जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार
समाचार
विभाग प्रमुख अधिकारी अधिकाधिक अनुसूचित जाति वर्ग
के लोगों को लाभान्वित करें – निगम अध्यक्ष श्री गजभिये
विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न
म.प्र. राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री इन्द्रेश गजभिये ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के लिये बहुत सी योजनायें संचालित की जा रही है । विभाग प्रमुख अधिकारी इन योजनाओं से अधिक से अधिक अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को लाभान्वित करें । श्री गजभिये आज स्थानीय सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे । बैठक में कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा, सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, उप संचालक पंचायत श्री एन.के.दुबे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री बृजेश चन्द्र पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.के.नायडू, लेखापाल जिला पंचायत श्री देशपांडे, अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति के कार्यपालन अधिकारी श्री गोखे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री हिमांशु सिंह, परिवहन, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, शिक्षा, जिला पंचायत और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।
बैठक में निगम अध्यक्ष श्री गजभिये ने उद्योग, शिक्षा, आदिवासी विकास, कृषि, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, परिवहन, अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति, स्वास्थ्य, नगरपालिका आदि विभागों द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिये संचालित की जा रही योजनाओं में जारी वित्तीय वर्ष में प्रगति की समीक्षा की तथा जिले में लक्ष्य के अनुरुप प्राप्त उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया । उन्होंने जिले में वनाधिकार पट्टे वितरण और लाडली लक्ष्मी योजना में प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहने तथा आदिवासी वित्त एवं विकास निगम के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित करने में जिले के प्रदेश में चौथे स्थान पर रहने की जानकारी मिलने पर भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुये जिले में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की सराहना की । उन्होंने जिले में अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनाने में आ रही बाधाओं को दूर कर वर्ष 1950 के पूर्व के रिकार्ड नहीं मिलने की स्थिति में पंचनामा अथवा अन्य उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने की अपेक्षा की । उन्होंने परिवहन विभाग से अपेक्षा की कि हितग्राहियों को ऐसे मार्गो के परमिट जारी करें जिनसे उनकी आय में वृद्धि हो और वे ऋण चुकता कर सके । उन्होंने विभाग प्रमुख अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश भी दिये ।
बैठक में कलेक्टर डॉ. शर्मा ने अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्तियों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनाने के संबंध में राजस्व अधिकारियों को निर्देश जारी करने तथा अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति की पं. दीनदयाल मार्केट विकास योजना के अन्तर्गत हाईवे और मंडी क्षेत्रों में मुख्य मार्ग परदुकानों के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए भी आश्वस्त किया । बैठक में उप संचालक पंचायत श्री दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना के अन्तर्गत 1284, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अन्तर्गत 325, समग्र स्वच्छता अभियान के अन्तर्गत 18 हजार 834, इंदिरा आवास योजना के अन्तर्गत एक हजार 147, मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 52 और मंद बुद्धि बहु विकलांग योजना के अन्तर्गत 25 अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया । सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री पांडे ने बताया कि अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अन्मर्गत अनुसूचित जाति के 79 हितग्राहियों को शत-प्रतिशत राहत राशि का वितरण किया जा चुका है । उन्होंने पट्टे और आदिवासी वित्त एवं विकास निगम की स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति एवं अंबेडकर भवन निर्माण की जानकारी भी दी । उद्योग प्रबंधक श्री बेलवंशी ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अन्तर्गत 29 के लक्ष्य के विरुद्ध 25, रानी दुर्गावती रोजगार योजना के अन्तर्गत 113 के लक्ष्य के विरुद्ध 58 और दीनदयाल स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत 56 के लक्ष्य के विरुद्ध 27 अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के ऋण प्रकरण बैंक द्वारा स्वीकृत किये गये हैं । मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि स्वर्ण जयंती स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत 28, स्वर्ण जयंती शहरी रोजगार योजना के अन्तर्गत 41, प्रशिक्षण योजना में सिंलाई प्रशिक्षण में 23 और कम्प्यूटर प्रशिक्षण में 5 तथा मुख्यमंत्री साईकिल रिक्शा योजना में 38 और हाथठेला योजना में 25 अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया है । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नायडू, सहायक संचालक कृषि श्री भट्टाचार्य, महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायकसांख्यिकी अधिकारी श्री तिवारी, शिक्षा विभाग के श्री मिश्रा और परिवहन विभाग के अधिकारी ने भी बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी । अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति के कार्यपालन अधिकारी श्री गोखे ने बताया कि विशेष केन्द्रीय प्रशिक्षण सहायता योजना के अन्तर्गत 247 हितग्राहियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा संत रविदास आवास सह कर्मशाला योजना और पं. दीनदयाल मार्केट विकास योजना के अन्तर्गत 10-10 हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है जिसके प्रकरण बनाये जा रहे है । उन्होंने अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी दी ।
------------------
23 सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन आज से
पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात शिक्षा के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से एक जनवरी को दोपहर 12 बजे से स्थानीय यातायात थाना परिसर में 23 वां सडक सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया जा रहा है । उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों,पत्रकारों और नागरिकों से इस कार्यक्रम में उपस्थिति की अपील की है।
----------------
शिकायतों पर कार्यवाही के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती कुशरे प्राधिकृत
कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा राज्य शासन के निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों हेतु जिला कार्यालय छिन्दवाड़ा में लगाई गई शिकायत पेटी में डाली गई शिकायतों को प्रतिदिन पूर्वान्ह 11.30 बजे शिकायत पेटी खोलकर तथा प्राप्त शिकायतों को पंजीबद्ध कर संबंधित अधिकारियों/कार्यालयों को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजे जाने हेतु डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आशा कुशरे को प्राधिकृत किया गया है । यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है ।
-------------
दो निर्माण कार्यो के लिए एक लाख रुपये की स्वीकृति
विधानसभा निर्वाचन क्ष्त्र विकास योजना के अन्तर्गत जारी वित्तीय वर्ष में जिले के विधानसभा क्षेत्र परासिया के विधायक श्री ताराचंद बावरिया की अनुशंसा पर कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा जिले के विकासखंड परासिया के ग्राम झुर्रेमाल में रंगमंच निर्माण और सिरगोरीकला में चौपाल निर्माण कार्य के लिए 50-50 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति और आवंटन प्रदाय किया गया है । उन्होंने इन निर्माण कार्यो को मार्च माह तक पूर्ण करने के निर्देश क्रियान्वयन एजेंसी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत परासिया को दिये है ।
----------------
भारत पर्व के कार्यक्रम आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा आगामी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर जिला मुख्यालय पर भारत पर्व के कार्यक्रम के आयोजन हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्वाति मीणा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है ।
---------------