जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार
समाचार
तीन मापदण्ड पूरे करने वाले ग्रामों में हाईस्कूल खोले जायेंगे
-प्रभारी मंत्री श्री बिसेन
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन द्वारा पेच व्यपवर्तन परियोजना
के डूब क्षेत्र के किसानों से पुनरीक्षित मुआवजा
राशि लेकर कार्य प्रारंभ कराने सहयोग की अपील
विभाग प्रमुख अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने बताया कि 5 कि.मी. की परिधि, एक हजार की आबादी और 80 विद्यार्थियों की दर्ज संख्या का मापदण्ड पूरा करने वाले ग्रामों में हाईस्कूल खोले जायेंगे । ये हाईस्कूल भवन और स्टाफ सहित खोले जायेंगे जिसमें 65 प्रतिशत राशि केन्द्र शासन से प्राप्त होगी और 35 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन गत दिवस स्थानीय सर्किट हाउस में विभाग प्रमुख अधिकारियों की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे । उन्होंने शिक्षा विभाग के सहायक संचालक को हाईस्कूल खोलने के मापदण्डों को ध्यान में रखते हुये जिले में खोले जा सकने वाले हाईस्कूलों की सूची तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये । बैठक में श्री रमेश पोफली, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर,कलेक्टर डॉ.पवन कुमार शर्मा,पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्वाति मीणा,अतिरिक्त कलेक्टर डॉ.श्रीनिवास शर्मा, सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जैन तथा सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने बताया कि जिले की प्रस्तावित बहुउद्देशीय पेंच व्यपवर्तन परियोजना में जल संसाधन विभाग द्वारा प्रस्तुत पुनरीक्षित मुआवजा राशि के प्रस्ताव को केबिनेट की बैठक में स्वीकृति प्रदान कर दी गई है । अब इस परियोजना के अन्तर्गत डूब क्षेत्र के लिये भू-अर्जन की गई भूमि के किसानों को पुनरीक्षित दर से मुआवजा राशि मिलेगी । उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा केबिनेट में स्वीकृत कराई गई पुनरीक्षित मुआवजा राशि प्राप्त कर इस परियोजना को प्रारंभ कराने में सहयोग प्रदान करें । उन्होंने जिले में हुई वर्षा से नुकसानी की जानकारी प्राप्त कर प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि देने के निर्देश दिये । बैठक में उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में गत दिनों 4 इंच बारिश हुई है जिससे गेहूँ, गन्ना आदि की फसल में नुकसान नहीं है, केवल फूल पर आई चना फसल और सब्जी फसल में कुछ नुकसान देखा गया है। उन्होंने कृषकों को सलाह दी कि वे खेत में भरे पानी की निकासी की तत्काल व्यवसथा करें जिससे फसल नुकसान से बच जायेगी । उन्होंने बताया कि यूरिया की एक रैक और आ गई है तथा किसानों को यूरिया और डी.ए.पी. खाद की कोई कमी नहीं होगी । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने नागार्जुन किस्म के यूरिया की लेबोरेटरी में जाँच कराकर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण कराने तथा जिन क्षेत्रों में किसानों को खाद की आवश्यकता है, वहां तत्काल पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिये कि जिले के भरे-पटे, फ्लोराईड और दूषित पानी वाले हैण्डंपपों को मृत घोषित कर संबंधित ग्रामों में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा जिन बिगडे हैण्डपंपों में सुधार हो सकता है, उनकी मरम्मत का कार्य तत्काल कराकर पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें । उन्होंने मंधान डैम का निर्माण कार्य तीव्र गति से कराकर वर्ष 2013 तक पूर्ण कराने के निर्देश भी दिये जिससे कोयलांचल के लोगों को सुचारु ढंग से पेयजल मिल सके । उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पेयजल योजना के अन्तर्गत वर्तमान में निर्धारित 3 से 5 लाख रुपये की राशि में अब एक लाख रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है तथा ग्रामवासियों की मंशा के अनुरुप अब पुराने जलस्त्रोत के स्थान पर नये जलस्त्रोत से भी इस योजना के क्रियान्वयन को अनुमति दे दी गई है । उन्होंने बताया कि इस योजना के अन्तर्गत बिजली बिल की राशि का भुगतान सरकार द्वारा सीधे किये जाने पर विचार किया जा रहा है । उन्होंने विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री से फीडर सेपरेशन कार्य और राजीव गांधी विद्युतीकरण परियोजना की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिये ।
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने सभी अधिकारियों को नववर्ष की बधाई देते हुये कहा कि जिले में विगत 3 वर्षो में जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा परस्पर अच्छा सामंजस्य और सहयोग बनाकर कार्य किया है जिससे जिले में बेहतर कानून और व्यवस्था बनी है तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियाँ हासिल हुई है । उन्होंने निरंतर इसी प्रकार परस्पर सामंजस्य और सहयोग से कार्य करने की अपेक्षा की जिससे छिन्दवाड़ा जिला प्रदेश और देश में नाम रौशन कर सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान इस जिले को निरंतर विकासशील जिले के रुप में देखना चाहते हैं और जिले के विकास के लिये कृत संकल्पित हैं ।आप सभी प्रदेश सरकार के घोषणा पत्र के अनुरुप लिये गये संकल्पों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करें तथा म.प्र. लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम का सख्ती से पालन करें जिससे किसी को दंडित नहीं करना पड़े ।
--------------
केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री नाथ का भ्रमण कार्यक्रम
केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री कमलनाथ 20 जनवरी को प्रात: 10 बजे दिल्ली से विशेष विमान से प्रस्थान कर प्रात: 11.15 बजे छिन्दवाड़ा आयेंगे तथा दोपहर 12 बजे जिले के बिछुआ विकासखंड के ग्राम खमरा पहुंचकर सी.आर.एफ.के अन्तर्गत खमरा-सांख-समसवाड़ा,खमरा-सुरंगी और खमरा-दातला-लोहारबतरी-चोरबतरी-निशानजानोजी- नीलकंठी मार्गो का शुभारंभ करेंगे । आप 2 बजे गोदडदेव जायेंगे तथा शाम 5 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे । केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री नाथ 21 जनवरी को प्रात: 11 बजे जिले के चौरई विकासखंड के ग्राम कुंडा पहुंचेंगे तथा यहाँ पर सी.आर.एफ. के अन्तर्गत कुंडा-सरार-किरंगीपार-कपुर्दा-घोडावाडी मार्ग का शुभारंभ करने के बाद दोपहर 3 बजे पांढुर्ना विकासखंड के ग्राम खैरीपैका जायेंगे तथा शाम 5 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे । आप शाम 5.30 बजे छिन्दवाडा से विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे ।
--------------
प्रदेश की स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती चिटनीस का भ्रमण कार्यक्रम
प्रदेश की स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस 7 जनवरी को प्रात 8.45 बजे कार द्वारा नागपुर से प्रस्थान कर प्रात: 10 बजे छिन्दवाड़ा आयेंगी तथा प्रात: 11 बजे होटल उत्सव में इनरव्हील क्लब के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगी। आप रात्रि 8 बजे कार द्वारा नागपुर के लिए प्रस्थान करेंगी ।
-------------
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन 7 दिसम्बर को छिन्दवाड़ा आयेंगे
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन 7 जनवरी को प्रात: 10 बजे लालबर्रा से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे तथा सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम जन से भेंट के बाद दोपहर एक बजे भारतीय जनता युवा मोर्चा के अभ्यास वर्ग में शामिल होंगे । आप रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन 8 जनवरी को प्रात: 10 बजे मुख्यमंत्री के साथ भारतीय जनता युवा मार्चा के अभ्यास वर्ग में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री के साथ भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे ।
--------------
नसबंदी आपरेशन की शत प्रतिशत लक्ष्यपूर्ति पर विभिन्न स्तर
पर पुरस्कार दिये जायेंगे -- संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
स्वास्थ्य विभाग के संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. जे.एल.मिश्रा ने बताया कि जारी वित्तीय वर्ष में राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के अन्तर्गत नसबंदी आपरेशन की शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति करने पर विभिन्न स्तर पर पुरस्कार दिये जायेंगे तथा इस वर्ष पुरस्कार की प्रक्रिया में आशिक संशोधन किया गया है । अब इस कार्यक्रम में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति पर कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी तथा इस वित्तीय वर्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी को भी 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी । इसके अलावा अब शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने वाले सभी बी.एम.ओ. को 25-25 हजार रुपये और महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी । साथ ही कार्यक्रम में सहयोग करने वाले राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों को भी जिला स्वास्थ्य समिति निर्णय लेकर निर्धारित पुरस्कार राशि प्रदाय करेगी । आप सभी अपना नैतिक दायित्व मानते हुये इस कार्यक्रम में स्वयं प्रेरणा से कार्य कर लक्ष्यपूर्ति करें तथा संभाग और प्रदेश में अच्छा कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास करें । डॉ. मिश्रा आज स्थानीय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे । बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.के. नायडू, सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. पी.के.श्रीवास्तव, सभी बी.एम.ओ., प्रशासनिक अधिकारी श्री लक्ष्मण साहू, प्रभारी डी.पी.एम. डॉ. सुधीर शुक्ला, मीडिया अधिकारी श्री प्रमोद वासनिक, डिप्टी मीडिया अधिकारी श्री मिश्रा और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे ।
बैठक में संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा ने सभी बी.एम.ओ. के लिये जारी वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य के अनुरुप हुई प्रगति की समीक्षा की तथा जनवरी से मार्च माह के दौरान बैकलॉग का पुन: लक्ष्य निर्धारित करते हुये समय के पूर्व लक्ष्यपूर्ति करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि सेक्टर सुपरवाईजर, ए.एन.एम., आशा कार्यकर्ता, आंगनवाडी कार्यकर्ता/सहायिका, स्वास्थ्य कार्यकर्ता आदि के लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें लक्ष्यपूर्ति में सहयोग के लिए प्रेरित करें । प्रेरक के रुप में उन्हें दी जाने वाली पुरस्कार राशि के संबंध मेंं भी उन्हें अवगत करायें । उन्होंने बताया कि गत वर्ष छिन्दवाड़ा जिला राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के अन्तर्गत नसबंदी आपरेशन में प्रदेश में पांचवें स्थान पर था । उन्होंने सभी बी.एम.ओ. से आग्रह किया कि इस वित्तीय वर्ष में भी लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल कर जिले को प्रथम स्थान पर लाने का प्रयास करें । बैठक में बताया गया कि जिले में अभी तक 20 हजार 900 के लक्ष्य के विरुद्ध 9 हजार 222 नसबंदी आपरेशन किये जा चुके हैं जिसमें जिला चिकित्सालय छिन्दवाड़ा में 2153 के लक्ष्य के विरुद्ध 738, पिंडरईकला में 1600 के विरुद्ध 856, विकासखंड पांढुर्ना में 1930 के विरुद्ध 826, परासिया मेंं 3075 के विरुद्ध 1256, जुन्नारदेव मेंं 2418 के विरुद्ध 1353, चौरई में 1893 के विरुद्ध 670, मोहखेड में 1484 के विरुद्ध 675, तामिया में 1009 के विरुद्ध 507, बिछुआ में 783 के विरुद्ध 350, हर्रई में 1286 के विरुद्ध 623, सौंसर में 1695 के विरुद्ध 654 तथा अमरवाड़ा में 1574 के लक्ष्य के विरुद्ध 714 नसबंदी आपरेशन शामिल हैं ।
---------------
नसबंदी आपरेशन में निरंतर सहयोग करते रहें
-- संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा
प्रेरकों को पुरस्कार वितरित
जबलपुर संभाग के संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. जे.एल.मिश्रा ने कहा कि जब तक हम जनसंख्या में कठोरता से नियंत्रण नहीं करेंगे, तब तक देश उन्नति नहीं कर सकेगा । यह हम सबका नैतिक दायित्व है कि हम देश के उत्थान और विकास में सहयोग प्रदान करें । आप सभी ने आगे आकर नसबंदी आपरेशन में जो सहयोग दिया है, उससे मुझे अत्यन्त खुशी है तथा भविष्य में भी इसी तरह निरंतर सहयोग की उम्मीद करता हूँ। डॉ. मिश्रा आज स्थानीय जिला चिकित्सालय स्थित धर्मशाला में म.प्र. स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की जिला शाखा के सहयोग से आयोजित नसबंदी आपरेशन कार्यक्रम में प्रेरकों को सम्बोधित कर रहे थे । इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.के. नायडू, सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. पी.के.श्रीवास्तव, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. डी.के.खरे, म.प्र. स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री अशोक भोयर, श्री हबीब जागीरदार, श्री आशीष साहू, प्रेरक और अन्य व्यक्ति उपस्थित थे ।
संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा ने कहा कि मेरी नजर में नसबंदी कार्यक्रम एक सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम है जिससे क्रियान्वयन से पारिवारिक विकास के साथ ही अन्य क्षेत्रों के विकास द्वार भी अपने आप खुलते है । उन्होंने बताया कि मुझे तीन दिनों बाद छिदवाड़ा जिले में बैठक लेने आना था, किन्तु यहाँ के स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल के आग्रह पर मुझेे आज यहाँ आना पड़ा । उन्होंने संघ द्वारा किये जा रहे कार्यो की सराहना करते हुये आगे भी स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सहयोग की अपेक्षा की । उन्होंने सर्वाधिक नसबंदी प्रकरण लाने पर श्री आमोण प्रवीण को प्रथम, श्री पी. माथनकर को द्वितीय और श्री विनोद कारटे को तृतीय पुरस्कार भी वितरित किया । सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने जिस सेवा कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह सराहनीय है तथा उनके कार्यो से मुझे गर्व महसुस हो रहा है । कार्यक्रम में श्री जागीरदार ने बताया कि म.प्र. स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के सहयोग से आयोजित इस शिविर में आज 104 नसबंदी आपरेशन किये गये जिसमें प्रेरकों का सराहनीय सहयोग रहा । कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. मिश्रा का पुष्पहारों से अभिनंदन भी किया ।
--------------
No comments:
Post a Comment