जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार
समाचार
यूरिया के संबंध में अधिरोपित शर्ते समाप्त करने का निर्णय
छिन्दवाड़ा, एक फरवरी 2012-उप संचालक कृषि ने बताया कि राज्य शासन द्वारा सहकारी संस्थाओं एवं निजी विक्रेताओं के मध्य 75:25 के अनुपात में यूरिया का क्रय एवं वितरण करने तथा सिंचित और असिंचित भूमि हेतु प्रति हेक्टेयर प्रति कृषकों को क्रमश: चार बोरी एवं दो बोरी अधिकतम यूरिया उपलब्ध कराने की अधिरोपित शर्तो को मध्यप्रदेश में यूरिया की वर्तमान उपलब्धता को दृष्टिगत रखते हुये और प्रकरण पर समग्र रुप से विचारोपरान्त समाप्त करने का निर्णय लिया गया है । अब कृषक अपनी आवश्यकता के अनुरुप वांछित मात्रा में यूरिया क्रय कर सकेंगे । इसी प्रकार यूरिया के क्रय एवं वितरण के लिये सहकारी संस्थायें एवं निजी विक्रेता स्वतंत्र रहेंगे। यह आदेश 28 जनवरी से लागू हो गया है ।
क्रमांक 1/133/सोनवंशी/मस्के/
जिला स्तरीय स्टेंडिंग कमेटी की बैठक आज
छिन्दवाड़ा, एक फरवरी 2012-उप जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरपालिका) ने बताया कि मतदाता सूची तैयार किये जाने के संबंध में गठित जिला स्तरीय स्टेंडिंग कमेटी एक फरवरी को आयोजित प्रथम बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है । अब यह बैठक 2 फरवरी को शाम 4 बजे जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई है ।
क्रमांक 2/134/सोनवंशी/मस्के/
सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी हुये सम्मानित
छिन्दवाड़ा, एक फरवरी 2012-कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सायं 5 बजे जनवरी 2012 में सेवानिवृत्त हुये अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया । सम्मान समारोह कार्यक्रम में पेंशन फोरम के सचिव, अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों द्वारा सेवानिवृत्त हुये अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर पी.पी.ओ./जी.पी.ओ.प्रदान किया गया। इन कर्मचारियों में श्रीमती सोसम्मा कोषी, सहायक ग्रेड-3 (जल संसाधन), श्री एम.आर.बागड़े (लोक निर्माण विभाग), श्री सुरेश चन्द्र पवार (तकनीकी शिक्षा विभाग), श्री सानंद कुमार शर्मा (शिक्षा विभाग), श्री व्ही.आर.आठले (शिक्षा विभाग), श्री नन्हेंलाल डेहरिया (आदिम जाति कल्याण विभाग), श्री गुलाबसिंह सल्लाम (आदिम जाति कल्याण विभाग), श्री अंतराम दुर्गे (आदिम जाति कल्याण विभाग), श्री यू.सी. कुमरे (आदिवासी विकास विभाग), डॉ. अशोक कुमार मिश्रा (चिकित्सा विभाग), श्री चुन्नीलाल (गृह विभाग), श्री भूपाल सिंह (गृह विभाग) शामिल हैं । सम्मान समारोह में जिला पेंशन अधिकारी श्री सी.डी.आर. महोबिया, कोषाधिकारी श्री धाण्डे तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे ।
क्रमांक 3/135/बीएम/मस्के/
ईद मिलादुन्नबी का त्यौहार शांति और आपसी भाईचारे से मनाया जायेगा
शांति समिति की बैठक सम्पन्न
छिन्दवाड़ा, एक फरवरी 2012- जिले में आगामी 5 फरवरी को ईद मिलादुन्नबी का त्यौहार शांति और सद्भावनापूर्वक आपसी भाईचारे के साथ मनाया जायेगा। इस संबंध में अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा की अध्यक्षता में गत दिवस जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ ही शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित थे ।
अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. शर्मा ने बैठक में पुलिस व्यवस्था के साथ ही बिजली, साफ सफाई, पेयजल, जुलूस मार्ग पर चूने की लाईन आदि की व्यवस्था के लिए पुलिस, नगरपालिका, विद्युत मंडल और अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये । उन्होंने 5 फरवरी को शहर के राज टाकीज, गल्र्स कालेज, मेन रोड, बस स्टैण्ड, छोटा बाजार, गणेश चौक क्षेत्रों में ट्राफिक की विशेष व्यवस्था बनाने और लालबहादुर शास्त्री स्कूल के पास रोड पर मुर्गा बाजार नहीं लगे यह सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस,यातायात और नगरपालिका के अधिकारियों को दिये ।
बैठक में ईद मिलादुन्नबी त्यौहार के संबंध में अध्यक्ष अंजुमन ईस्लाहुल मुसलेमीन द्वारा बताया गया कि 4 फरवरी को शाम 6 बजे से जुलूस का न्यौता दिये जाने हेतु मोटर साईकल रैली निकाली जायेगी । इस रैली में 150 से 200 मोटर साईकल पर समिति के सदस्य शामिल रहेंगे। रैली आजाद चौक से प्रारंभ होकर बैल बाजार, सुक्लूढाना, हुसैन टेकरी जायेगी एवं वापस ऊंटखाना से बस स्टैण्ड, पी.डब्ल्यू.डी.होते हुये बस स्टैण्ड, गुलाबरा राज टाकिज पर आयेगी जहाँ रैली का समापन होगा । 4 फरवरी को ही लाउडस्पीकर द्वारा शहर में तकरीर की सूचना हेतु एैलान किया जायेगा तथा इसी दिन रात्रि 9 बजे एवं 5 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक ईद मिलादुन्नबी ग्राउंड रिसाला मस्जिद के पास जलसे का आयोजन किया जायेगा जिसमें दोनों दिन मौलाना साहब लाउडस्पीकर पर तकरीर करेंगे । इसी प्रकार 5 फरवरी को दोपहर 2 बजे से या गरीब नवाज जुलूस कमेटी के संचालन में आजाद चौक से जुलूस निकाला जायेगा जो राज टाकीज, कमानिया गेट, मेन रोड से होता हुआ छोटा तालाब, गणेश चौक से कर्बला चौक पुराना बैल बाजार से आजाद चौक पहुंचेगा जहाँ जुलूस का समापन होगा । जुलूस के साथ डी.जे., शहनाई,घोडे आदि रहेंगे । डी.जे. सिस्टम पर नाते-पाक बजेगी । उन्होंने बताया कि 5 फरवरी को जुलूस में शामिल होने हेतु महुआ टोला, हुसैन टेकरी, कुकड़ा जगत, इंदिरा नगर, लालबाग, रोहना, काराबोह, परतला, नोनियाकरबल आदि स्थानों से टोलियाँ आकर जुलूस में शामिल होगी । बैठक में ईद मिलादुन्नबी पर्व पूर्व परम्पराओं की भांति ही इस वर्ष भी शांति पूर्ण ढंग से तथा आपसी भाईचारे की भावना से मनाये जाने की अपील भी की गई ।
क्रमांक 4/136/सोनवंशी/मस्के/
No comments:
Post a Comment