जिला जन सम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार
समाचार
हितग्राही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लें
--स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड
चौरई में सम्पन्न खंड स्तरीय अंत्योदय मेले में लगभग 5 हजार हितग्राही लाभान्वित
6.26 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण और अनुदान राशि वितरित
प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार देश की ऐसी पहली सरकार है जो खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिये किसानों को एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करा रही है । इसी प्रकार प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अनोखी पहल करते हुये म.प्र. लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम लागू कर किसानों और आम जन को राहत पहुंचाई है । इस अधिनियम के माध्यम से निर्धारित समय सीमा में किसानों को ऋण पुस्तिका प्रदाय की जायेगी तथा अब शपथ पत्र के आधार पर निर्धारित समय सीमा में जाति प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जायेगा। आप सभी प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें । श्री मोहोड़ आज जिले के चौरई विकासखंड मुख्यालय पर आयोजित खंड स्तरीय अंत्योदय मेले को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सीताराम डेहरिया ने की तथा पूर्व विधायक द्वय श्री पंडित रमेश दुबे और श्री गंभीरसिंह चौधरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूलकुमारी रघुवंशी और उपाध्यक्ष श्री मनोज राज, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता किशोर चौरसिया और उपाध्यक्ष श्री भागवत चौबे, जिला पंचायत सदस्य सर्वश्री तीरथसिंह ठाकुर, बैजू वर्मा और श्रीमती ममता रघुवंशी विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे । अन्त्योदय मेले में लगभग 5 हजार हितग्राहियों को 6 करोड 26 लाख 34 हजार 865 रुपये की ऋण और अनुदान की राशि से लाभान्वित किया गया । मेले में लगभग 165 आवेदकों ने अपने आवेदन पत्र भी प्रस्तुत किये जिन्हें संबंधित विभागों को निराकरण के लिये भेजा गया ।
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ ने इस अवसर पर बताया कि आगामी माह से बी.पी.एल. सर्वे सूची के लिये सर्वे कार्य प्रारंभ किया जा रहा है । उन्होंने तहसीलदारों और सरपंच/सचिवों को निर्देश दिये कि वे सभी गरीब और भूमिहीन व्यक्तियों के नाम सर्वे सूची में जुड़वाये । उन्होंने सभी सरपंच और पंचायत सचिवों को निर्देश दिये कि वे सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जन को दिलायें तथा अपने कर्तव्यों का पालन कर प्रदेश के विकास में सहभागी बनें । उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पंचायत सचिवों को जिला कैडर प्रदान कर दिया गया है जो बहुत बड़ी बात है । उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित अन्त्योदय मेले में हितग्राहियों की संख्या अधिक हो जाने और हितग्रहियों को अधिकाधिक लाभ देने की दृष्टि से अब प्रदेश सरकार द्वारा खंड स्तर पर अंत्योदय मेलों के आयोजन का निर्णय लिया गया है । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि मेले में आये प्रत्येक हितग्राही को अपनी विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करें तथा स्वीकृत राशि के चेक और सामग्री का आज ही वितरण करें । उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर और माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर अंत्योदय मेले का शुभारंभ किया तथा प्रतीक स्वरुप विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को ऋण और अनुदान राशि के चेक, स्वीकृति आदेश और सामग्री वितरित की । उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों में जाकर प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा शिक्षा विभाग की ओर से आकाश वर्मा और दसरु बलराम को ट्रायसिकल तथा पंचायत एवं सामाजिक न्याय विभाग की ओर से संतोष रामेश्वर, श्यामलाल भादू और घसीटा बाबूलाल को ट्रायसिकल, गोलू आमकार को बैसाखी एवं भरतसिंह को श्रवण यंत्र प्रदान किया ।
अंत्योदय मेले में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री डेहरिया ने कहा कि अंत्योदय मेले के माध्यम से हितग्राहियों को केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है । यह प्रदेश सरकार की एक अच्छी पहल है । उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आव्हान किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर शासन की योजनाओं की समीक्षा करें और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलायें तथा सभी मिलकर जनहित के कार्यक्रमों में सहयोग करें । उन्होंने पंचायत सचिवों को भी निर्देश दिये कि वे पूरी सजगता और सक्रियता से ग्रामीण हितग्राहियों को सभी योजनाओं से लाभान्वित करें । कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता किशोर चौरसिया और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनोज राज ने भी अपने विचार व्यक्त किये । राजस्व अनुविभागगीय अधिकारी श्री दारासिंह ठाकरे ने स्वागत भाषण देते हुये मेले में लाभान्वित किये जाने वाले हितग्राहियों और सहायता राशि की विस्तार से जानकारी दी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गायत्री कुमार सारथी ने अंत में आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम में महात्मा गांधी पब्लिक स्कूल, शासकीय कन्या उचतर माध्यमिक विद्यालय और विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
अन्त्योदय मेले में जनपद पंचायत द्वारा 2275 हितग्राहियों को 5 करोड 67 लाख एक हजार 252 रुपये, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 86 हितग्राहियों को 2.96 लाख रुपये, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 298 हितग्राहियों को 17.88 लाख रुपये, मत्स्य विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को 70 हजार रुपये, पशु चिकित्सा विभाग द्वारा 42 हितग्राहियों को 2.158 लाख रुपये, उद्यान विभाग द्वारा 23 हितग्राहियों को 3 लाख 86 हजार 875 रुपये, सहकारिता विभाग द्वारा 30 हितग्राहियों को 8.66 लाख रुपये, कृषि विभाग द्वारा 531 हितग्राहियों को 15 लाख 7 हजार 818 रुपये, वन विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को 23 हजार रुपये, महाविद्यालय द्वारा 63 हितग्राहियों को 3.15 लाख रुपये, शिक्षा विभाग द्वारा 101 हितग्राहियों को 34 हजार 300 रुपये, राजस्व विभाग द्वारा 1080 हितग्राहियों को एक लाख 70 हजार 820 रुपये और एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना सौंसर द्वारा 13 हितग्राहियों को 2.60 लाख रुपये की ऋण और अनुदान राशि उपलब्ध कराकर लाभान्वित किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने श्रीमती बिंदोबाई वर्मा, श्रीमती सीता दिनेश और श्रीमती शहनाज बानों को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अन्तर्गत 10-10 हजार रुपये की अनुदान राशि, मुकेश बेनी प्रसाद को इलेक्ट्रिक व्यवसाय के लिये एक लाख रुपये की राशि का चेक, नारी स्वसहायता समूह को एस.जी.एस.वाय.के अन्तर्गत स्वीकृत ऋण की प्रथम किश्त की एक लाख रुपये की राशि का चेक, शिवदयाल सुखदयाल को कपिलधारा कूप उपयोजना में स्वीकृत राशि 1.41 लाख रुपये का स्वीकृति आदेश, श्रीमती शहसुन बी को जिला बीमारी सहायता निधि से स्वीकृत राशि 83 हजार रुपये का चेक, वन्य प्राणी से पशु हानि होने पर राजू दिमागचंद माहोरे को 10 हजार रुपये और संजय छोटेलाल कहार को एक हजार रुपये की अनुदान राशि के चेक तथा पशु चिकित्सा, मत्स्य, राजस्व, पंचायत एवं सामाजिक न्याय, जनपद पंचायत, महिला एवं बाल विकास, कृषि, म.प्र. भवन संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न योजनाओं, मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना, उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग की छात्रवृत्ति और विकलांग छात्रवृत्ति तथा अन्य योजनाओं मं प्रमाण पत्र और राशि के चेक वितरित किये गये । मेले में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्रचार साहित्य भी वितरित किया गया ।
अंत्योदय मेले में शिक्षा, जिला शिक्षा केन्द्र, आदिवासी विकास, उद्योग, पशु चिकित्सा, लोक निर्माण, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, उद्यानिकी, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जनपद पंचायत, श्रम, पंचायत एवं सामाजिक न्याय, मत्स्य, नगरपालिका, वन और राजस्व विभागों द्वारा स्टाल और प्रदर्शनी लगाकर हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा लोक स्वासथ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल पाऊच और और वन विभाग द्वारा कालमेघ का नि:शुल्क वितरण किया गया । इस अवसर पर ब्लाक स्तरीय दीनदयाल अंत्योदय समिति अध्यक्ष श्री देवेन्द्र पटेल, जनपद पंचायत सदस्य, पार्षदगण और अन्य जनप्रतिनिधि, उप संचालक पंचायत एवं सामाजिक न्याय श्री ए.के. दुबे, तहसीलदार श्री सी.एल.वर्मा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री आर.के.शर्मा एवं अन्य जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी, पत्रकार, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।
---------------
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन का भ्रमण कार्यक्रम
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन 23 दिसम्बर को रात्रि 8 बजे सिवनी से प्रस्थान कर रात्रि 9 बजे छिन्दवाड़ा आयेंगे तथा यहीं रात्रि विश्राम करेंगे । आप 24 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम जन से भेंट करेंगे तथा प्रात: 11 बजे विधानसभा क्षेत्र परासिया के ग्राम मोरडोंगरी में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद दोपहर एक बजे डिंडोरी में मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे ।
-------------------
अनुसूचित जनजाति बहुल ग्राम कोठिया में
सूचना सह लोक कल्याण शिविर का आयोजन आज
कलेक्टर डॉ.पवन कुमार शर्मा के मार्गनिर्देशन में जनसम्पर्क विभाग द्वारा जिले के आदिवासी विकासखंड हर्रई के अनुसूचित जनजाति बहुल ग्राम कोठिया में 21 दिसम्बर को सूचना सह लोक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया है । इस शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के साथ ही प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जायेगी तथा प्रचार साहित्य भी वितरित किया जायेगा । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने जिले के सांसद, विधायक, जिला और जनपद पंचायतों के पदाधिकारियों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से इन शिविरों में भाग लेकर अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने की अपील की है। उन्होंने सभी जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को इन शिविरों में उपस्थित रहकर हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिये हैं ।
-----------
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ का भ्रमण कार्यक्रम
प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड 21 दिसम्बर को प्रात: 11.30 बजे सौंसर से प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे विकासखंड मोहखेड के ग्राम जाम पहुंचेंगे तथा यहाँ पर विभिन्न विकास कार्यो के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद दोपहर 3 बजे प्रस्थान कर शाम 4 बजे छिन्दवाड़ा आयेंगे । आप शाम 4.30 बजे भाजपा कार्यालय में आमजनों और कार्यकर्ताओं से भेंट के बाद शाम 6 बजे छिन्दवाड़ा से प्रस्थान कर शाम 7.30 बजे सौंसर पहुंचेंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे । आप 22 दिसम्बर को प्रात: के समय सौंसर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में तथा दोपहर एक बजे खंड स्तरीय अंत्योदय मेले में सम्मिलित होंगे । आप रात्रि विश्राम सौंसर में ही करेंगे ।
------------------
जन सुनवाई कार्यक्रम के अन्तर्गत 169 आवेदनों का निराकरण
जनसुनवाई कार्यक्रम के अन्तर्गत आज स्थानीय कलेक्टर न्यायालय कक्ष में 169 आवेदनों में जन सुनवाई की गई । जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा बी पी एल सर्वे सूची में नाम जोडने, बंटवारा नामांतरण, मुआवजा राशि देने, पेंशन देने, अनुकम्पा नियुक्ति, छात्रवृत्ति, निर्माण कार्यो की जांच तथा अन्य विषयों पर जनसुनवाई की गई । उन्होंने आवेदकों को संबंधित कार्यालयों के प्रमुखों से भी सम्पर्क करने की समझाईश दी ताकि उनके आवेदनों का शीघ्र निराकरण हो सके।
-------------
सौंसर विकासखंड स्तरीय अन्त्योदय मेले का आयोजन 22 दिसम्बर को
राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में जिले के सौंसर में विकासखंड स्तरीय अन्त्योदय मेला का आयोजन किया गया है । जनपद पंचायत सौंसर द्वारा 22 दिसम्बर को प्रात: 8 बजे से स्थानीय कृषि उपज मंडी प्रांगण में इस मेले का आयोजन किया गया है । इस अन्त्योदय मेले में जनपद पंचायत सौंसर के साथ ही नगरीय निकाय सौंसर, मोहगांव, लोधीखेडा और पिपलानारायणवार के हितग्राहियों को लाभान्वित किया जायेगा । हितग्राहियों से इस मेले का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की गई है । इस अन्त्योदय मेले की सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई है तथा संबंधित अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गये हैं ।
राजस्व अनुविभागीय अधिकारी सौंसर श्री रमेश कुमरे ने बताया कि मेले के पूर्ण पर्यवेक्षण और नियंत्रण का दायित्व तहसीलदार श्री के.एस.बघेल और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सी.एल.मरावी को सौंपा गया है । मेले में किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर तहसीलदार श्री बघेल से और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मरावी से मोबाईल क्रमांक 94249-05750 पर सम्पर्क किया जा सकता है । उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले हितग्राहियों के पंजीयन आदि के लिए मार्गदर्शन कक्ष बनाया गया है तथा मेले में पंडाल, मंच, स्टाल, माईक, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, स्वागत, स्वल्पाहार, प्रदर्शनी, आमंत्रण वितरण, व्यय का लेखा-जोखा, उद्घोषणा, प्राथमिक चिकित्सा आदि की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है । साथ ही हितग्राहियों को मेले में लाने और वापस ले जाने एवं नि:शक्तजनों को सहायक उपकरण वितरण के लिए भी अधिकारियों की ड¬ूटी लगाई गई है । मेले में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है ।
---------------
No comments:
Post a Comment