जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार
हेडस्टार्ट केन्द्र बंद नहीं हो, यह सुनिश्चित करें—कलेक्टर डॉ. शर्मा
साप्ताहिक समय सीमा की समीक्षा बैठक सम्पन्न
कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने निर्देश दिये कि जाँच के दौरान जो हेडस्टार्ट केन्द्र बंद पाये गये, उनके शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनकी विभागीय जाँच शुरु करें तथा कोई भी हेडस्टार्ट केन्द्र बंद नहीं हो, यह सुनिश्चित करें। कलेक्टर डॉ. शर्मा ने ये निर्देश आज जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा केन्द्र के जिला परियोजना समन्वयक को दिये । बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा, अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आशा कुशरे, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ.के.डी. त्रिपाठी तथा सभी विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे ।
कलेक्टर डॉ. शर्मा ने जिला शिक्षा केन्द्र के जिला परियोजना समन्वयक को जिले की शालाओं में अध्ययनरत और शाला के बाहर के 6 से 14 वर्ष के नि:शक्त बच्चों के लिए आगामी 16 से 24 दिसम्बर तक आयोजित किये जा रहे मूल्यांकन शिविरों में कक्षा 9 से 12 वीं तक के चिन्हित नि:शक्त विद्यार्थियों को भी लाभान्वित करने के निर्देश दिये । उन्होंने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का वितरण नहीं करने वाले ग्राम शिकारपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व प्राचार्य श्री धुर्वे को तत्काल निलंबित करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को दिये । उन्होंने श्रम पदाधिकारियों को निर्देश दिये कि विभागीय अमले की जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना बनाये तथा जिले के होटल, ढाबों और अन्य स्थानों की जाँच कर यह सुनिश्चित करें कि जिले में बंधुआ श्रमिक तो नहीं है । यदि बंधुआ श्रमिक मिलते है तो प्रकरण तैयार कर राजस्व अनुविभागीय अधिकारी के न्यायालय में प्रस्तुत करें । उन्होंने जिलाध्यक्ष कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, ग्रामीण विकास, शिक्षा, आदिवासी विकास, जिला शिक्षा केन्द्र, सेतु संभाग, शहरी विकास, योजना, सहकारिता, मत्स्य, मार्कफेड, पंचायत, कोषालय, खनिज और अन्य विभागों के समय सीमा के लंबित पत्रों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित विभाग प्रमुख अधिकारियों को समय सीमा में पत्रों के निराकरण के निर्देश दिये । बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री मीणा ने वन, कृषि, पंचायत, स्वास्थ्य, शहरी विकास, पशु चिकित्सा, लोक निर्माण, जल संसाधन, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, नगरपालिका, उद्यान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी आदि विभागों के लंबित पत्रों की प्रगति की समीक्षा की । उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि महात्मा गांधी नरेगा में प्रति सप्ताह एम.आई.एस.फीडिंग करें । उन्होंने निर्माण विभागों को निर्देश दिये कि जो ठेकेदार अनुबंध के अनुसार समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं कर रहे हैं, उन्हें ब्लेक लिस्टेड करने के संबंध में कार्यवाही सुनिश्चित करें ।
--------------
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड की अनुशंसा पर
206 जरुरतमंदों को 4.12 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत
प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री एवं जिले के विधानसभा क्षेत्र सौंसर के विधायक श्री नानाभाऊ मोहोड द्वारा जारी वित्तीय वर्ष में विधायक स्वेच्छानुदान निधि योजना के अन्तर्गत जिले के सौंसर विकासखंड के 206 जरुरतमंदों को 4.12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि अनुदान के रुप में देने की अनुशंसा की गई है । कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा अनुशंसित अनुदानग्रहिताओं को राशि स्वीकृत कर आवंटन आदेश जारी कर दिये गये है तथा संबंधित जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों के अधिकारियों को हितग्राहियों को अनुदान राशि प्रदाय करने के निर्देश दिये हैं ।
---------------
म.प्र. आदिवासी वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष
श्रीमती चौहान 14 दिसम्बर को छिन्दवाडा आयेगी
म.प्र. आदिवासी वित्त एवं विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती रेलम चौहान 14 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे बैतूल से प्रस्थान कर छिन्दवाड़ा आयेगी । आप 16 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे छिन्दवाडा से सिवनी के लिए प्रस्थान करेगी ।
-----------
भंसाली इंजिनियरिंग पॉलीमर्स लिमिटेड में मॉक ड्रिल सम्पन्न
राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में आफ साईट आपात योजना के अन्तर्गत गत 3 दिसम्बर को प्रात: 11.55 बजे भंसाली इंजिनियरिंग पॉलीमर्स लिमिटेड में मॉक ड्रिल की गई । इस मॉक ड्रिल के अन्तर्गत 11.55 बजे कच्चा मैटेरियल स्टोर्स के पास आग देखे जाने पर कारखाना प्रबंधन द्वारा स्वयं के सुरक्षा संसाधनों द्वारा आग पर काबू से बाहर होने पर लगभग 12 बजे पुलिस व प्रशासन को इस दुर्घटना की सूचना दी गयी और 15 मिनट के अन्दर ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस, फायर ब्रिागेड एवं एम्बुलेंस दुर्घटना स्थल पर पहुंच गये तथा स्थिति का जायजा लेने के बाद आफ साइट इमरजेंसी घोषित करते हुये पुलिस को सामने से गुजरने वाले हाइवे पर ट्रेफिक को रेगुलर करने के निर्देश दिये गये । उन्होंने दुर्घटना स्थल से एक किलोमीटर के दायरे में स्थित स्कूल के बच्चों एवं रहवासी कालोनी के लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से विस्थापित करने के निर्देश दिये ।
मॉक ड्रिल में विस्थापित केन्द्र शासकीय स्कूल पारडसिंगा को चिन्हित किया गया तथा इस घटना का इमरजेंसी कन्ट्रोल रुम पुलिस थाना लोधीखेडा को बनाया गया । इन कार्रवाइयों के दौरान सौंसर एवं लोधीखेडा की फायर ब्रिागेड टीम ने आग पर नियंत्रण पाना शुरु कर दिया । साथ ही कारखाना स्थल पर स्थापित 2 वाटर हाइडेंट, एक वाटर मानीटर तथा वाटर करटेन भी सुचारु रुप से कार्यरत रहे । स्थल पर इस दुर्घटना में 2 श्रमिकों को घायल होना दर्शाया गया जिन्हें क्रमश: कारखाने की एम्बुलेंस, सौंसर से आयी एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रुप से घायल एक श्रमिक को सिविल अस्पताल सौंसर भेजा गया । लगभग 15 मिनिट में स्थिति पर पूर्ण नियंत्रण पा लिया गया एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सामान्य स्थिति की घोषणा की गयी । इस आफ साइट रिहर्सल में राजस्व अनुविभागीय अधिकारी सौंसर श्री रमेश कुमरेे, एस.डी.ओ. पुलिस श्री भूपेन्द्र सिंह सेंगर, जिला कमांडेंड होमगार्ड श्री डी.एस.इक्का, एम पी.पी.सी.बी. के श्री पाटिल, श्रम पदाधिकारी श्री टी.पी. चौबे, श्रम निरीक्षक श्री संदीप मिश्रा, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री डी.एस.मुजालदा,कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री एस.सी. वर्मा, कार्यपालन यंत्री एम.पी.ई.बी. श्री सी.पी.सिंह, डी.आई.सी प्रबंधक श्री एम.एल.बेलवंशी, थाना लोधीखेडा टी.आई. श्री राकेश तिवारी, रेमंड कंपनी के श्री जोशी, बी.ई.ओ. प्रबंधक श्री योगेश वानोडे, पी.बी.एम.पोलीटेक्स के श्री डी.एन.सिंह, इंडोरमा सिंथेटिक्स के श्री अग्रवाल, दत्ता मेघे पोलिटेक्स नागपुर के प्रोफेसर श्री खाटी एवं औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा इन्दोर के श्री पी.पी.पटेरिया और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी सम्मिलित रहे।
----------------
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन की अध्यक्षता में मंधान डैम निर्माण कार्य
में गति लाने हेतु भोपाल में बैठक का आयोजन 7 दिसम्बर को
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन की अध्यक्षता में आगामी 7 दिसम्बर को भोपाल में एक बैठक का आयोजन किया गया है । इस बैठक में पेंचव्हेली समूह जलप्रदाय परियोजना के अन्तर्गत पेंच नदी पर निर्माणाधीन मंधान डैम के निर्माण के संबंध में विचार विमर्श किया जायेगा । बैठक में जिले के परासिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ताराचंद बावरिया के साथ ही संबंधित विभागीय अधीक्षण यंत्री और कार्यपालन यंत्री भी उपस्थित रहेंगे ।
--------------
No comments:
Post a Comment