11 Dec 2011

News 11 DEC 2011

जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार

परासिया में ‘भांजी की पाती मामा के नाम’ अभिनव कार्यक्रम
के अन्तर्गत लगभग 1500 भांजियों ने मामा को लिखा पत्र

भांजियों ने पत्र में अपनी भावनाओं, अपेक्षाओं, दुख,प्रसन्नता,
जनअपेक्षा,संवेदनशीलता आदि को किया अभिव्यक्त

‘सरकार ने बेटियों के जन्म का संकल्प लिया है’--विधायक श्री बावरिया

             प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के बेटी बचाओ अभियान के अन्तर्गत बेटियों की भावनात्मक अभिव्यक्ति और आम जन में इस अभियान के प्रति जागरुकता के परिप्रेक्ष्य में आज जिले के परासिया विकासखंड मुख्यालय पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण में ‘भांजी की पाती मामा के नाम’ के अभिनव कार्यक्रम के अन्तर्गत विकासखंड के लगभग 45 शासकीय/ अशासकीय विद्यालयों/महाविद्यालयों की लगभग 1500 छात्राओं ने एक साथ सामूहिक रुप से एक घंटे तक बैठकर पत्रलेखन प्रतियोगिता में पत्र लिखा तथा इस पत्र में अपनी भावनाओं, अपेक्षाओं, प्रसन्नता, दुख, रोष,जनअपेक्षा, संवेदनशीलता आदि की अभिव्यक्ति को व्यक्त किया । इस अभिनव कार्यक्रम के प्रति अपने उत्साह, उमंग और जिज्ञासा के चलते छात्रायें प्रतियोगिता के निर्धारित समय के बाद भी समूहों के रुप में अपनी सहभागिता करती रही तथा अपने प्रिय मामा एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र के माध्यम से अपनी भावनाओं से अवगत कराते रहीं ।
 क्षेत्रीय विधायक श्री ताराचंद बावरिया ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर और माल्यार्पण कर ‘भांजी की पाती मामा के नाम’ पत्रलेखन प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुये कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को हमेशा सम्मान दिया गया है तथा नवरात्र में माँ दुर्गा की शक्ति की उपासना के बाद कन्या पूजन और भोज से उपासना पूर्ण होती है । उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियों के घटते लिंगानुपात को देखते हुये प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार ने संकल्प लिया है कि बेटियों का जन्म हो । प्रदेश का यह ऐसा पहला अभिनव कार्यक्रम है जिसमें भांजी के रुप में बेटियों ने स्वेच्छा से इस प्रांगण में आकर अपने मामा के प्रति उत्पन्न भावनाओं और विचारों को पत्र के रुप में अभिव्यक्ति दी है । परासिया के साथ ही मोरडोंगरी में भी लगभग 400 छात्राओं ने भी इस अभिनव कार्यक्रम के अन्तर्गत अपनी अभिव्यक्ति देकर इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता की है । उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति बेटियों को हर समय किसी न किसी सहारे की जरुरत होती है तथा वे अपने जन्म के समय माँ की गोद का सहारा लेती है, शिक्षा के समय भाई का सहारा लेती है, युवावस्था में विवाह के समय पिता का सहारा लेती है, विवाह के बाद पति का सहारा लेती है तथा वृद्धावस्था में बेटे का सहारा लेती है । प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान की सरकार देश की ऐसी पहली सरकार ने जिसने बेटी के जन्म का संकल्प लिया है और बेटियों के लिंगानुपात को बढ़ाने की मुहिम शुरु की है । मुख्यमंत्री बेटियों के लिए पग-पग का सहारा बने हुये है तथा उनके जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक के लिये अनेक योजनाओं को संचालित कर रहे हैं । अब प्रदेश में बेटियों का जन्म होते ही उसे लाडली लक्ष्मी योजना का सहारा देकर लखपति बनाने का कार्य शुरु हुआ है । बेटी के बडे होने पर उसे स्कूल भेजने के लिये नि:शुल्क गणवेश, पाठ¬पुस्तक, साईकिल, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति का सहारा दिया जा रहा है तथा महाविद्यालय जाने पर गांव की बेटी योजना के अन्तर्गत उच्च शिक्षा के लिये छात्रवृत्ति का सहारा दिया जा रहा है। बेटी के विवाह योग्य होने पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अन्तर्गत नि:शुल्क विवाह और उपहार सामग्री का सहारा तथा वृद्ध होने पर पेंशन का सहारा दिया जा रहा है । उन्होंने बेटियों से आव्हान किया कि वे अपने मामा और मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा महिलाओं और बेटियों के उत्थान और विकास के लिये संचालित योजनाओं के प्रति अपनी अभिव्यक्ति, नई व्यवस्था के संबंध में सुझाव, मामा की संवेदनशीलता के प्रति आभार आदि की अभिव्यक्ति अपने पत्र में करें तथा अपने मामा के प्रति यदि उनमें कोई रोष, दुख या प्रसन्नता है या उनकी कोई अपेक्षा है या कोई जन अपेक्षा है तो उसे भी अभिव्यक्त करें। उन्होंने बेटी बचाओ अभियान के समर्थन में विकासखंड में संचालित किये जाने वाले हस्ताक्षर अभियान के अन्तर्गत 100 मीटर के पोस्टर में अपने हस्ताक्षर करते हुये अभियान का शुभारंभ कर लिखा कि बेटी का जन्म समाज के लिये ईश्वरीय कार्य है । आओ इसे सफल बनायें । उन्होंने बताया कि इस अभिनव कार्यक्रम के अन्तर्गत आगामी फरवरी माह में इसी प्रांगण में ‘बहनों की पाती भाई के नाम’ पत्रलेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा । उन्होंने सभी महिलाओं से इस प्रतियोगिता में भी भाग लेकर अपनी अभिव्यक्ति को प्रस्तुत करने का आव्हान भी किया । उन्होंने अन्त में सभी का आभार भी व्यक्त किया ।
              कार्यक्रम में शिक्षाविद् श्री के.पी.पाण्डे ने कहा कि बेटियों की घटती संख्या चिंता का विषय है तथा प्रदेश सरकार द्वारा प्रारंभ किये गये बेटी बचाओ अभियान के अन्तर्गत जब तक लिंगानुपात को बढ़ाया नहीं जायेगा, तब तक यह अभियान सार्थक नहीं होगा । उन्होंने बेटियों को सुझाव दिया कि वे अपने मामा को पत्र लिखते समय संक्षिप्त और सारगर्भित रुप से अच्छी भाषा में लिखे जिससे उनके पत्र का अच्छे से मूल्यांकन हो सके । कार्यक्रम का संचालन करते हुये सुश्री सुरिंदर कौर खंडूजा ने बताया कि इस प्रतियोगिता को दो आयु समूह में बांटा गया है जिसमें माध्यमिक विभाग में रानी दुर्गावती समूह और उच्च विभाग में रानी अवंतीबाई समूह बनाये गये हैं । पत्रों के मूल्यांकन के लिये श्री के.पी.पांडे की अध्यक्षता में 16 सदस्यीय समिति गठित की गई है जिसमें सर्वश्री जितेन्द्र भनारिया, राजेश गढेवाल, निर्मल अहिल्या, पिकेश पटोरिया, सुश्री सुरिन्दर कौर खंडूजा, अनुपम सहगल, श्रीमती अर्चना गुप्ता, फिरोज गुप्ता और अन्य निर्णायक शामिल है । उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय विधायक श्री बावरिया की प्रेरणा और उनके संयोजन में आयोजित इस अभिनव कार्यक्रम की प्रतियोगिता में रानी दुर्गावती और रानी अवंतीबाई समूहों से 10-10 सर्वश्रेष्ठ पत्रों का चयन कर विजेता छात्राओं को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित कराया जायेगा । इस प्रतियोगिता में सहभागी प्रत्येक छात्रा को प्रमाण पत्र और पुरस्कार भी दिये जायेंगे ।
               कार्यक्रम में रानी दुर्गावती समूह में ग्राम डुंगरिया तीतरा, खैरी पिपरिया, कुंडालीकला, परासिया, झुर्रेमाल, मानकादेही खुर्द, भाजीपानी, कन्हरगांव, तिघरा, खिरसाडोह, इकलहरा, ई.डी.सी., बरारिया, न्यूटन नं 11, शिवपुरी, खिरसाडोह ढाना, उमरेठ, सोनापीपरी आदि की सभी कन्या और बालक शासकीय/अशासकीय माध्यमिक शालाओं तथा रानी अवंतीबाई समूह में डुंगरिया तीतरा, कुंडालीकला, कचराम, मानकादेही खुर्द, परासिया, खिरसाडोह, छिन्दवाडा, बडकुही, इकलहरा, बरारिया, चांदामेटा, पलटवाडा, ई.डी.सी., छिंदा, उमरेठ, सोनापीपरी आदि की शासकीय/अशासकीय उच्चतर माध्यमिक शालाओं एवं पेंचव्हेली कालेज परासिया, आई.पी.एस.महाविद्यालय छिन्दवाड़ा और पॉलीटेक्निक खिरसाडोह की लगभग 1500 छात्राओं ने पत्र लेखन किया । कार्यक्रम में बेटी बचाओ अभियान के अन्तर्गत विधायक श्री बावरिया को सुश्री परवीन शेख ने एक स्केच चित्र भी भेंट किया। बेटी बचाओ अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान के अन्तर्गत सभी उपस्थितों ने कपडे के पोस्टर पर हस्ताक्षर कर अपने विचारों को भी अभिव्यक्त किया । इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर, श्री कैलाश नारायण शुक्ला, नगरीय निकायों के पदाधिकारी और सदस्य तथा अन्य जनप्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सुश्री स्वर्णिमा शुक्ला, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री विष्णुचंद परतेती, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री विनय शुक्ला, शासकीय पेंचव्हेली महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती बुला कार, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मीरा डेहरिया, एन.सी.सी.आफीसर श्री आर.के.राउत, स्काउट गाईड प्रभारी श्री अनिल यदुवंशी, सभी शालाओं के प्राचार्य, शिक्षक शिक्षिकायें, लायंस क्लब अध्यक्ष श्री पूरन राजलानी और अन्य पदाधिकारी, लायनेस और लियो क्लब के पदाधिकारी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे ।

-------------

No comments:

Post a Comment