2 Jan 2012

01 JAN 2012

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

नागरिकों के सहयोग के बिना यातायात नियमों का पालन संभव नहीं

– कलेक्टर डॉ. शर्मा

कलेक्टर डॉ. शर्मा द्वारा 23 वां सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ

                   कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि जिला या पुलिस प्रशासन यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के लिये कठिन से कठिन फैसले ले सकता है, किन्तु नागरिकों के सहयोग के बिना इनका पालन संभव नहीं है । यातायात पुलिस नागरिकों से समन्वय और सामंजस्य बनाकर कार्य करें तो लोगों में जागरुकता आयेगी तथा वे यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता से विचार करेंगे । कलेक्टर डॉ. शर्मा आज स्थानीय यातायात थाना परिसर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित 23 वें सड़क सुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने की तथा नगरपालिका अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, महाकौशल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री शेषराव यादव और श्री रमेश पोफली विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे । इस अवसर पर पार्षद श्रीमती प्रीति बिसेन और अन्य जनप्रतिनिधि, सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री पोद्दार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जैन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी, ट्रांसपोर्ट यूनियनों के पदाधिकारी और सदस्य, पत्रकार तथा बडी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे ।
               कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. शर्मा ने कहा कि समृद्धि और विकास होता है, अच्छी सड़के बनती हैं और यातायात बढ़ता है, तो इसके नकारात्मक प्रभाव के रुप में दुर्घटनायें भी बढ़ती है । इसके लिये शहर में निर्माण कार्यो की अनुमति देते समय नगरपालिका और ग्राम एवं नगर निवेश विभागों को सभी पहलुओं पर विचार करना चाहिये । उन्होंने छिन्दवाड़ा शहर के अति व्यस्त यातायात वाले क्षेत्रों विशेषकर पुराना बैल बाजार से रेल्वे चार फाटक तक के यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिये राजस्व और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी को निर्देश दिये कि एक सप्ताह के भीतर अध्ययन कर समस्या का हल करें तथा सड़क के दोनों ओर के अतिक्रमण हटाने संबंधी आवश्यक कार्यवाही करें । उन्होंने पुलिस, राजस्व, यातायात पुलिस और नागरिकों की जिले के ऐसे स्थानों के लिए कमेटी बनाने का सुझाव दिया जहाँ यातायात की विशेष समस्या है । यह समिति नागरिकों से प्राप्त सुझाव के आधार पर यातायात व्यवस्था के सुचारु बनाने में सहयोग करेगी । उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्जवलित कर और माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा यातायात संदेश रथ को हरी झंडी दिखाकर प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया । उन्होंने स्कूली बच्चों को भेजी जाने वाली साईन लैंग्वेज की पुस्तिका और प्रचार-प्रसार संबंधी पम्पलेटों का विमोचन भी किया । पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कहा कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुकता के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है जो निरंतर चलेगा । उन्होंने कहा कि अपराधों की तुलना में ट्राफिक नियमों का पालन नहीं होने से दुर्घटनायें होती है तथा प्रत्येक 3 दिनों में 2 व्यक्तियों को हमें खोना पड़ता है । यह न केवल पुलिस और प्रशासन, बल्कि पूरे समाज के लिए चैलेंज है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरुक कर उन्हें दुर्घटना से बचायें । यह कार्य आम लोगों को अपने साथ जोड़ने और उनके साथ मिलकर काम करने से होगा । उन्होंने यातायात थाना के माध्यम से संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की भी विस्तार से जानकारी दी ।
              विशेष अतिथि श्री कन्हईराम रघुवंशी ने इस अवसर पर कहा कि एक जन अभियान चलाकर लोगों को ट्राफिक नियमों के प्रति जागरुक करना होगा, तभी दुर्घटनाओं में कमी आयेगी और यातायात व्यवस्थित हो सकेगा ।  इसके लिये जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय स्तर पर बैठक आयोजित कर एवं कालेजों में बैठकें लेकर जागरुकता बढ़ाने की जरुरत है । उन्होंने कहा कि लोग वाहन चलाते समय मोबाईल का उपयोग करते हैं तथा ओवरटेक करते है जिससे दुर्घटनायें बढ़ती हैं । इसे रोका जाना चाहिये। विशेष अतिथि श्री शेषराव यादव ने कहा कि सुविधा सम्पन्नता बढ़ने के साथ ही ट्राफिक भी बढ़ा है और महानगर की तर्ज पर अब शहर में भी अव्यवस्थित किया जाना चाहिये। विशेष अतिथि श्री रमेश पोफली ने कहा कि छिन्दवाड़ा नगर के यातायात में बहुत सुधार की आवश्यकता है । इसके लिये सही ढंग से समुचित योजना बनाकर कारगर कार्यवाही करना पड़ेगा तभी नगर को इसका लाभ मिल सकेगा । यातायात थाना प्रभारी श्री मधुर कुमार पटेरिया ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के अन्तर्गत सप्ताह भर क्रियान्वित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी तथा अतिथियों का पुष्पगुच्छ और बैज लगाकर अभिनंदन भी किया । कार्यक्रम में अतिथियों ने पत्रकारों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किये । कार्यक्रम का संचालन श्री नरेन्द्र शक्रवार और आभार प्रदर्शन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जैन ने किया ।
-------------

 

No comments:

Post a Comment