जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार
समाचार
विजय दिवस के अवसर पर शहीद मेजर अमित ठेंगे को श्रद्धांजली अर्पित
विजय दिवस पर आज स्थानीय मानसरोवर काम्पलेक्स के सामने स्थित शहीद स्मारक पर जिला और पुलिस प्रशासन के साथ ही जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों द्वारा शहीद मेजर अमित ठेंगे को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजली दी गई । कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, शहीद मेजर अमित ठेंगे के पिता श्री मधुकरराव ठेंगे, शहीद लालमन की विधवा श्रीमती ललतीबाई, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) श्री राजा शेखर, एन.सी.सी. कमाण्डेंट श्री आर.के.गोसाई और सूबेदार मेजर रुद्रबहादुर थापा, कर्नल (सेवानिवृत्त) श्री प्रेमचंद, कर्नल (सेवानिवृत्त) श्री ए.के.सक्सेना, प्रचार सहायक जनसम्पर्क श्री ओ.पी.सोनवंशी और अन्य भूतपूर्व सैनिकों ने पुष्पचक्र और पुष्पमालायें अर्पित कर शहीद मेजर अमित ठेंगे को श्रद्धांजली दी । एन.सी.सी. के कैडेट्स् ने विधिवत रुप से पुष्पचक्र और पुष्पमालायें अर्पित कराई तथा सलामी दी । इस अवसर पर सैनिक कल्याण संयाजक श्री बलराम राना, भूतपूर्व सैनिक सर्वश्री कुबेर सिंह सिसोदिया, गौरीशंकर शर्मा, मोतीराम गोनेकर, गयाप्रसाद सूर्यवंशी, सूर्यकांत सूर्यवंशी, एन.सी.सी.अधिकारी सुश्री पाटिल, श्री विनोद तिवारी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे ।
---------------
श्रम विभाग के 12 विशेष शिविरों में 1133 निर्माण श्रमिकों का पंजीयन
कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा दिये गये निर्देश के परिपालन में श्रम विभाग द्वारा जिले की सभी जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों में असंगठित क्षेत्र के निर्माण मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुये विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है तथा 18 नवम्बर से 14 दिसम्बर तक आयोजित 12 शिविरों में 1133 निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया जा चुका है एवं 15 निर्माण श्रमिकों के प्रसूति सहायता और 3 निर्माण श्रमिकों के मृत्यु की दशा में सहायता राशि के प्रकरण स्वीकृत कर उन्हें लाभान्वित किया गया है ।
श्रम पदाधिकारी श्री टी.डी.चौबे ने बताया कि 18 नवम्बर के शिविर में पांढुर्ना में जनपद पंचायत द्वारा 59 और नगरपालिका द्वारा 10 निर्माण श्रमिकों, 20 नवम्बर के शिविर में चांदामेटा में नगर पंचायत द्वारा 197 निर्माण श्रमिकों, 21 नवम्बर के शिविर में मोहगांव में नगर पंचायत द्वारा 17 निर्माण श्रमिकों, 22 नवम्बर के शिविर में हर्रई में नगर पंचायत द्वारा 43 निर्माण श्रमिकों, 23 नवम्बर के शिविर में सौंसर में जनपद पंचायत द्वारा 85 निर्माण श्रमिकों, 27 नवम्बर के शिविर में चौरई में जनपद पंचायत द्वारा 106 और नगरपालिका द्वारा 31 निर्माण श्रमिकों, 28 नवम्बर के शिविर में मोहखेड में जनपद पंचायत द्वारा 25 निर्माण श्रमिकों, 30 नवम्बर के शिविर में बिछुआ में जनपद पंचायत द्वारा 8 निर्माण श्रमिकों, एक दिसम्बर के शिविर में परासिया में जनपद पंचायत द्वारा 130 और नगरपालिका द्वारा 105 निर्माण श्रमिकों, 7 दिसम्बर के शिविर में न्यूटन चिखली में नगर पंचायत द्वारा एक निर्माण श्रमिक, 11 दिसम्बर के शिविर में छिन्दवाड़ा में जनपद पंचायत द्वारा 236 और नगरपालिका द्वारा 10 निर्माण श्रमिकों तथा 14 दिसम्बर के शिविर में पिपलानारायणवार में नगर पंचायत द्वारा 70 निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया गया। इसी प्रकार सौंसर में आयोजित शिविर में जनपद पंचायत द्वारा 11 निर्माण श्रमिकों के प्रसूति सहायता और एक निर्माण श्रमिक का मृत्यु की दशा मं सहायता राशि तथा चौरई में आयोजित शिविर में जनपद पंचायत द्वारा 4 निर्माण श्रमिकों के प्रसूति सहायता और 2 निर्माण श्रमिकों के मृत्यु की दशा में सहायता राशि के प्रकरण स्वीकृत कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया ।
--------------
सशस्त्र सेना झण्डा दिवस पर अधिकाधिक दान की अपील
कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला सैनिक बोर्ड डॉ. पवन कुमार शर्मा ने 07 दिसम्बर सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर आम जनता से अपील की है कि वे उदार मन से अधिक से अधिक दान देकर अपना सहयोग प्रदान करें । इस दान राशि पर आयकर अधिनियम की धारा 8 जी.बी. के अन्तर्गत व्यक्तिगत और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को आयकर में शत-प्रतिशत छूट दी जाती है ।
कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला सैनिक बोर्ड डॉ. शर्मा ने कहा है कि देश की रक्षा के लिये अपने प्राणों की कुर्बानी देने वाले एवं जीवन का सर्वोत्तम समय देश की सेवा में अर्पित करने वाले सैनिकों एवं उनके परिवारों की सहायता करना हमारा एवं पूरे समाज का कर्तव्य है । सशस्त्र सेना झण्डा दिवस एक राष्ट्र्रीय दिवस है तथा इस दिन के लिये विभिन्न कार्यालयों, संगठनों एवं शिक्षण संस्थाओं को सशस्त्र सेनाओं की ओर से झण्डे भेजे जाते हैं जिनके वितरण के माध्यम से इस कार्य के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय धनराशि एकत्र करता है । यह धन राशि सीमाओं पर होने वाले शहीदों की विधवाओं, उनके परिवारजन, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनकी विधवाओं और आश्रितों के पुनर्वास हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने एवं उनके कल्याणार्थ चलाई जाने वाली योजनाओं पर व्यय की जाती है । उन्होंने कहा है कि इस दिशा में हमारे जिले का योगदान काफी कम है, इसलिये जिले के सभी निवासियों से अनुरोध है कि वे उदार मन से इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक धन दान देकर अपना सहयोग प्रदान करें ।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) श्री राजा शेखर ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया जा रहा है । इस अवसर हेतु प्राप्त सशस्त्र सेना के ध्वज सभी कार्यालयों एवं विभागों में वितरित किये जा चुके हैं, जहाँ से वे झण्डे आम जनता तक पहुंचाये जायेंगे । उन्होंने कहा है कि हमेशा की तरह छिन्दवाड़ा वासियों को फिर से उन शहीद सैनिकों को जिन्होंने देश की रक्षा में अपना सब कुछ बलिदान कर दिया, उनको याद करने का, उन्हें नमन करने का और देश की सभी रक्षा सेवाओं के प्रति आदर एवं सौहाद्र्रपूर्ण एकजुटता प्रकट करने का अवसर मिलेगा । उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि सशस्त्र सेना के ध्वज लेकर खुले दिल से अधिक से अधिक दान देवें । इस दान राशि से शहीद सैनिकों की विधवाओं, उनके आश्रितों और समस्त भूतपूर्व सैनिकों/ उनके आश्रितों के लिए कल्याणकारी योजनायें चलाई जाती है ।
-------------
म.प्र.राज्य विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अद्र्धघुमक्कड़ जाति
विकास अभिकरण अध्यक्ष श्री बंजारा का भ्रमण कार्यक्रम
म.प्र. राज्य विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अद्र्धघुमक्कड़ जाति विकास अभिकरण के अध्यक्ष श्री नारायण सिंह बंजारा 17 दिसम्बर को प्रात: 8 बजे भोपाल से प्रस्थान कर शाम 4 बजे अमरवाड़ा आयेंगे एवं यहीं रात्रि विश्राम करेंगे । आप 18 दिसम्बर को प्रात: 8 बजे अमरवाड़ा से प्रस्थान कर प्रात: 11 बजे सौंसर पहुंचेंगे एवं यहाँ पर मंगल भवन में बैठक में भाग लेने और विमुक्त जाति के लोगों से सौजन्य भेंट करने के बाद शाम 4 बजे प्रस्थान कर शाम 7 बजे अमरवाड़ा पहुंचेंगे एवं यहीं रात्रि विश्राम करेंगे । आप 19 दिसम्बर को प्रात: 8 बजे अमरवाड़ा से मैहर (सतना) के लिए प्रस्थान करेंगे ।
----------------
No comments:
Post a Comment