15 Dec 2011

News 15 DEC 2011

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार

विजय दिवस के अवसर पर स्व.मेजर अमित ठेंगे को आज श्रद्धांजलि

         जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राजा शेखर (से.नि.) ने बताया कि विजय दिवस 16 दिसम्बर को शहीद स्मारक मानसरोवर काम्पलेक्स छिन्दवाडा में दोपहर 12 बजे शहीद मेजर अमित ठेंगे की याद में सभी भूतपूर्व सैनिक एवं उनके परिवारजनों द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जायेगी। उन्होंने सभी गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से इस अवसर पर उपस्थित होकर शहीद मेजर ठेंगे को श्रद्धासुमन अर्पित करने का अनुरोध किया है ।
---------------


ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल केन्टीन 27 दिसम्बर को आयेगी

                 जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राजा शेखर (से.नि.) ने बताया कि ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल सेन्टर जबलपुर की केन्टीन टीम 27 दिसम्बर को सी.एम.डी. केन्टीन के साथ शाम 6 बजे जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के प्रांगण पहुंचेगी तथा 28 दिसम्बर को प्रात: 10 से शाम 4 बजे तक भूतपूर्व सैनिको/सैनिक विधवाओं एवं आश्रितों को रोजाना उपयोग की वस्तुओं को नगद भुगतान पर प्रदाय किया जायेगा ।  जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने जिले में रहने वाले सभी भूतपूर्व सैनिकों/सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों को सलाह दी है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने केन्टीन स्मार्टकार्ड, पहचान पत्रों एवं डिसचार्ज प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होकर केन्टीन सुविधा का लाभ उठायें ।
--------------


6 व्यक्तियों के कैंसर और नेत्ररोग उपचार के लिए
3.75 लाख रुपये की उपचार और परिवहन राशि स्वीकृत

                  जिले के 6 व्यक्तियों के कैंसर और नेत्ररोगों का उपचार कराया जायेगा । इसके लिये जिला बीमार सहायता निधि से उपचार के लिए 3.65 लाख रुपये और परिवहन के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है जो संबंधित चिकित्सा संस्था को प्रदाय की जायेगी ।
                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार नायडू ने बताया कि जिले के जुन्नारदेव की श्रीमती सुदामा पत्नी गया प्रसाद यदुवंशी के कैंसर रोग के उपचार के लिए पाढर हास्पिटल पाढर को एक लाख रुपये की उपचार राशि, छिन्दवाडा नगर के श्री अब्दुल लतीफ पिता अब्दूल रज्जाक और लोधीखेडा के श्री विंध्या पिता हीरामन गिरगुले के कैंसर रोग के उपचार के लिए मेट्रो कैंसर हास्पिटल जबलपुर को 75-75 हजार रुपये, तहसील परासिया के ग्राम इकलहरा की श्रीमती सकीना बी पत्नी शेख उमर और तहसील मोहखेड के ग्राम रंगारी की श्रीमती अनिता पत्नी कलिराम मर्सकोले के कैंसर रोग उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरु कैंसर हास्पिटल को 50-50 हजार रुपये तथा छिन्दवाडा की कुमारी योगिता पिता संतोष रोडे के नेत्र रोग के उपचार के लिए 15 हजार रुपये की उपचार राशि तथा 2-2 हजार रुपये की परिवहन राशि स्वीकृत की गई है ।
--------------

आदिवासी विकासखंड बिछुआ के ग्राम कढ़ैया में
सूचना सह लोक कल्याण शिविर सम्पन्न

शिविर में ग्रामीणों की सुलझी समस्यायें तथा
 मिली शासकीय योजनाओं की जानकारी

                 कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा के मार्गनिर्देशन में आज जिले के आदिवासी विकासखंड बिछुआ के अनुसूचित जनजाति बहुल ग्राम कढ़ैया में जनसम्पर्क विभाग द्वारा जनपद पंचायत बिछुआ के सहयोग से सूचना सह लोक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्राप्त 41 आवेदनों में से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के प्रचार साहित्य का वितरण किया गया।
             जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री कुंडलिकराव परतेती द्वारा दीप प्रज्जवलित कर और माँ सरस्वती की पूजा अर्चना कर शिविर का शुभारंभ करते हुये कहा गया कि ग्रामीणों की प्रत्येक समस्या के निराकरण के साथ ही मैदानी स्तर पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को देखना इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य है । शासन का यह प्रयास रहता है कि सभी को योजनाओं का लाभ मिलें । आप सभी विभिन्न विभागों द्वारा संचालित एवं बताई जा रही योजनाओं को समझें और अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लें । उन्होंने शिविर में बी.आर.सी. श्री आर.डी.धारे और उद्यान अधीक्षक के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये । शिविर में तहसीलदार श्री मेश्राम ने ग्रामीणों की समस्यायें सुनी तथा राजस्व विभाग की बंटवारा, सीमांकन, बी.पी.एल. सूची में नाम जोड़ने, जमीन का कब्जा दिलाने आदि के संबंध में प्राप्त 22 आवेदनों में से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण करते हुये कृषकों को सलाह दी कि वे आपसी सहमति से बंटवारा के लिए तहसील में विधिवत रुप से आवेदन करें । उनके आवेदन पर इश्तहार जारी कर आपत्ति/दावा आमंत्रण के बाद निर्धारित समयावधि में उनका बंटवारा कर दिया जायेगा । उन्होंने बी.पी.एल. सर्वे सूची में नाम जोड़ने के संबंध में भी सुझाव दिया कि यदि उनका नाम पहले की सर्वे सूची में रहा हो तो उस सूची की प्रतिलिपि के साथ तहसील में अपील करें जिससे उसका परीक्षण कर समुचित कार्यवाही की जा सके ।
                 शिविर में जनपद पंचायत बिछुआ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दीपक गुहा ने जनपद और ग्राम पंचायत के 16 आवेदनों का निराकरण करते हुये ग्राम पंचायत के सचिव को निर्देश दिये कि ग्राम के प्रत्येक ए.पी.एल. उपभोक्ता का राशनकार्ड बनाकर प्रदाय करें तथा ग्राम में मनरेगा और अन्य योजनाओं के कम से 5 निर्माण कार्य प्रारंभ करें । इन कार्यो में ग्राम के ग्रामीणों को काम मिले यह सुनिश्चित करें । उन्होंने ग्राम में बातीनाला में खेत तालाब योजना में तालाब निर्माण के साथ ही सड़क और बड़े तालाब का निर्माण कार्य भी प्रारंभ कराने के निर्देश दिये । उन्होंने ग्राम देवी की नल जल योजना में पाईप लाईन ठीक कराकर यह योजना प्रारंभ करने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री को दिये तथा सचिव को निर्देश दिये कि कुयें से बस्ती तक पाईप लाईन तथा तालाब गहरीकरण का प्रस्ताव दें । उन्होंने गणवेश और साइकिल वितरण और मजदूरी के लिए बैंक खाता खोलकर खाता क्रमांक देने के लिए भी ग्रामीणों से कहा । शिविर में जिला उद्योग केन्द्र के सहायक प्रबंधक श्री बागड़देव ने रानी दुर्गावती स्वरोजगार योजना, दीनदयाल रोजगार योजना, मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग स्वरोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, सहकारिता विभाग के अधिकारी द्वारा बीज उत्पादक कृषि सहकारी समितियों और फलोद्यान बीज उत्पादक सहकारी समितियों के गठन और पंजीयन की प्रक्रिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री श्री बारमाटे द्वारा हैण्डपंप से पेयजल की उपलब्धता और नल जल योजना एवं मुख्यमंत्री पेयजल योजना, बी.ए.सी. श्री जे.पी.चौधरी ने नि:शुल्क पाठ¬पुस्तक, गणवेश और सायकिल वितरण, छात्रवृत्ति योजनायें, कन्या साक्षरता प्रोत्साहन योजना, अस्वच्छ धंधा छात्रवृत्ति योजना और अन्य योजनाओं, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री आर.के. सिंह ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, इंदिरा गांधी मातृत्व सहयोग योजना और आंगनवाडी की संदर्भ सेवाओं तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री विभा बिंझाड़े ने दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना, राज्य/ जिला बीमारी सहायता निधि, बालशक्ति योजना, टीकाकरण और अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी ।
            शिविर में कृषि, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्राप्त एक-एक आवेदन का भी निराकरण किया गया । जनसम्पर्क विभाग द्वारा ‘आगे आये लाभ उठाये’ पुस्तिका ‘सुशासन की नई पहल-म.प्र. लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम-2010’ के फोल्डरों, ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ के फोल्डरों और ‘नयी पहचान बनाता, विकास की दिशा में बढ़ता म.प्र.’ पम्पलेटों का वितरण भी किया गया । कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन जनपद पंचायत के श्री ढोंडे ने किया ।
--------------

 
ग्राम कढ़ैया में खमारपानी सेक्टर की कलस्टर बैठक सम्पन्न

              जिले की जनपद पंचायत बिछुआ के खमारपानी सेक्टर की कलस्टर बैठक आज ग्राम कढ़ैया में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दीपक गुहा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री कुंडलिकराव परतेती के साथ ही जनपद पंचायत के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय डेहरिया, सहायक यंत्री श्री हितेश हिरकने और उपयंत्री श्री परमार के साथ ही खमारपानी सेक्टर में शामिल 13 ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित थे ।
                बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री गुहा ने बताया कि जनपद पंचायत की ग्राम पंचायतों के 8 से 10 सेक्टर बनाकर अब ग्राम पंचायतों को कलस्टर में शामिल किया गया है तथा प्रति सप्ताह कलस्टर बैठके आयोजित कर ग्राम में चलने वाले निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा की जा रही है । उन्होंने बैठक में सचिवों को निर्देश दिये कि वे पुरानी टी.एस.जनपद पंचायत में जमा करें तथा ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य प्रारंभ कराकर अधिक से अधिक व्यक्तियों को काम दें । बैठक में कार्यो की समीक्षा में पाया गया कि कलस्टर की 13 ग्राम पंचायतों में 28 निर्माण कार्य चालू है जिसमें इस सप्ताह लगभग 750 मजदूरों को रोजगार मिला है तथा हितग्राहीमूलक निर्माण कार्यो में सडक, वनाधिकार पट्टाधारी किसानों के कपिलधारा कूप, निर्मल नीर उपयोजना के सार्वजनिक कूप, नवीन तालाब, मेढ़ बंधान आदि के कार्य ग्राम पंचायतों में चालू हैं । बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री परतेती ने भी ग्राम पंचायत सचिवों को मार्गदर्शन देते हुये उनसे उनके क्षेत्र के निर्माण कार्यो में ग्राम के अधिकाधिक मजदूरों को काम देने की अपेक्षा की । बैठक में सचिवों ने अपनी ग्राम पंचायत में संचालित निर्माण कार्यो की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की ।

------------------

No comments:

Post a Comment