21 Dec 2011

News 21 DEC 2011

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार

मुख्यमंत्री श्री चौहान 24 दिसम्बर को मोरडोंगरी आयेंगे

                           प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 24 दिसम्बर को प्रात: 10.30 बजे भोपाल से हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर प्रात: 11.20 बजे जिले के मोरडोंगरी आयेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दोपहर एक बजे हेलीकाप्टर से डिंडौरी के लिये प्रस्थान करेंगे।
--------------


प्रभारी मंत्री श्री बिसेन के 24 दिसम्बर
 के भ्रमण कार्यक्रम में आंशिक संशोधन

            प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन के 24 दिसम्बर के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन हुआ है । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन अब 24 दिसम्बर को छिन्दवाड़ा में प्रात: 9 बजे भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से भेंट करने के बाद प्रात: 11 बजे परासिया में परासिया-बैतूल बी.ओ.टी. मार्ग का शिलान्यास करेंगे । आप दोपहर 12 बजे विकासखंड परासिया के ग्राम मोरडोंगरी में आयोजित मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे तथा दोपहर एक बजे डिंडोरी में भी मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे ।
--------------

 
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड की
उपस्थिति में सौंसर में खंड स्तरीय
अंत्योदय मेले का आयोजन आज

                  प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ की उपस्थिति में 22 दिसम्बर को जिले के सौंसर विकासखंड मुख्यालय पर खंड स्तरीय अंत्योदय मेले का आयोजन किया गया है । कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की सभी आवश्यक तैयारियाँ और व्यवस्थायें राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री रमेश कुमरे के संयोजन में पूरी कर ली गई है । श्री कुमरे ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, नागरिकों से इस शिविर में उपस्थित रहकर इसे सफल बनाने और हितग्राहियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस मेले का लाभ लेने की अपील की है ।
---------------------
एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आज 

                    जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण के अन्तर्गत एपिडेमिक प्रिप्रेयर्डनेस (सामाजिक जागरुकता) के लिए मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि के नियंत्रण एवं रोकथाम के संबंध में 22 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन स्थानीय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया है ।

----------------
आदिवासी विकासखंड हर्रई के ग्राम कोठिया में
सूचना सह लोक कल्याण शिविर सम्पन्न

शिविर में ग्रामीणों की 52 में से 36 समस्यायें मौके पर ही निराकृत

               कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा के मार्गनिर्देशन में आज जिले के आदिवासी विकासखंड हर्रई के अनुसूचित जनजाति बहुल ग्राम कोठिया में जनसम्पर्क विभाग द्वारा जनपद पंचायत हर्रई के सहयोग से सूचना सह लोक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्राप्त 52 आवेदनों में से 36 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के प्रचार साहित्य का वितरण किया गया तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य उपचार शिविर में लगभग 30 मरीजों का नि:शुल्क उपचार कर उन्हें दवाइयाँ वितरित की गई ।
               शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्री महताब शाह उईके ने कहा कि ग्रामीणों की प्रत्येक समस्या के निराकरण के साथ ही मैदानी स्तर पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को देखना इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य है । शासन का यह प्रयास रहता है कि सभी को योजनाओं का लाभ मिलें तथा प्रदेश सरकार द्वारा माँ के गर्भधारण से ही लाभ देने की योजनायें बनाई गई हैं । आप सभी विभिन्न विभागों द्वारा संचालित एवं बताई जा रही योजनाओं को समझें और अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लें । उन्होंने कृषकों को ऋण पुस्तिका का वितरण भी किया । शिविर में नायब तहसीलदार श्री डी.पी.चुरेन्द्र ने ग्रामीणों की समस्यायें सुनी तथा राजस्व विभाग के बंटवारा, सीमांकन, बी.पी.एल. सूची में नाम जोड़ने, जमीन का कब्जा दिलाने आदि के संबंध में प्राप्त 14 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण करते हुये कृषकों को सलाह दी कि वे आपसी सहमति से बंटवारा के लिए तहसील में विधिवत रुप से आवेदन करें । उन्होंने सरपंचों को सलाह दी कि वे स्कूल और आंगनवाडी केन्द्रों में जाकर निरीक्षण करें तथा अनुपस्थित रहने और देर से आने वाले शिक्षकों की सूचना दें । मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण कर समय पर ताजा और अच्छा भोजन वितरण करायें तथा भोजन चखकर भी देखें । उन्होंने मौके पर श्रीमती कमलाबाई, सर्वश्री आशाराम, चन्द्रकुमार, शिवलाल, अमरशा, किशोरी और 14 अन्य कृषकों को ऋण पुस्तिका का वितरण कराया।
                   शिविर में जनपद पंचायत हर्रई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजीत मिश्रा ने जनपद और ग्राम पंचायत के 12 आवेदनों का निराकरण करते हुये ग्राम पंचायत के सचिव को निर्देश दिये कि ग्राम झामट के किसानों को खेत तालाब, डबरा-डबरी, कुंआ/कुईया के प्रकरण तथा ग्राम कोठिया के आवासहीनों के मुख्यमंत्री आवास मिशन के अन्तर्गत प्रकरण तैयार कर जनपद पंचायत में भेजें । उन्होंने ग्राम की पात्र महिलाओं के पेंशन प्रकरण बनाने के निर्देश भी दिये । उन्होंने ग्रामीणों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, जनभागीदारी योजना, मुख्यमंत्री आवास मिशन, इंदिरा आवास योजना, होम स्टेट योजना और अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी । उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आवास मिशन के अन्तर्गत बैंकों से 11 प्रकरणों में स्वीकृति मिली है तथा 104 प्रकरण स्वीकृति के लिए प्रेषित किये गये हैं तथा होम स्टेट योजना के अन्तर्गत 267 प्रकरण स्वीकृत किये गये हैं । उन्होंने बताया कि मनरेगा के अन्तर्गत 50 प्रतिशत कन्वर्जेंस के द्वारा ग्राम पंचायतों में आंतरिक सडक निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है जिसमें 50 प्रतिशत राशि पंचायत द्वारा अन्य मदों से व्यय की जायेगी । उन्होंने बैसाखूढाना में मध्यान्ह भोजन में छात्रों की संख्या के अनुसार भोजन तैयार करने के निर्देश स्वसहायता समूह को दिये । इस समूह की पूर्व सचिव और वर्तमान अध्यक्ष को शेष राशि भुगतान के आवेदन पर उन्होंने 3 दिनों में निराकरण के लिए आश्वस्त किया । उन्होंने अंत में आभार भी व्यक्त किया ।
                  शिविर में बी.एम.ओ. डॉ. वीरेन्द्र कुमार मरावी ने राज्य/जिला बीमारी सहायता निधि, टीकाकरण, बाल शक्ति योजना, दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना, मलेरिया एवं अन्य संक्रामक रोगों से बचाव आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी  देते हुये बताया कि हर्रई में आगामी एक जनवरी से एन.आर.सी. केन्द्र प्रारंभ हो रहा है जिसमें अति कुपोषित बच्चों का उपचार किया जायेगा । उन्होंने शिविर में प्राप्त एक आवेदन का निराकरण किया तथा कैंसर रोग से पीडित ग्राम कोठिया के श्री नारायण साहू को उपचार के संबंध में सलाह दी । महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती अन्नी उईके ने आंगनवाडी की संदर्भ सेवाओं के साथ ही लाडली लक्ष्मी योजना, इंदिरा गांधी मातृत्व सहयोग योजना और अन्य योजनाओं तथा उद्यान निरीक्षक श्री चौहान ने आम, नीबू, आंवला बगीचा लगाने, सब्जी बीज पैकेट वितरण योजना और अन्य योजनाओं में अनुदान की विस्तार से जानकारी दी । कृषि विस्तार अधिकारी श्री एस.के.शर्मा ने कृषकों को मिट्टी परीक्षण, फसल किस्म निर्धारण, जैविक खाद निर्माण, नलकूप खनन योजना, गोबर गैस संयंत्र और बायोगैस संयत्र निर्माण पर अनुदान और अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुये कृषि तकनीकों का उपयोग करने की सलाह दी जिससे कृषि लाभ का धंधा बन सके । विद्युत मंडल के जूनियर इंजीनियर श्री आर.के.गुप्ता ने शिविर में प्राप्त 5 आवेदनों का निराकरण करते हुये विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी श्री पी.टेकाम ने शिविर में प्राप्त 4 आवेदनों का निराकरण करते हुये तालाब /जलाशय निर्माण के संबंध में जानकारी दी । शिविर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 13 और खाद्य/सहकारिता विभाग के 3 आवेदन प्राप्त हुये जिन्हें संबंधित विभागों को निराकरण के लिए भेजा गया । शिविर में जनसम्पर्क विभाग द्वारा  ‘आगे आये लाभ उठाये’ पुस्तिका ‘सुशासन की नई पहल-म.प्र. लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम-2010’ के फोल्डरों, ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ के फोल्डरों और ‘नयी पहचान बनाता, विकास की दिशा में बढ़ता म.प्र.’ पम्पलेटों का वितरण भी किया गया । कार्यक्रम का संचालन जनपद पंचायत के श्री गुर्वे ने किया । इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती केशर नेताम और सदस्य श्रीमती डेहरिया, सरपंच, पंच, अन्य जनप्रतिनिधि, विकासखंड स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।
-----------------

 

No comments:

Post a Comment