7 Jan 2012

News 7 JAN 2012

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

जनप्रतिनिधि ग्रामीण जनता के विकास के लिये कार्य करें

 -- स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़

ग्राम इकलामासानी में 8.02 लाख रुपये लागत
के माध्यमिक शाला भवन का लोकार्पण

                प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने कहा कि प्रदेश के दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में भारतीय सस्कृति विशेषकर हिन्दू संस्कृति अपने पारंपरिक रुप में आज भी मौजूद है । प्रदेश सरकार द्वारा इन ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और उत्थान के लिए बहुत से कार्य किये जा रहे हैं । जनप्रतिनिधियों को इन दूरदराज क्षेत्रों में जाकर जागृत हो रही ग्रामीण जनता के विकास के लिये कार्य करना चाहिये, क्योंकि जनता ही भगवान है । श्री मोहोड़ गत दिवस जिले के जुन्नारदेव विकासखंड के दुर्गम क्षेत्र इकलामासानी में स्कूल भवन के लोकार्पण समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक श्री तेजीलाल सरेयाम ने की तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सिरसाम और श्री संजय गौतम विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे । उन्होंने 8.02 लाख रुपये लागत के शासकीय माध्यमिक शाला भवन का लोकार्पण किया ।
                  समारोह में स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बेटी -बेटा के भेदभाव को खत्म करते हुये अब बेटों को भी नि:शुल्क गणवेश, सायकिल और पाठ¬पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही है तथा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर गुणात्मक सुधार किया गया है जिसका परिणाम अब सभी क्षेत्रों में दिखाई पड़ रहा है । उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर और माँ सरस्वती का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर और फीता काटकर नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया । उन्होंने अच्छी गुणवत्ता से भवन का निर्माण करने पर निर्माण कार्य की प्रशंसा करते हुये सरपंच श्रीमती इंद्रवती कुमरे और उनके पति श्री छतरसिंह कुमरे को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया । उन्होंने शाला में बाउण्ड्रीवाल निर्माण के साथ ही ग्राम में लगभग 5 लाख रुपये लागत के निस्तारी तालाब और लगभग 2 लाख रुपये लागत के निर्मल नीर की घोषणा की तथा शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक शाला भरदी के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शैला नृत्य पर छात्र-छात्राओं को अपनी ओर से 1100 रुपये और शासकीय माध्यमिक शाला इकलामासानी के छात्रों द्वारा प्रस्तुत गैंड़ी नृत्य पर छात्रों को भी 1100 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। शैला नृत्य की प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को क्षेत्रीय विधायक श्री सरेयाम द्वारा 1100 रुपये, श्री संजय गौतम द्वारा 1001 रुपये, श्री प्रभाकर वासनिक द्वारा 1001 रुपये, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सिरसाम द्वारा 501 रुपये और उपाध्यक्ष श्री मंगलू यदुवंशी द्वारा 501 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई ।
 कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री सरयाम ने कहा कि जिले के दुर्गम और दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों में एक नई जागरुकता आई है तथा यहाँ पर केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत सड़क और अन्य निर्माण कार्य किये जा रहे हैं । एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना तामिया से इस क्षेत्र के ग्रामों को जोड़कर यहां का समग्र विकास किया जा रहा है । उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष में ग्राम में 100 मीटर सी.सी. रोड निर्माण के लिये विधायक निधि से 2.50 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सिरसाम और ग्राम के वरिष्ट नागरिक श्री करन शाह ने भी अपने विचार व्यक्त किये । कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़, क्षेत्रीय विधायक श्री सरयाम और अन्य अतिथियों का शाल, श्रीफल और पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया गया । कार्यक्रम का संचालन जनपद पंचायत के ए.डी.ओ.श्री चौहान और आभार प्रदर्शन जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महावीर प्रसाद जैन ने किया । इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पुष्पा बिसंदरे और श्रीमती जयवंती आम्रवंशी, अन्त्योदय समिति दमुआ के अध्यक्ष श्री सुनील मालवीय, सर्वश्री नत्थन शाह, श्रीमती किरण खातरकर, सुरेश कश्यप और अन्य जनप्रतिनिधि, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री जे.के.दुबे, बी.आर.सी. श्री पाल, प्रधान पाठक श्री मुकेश झा, अन्य अधिकारी/कर्मचारी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे । 
---------


शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है  -- स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़

दमुआ में लगभग 70 लाख रुपये लागत के
100 शैयायुक्त शासकीय बालिका छात्रावास भवन का लोकार्पण

                 प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर बेहतर गुणवत्ता से शिक्षा की सुविधा की व्यवस्था की गई है तथा ईमानदारी और पारदर्शिता से संविदा शिक्षकों की भर्ती के क्षेत्र में प्रदेश देश का पहला राज्य है। अनिवार्य शिक्षा अधिनियम,प्रधानमंत्री  ग्रामीण सड़क निर्माण, लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम में अच्छे और बेहतर कार्य तथा अच्छे सुशासन के लिये केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश सरकार की प्रशंसा भी की गई है । यह सब प्रदेश सरकार की निष्पक्ष भाव से जनता की सेवा और समाज की अंतिम पंक्ति में खडे अंतिम व्यक्ति के समग्र विकास और उत्थान के संकल्प को दृढ़ता से पूरा करने के कारण हुआ है । आप सभी प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने के संकल्प को पूरा करने में सहयोग करें । श्री मोहोड़ गत दिवस दमुआ में लगभग 70 लाख रुपये लागत से नवनिर्मित 100 शैयायुक्त शासकीय बालिका छात्रावास भवन के लोकार्पण समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । समारोह की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक श्री तेजीलाल सरयाम ने की तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सिरसाम, श्री सजय गौतम और दीनदयाल अंत्योदय समिति अध्यक्ष दमुआ श्री सुनील मालवीय विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे । मुख्य अतिथि श्री मोहोड़ ने दीप प्रज्जवलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा लोकार्पण पट्टिका का अनावरण और फीता काटकर नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया ।
              मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ ने इस अवसर पर कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की सेवा करने में पीछे नहीं रहे, क्येंकि जनता ही भगवान है । उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनिवार्य शिक्षा अधिनियम में कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों के लिए शिक्षा को अनिवार्य किया गया है तथा 14 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रुप से शिक्षा दी जा रही है । इन बच्चों को नि:शुल्क गणवेश, सायकिल और पाठ¬पुस्तकें, छात्रवृत्ति, मध्यान्ह भोजन आदि उपलब्ध कराया जा रहा है । उन्होंने छात्रावास में छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं का चार्ट लगाने के निर्देश अधीक्षिका को देते हुये कहा कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों की परवरिश अपने बच्च की तरह करें तथा उन्हें शासन द्वारा दी जा रही सभी सुविधायें उपलब्ध करायें । उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्रावास की छात्राओं को 501 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की । इन छात्राओं को क्षेत्रीय विधायक श्री सरयाम ने 501 रुपये श्री नीतू गांधी द्वारा 501 और अन्य व्यक्तियों द्वारा 501 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई ।
              कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री सरयाम ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आदिवासी छात्र-छात्राओं के लिये जो स्कूल और छात्रावास भवन बनाये जा रहे हैं उनमें शिक्षित होकर वे अपना भविष्य उज्जवल कर सकेंगे । उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार जो भी योजनायें संचालित कर रही है उनका क्रियान्वयन समदर्शिता से किया जा रहा है जिससे आम जन लाभान्वित हो रहे हैं । उन्होंने छात्रावासों की स्वीकृत सीटों की संख्या बढ़ाये जाने का आग्रह भी किया । कार्यक्रम मं दीनदयाल अंत्योदय समिति दमुआ के अध्यक्ष श्री सुनील मालवीय, श्री नत्थन शाह और श्री बन्नू मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किये ।
           कार्यक्रम का संचालन जनपद पंचायत के ए.डी.ओ. श्री चौहान और आभार प्रदर्शन छात्रावास अधीक्षिका ने किया । इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पुष्पा बिसंदरे और श्रीमती जयवंती आम्रवंशी, सर्वश्री प्रभाकर वासनिक, चन्द्रप्रभाकर राउत, दीनू साहू, मनीष श्रीवास्तव और अन्य जनप्रतिनिधि, नायब तहसीलदार सुश्री भावना मलगाम, हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री श्री प्रमोद कराटे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. दुबे, बी.आर.सी. श्री पाल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री कमल किशोर वैश्य, महाविद्यालय के प्राचार्य श्री एस.आर.मिश्रा, अन्य अधिकारी/कर्मचारी, पत्रकार, शिक्षक/शिक्षिका, छात्रावास की छात्रायें तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे ।
-------------


स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ द्वारा
ग्राम नंदन में शिक्षकों का अभिनंदन

              प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने गत दिवस जिले के जुन्नारदेव विकासखंड के ग्राम नंदन के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा दसवीं का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों का अभिनंदन किया । इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सिरसाम और उपाध्यक्ष श्री मंगलू यदुवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पुष्पा बिसंदरे और श्रीमती जयवंती आम्रवंशी, दीनदयाल अन्त्योदय समिति दमुआ के अध्यक्ष श्री सुनील मालवीय, सर्वश्री चन्द्रप्रभाकर राउत, संजय गौतम, बन्नू मिश्रा, नत्थन शाह और अन्य जनप्रतिनिधि, प्राचार्य श्री दुबे, शिक्षक-शिक्षिकायें, छात्रायें, पत्रकार और नागरिकगण उपस्थित थे ।
                स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री मोहोड़ ने इस अवसर पर बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा अब प्रत्येक हाईस्कूल में कम्प्यूटर की उपलब्धता का निर्णय लिया गया है । उन्होंने छात्राओं से नि:शुल्क गणवेश और सायकिल की राशि तथा पाठ¬पुस्तकें प्राप्त होने की जानकारी प्राप्त की तथा छात्राओं द्वारा राशि और पुस्तकें मिलने की जानकारी देने पर संतोष व्यक्त किया । उन्होंने कक्षा दसवीं का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने पर प्राचार्य श्री दुबे सहित शिक्षक सर्वश्री के.पी.सिंह, विनय सिंह, पी.पी.सिंह, डेहरिया, श्रीमती झारिया, श्रीमती टेकाम, कु.शीला साहू और मानकर को स्मृति चिन्ह और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया । कार्यक्रम में श्री मोहोड़ सहित अन्य अतिथियों का शाल, श्रीफल और पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया गया ।
---------------

अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण संबंधी
विधानसभा समिति के दल का भ्रमण 9 और 10 जनवरी को

बैठक का आयोजन 9 जनवरी को

विभाग प्रमुख अधिकारियों को जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश

                  अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण संबंधी 15 सदस्यीय विधानसभा समिति का दल आगामी 9 और 10 जनवरी को जिले के भ्रमण पर आयेगा जिसमें विधायक और विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं । यह समिति आगामी 9 जनवरी को शाम 5 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के सभी विभागों द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों के लिये संचालित योजनाओं और हितग्राहियों को दी गई सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा करेगी । कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे अपने विभाग द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को दी गई सुविधाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की जानकारी की एक प्रति सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय को 8 जनवरी को प्रात: 11 बजे तक उपलब्ध करायें और स्वयं 20 प्रति में जानकारी लेकर बैठक में अनिवार्य रुप से उपस्थित रहना सुनिश्चित करें । 

-------------

समाचार

‘महिलायें उत्कष्ट आचार शैली से
संसार को अच्छा आचरण सिखायें’
- शिक्षा मंत्री श्रीमती चिटनीस

इनरव्हील क्लब का रजत जयंती समारोह सम्पन्न

              प्रदेश की स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा कि हमारे लिये आनंद का एहसास यह है कि ईश्वर की श्रेष्ठ कृति के रुप में हम सबसे पहले इंसान है तथा हमारा दूसरा आनंद औरत होना है । हमारी किसी से कोई तुलना नहीं है तथा हमारी अच्छाईयों, सहनशीलता, स्नेह, उत्कृष्टता, कीर्ति, क्षमा से हमारी अलग पहचान है । हम सब गुरु भी है तथा यह प्रयास करें कि हमारी उत्कृष्ट आचार शैली से संसार अच्छा आचरण सीखें । श्रीमती चिटनीस आज स्थानीय होटल उत्सव में इनरव्हील क्लब के रजत जयंती समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रही थी । कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटेरियन एवं जस्टिस श्री व्ही.एस.सिरपुरकर ने की ।
            स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती चिटनीस ने कहा कि भारत के पास जो ज्ञान है उससे आकर्षित होकर विश्व के अन्य देश भारत आकर ज्ञान और शांति प्राप्त करते हैं । भारत की पुरानी पीढ़ी के पास उपलब्ध दिव्य दृष्टि और ज्ञान को सरवाईवल करने की आवश्यकता है, इस कार्य में महिलायें आगे आकर अच्छा कार्य कर सकती है तथा बेहतर विकसित नारी के रुप में अपनी भूमिका का अच्छे से निर्वाह कर सकती है । हमारी यह भूमि कर्मभूमि है, भोग भूमि नहीं, इसलिये महिलायें इसे कर्मभूमि बनाये रखने में सहयोग करें । आप सभी अपने अंदर भारत की खोज करें और दुनिया को दुखों से राहत दिलायें । उन्होंने इनरव्हील क्लब द्वारा संचालित की जा रही गतिविधियों की जानकारी भी ली तथा समाज सेवा के क्षेत्र में अच्छा और अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करने का आग्रह किया । कार्यक्रम अध्यक्ष श्री सिरपुरकर ने कहा कि समाज का भविष्य नारी के हाथ में है तथा जब तक नारी अपना नजरिया नहीं बदलती, तब तक कुछ नहीं को सकेगा । इनरव्हील क्लब समाज से अच्छा संबंध बनाने वाली नारियों की संस्था है जो जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ती और जोड़ती है ।  आप स्वयंप्रकाशी दीप की तरह अज्ञान और विषमता के तम को दूर करने का कार्य करें तथा अपने उत्साह को कभी खत्म नहीं होने दें ।
                  कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. महेश चांडक, इनरव्हील क्लब की मंडलाध्यक्ष सुश्री वंदना जायसवाल, श्रीमती मंजू साव और अन्य महिला सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किये । कार्यक्रम में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किये गये । इस अवसर पर इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष श्रीमती सपना राजा शेखर, सचिव सुश्री मधु पाठक, अन्य पदाधिकारी और सदस्य, रोटरी क्लब के पदाधिकारी और सदस्य, पत्रकार तथा नागरिकगण उपस्थित थे ।

--0--

6 Jan 2012

News 6 JAN 2012

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान 8 जनवरी को छिन्दवाडा आयेंगे

               प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 जनवरी को प्रात: 11 बजे भोपाल से हवाई जहाज द्वारा प्रस्थान कर 11.35 बजे छिन्दवाड़ा आयेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे । आप अपरान्ह 3.30 बजे छिन्दवाड़ा से हवाई जहाज द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे ।   
---------------

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने विशेष पुनरीक्षण
अभियान 5 से 15 जनवरी 2012 तक निर्धारित

              उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 18-19 वर्ष एवं अधिक के ऐसे पात्र मतदाता जिनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं किये गये हैं, के लिए विशेष पुनरीक्षण अभियान 5 से 15 जनवरी 2012 तक निर्धारित किया गया है । पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु दावे/आपत्तियाँ संबंधित प्रारुप संबंधित मतदाता केन्द्र से नि:शुल्क प्राप्त कर 15 जनवरी 2012 तक जमा कर सकते हैं ।
              कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा सभी महाविद्यालयों एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों के प्राचार्यो और नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उनके महाविद्यालय/विद्यालय में पात्र छात्र/छात्राओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने का कार्य व्यक्तिगत रुप से रुचि लेकर करें । साथ ही सभी महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में 25 जनवरी 2012 को मतदाता दिवस का समारोह अनिवार्यत: आयोजित करें ।
-------------


तामिया विकासखंड स्तरीय अन्त्योदय मेले
का आयोजन 19 जनवरी को चांवलपानी में

               राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में जिले के तामिया विकासखंड स्तरीय अन्त्योदय मेला का आयोजन चांवलपानी में किया गया है । जनपद पंचायत तामिया द्वारा 19 जनवरी को प्रात: 9 बजे से ग्राम चांवलपानी के हाईस्कूल प्रांगण में इस मेले का आयोजन किया गया है । इस अन्त्योदय मेले में जनपद पंचायत तामिया के हितग्राहियों को लाभान्वित किया जायेगा । हितग्राहियों से इस मेले का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की गई है । इस अन्त्योदय मेले की सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई है तथा संबंधित अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गये हैं ।
           राजस्व अनुविभागीय अधिकारी जुन्नारदेव श्री अखिलेश जैन ने बताया कि मेले के पूर्ण पर्यवेक्षण और नियंत्रण का दायित्व तहसीलदार मनोज कुमार चौरसिया और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आर.के.पाण्डेय को सौंपा गया है । मेले में किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर तहसीलदार श्री चौरसिया से और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पाण्डेय से मोबाईल क्रमांक 94258-36026 पर सम्पर्क किया जा सकता है । उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले हितग्राहियों के पंजीयन आदि के लिए मार्गदर्शन कक्ष बनाया गया है तथा मेले में पंडाल, मंच, स्टाल, माईक, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, स्वागत, स्वल्पाहार, प्रदर्शनी, आमंत्रण वितरण, व्यय का लेखा-जोखा, उद्घोषणा, प्राथमिक चिकित्सा आदि की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है । साथ ही हितग्राहियों को मेले में लाने और वापस ले जाने एवं नि:शक्तजनों को सहायक उपकरण वितरण के लिए भी अधिकारियों की ड¬ूटी लगाई गई है । मेले में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है । 

--------------

5 Jan 2012

News 5 JAN 2012

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ आज

दमुआ और इकलमासानी ग्राम में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे

                      प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ 6 जनवरी को प्रात: के समय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम जन से भेंट करने के बाद प्रात: 10.30 बजे सौंसर से प्रस्थान कर छिन्दवाड़ा, परासिया, जुन्नारदेव होते हुये दमुआ के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर एक बजे दमुआ पहुंचकर शासकीय कन्या छात्रावास भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे । आप दोपहर 2.45 बजे दमुआ से प्रस्थान कर दोपहर 3 बजे ग्राम इकलमासानी पहुंचकर शासकीय माध्यमिक शाला भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे । आप शाम 4 बजे इकलमासानी से प्रस्थान कर दमुआ, जुन्नारदेव, परासिया छिन्दवाड़ा होते हुये शाम 7 बजे सौंसर पहुंचेंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे ।

----------------

मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से जिले के 2 व्यक्तियों के
उपचार के लिये 20 हजार रुपये की राशि स्वीकृत

                  प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जारी वित्तीय वर्ष में अपने स्वेच्छानुदान मद से जिले के 2 व्यक्तियों के उपचार के लिये 20 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है । कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा स्वीकृत राशि तहसीलदार पांढुर्ना को पुनरावंटित कर संबंधित हितग्राही और चिकित्सा संस्था को राशि भुगतान करने के निर्देश दिये गये हैं ।
                कलेक्टर डॉ. शर्मा ने बताया कि उपचार के लिए जिले की पांढुर्ना तहसील मुख्यालय की श्रीमती विद्याबाई पति प्रेमराज पराये और कु. रशीदा पुत्री शेख नजीर के उपचार के लिये स्वामी विवेकानंद रीजनल स्पाईन सेंटर भोपाल को 10-10 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है ।
--------------------


पेंशनरों का अभिनंदन समारोह सम्पन्न
समारोह में लंबित पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा

                     डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में गत दिवस अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा द्वारा स्थानीय कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में दिसम्बर माह में सेवानिवृत्त हुये 25 पेंशनरों का शाल और श्रीफल से अभिनंदन किया गया तथा उन्हें जी.पी.ओ/पी.पी.ओ. आदेश भी वितरित किये । उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा प्रति माह प्रथम बुधवार को सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों का शाल और श्रीफल से अभिनंदन कर उन्हें जी.पी.ओ/पी.पी.ओ. आदेश प्रदाय करने का निर्णय लिया गया है जिसके परिप्रेक्ष्य में विगत चार माहों से जिले में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है । इसी कार्यक्रम में लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा के साथ ही पेंशन फोरम की मासिक समीक्षा बैठक भी सम्पन्न हुई ।
              कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. शर्मा ने जिला पेंशन अधिकारी श्री डी.आर.महोबिया और कोषालय अधिकारी श्री एस.के.धाण्डे द्वारा प्रस्तुत लंबित पेंशन प्रकरणों के तत्काल निराकरण के निर्देश संबंधित कार्यालय प्रमुखों को दिये गये । उन्होंने अनुपस्थित विभाग प्रमुखों के प्रति अप्रसन्नता भी व्यक्त की । उन्होंने पेंशन फोरम की मासिक समीक्षा बैठक में फोरम के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के निराकरण के लिए आश्वस्त किया तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों के एरियर्स भुगतान, पेंशनरों हेतु लाइब्रोरी और दवाईयों की उपलब्धता के संबंध में संबंधित विभाग प्रमुखों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये । उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पेंशनरों को जिला चिकित्सालय और  सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में नि:शुल्क दवाईयाँ और उपचार उपलब्ध कराने तथा जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन की बैठक पुन: 6 जनवरी को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित करने के निर्देश दिये ।
               कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारियों में आदिवासी विकास विभाग के सर्वश्री डी.पी.कौरव, रामभाऊ बनकर, गौरेलाल अतुलकर और मूलचंद नागवंशी, जल संसाधन विभाग के श्री भाऊराव कुडापे, कृषि विभाग के श्री ईश्वरदास पलेरिया, राजस्व विभाग के श्री सुरेश तुपकरी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के श्री सुधाकर सातपुते और श्री शिवाजी चौरे, शिक्षा विभाग के सर्वश्री भरतराम पराडकर, पूरनलाल देशमुख, कलीराम नर्रे, मेहताबसिंह डेहरिया, सुरेन्द्र सिंह चौहान, किशोर सिंह थापा, प्रकाश कापसे, डी.जी.माण्डलेकर और महताब सिंग नागरे, गृह विभाग के श्री शिवकुमार तथा पुलिस विभाग के सर्वश्री फागलाल पवार, लखीराम, रामप्रसाद, हीराधर बडगैया और उमाशंकर नायडू का अभिनंदन किया गया । इस अवसर पर सहायक पेंशन अधिकारी श्री कमलेश निरगुडकर और श्री मनीष त्रिपाठी, सहायक कोषालय अधिकारी कु. आबदा खातून, अन्य विभाग प्रमुख और कार्यालय प्रमुख अधिकारी, पेंशनर एसोसियेशन के अध्यक्ष श्री डी.सी.खरे और सचिव श्री योगेन्द्र सक्सेना तथा म.प्र. पेंशनर्स समाज के अध्यक्ष श्री एस.डी.ए.तिवारी और संचिव श्री जयशंकर शुक्ला, अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे ।
--------------


विकासखंड तामिया के खंड स्तरीय अन्त्योदय
मेले के आयोजन की तिथि पुन: संशोधित
19 जनवरी को चांवलपानी में अंत्योदय मेला आयोजित

                  कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा जिले के तामिया विकासखंड के लिये चांवलपानी में 8 जनवरी को आयोजित खंड स्तरीय अन्त्योदय मेले की तिथि में पुन: अपरिहार्य कारणों से संशोधन किया गया है । अब ग्राम पंचायत चाँवलपानी में 19 जनवरी को खंड स्तरीय अंत्योदय मेले का आयोजन किया गया है । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने राजस्व अनुविभागीय अधिकारी जुन्नारदेव और जनपद पंचायत तामिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिये हैं कि संशोधित तिथि एवं स्थान का व्यापक प्रचार प्रसार क्षेत्र के अन्तर्गत करें तथा सभी जिला प्रमुख, खंड और तहसील स्तर के सभी संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों को भी आवश्यक रुप से सूचित करें । साथ ही आंगनवाडी कार्यकर्ता एवं संबंधित सचिवों को भी निर्देशित करें कि वे अधीनस्थ क्षेत्रों के मेले की तिथि एवं स्थान की जानकारी से सर्व संबंधितों को सूचित करें । उन्होंने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को भी निर्देश दिये है कि अन्त्योदय मेले के संबंध में नोडल अधिकारी एवं सहायक अधिकारियों को समय-समय पर आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा अनुविभाग और खंड स्तर पर विभागीय अधिकारी/कर्मचारियों को भी निर्देश जारी करें कि वे अन्त्योदय मेले को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग नोडल अधिकारी को प्रदान करके विभाग से संबंधित जानकारी की प्रति सीधे मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तामिया को भेजते हुये एक प्रति जिला कार्यालय को दें ।
--------------

4 Jan 2012

News 4 JAN 2012

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

तीन मापदण्ड पूरे करने वाले ग्रामों में हाईस्कूल खोले जायेंगे

-प्रभारी मंत्री श्री बिसेन

प्रभारी मंत्री श्री बिसेन द्वारा पेच व्यपवर्तन परियोजना
 के डूब क्षेत्र के किसानों से पुनरीक्षित मुआवजा
राशि लेकर कार्य प्रारंभ कराने सहयोग की अपील

विभाग प्रमुख अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

                  प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने बताया कि 5 कि.मी. की परिधि, एक हजार की आबादी और 80 विद्यार्थियों की दर्ज संख्या का मापदण्ड पूरा करने वाले ग्रामों में हाईस्कूल खोले जायेंगे । ये हाईस्कूल भवन और स्टाफ सहित खोले जायेंगे जिसमें 65 प्रतिशत राशि केन्द्र शासन से प्राप्त होगी और 35 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन गत दिवस स्थानीय सर्किट हाउस में विभाग प्रमुख अधिकारियों की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे । उन्होंने शिक्षा विभाग के सहायक संचालक को हाईस्कूल खोलने के मापदण्डों को ध्यान में रखते हुये जिले में खोले जा सकने वाले हाईस्कूलों की सूची तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये । बैठक में श्री रमेश पोफली, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर,कलेक्टर डॉ.पवन कुमार शर्मा,पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्वाति मीणा,अतिरिक्त कलेक्टर डॉ.श्रीनिवास शर्मा, सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जैन तथा सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
            बैठक में प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने बताया कि जिले की प्रस्तावित बहुउद्देशीय पेंच व्यपवर्तन परियोजना में जल संसाधन विभाग द्वारा प्रस्तुत पुनरीक्षित मुआवजा राशि के प्रस्ताव को केबिनेट की बैठक में स्वीकृति प्रदान कर दी गई है । अब इस परियोजना के अन्तर्गत डूब क्षेत्र के लिये भू-अर्जन की गई भूमि के किसानों को पुनरीक्षित दर से मुआवजा राशि मिलेगी । उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा केबिनेट में स्वीकृत कराई गई पुनरीक्षित मुआवजा राशि प्राप्त कर इस परियोजना को प्रारंभ कराने में सहयोग प्रदान करें । उन्होंने जिले में हुई वर्षा से नुकसानी की जानकारी प्राप्त कर प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि देने के निर्देश दिये । बैठक में उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में गत दिनों 4 इंच बारिश हुई है जिससे गेहूँ, गन्ना आदि की फसल में नुकसान नहीं है, केवल फूल पर आई चना फसल और सब्जी फसल में कुछ नुकसान देखा गया है। उन्होंने कृषकों को सलाह दी कि वे खेत में भरे पानी की निकासी की तत्काल व्यवसथा करें जिससे फसल नुकसान से बच जायेगी । उन्होंने बताया कि यूरिया की एक रैक और आ गई है तथा किसानों को यूरिया और डी.ए.पी. खाद की कोई कमी नहीं होगी । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने नागार्जुन किस्म के यूरिया की लेबोरेटरी में जाँच कराकर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण कराने तथा जिन क्षेत्रों में किसानों को खाद की आवश्यकता है, वहां तत्काल पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिये कि जिले के भरे-पटे, फ्लोराईड और दूषित पानी वाले हैण्डंपपों को मृत घोषित कर संबंधित ग्रामों में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा जिन बिगडे हैण्डपंपों में सुधार हो सकता है, उनकी मरम्मत का कार्य तत्काल कराकर पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें । उन्होंने मंधान डैम का निर्माण कार्य तीव्र गति से कराकर वर्ष 2013 तक पूर्ण कराने के निर्देश भी दिये जिससे कोयलांचल के लोगों को सुचारु ढंग से पेयजल मिल सके । उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पेयजल योजना के अन्तर्गत वर्तमान में निर्धारित 3 से 5 लाख रुपये की राशि में अब एक लाख रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है तथा ग्रामवासियों की मंशा के अनुरुप अब पुराने जलस्त्रोत के स्थान पर नये जलस्त्रोत से भी इस योजना के क्रियान्वयन को अनुमति दे दी गई है । उन्होंने बताया कि इस योजना के अन्तर्गत बिजली बिल की राशि का भुगतान सरकार द्वारा सीधे किये जाने पर विचार किया जा रहा है । उन्होंने विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री से फीडर सेपरेशन कार्य और राजीव गांधी विद्युतीकरण परियोजना की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिये ।
 प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने सभी अधिकारियों को नववर्ष की बधाई देते हुये कहा कि जिले में विगत 3 वर्षो में जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा परस्पर अच्छा सामंजस्य और सहयोग बनाकर कार्य किया है जिससे जिले में बेहतर कानून और व्यवस्था बनी है तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियाँ हासिल हुई है । उन्होंने निरंतर इसी प्रकार परस्पर सामंजस्य और सहयोग से कार्य करने की अपेक्षा की जिससे छिन्दवाड़ा जिला प्रदेश और देश में नाम रौशन कर सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान इस जिले को निरंतर विकासशील जिले के रुप में देखना चाहते हैं और जिले के विकास के लिये कृत संकल्पित हैं ।आप सभी प्रदेश सरकार के घोषणा पत्र के अनुरुप लिये गये संकल्पों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करें तथा म.प्र. लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम का सख्ती से पालन करें जिससे किसी को दंडित नहीं करना पड़े ।
--------------


केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री नाथ का भ्रमण कार्यक्रम

 केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री कमलनाथ 20 जनवरी को प्रात: 10 बजे दिल्ली से विशेष विमान से प्रस्थान कर प्रात: 11.15 बजे छिन्दवाड़ा आयेंगे तथा दोपहर 12 बजे जिले के बिछुआ विकासखंड के ग्राम खमरा पहुंचकर सी.आर.एफ.के अन्तर्गत खमरा-सांख-समसवाड़ा,खमरा-सुरंगी और खमरा-दातला-लोहारबतरी-चोरबतरी-निशानजानोजी- नीलकंठी मार्गो का शुभारंभ करेंगे । आप 2 बजे गोदडदेव जायेंगे तथा शाम 5 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे । केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री नाथ 21 जनवरी को प्रात: 11 बजे जिले के चौरई विकासखंड के ग्राम कुंडा पहुंचेंगे तथा यहाँ पर सी.आर.एफ. के अन्तर्गत कुंडा-सरार-किरंगीपार-कपुर्दा-घोडावाडी मार्ग का शुभारंभ करने के बाद दोपहर 3 बजे पांढुर्ना विकासखंड के ग्राम खैरीपैका जायेंगे तथा शाम 5 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे । आप शाम 5.30 बजे छिन्दवाडा से विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे ।
--------------

प्रदेश की स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती चिटनीस का भ्रमण कार्यक्रम

              प्रदेश की स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस 7 जनवरी को प्रात 8.45 बजे कार द्वारा नागपुर से प्रस्थान कर प्रात: 10 बजे छिन्दवाड़ा आयेंगी तथा प्रात: 11 बजे होटल उत्सव में इनरव्हील क्लब के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगी। आप  रात्रि 8 बजे कार द्वारा नागपुर के लिए प्रस्थान करेंगी ।

-------------


प्रभारी मंत्री श्री बिसेन 7 दिसम्बर को छिन्दवाड़ा आयेंगे

                   प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन 7 जनवरी को प्रात: 10 बजे लालबर्रा से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे तथा सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम जन से भेंट के बाद दोपहर एक बजे भारतीय जनता युवा मोर्चा के अभ्यास वर्ग में शामिल होंगे । आप रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन 8 जनवरी को प्रात: 10 बजे मुख्यमंत्री के साथ भारतीय जनता युवा मार्चा के अभ्यास वर्ग में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री के साथ भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे । 
--------------

नसबंदी आपरेशन की शत प्रतिशत लक्ष्यपूर्ति पर विभिन्न स्तर
पर पुरस्कार दिये जायेंगे -- संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

                 स्वास्थ्य विभाग के संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. जे.एल.मिश्रा ने बताया कि जारी वित्तीय वर्ष में राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के अन्तर्गत नसबंदी आपरेशन की शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति करने पर विभिन्न स्तर पर पुरस्कार दिये जायेंगे तथा इस वर्ष पुरस्कार की प्रक्रिया में आशिक संशोधन किया गया है । अब इस कार्यक्रम में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति पर कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी तथा इस वित्तीय वर्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी को भी 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी । इसके अलावा अब शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने वाले सभी बी.एम.ओ. को 25-25 हजार रुपये और महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी । साथ ही कार्यक्रम में सहयोग करने वाले राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों को भी जिला स्वास्थ्य समिति निर्णय लेकर निर्धारित पुरस्कार राशि प्रदाय करेगी । आप सभी अपना नैतिक दायित्व मानते हुये इस कार्यक्रम में स्वयं प्रेरणा से कार्य कर लक्ष्यपूर्ति करें तथा संभाग और प्रदेश में अच्छा कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास करें । डॉ. मिश्रा आज स्थानीय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे । बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.के. नायडू, सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. पी.के.श्रीवास्तव, सभी बी.एम.ओ., प्रशासनिक अधिकारी श्री लक्ष्मण साहू, प्रभारी डी.पी.एम. डॉ. सुधीर शुक्ला, मीडिया अधिकारी श्री प्रमोद वासनिक, डिप्टी मीडिया अधिकारी श्री मिश्रा और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे ।
                  बैठक में संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा ने सभी बी.एम.ओ. के लिये जारी वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य के अनुरुप हुई प्रगति की समीक्षा की तथा जनवरी से मार्च माह के दौरान बैकलॉग का पुन: लक्ष्य निर्धारित करते हुये समय के पूर्व लक्ष्यपूर्ति करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि सेक्टर सुपरवाईजर, ए.एन.एम., आशा कार्यकर्ता, आंगनवाडी कार्यकर्ता/सहायिका, स्वास्थ्य कार्यकर्ता आदि के लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें लक्ष्यपूर्ति में सहयोग के लिए प्रेरित करें । प्रेरक के रुप में उन्हें दी जाने वाली पुरस्कार राशि के संबंध मेंं भी उन्हें अवगत करायें । उन्होंने बताया कि गत वर्ष छिन्दवाड़ा जिला राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के अन्तर्गत नसबंदी आपरेशन में प्रदेश में पांचवें स्थान पर था । उन्होंने सभी बी.एम.ओ. से आग्रह किया कि इस वित्तीय वर्ष में भी लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल कर जिले को प्रथम स्थान पर लाने का प्रयास करें । बैठक में बताया गया कि जिले में अभी तक 20 हजार 900 के लक्ष्य के विरुद्ध 9 हजार 222 नसबंदी आपरेशन किये जा चुके हैं जिसमें जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा में 2153 के लक्ष्य के विरुद्ध 738, पिंडरईकला में 1600 के विरुद्ध 856, विकासखंड पांढुर्ना में 1930 के विरुद्ध 826, परासिया मेंं 3075 के विरुद्ध 1256, जुन्नारदेव मेंं 2418 के विरुद्ध 1353, चौरई में 1893 के विरुद्ध 670, मोहखेड में 1484 के विरुद्ध 675, तामिया में 1009 के विरुद्ध 507, बिछुआ में 783 के विरुद्ध 350, हर्रई में 1286 के विरुद्ध 623, सौंसर में 1695 के विरुद्ध 654 तथा अमरवाड़ा में 1574 के लक्ष्य के विरुद्ध 714 नसबंदी आपरेशन शामिल हैं ।
---------------

नसबंदी आपरेशन में निरंतर सहयोग करते रहें

 -- संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा

प्रेरकों को पुरस्कार वितरित

                  जबलपुर संभाग के संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. जे.एल.मिश्रा ने  कहा कि जब तक हम जनसंख्या में कठोरता से नियंत्रण नहीं करेंगे, तब तक देश उन्नति नहीं कर सकेगा । यह हम सबका नैतिक दायित्व है कि हम देश के उत्थान और विकास में सहयोग प्रदान करें । आप सभी ने आगे आकर नसबंदी आपरेशन में जो सहयोग दिया है, उससे मुझे अत्यन्त खुशी है तथा भविष्य में भी इसी तरह निरंतर सहयोग की उम्मीद करता हूँ। डॉ. मिश्रा आज स्थानीय जिला चिकित्सालय स्थित धर्मशाला में म.प्र. स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की जिला शाखा के सहयोग से आयोजित नसबंदी आपरेशन कार्यक्रम में प्रेरकों को सम्बोधित कर रहे थे । इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.के. नायडू, सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. पी.के.श्रीवास्तव, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. डी.के.खरे, म.प्र. स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री अशोक भोयर, श्री हबीब जागीरदार, श्री आशीष साहू, प्रेरक और अन्य व्यक्ति उपस्थित थे ।
                       संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा ने कहा कि मेरी नजर में नसबंदी कार्यक्रम एक सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम है जिससे क्रियान्वयन से पारिवारिक विकास के साथ ही अन्य क्षेत्रों के विकास द्वार भी अपने आप खुलते है । उन्होंने बताया कि मुझे तीन दिनों बाद छिदवाड़ा जिले में बैठक लेने आना था, किन्तु यहाँ के स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल के आग्रह पर मुझेे आज यहाँ आना पड़ा । उन्होंने संघ द्वारा किये जा रहे कार्यो की सराहना करते हुये आगे भी स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सहयोग की अपेक्षा की । उन्होंने सर्वाधिक नसबंदी प्रकरण लाने पर श्री आमोण प्रवीण को प्रथम, श्री पी. माथनकर को द्वितीय और श्री विनोद कारटे को तृतीय पुरस्कार भी वितरित किया । सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने जिस सेवा कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह सराहनीय है तथा उनके कार्यो से मुझे गर्व महसुस हो रहा है । कार्यक्रम में श्री जागीरदार ने बताया कि म.प्र. स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के सहयोग से आयोजित इस शिविर में आज 104 नसबंदी आपरेशन किये गये जिसमें प्रेरकों का सराहनीय सहयोग रहा । कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा का पुष्पहारों से अभिनंदन भी किया ।
--------------

2 Jan 2012

News 2 JAN 2012

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

‘विभाग प्रमुख अधिकारी मैदानी स्थिति का जायजा लेकर
पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करें’ कलेक्टर डॉ. शर्मा

साप्ताहिक समय सीमा की समीक्षा बैठक सम्पन्न

               कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने निर्देश दिये कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ग्राम चांवलपानी और गोदड़देव के प्रस्तावित भ्रमण के मद्देनजर सभी विभाग प्रमुख अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन की मैदानी स्थिति का जायजा लें तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करें । इन स्थानों पर पेयजल, विद्युत, एम्बुलेंस, चिकित्सक और अन्य व्यवस्थायें भी सुनिश्चित करें । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने ये निर्देश आज जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न साप्ताहिक समय सीमा की बैेठक में सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को दिये । बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा,सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री अनुराग सक्सेना और सभी विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे । 
                  कलेक्टर डॉ. शर्मा ने बैठक में उप संचालक पंचायत एवं सामाजिक न्याय को निर्देश दिये कि स्पर्श अभियान में चिन्हित बच्चों की सर्जरी के कैम्प की कार्ययोजना बनाकर प्रस्तुत करें तथा आवश्यक होने पर बाहर से चिकित्सकों को भी बुलायें । उन्होंने जिला पंचायत के अधिकारी को निर्देश दिये कि एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना तामिया के माध्यम से जारी राशि की यू.सी.सी.परियोजना कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए जिला पंचायत के साथ ही सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी करें । उन्होंने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें को भी गाय/बैल वितरण कार्य की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि छात्रा कु. सोनाली की आँखों के परीक्षण के लिए परिवहन व्यय की राशि स्वीकृत करें तथा स्टीमेट प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान या राज्य बीमारी सहायता निधि से प्रकरण तैयार कर छात्रा की आँखों के उपचार की व्यवस्था करें । उन्होंने जिलाध्यक्ष कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के साथ ही मत्स्य, पशु चिकित्सा, योजना, शहरी विकास, नगरपालिका, आदिवासी विकास, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जिला शिक्षा केन्द्र, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, कोषालय, आबकारी, स्वास्थ्य, दक्षिण और पूर्व वनमंडल, पंचायत, उद्योग, विद्युत, लोक सेवा प्रबंधन, श्रम आदि विभागों के लंबित पत्रों की प्रगति की समीक्षा कर समय सीमा में पत्रों के निराकरण के निर्देश दिये ।
                  बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने बताया कि इंदिरा गांधी मातृत्व सहयोग योजना के अन्तर्गत 32 हजार 712 गर्भवती माताओं के बैंक खाते खोले जा चुके हैं तथा जारी वित्तीय वर्ष में लाडली लक्ष्मी योजना के अन्तर्गत 7 हजार 245 खाते खोले गये हैं । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जारी वित्तीय वर्ष में अभी तक राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के अन्तर्गत 9 हजार 32 नसबंदी आपरेशन किये जा चुके हैं। सहायक मत्स्य अधिकारी ने बताया कि 92 के विरुद्ध 96 मछुआ के फिशरमैन क्रेडिट कार्ड बनाये जा चुके हैं ।

................

छिन्दवाड़ा नगर में 4 चौराहों का सौंदर्यीकरण कराया जायेगा
एवं 4 स्थानों पर ट्राफिक सिग्नल भी लगेंगे

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिये गये विभिन्न निर्णय

                   छिन्दवाड़ा नगर में जनसहयोग से 4 स्थानों पर चौराहों का सौंदर्यीकरण कराया जायेगा तथा 4 स्थानां पर ट्रेफिक सिग्नल लगाये जायेंगे । इस संबंध में आज जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सर्वसम्मति से विभिन्न निर्णय लिये गये । बैठक में विधायक अमरवाड़ा श्री प्रेमनारायण ठाकुर,पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष , सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.के.नायडू,अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री सुभाष सोना, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री हिमांशु सिंह तथा लोक निर्माण, पुलिस, यातायात, सड़क विकास निगम और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।
               बैठक में कलेक्टर डॉ. शर्मा ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिये कि जनसहयोग से छिन्दवाड़ा नगर में चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए 4 स्थानों को चिन्हित कर सूची प्रस्तुत करें जिससे इन चौराहों का सौंदर्यीकरण कराया जा सके । बैठक में जनसहयोग से नगर के चार फाटक, फव्वारा चौक, सत्कार तिराहा और ई.एल.सी. चौक में ट्रेफिक सिग्नल लगाने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में जिले में अनुविभाग स्तर पर सड़क सुरक्षा समिति गठित करने का निर्णय लिया गया जिसमें राजस्व अनुविभागीय अधिकारी अध्यक्ष और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सदस्य सचिव रहेंगे । समिति में सांसद, विधायक, जनपद पंचायत और नगरीय निकायों के अध्यक्ष के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता, मुख्य नगरपालिका अधिकारी आदि को भी सदस्य के रुप में शामिल किया जायेगा । यह समिति स्थानीय स्तर पर यातायात व्यवस्था में सुधार के संबंध में आवश्यक निर्णय लेकर कार्यवाही सुनिश्चित करायेगी । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने इस संबंध में एक आदेश जारी करने के निर्देश संयुक्त कलेक्टर को दिये । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को लालबाग, चार फाटक क्षेत्र और खजरी मार्ग के दोनों ओर का अतिक्रमण सात दिनों के भीतर हटाने के निर्देश दिये । उन्होंने राजीव गांधी बस स्टैण्ड पर फर्श के सीमेंटीकरण, साईकिल रिक्शा चालकों के नंबरयुक्त बैच लगाने, जिला चिकित्सालय के दोनों मुख्य द्वारों के दायें-बांये अतिक्रमण हटाने और नो पार्किग का बोर्ड लगाने के बाद खडे वाहनों की जप्ती करने तथा जेल तिराहा पर पार्किंग जोन का कार्य कराने के निर्देश भी दिये ।
                 बैठक में खजरी रोड स्थित रेल्वे फाटक पर ट्रेन का स्टापेज बनाने के प्रस्ताव को निरस्त किया गया तथा शहर के मार्गो पर लगे लगभग 100 विद्युत खम्बों को अन्य रिक्त स्थानों पर विस्थापित करने का निर्णय लिया गया जिससे मार्ग 5-6 फीट और चौड़ा हो सके । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री को विद्युत खम्भों के अन्यत्र विस्थापित करने की कार्ययोजना बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये । बैठक में यातायात थाना प्रभारी को एक्सीडेंट जोन चिन्हित करने के निर्देश दिये गये । बैठक में नागपुर मार्ग पर सिल्लेवानी घाटी के मोड़ों, बैतूल मार्ग पर सांवरी से लावाघोघरी के मोडों और पिपरिया मार्ग पर परासिया से झिरपा के मोडों पर साईन बोर्ड और साईट रैलिंग बनाने का निर्णय भी लिया गया जिससे दुर्घटनाओं में कमी हो सके । इस संबंध में म.प्र. सड़क विकास निगम के अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये । परासिया से न्यूटन मार्ग पर अधिक किराया लेने और आटो रिक्शा में मीटर नहीं लगाने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को परासिया और न्यूटन जाकर ऐसे आटो रिक्शा चालकों की जाँच कर जुर्माना और अन्य कार्यवाही करने के निर्देश दिये ।

----------------

अमरवाड़ा नगरीय जल आवर्धन योजना का निर्माण होगा

जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में पानी की मांग स्वीकृत

            जिले के अमरवाड़ा नगर के लिये छोटे एवं मंझोले शहरों की अधोसंरचनात्मक विकास योजना के अन्तर्गत लगभग 17.30 करोड़ रुपये लागत से अमरवाड़ा नगरीय जल आवर्धन योजना का निर्माण कराया जायेगा । इस योजना के अन्तर्गत सकरवाडा जलाशय से प्रति वर्ष 2.19 मिलियन घनमीटर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कर प्रतिदिन प्रति व्यक्ति 135 लीटर पानी उपलब्ध कराया जायेगा । इस संबंध में आज जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में विचार विमर्श के बाद पानी की मांग स्वीकृत कर योजना के निर्माण के लिये समिति द्वारा अनुशंसा की गई । बैठक में विधायक अमरवाड़ा श्री प्रेमनारायण ठाकुर, सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन श्री पी.एन.गौर, उप संचालक कृषि श्री जे.एस.गुर्जर, मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमरवाड़ा तथा जल संसाधन और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे । 
              बैठक में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री गौर ने बताया कि नगरपालिका अमरवाड़ा द्वारा सकरवाड़ा जलाशय से 2.19 मिलियन घनमीटर पानी की मांग की गई है जिससे अमरवाड़ा नगरीय जल आवर्धन योजना के माध्यम से वर्ष 2043 की अनुमानित 27 हजार जनसंख्या को आगामी 30 वर्षो तक पेयजल उपलब्ध कराया जा सके । इस योजना के अन्तर्गत 80 प्रतिशत राशि केन्द्र सरकार और 10 प्रतिशत राशि राज्य सरकार से प्राप्त होगी तथा 10 प्रतिशत राशि नगरीय निकाय द्वारा व्यय की जायेगी । योजना का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर नगरवासियों को सुचारु रुप से पेयजल उपलब्ध हो सकेगा । विधायक श्री ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2003 में सकरवाड़ा जलाशय के भूमिपूजन के साथ ही इस जलाशय के निर्माण का उद्देश्य अमरवाड़ा नगर को पेयजल उपलब्ध कराने का रखा गया है तथा इस योजना के पूर्ण होने से अमरवाडा नगर को पेयजल उपलब्ध हो सकेगा । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने विचार-विमर्श के बाद समिति की अनुशंसा पर सकरवाड़ा जलाशय से 2.19 मिलियन घन मीटर पानी की मांग को स्वीकृत कर योजना के क्रियान्वयन के लिये आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिये । उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा योजना के अन्तर्गत फिल्टर प्लांट के लिये भूमि आवंटन की मांग पर छोटे-बड़े झाड का जंगल मद में भूमि दर्ज होने के कारण संबंधित वनमंडलाधिकारी को आवेदन करने के निर्देश दिये ।
------------


सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों का सम्मान समारोह 4 जनवरी को

              कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में 4 जनवरी को शाम 5 बजे से जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में 31 दिसम्बर 2011 को सेवानिवृत्त हुये अधिकारियों/ कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया है । इस समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों का शाल, श्रीफल से सम्मान किया जायेगा तथा उन्हें जी.पी.ओ./पी.पी.ओ. भी वितरित किये जायेंगे । जिला पेंशन अधिकारी श्री महोबिया ने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों, संबंधित कार्यालय प्रमुखों, सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारियों, पत्रकारों आदि से इस समारोह में सहभागी होकर इसे सफल बनाने की अपील की है ।
---------------

01 JAN 2012

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

नागरिकों के सहयोग के बिना यातायात नियमों का पालन संभव नहीं

– कलेक्टर डॉ. शर्मा

कलेक्टर डॉ. शर्मा द्वारा 23 वां सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ

                   कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि जिला या पुलिस प्रशासन यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के लिये कठिन से कठिन फैसले ले सकता है, किन्तु नागरिकों के सहयोग के बिना इनका पालन संभव नहीं है । यातायात पुलिस नागरिकों से समन्वय और सामंजस्य बनाकर कार्य करें तो लोगों में जागरुकता आयेगी तथा वे यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता से विचार करेंगे । कलेक्टर डॉ. शर्मा आज स्थानीय यातायात थाना परिसर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित 23 वें सड़क सुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने की तथा नगरपालिका अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, महाकौशल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री शेषराव यादव और श्री रमेश पोफली विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे । इस अवसर पर पार्षद श्रीमती प्रीति बिसेन और अन्य जनप्रतिनिधि, सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री पोद्दार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जैन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी, ट्रांसपोर्ट यूनियनों के पदाधिकारी और सदस्य, पत्रकार तथा बडी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे ।
               कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. शर्मा ने कहा कि समृद्धि और विकास होता है, अच्छी सड़के बनती हैं और यातायात बढ़ता है, तो इसके नकारात्मक प्रभाव के रुप में दुर्घटनायें भी बढ़ती है । इसके लिये शहर में निर्माण कार्यो की अनुमति देते समय नगरपालिका और ग्राम एवं नगर निवेश विभागों को सभी पहलुओं पर विचार करना चाहिये । उन्होंने छिन्दवाड़ा शहर के अति व्यस्त यातायात वाले क्षेत्रों विशेषकर पुराना बैल बाजार से रेल्वे चार फाटक तक के यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिये राजस्व और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी को निर्देश दिये कि एक सप्ताह के भीतर अध्ययन कर समस्या का हल करें तथा सड़क के दोनों ओर के अतिक्रमण हटाने संबंधी आवश्यक कार्यवाही करें । उन्होंने पुलिस, राजस्व, यातायात पुलिस और नागरिकों की जिले के ऐसे स्थानों के लिए कमेटी बनाने का सुझाव दिया जहाँ यातायात की विशेष समस्या है । यह समिति नागरिकों से प्राप्त सुझाव के आधार पर यातायात व्यवस्था के सुचारु बनाने में सहयोग करेगी । उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्जवलित कर और माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा यातायात संदेश रथ को हरी झंडी दिखाकर प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया । उन्होंने स्कूली बच्चों को भेजी जाने वाली साईन लैंग्वेज की पुस्तिका और प्रचार-प्रसार संबंधी पम्पलेटों का विमोचन भी किया । पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कहा कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुकता के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है जो निरंतर चलेगा । उन्होंने कहा कि अपराधों की तुलना में ट्राफिक नियमों का पालन नहीं होने से दुर्घटनायें होती है तथा प्रत्येक 3 दिनों में 2 व्यक्तियों को हमें खोना पड़ता है । यह न केवल पुलिस और प्रशासन, बल्कि पूरे समाज के लिए चैलेंज है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरुक कर उन्हें दुर्घटना से बचायें । यह कार्य आम लोगों को अपने साथ जोड़ने और उनके साथ मिलकर काम करने से होगा । उन्होंने यातायात थाना के माध्यम से संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की भी विस्तार से जानकारी दी ।
              विशेष अतिथि श्री कन्हईराम रघुवंशी ने इस अवसर पर कहा कि एक जन अभियान चलाकर लोगों को ट्राफिक नियमों के प्रति जागरुक करना होगा, तभी दुर्घटनाओं में कमी आयेगी और यातायात व्यवस्थित हो सकेगा ।  इसके लिये जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय स्तर पर बैठक आयोजित कर एवं कालेजों में बैठकें लेकर जागरुकता बढ़ाने की जरुरत है । उन्होंने कहा कि लोग वाहन चलाते समय मोबाईल का उपयोग करते हैं तथा ओवरटेक करते है जिससे दुर्घटनायें बढ़ती हैं । इसे रोका जाना चाहिये। विशेष अतिथि श्री शेषराव यादव ने कहा कि सुविधा सम्पन्नता बढ़ने के साथ ही ट्राफिक भी बढ़ा है और महानगर की तर्ज पर अब शहर में भी अव्यवस्थित किया जाना चाहिये। विशेष अतिथि श्री रमेश पोफली ने कहा कि छिन्दवाड़ा नगर के यातायात में बहुत सुधार की आवश्यकता है । इसके लिये सही ढंग से समुचित योजना बनाकर कारगर कार्यवाही करना पड़ेगा तभी नगर को इसका लाभ मिल सकेगा । यातायात थाना प्रभारी श्री मधुर कुमार पटेरिया ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के अन्तर्गत सप्ताह भर क्रियान्वित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी तथा अतिथियों का पुष्पगुच्छ और बैज लगाकर अभिनंदन भी किया । कार्यक्रम में अतिथियों ने पत्रकारों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किये । कार्यक्रम का संचालन श्री नरेन्द्र शक्रवार और आभार प्रदर्शन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जैन ने किया ।
-------------