियों से घर पर पौष्टिक भोजन बनाने एवं खाने की विधि का प्रदर्शन कराये । उन्होंने निर्देश दिये है कि सघन दौरा कर यह भी सुनिश्चित करें कि निर्देशों का सही तरीके से सभी आंगनवाडी कार्यकर्ताओं द्वारा पालन किया जा रहा है तथा की गई कार्यवाही का पालन प्रतिवेदन जिला कार्यालय में अनिवार्यत: प्रस्तुत करें ।
----------------
मलेरिया रोग पर नियंत्रण और उपचार की दृष्टि से
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित
अधिकारियों/कर्मचारियों की लगाई गई ड¬ूटी
कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा मलेरिया रोग के उपचार और मलेरिया रोग पर नियंत्रण रखने की दृष्टि से अतिरिक्त कलेक्टर के स्टेनों कक्ष में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है तथा इस कक्ष में 6-6 घंटे के लिये कर्मचारियों की ड¬ूटी लगाई गई है । इस जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07162-243402 है जिस पर मलेरिया रोग से संबंधित सूचनायें दी जा सकती हैं ।
अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष में प्रात: 6 से दोपहर 12 बजे तक जिला मलेरिया कार्यालय के सहायक ग्रेड-2 श्री चन्द्रशेखर डेहरिया, क्षय आरोग्यधाम के सहायक ग्रेड-3 श्री ए.के.अल्वी और पी.जी. कालेज के भृत्य श्री राजू सोनी, दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री एस.एल.नापित, क्षय आरोग्यधाम के सहायक ग्रेड-3 श्री प्रदीप शुक्ला और कन्हरगांव परियोजना के भृत्य श्री झाडूलाल उईके, शाम 6 से रात्रि 12 बजे तक जिला शिक्षा केन्द्र के सहायक परियोजना अधिकारी श्री पी.आर.त्रिपाठी, जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 श्री विजय रंगारे और उपआयुक्त सहकारिता कार्यालय के भृत्य श्री यशवंतराव तथा रात्रि 12 से प्रात: 6 बजे तक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री आर.आर.किनकर, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 श्री जे.के.मोहने और ग्रामीण यांत्रिकी सेवायें कार्यालय के भृत्य श्री रमेश लोखण्डे की ड¬ूटी लगाई गई है । उन्होंने बताया कि नियुक्त अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे तत्काल ड¬ूटी पर उपस्थित हो । अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया जायेगा ।
----------------
कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने पर 4 कर्मचारी निलंबित
कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा जिले की तहसील परासिया के ग्राम कोहका दमुआ के 45 वर्षीय श्री जोगीलाल पिता गणेश की 26 नवम्बर 2011 को जिला चिकित्सालय में मलेरिया का इलाज कराते वक्त मृत्यु होने में ग्राम स्तरीय अधिकारियों द्वारा बीमार व्यक्ति के समुचित उपचार की आवश्यक कार्यवाही समय पर नहीं करना पाये जाने और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने पर तहसील परासिया के प.ह.नं.11 के श्री पंकज काकोडे तथा स्वास्थ्य विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती सुमन बर्डे एवं ए.एन.एम. श्रीमती गायत्री मर्सकोले और श्रीमती लीला मर्राफा को म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के अन्तर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है । निलंबन अवधि में श्री काकोडे का मुख्यालय तहसील कार्यालय परासिया तथा पर्यवेक्षक श्रीमती बर्डे एवं ए.एन.एम. श्रीमती मर्सकोले और श्रीमती मर्राफा का मुख्यालय जिला चिकित्सालय छिन्दवाडा निर्धारित किया गया है एवं उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता रहेगी ।
--------------------
संचार तथा संकर्म स्थायी समिति की बैठक का आयोजन 12 दिसम्बर को
जिला पंचायत की संचार तथा संकर्म स्थायी समिति की बैठक आगामी 12 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। इस बैठक में जल संसाधन, कन्हरगांव परियोजना, पेंच व्यपवर्तन संभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, जिला सेक्टर आदि के प्रस्तावों और निर्माण कार्यो की समीक्षा की जायेगी ।
----------------
म.प्र. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष
श्रीमती राय और सदस्य श्रीमती मंडावी का भ्रमण कार्यक्रम
म.प्र. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती उपमा राय और सदस्य श्रीमती वंदना मंडावी 30 नवम्बर को शाम 6 बजे भोपाल से पेंचव्हेली एक्सप्रेस से प्रस्थान कर एक दिसम्बर को प्रात: 9 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगी । आप एक दिसम्बर को प्रात: 10 से 11 बजे तक सर्किट हाउस में कलेक्टर/पुलिस अधीक्षक से चर्चा के बाद संयुक्त बैंच के माध्यम से आयोग में दर्ज प्रकरणों की सुनवाई करेगी । आप 2 दिसम्बर को प्रात: 11 बजे स्थानीय सर्किट हाउस में संयुक्त बैंच के माध्यम से आयोग में दर्ज प्रकरणों की सुनवाई करेगी तथा रात्रि 9 बजे छिन्दवाडा से पेंचव्हेली एक्सप्रेस द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगी।
-----------------
अल्प संख्यक वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का प्रचार प्रसार करें
– कलेक्टर डॉ. शर्मा
जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न
कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री बृजेशचन्द्र पाण्डे सहित शिक्षा, शहरी विकास, महिला एवं बाल विकास, जिला शिक्षा केन्द्र, उद्योग, रोजगार आदि विभागों के अधिकारी, मदरसा के संचालक और समिति सदस्य सर्वश्री मोहम्मद राशिद, सत्यपाल सिंग, नूर मोहम्मद और आशिद कश्मीरी उपस्थित थे ।
बैठक में कलेक्टर डॉ. शर्मा ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिये कि अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिये संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें जिससे इन वर्गो के लोगों को लाभ मिल सके । उन्होंने समिति सदस्यों की मांग पर चौरई में मजार के पंजीकृत होने पर उसका जीर्णोद्धार करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के संबंध में आश्वस्त किया तथा वक्फ बोर्ड की संपत्ति की सूची उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये । बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री पाण्डे ने बताया कि जारी वित्तीय वर्ष में अल्प संख्यक वर्ग के 383 छात्रों के राज्य प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति और 47 छात्रों के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के प्रस्ताव स्वीकृति के लिये शासन को भेजे गये हैं । जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सुश्री शुक्ला ने बताया कि अल्पसंख्यक वर्ग की 124 बच्चियों को लाडली लक्ष्मी योजना के अन्तर्गत 7.45 लाख रुपये की एन.एस.सी. वितरित की गई है तथा किशोरी शक्ति योजना में 286 और मंगल दिवस में 816 बच्चियों को लाभान्वित किया गया है । जिला रोजगार अधिकारी श्री भिमटे ने बताया कि अल्पसंख्यक वर्ग के 3514 व्यक्तियों का पंजीयन किया गया है । जिला शिक्षा अधिकारी श्री कोषे ने बताया कि जिले में ऊर्दू शिक्षक के 7 पदों की स्वीकृति और मोहगांव हवेली के मदरसा के आधुनिकीकरण का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिये भेजा गया है तथा वर्तमान में 26 मदरसों को अनुदान दिया जा रहा है । बैठक में समिति सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिये ।
---------------
No comments:
Post a Comment