जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार
समाचार
विभाग प्रमुख अधिकारी मैदानी स्तर पर विभागीय
योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें
--मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री मीणा
साप्ताहिक समय सीमा की बैठक सम्पन्न
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा ने मुख्यमंत्री के संभावित भ्रमण के मद्देनजर सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे मैदानी स्तर पर जाकर विभागीय योजनाओं की स्थिति का निरीक्षण कर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा हितग्राहियों को लाभान्वित करें । यदि किसी हितग्राही की कोई समस्या हो तो मौके पर ही उसका निराकरण करें । सुश्री मीणा ने ये निर्देश आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में दिये । बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आशा कुशरे, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी.त्रिपाठी ओर सभी विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे ।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री मीणा ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिये कि आगामी मार्च माह में सामाप्त होने वाली अवधि के वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन के लिये अपने विभाग/शाखा से संबंधित प्रत्येक योजनाओं के वार्षिक भौतिक और वित्तीय लक्ष्य एवं वर्षान्त तक लक्ष्य के विरुद्ध प्राप्त की जा सकने वाली संभावित उपलब्धियों की जानकारी 14 दिसम्बर तक अनिवार्य रुप से कलेक्टर के निज कक्ष में भिजवाना सुनिश्चित करें । इसमें जारी वित्तीय वर्ष में विभाग द्वारा किये गये कोई विशेष उल्लेखनीय या सराहनीय कार्य या वर्षान्त तक हासिल की जा सकने वाली रिमार्केबल उपलब्धि का भी अलग से उल्लेख करें । उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये कि छिन्दवाड़ा नगर के ऊर्दू स्कूल के लिए भूमि आवंटन के संबंध में नियमानुसार कलेक्टर को आवेदन प्रस्तुत करें । उन्होंने जिला शिक्षा केन्द्र के जिला परियोजना समन्वयक को निर्देश दिये कि गणवेश/सायकिल वितरण के लिए शत-प्रतिशत खाते खुलवाना सुनिश्चित करें । उन्होंने दमुआ रैयत की प्राथमिक शाला में पेयजल की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिये । उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि जाँच टीम गठित कर सभी पैथालॉजी लैबों की जाँच करायें । उन्होंने जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को निर्देश दिये कि जिले के सभी नगरीय निकायों द्वारा संचालित शालाओं में पदस्थ शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करायें। उन्होंने योजना, आदिवासी विकास, जिलाध्यक्ष कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, महिला एवं बाल विकास, कोषालय, खनिज, वन, पंचायत, कृषि, पंजीयन, जल संसाधन, लोक निर्माण, पशु चिकित्सा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उद्यान, श्रम, प्रधानमंत्री ग्राम सडक, मत्स्य, विद्युत और अन्य विभागों के लंबित पत्रों की प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समय पर इन पत्रों के निराकरण के निर्देश विभाग प्रमुख अधिकारियों को दिये ।
---------------------
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड की उपस्थिति में
मोहखेड में खंड स्तरीय अंत्योदय मेले का आयोजन आज
प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ की उपस्थिति में 13 दिसम्बर को जिले के मोहखेड विकासखंड मुख्यालय पर खंड स्तरीय अंत्योदय मेले का आयोजन किया गया है । कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की सभी आवश्यक तैयारियाँ और व्यवस्थायें राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी.त्रिपाठी के संयोजन में पूरी कर ली गई है । डॉ. त्रिपाठी ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, नागरिकों से इस शिविर में उपस्थित रहकर इसे सफल बनाने और हितग्राहियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस मेले का लाभ लेने की अपील की है ।
-------------
उत्कृष्ट विद्यालय/मॉडल स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिन्दवाड़ा एवं जिले के विकासखंड तामिया, अमरवाड़ा, परासिया, जुन्नारदेव और हर्रई में शासन द्वारा संचालित मॉडल स्कूलों में सत्र 2012-13 के लिए कक्षा 9 वीं में प्रवेश हेतु आगामी 4 मार्च 2012 को परीक्षा का आयोजन संभावित है । इस प्रवेश परीक्षा हेतु वे सभी विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं जो वर्तमान सत्र में कक्षा 8 वीं में अध्ययनरत हैं ।
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री एम.के.पांडवा ने बताया कि प्रवेश चयन परीक्षा 2012-13 के आवेदन पत्रों का विक्रय शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिन्दवाडा एवं सभी मॉडल स्कूलों में 12 दिसम्बर से शालेय कार्यालयीन समय में सुबह 11 से शाम 5 बजे तक किया जायेगा । आवेदन पत्र का शुल्क 15 रुपये निर्धारित है तथा आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर है । भरे हुये आवेदन पत्र के साथ परीक्षा शुल्क 40 रुपये नगद जमा करना अनिवार्य है ।
---------------
मुख्यमंत्री बाल ह्मदय उपचार योजना के अन्तर्गत
3 बच्चों के ह्मदय रोग का उपचार होगा
उपचार हेतु 3 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत
मुख्यमंत्री बाल ह्मदय उपचार योजना के अन्तर्गत 6 वर्षीय दो बच्चियों और 2 वर्षीय एक बच्चे के ह्मदय रोग का भोपाल में उपचार कराया जायेगा । इसके लिये जिला बीमारी सहायता निधि से एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार नायडू ने बताया कि जिले के न्यूटन चिखली के वार्ड क्रमांक 13 गणेश वार्ड की 6 वर्षीय कुमारी प्रज्ञा पिता राकेश सिंह, विकासखंड अमरवाड़ा के ग्राम लिंगपानी की 6 वर्षीय कुमारी करिश्मा पिता कमलेश चन्द्रवंशी और नगरपालिका अमरवाडा के वार्ड क्रमांक 4 के 2 वर्षीय श्री सिद्धार्थ पिता राजकुमार वंशकार के ह्मदय रोग के उपचार के लिए एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है । ह्मदय रोग के उपचार के लिये भोपाल के चिरायु कार्डियक सेंटर को सहायता राशि के चेक प्रदाय किये गये है ।
--------------
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड
आज मोहखेड और छिन्दवाडा आयेंगे
प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ 13 दिसम्बर को प्रात: 11 बजे सौंसर से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे मोहखेड पहुंचेंगे तथा यहाँ पर आयोजित अंत्योदय मेले में भाग लेने के बाद दोपहर 3.30 बजे छिन्दवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे । आप शाम 4 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचकर सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम जन से भेंट करेंगे तथा शाम 6 बजे यहाँ से प्रस्थान कर शाम 7 बजे सौंसर पहुंचेंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे । आप 14 दिसबर को प्रात: 7 बजे सौंसर से छिन्दवाडा, चौरई होते हुये सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगे तथा सिवनी में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम 6 बजे यहाँ से प्रस्थान कर रात्रि 8 बजे सौंसर पहुंचेंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे ।
--------------
जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानिटरिंग
समिति की बैठक का आयोजन 19 दिसम्बर को
---------------
No comments:
Post a Comment