22 Dec 2011

News 22 DEC 2011

जिला जन सम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

हितग्राही अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लें

- स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़

सौंसर में खंड स्तरीय अंत्योदय मेले में लगभग 60 हजार हितग्राही लाभान्वित

लगभग 16.50 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण/अनुदान राशि और सामग्री वितरित

                 प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न केबिनेट की बैठक में अब जिला स्तर के स्थान पर खंड स्तर पर अन्त्योदय मेलों के आयोजन का निर्णय लिया गया है जिससे हितग्राहियों को जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़े और वे खंड स्तर पर ही शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ ले सकें । आप सभी प्रदेश सरकार की अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लें । श्री मोहोड़ आज जिले के सौंसर विकासखंड मुख्यालय पर आयोजित खंड स्तरीय अंत्योदय मेले को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री नीलेश गजभिये ने की तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सीताराम डेहरिया,म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री संतोष जैन, नगरीय दीनदयाल अंत्योदय समिति अध्यक्ष श्री बलवंत आप्पा ठोंबरे, ग्रामीण दीनदयाल अंत्योदय समिति अध्यक्ष डॉ. गुलाबराव पांडे, जिला पंचायत सदस्य श्री संजय निबुलकर और श्रीमती स्नेहा जोगी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री विनायक मर्सकोले, श्री राजू परमार और श्री राजेन्द्र भक्ते विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे । अंत्योदय मेले में लगभग 60 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया तथा लगभग 16.50 करोड़ रुपये की ऋण और अनुदान राशि एवं सामग्री वितरित की गई ।
                   इस अवसर पर स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार देश की ऐसी पहली सरकार है जो खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिये किसानों को एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करा रही है । इसी प्रकार प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अनोखी पहल करते हुये म.प्र. लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम लागू कर किसानों और आम जन को राहत पहुंचाई है । इस अधिनियम के माध्यम से निर्धारित समय सीमा में किसानों को ऋण पुस्तिका प्रदाय की जायेगी तथा अब शपथ पत्र के आधार पर निर्धारित समय सीमा में जाति प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि आगामी माह से बी.पी.एल. सर्वे सूची के लिये सर्वे कार्य प्रारंभ किया जा रहा है । उन्होंने तहसीलदारों और सरपंच/सचिवों को निर्देश दिये कि वे सभी गरीब और भूमिहीन व्यक्तियों के नाम सर्वे सूची में जुड़वाये । उन्होंने सभी सरपंच और पंचायत सचिवों को निर्देश दिये कि वे सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जन को दिलायें तथा अपने कर्तव्यों का पालन कर प्रदेश के विकास में सहभागी बनें । उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पंचायत सचिवों को जिला कैडर प्रदान कर दिया गया है जो बहुत बड़ी बात है । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि मेले में आये प्रत्येक हितग्राही को अपनी विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करें तथा स्वीकृत राशि के चेक और सामग्री का आज ही वितरण करें । उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर और माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर अंत्योदय मेले का शुभारंभ किया तथा प्रतीक स्वरुप विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को ऋण और अनुदान राशि के चेक, स्वीकृति आदेश और सामग्री वितरित की । उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों में जाकर प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा पंचायत एवं सामाजिक न्याय विभाग की ओर से सर्वश्री सुधीर सरेयाम, शशांक साबले, रंजीत सिंह बघेल और महेश निमजे को ट्रायसिकल, वर्षा वाघ को व्हील चेयर, अनता भोयर को बैसाखी एवं नीलेश काले को श्रवण यंत्र प्रदान किया ।
              अंत्योदय मेले में कार्यक्रम अध्यक्ष श्री नीलेश गजभिये ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुये अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने का आव्हान किया । विशेष अतिथि एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सीताराम डेहरिया ने कहा कि अंत्योदय मेला प्रदेश सरकार की एक अच्छी पहल है जिसके माध्यम से हितग्राहियों को केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है । उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आव्हान किया कि वे ग्रामीणों को अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ दिलायें तथा जनहित के कार्यक्रमों में सहयोग करें । कार्यक्रम में म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री संतोष जैन, नगरीय और ग्रामीण दीनदयाल अंत्योदय समिति के अध्यक्ष श्री बलवंत अप्पा ठोंबरे और डॉ. गुलाबराव पांडे एवं श्री राजू परमार ने भी अपने विचार व्यक्त किये । राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री रमेश कुमरे ने स्वागत भाषण देते हुये मेले के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सी.एल.मरावी ने अंत में आभार व्यक्त किया ।
                 अन्त्योदय मेले में जनपद पंचायत द्वारा 1201 हितग्राहियों को 7 करोड 56 लाख 26 हजार 705 रुपये, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को 4.38 लाख रुपये, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 100 हितग्राहियों को 6 लाख रुपये, पशु चिकित्सा विभाग द्वारा 218 हितग्राहियों को 9.06 लाख रुपये, उद्यान विभाग द्वारा 638 हितग्राहियों को 81 लाख 50 हजार 500 रुपये, कृषि विभाग द्वारा 7 हजार 829 हितग्राहियों को एक करोड 60 लाख 61 हजार 750  रुपये, शिक्षा विभाग द्वारा 46 हजार 72 हितग्राहियों को 6 करोड 42 लाख 19 हजार 455 रुपये, राजस्व विभाग द्वारा 139 हितग्राहियों को नौ लाख 800 रुपये, हाथकरघा विभाग द्वारा 7 संस्थाओं को 10 लाख 47 हजार 657 रुपये, नगरपालिका सौंसर द्वारा 112 हितग्राहियों को 6 लाख 77 हजार 25 रुपये, नगर पंचायत लोधीखेडा द्वारा 55 हितग्राहियों को 82 हजार 500 रुपये, नगर पंचायत पिपलानारायणवार द्वारा 31 हितग्राहियों को 3.77 लाख रुपये और नगर पंचायत मोहगांव द्वारा 39 हितग्राहियों को 9 लाख 7 हजार 500 रुपये की ऋण और अनुदान राशि उपलब्ध कराकर लाभान्वित किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने श्रीमती चन्द्रकलाबाई, श्रीमती प्रभाबाई, श्रीमती सुकवारा और अन्य हितग्राहियों को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अन्तर्गत 10-10 हजार रुपये की अनुदान राशि,जिला बीमारी सहायता निधि से श्री श्रवण को स्वीकृत राशि 1.57 लाख  रुपये का चेक, आपूर्ति विभाग द्वारा 56 शासकीय उचित मूल्य दुकानों को लायसेंस तथा पशु चिकित्सा, मत्स्य, राजस्व, पंचायत एवं सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, कृषि, म.प्र. भवन संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न योजनाओं, मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना, स्कूल शिक्षा विभाग की छात्रवृत्ति और विकलांग छात्रवृत्ति तथा अन्य योजनाओं मं प्रमाण पत्र और राशि के चेक वितरित किये गये । मेले में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्रचार साहित्य भी वितरित किया गया ।
              अंत्योदय मेले में शिक्षा, जिला शिक्षा केन्द्र, आदिवासी विकास, उद्योग, पशु चिकित्सा, हाथकरघा, लोक निर्माण, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, उद्यानिकी, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, आपूर्ति, म.प्र. हस्तशिल्प, जनपद पंचायत, श्रम, पंचायत एवं सामाजिक न्याय, मत्स्य, नगरपालिका और नगर पंचायत, वन और राजस्व विभागों द्वारा स्टाल और प्रदर्शनी लगाकर हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा वन विभाग द्वारा कालमेघ का नि:शुल्क वितरण किया गया । मेले में राजस्व विभाग द्वारा किसानों को 3 हजार 115 नि:शुल्क ऋण पुस्तिकाओं का वितरण किया गया । स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य उपचार शिविर में 123 मरीजों का नि:शुल्क उपचार कर दवाईयाँ वितरित की गई तथा 16 हितग्राहियों को दीनदयाल अंत्योदय उपचार कार्ड, 10 हितग्राहियों को ग्रीन कार्ड और 156 नि:शक्तों को नि:शक्तता प्रमाण पत्र वितरित किये गये । जनपद पंचायत द्वारा 59 हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टे वितरित किये गये । मेले को 30 स्टालों और प्रदर्शनी में लगाकर सुव्यवस्थित रुप से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया । इस अवसर पर दीनदयाल अंत्योदय समिति और जनपद पंचायत के सदस्यगण,नगरीय निकायों के अध्यक्ष/उपाध्यक्ष, पार्षदगण और अन्य जनप्रतिनिधि, उप संचालक पंचायत एवं सामाजिक न्याय श्री ए.के. दुबे, तहसीलदार श्री बघेल,सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं अन्य जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी, पत्रकार, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।

-------------------

पूर्व प्रधानमंत्री श्री बाजपेयी के जन्मदिवस के
उपलक्ष्य में सुशासन दिवस मनाने का निर्णय

विभाग प्रमुखों और अधिकारियों को समारोह/
परिचर्चा आदि आयोजित करने के निर्देश

                  राज्य शासन द्वारा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी के प्रधानमंत्री के रुप में स्थापित सुशासन के उच्चतम मापदंडों को देखते हुये उनके जन्म दिवस के एक दिन पूर्व की तिथि 24 दिसम्बर को प्रतिवर्ष सुशासन दिवस के रुप में मनाने का निर्णय लिया गया है । इस निर्णय के परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा जिले के सभी विभाग प्रमुखों के साथ ही सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिये है कि 24 दिसम्बर को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को यह शपथ दिलायें कि ‘मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूँ कि मैं प्रदेश में सुशासन के उच्चतम मापदंडों को स्थापित करने के लिये सदैव संकल्पित रहूँगा/रहूँगी और शासन को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जनकल्याण केन्द्रित तथा जवाबदेह बनाने के लिये हर संभव प्रयास करता रहूँगा/रहूँगी । प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लक्ष्य को पाने के लिये सदैव तत्पर रहूँगा/रहूँगी ।’ उन्होंने निर्देश दिये कि इस दिन किसी भी सभागृह/स्थल पर भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र को प्रदर्शित कर सम्मान प्रकट किया जाये और उनके जीवन वृत्त एवं कृत्यों के संबंध में वक्ताओं द्वारा विचार प्रकट किये जाये । इस कार्यक्रम में जिले के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और शासकीय अधिकारियों को आमंत्रित करें तथा सभी शासकीय कार्यालयों, महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थाओं में भी सुशासन संबंधी समारोह/परिचर्चायें आदि आयोजित करें ।
--------------


राज्य सभा सदस्य सुश्री उईके का भ्रमण कार्यक्रम

                राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके 23 दिसम्बर को प्रात: 6 बजे भोपाल से तामिया पहुंचेंगी तथा प्रात: 10 बजे यहाँ से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे जुन्नारदेव पहुंचेंगी एवं यहाँ पर शासकीय महाविद्यालय में आयोजित स्नेह सम्मेलन में भाग लेने के बाद छिन्दवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगी । आप 24 दिसम्बर को प्रात: 10 बजे प्रस्थान कर मुख्यमंत्री के छिन्दवाड़ा जिले में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी । आप 25 दिसम्बर को प्रात: 8.30 बजे छिन्दवाड़ा से बैतूल के लिए प्रस्थान करेंगी ।
---------------


 

No comments:

Post a Comment