जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार
समाचार
समय सीमा बैठक सम्पन्न
कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक ली गई । कलेक्टर डॉ. शर्मा द्वारा शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यो में साईकिल वितरण हेतु खाते खुलवाने के कार्य, हेडस्टार्ट केन्द्रों के सुचारु रुप से कार्य करने, पेंशन प्रकरणों के संबंध में जानकारी लेते हुये एक बार पुन: जिले में कार्यरत 68 हेडस्टार्ट केन्द्रों का एस.डी.एम., तहसीलदार एवं आर.आई. द्वारा नियमित रुप से निरीक्षण करने के निर्देश दिये । कलेक्टर द्वारा कृषि विभाग को आगामी रबी मौसम को ध्यान में रखते हुये कृषि सहकारी समितियों को अतिशीघ्र प्रारंभ करने तथा लाइसेंस के बिना बीज खाद के विक्रय को रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये । मत्स्य विभाग द्वारा मछुआरों को क्रेडिट कार्ड देने के लक्ष्य को अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा दिये गये । साथ ही मत्स्यपालन के लिए दिये जाने वाले पट्टों की जानकारी ली गई । जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण के कार्य रहे मजदूरों की मजदूरी भुगतान की जानकारी लेते हुये जुलाई से अक्टूबर तक की न्यूनतम मजदूरी भुगतान का सर्टीफिकेट श्रमपदाधिकारी को देने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये । महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित करने हेतु खाते खुलवाने की प्रगति की प्रशंसा करते हुये शिक्षा विभाग को भी इस कार्य को त्वरित गति से करने के निर्देश दिये गये । इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा उद्यानिकी विभाग, वन विभाग, पंजीयन, कोषालय, पी.डब्ल्यू.डी., सिंचाई विभाग, बिजली विभाग, पशुपालन, डेयरी विकास के समय सीमा प्रकरणों की जानकारी ली गई। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा, अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना और श्री अनुराग सक्सेना, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी. त्रिपाठी सहित सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे।
कर्मचारियों के मध्य कार्य विभाजन
कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा जिलाध्यक्ष कार्यालय में पदस्थ 7 कर्मचारियों के मध्य कार्य विभाजन किया गया है तथा नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल उपस्थिति देने के निर्देश दिये गये हैं ।
कलेक्टर डॉ.शर्मा ने बताया कि सहायक ग्रेड-2 श्री कैलाश गुप्ता को सामान्य निर्वाचन शाखा के साथ ही आपूर्ति शाखा का अतिरिक्त प्रभार तथा सहायक ग्रेड-3 श्री रीतेश तिवारी को तहसील छिन्दवाडा से संलग्नीकरण समाप्त करते हुये वरिष्ठ लिपिक शाखा, श्रीमती शशिकला उईके को शिकायत शाखा से भू-अभिलेख शाखा, श्रीमती सीमा भारती को टी.एल. शाखा से शिकायत शाखा, श्रीमती प्रभा पाठक को सामान्य अभिलेखागार शाखा से प्रेषक शाखा, श्रीमती संगीता वर्मा को प्रेषक शाखा से अ.वि.अ. कार्यालय छिन्दवाड़ा और श्री मधु पाटिल को वरिष्ठ लिपिक शाखा से सामान्य अभिलेखागार एवं टी.एल. शाखा में पदस्थ किया गया है ।
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन का भ्रमण कार्यक्रम निरस्त
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता और जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन का 6 से 10 अक्टूबर तक छिन्दवाडा जिले के साथ ही बालाघाट और सिवनी जिले एवं नागपुर (महाराष्ट्र) का भ्रमण कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से निरस्त हो गया है ।
फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष
संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित
ग्राम सभा और नगरीय निकाय के वार्डो
में निर्वाचक नामावली संबंधी
सेक्शन के वाचन के निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एक जनवरी 2012 की अर्हता तारीख के आधार पर फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है । इस कार्यक्रम के अनुसार आगामी 10 अक्टूबर को प्रारुप का प्रकाशन किया जायेगा तथा 11 और 15 अक्टूबर को जिले की ग्राम सभाओं और नगरीय निकायों के वार्डो में निर्वाचक नामावली से संबंधित सेक्शन का वाचन किया जायेगा एवं नाम जोड़ने, घटाने और प्राप्त दावे/आपत्तियों के निराकरण की कार्यवाही एक नवम्बर तक मतदान केन्द्रों में सम्पन्न कराते हुये 5 जनवरी को अद्यतन फोटो निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग और राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा फोटो निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में संलग्न अधिकारियों/ कर्मचारियों के स्थानांतरण तथा पदोन्नति के बाद स्थान परिवर्तन नहीं करने और रिक्त पदों की पूर्ति कर आयोग को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिये गये हैं । उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना ने इन निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों, राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों और नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग और सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिये गये निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं ।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सक्सेना ने आगामी 11 और 15 अक्टूबर को ग्रामसभा और नगरीय निकायों के वार्डो से संबंधित फोटो निर्वाचक नामावली के संबंधित सेक्शन का वाचन कराये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित कर सूचित करने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करना भी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये हैं । उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 1.27 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोडा जाना शेष हैं जिसमें विशेषकर 18 से 20 वर्ष आयु के लगभग 73 हजार पात्र मतदाताओं का नाम शामिल किया जाना है । उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुखों से अपेक्षा की है कि इस कार्यक्रम को अपने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से अभियान के रुप में चलाकर छूटे हुये पात्र मतदाताओं को फोटो निर्वाचक नामावली में शामिल कराकर पंजीकरण के लक्ष्य को अनिवार्यत: पूर्ण करने में सहयोग करें तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेशित करें कि उनके कार्यक्षेत्र के अन्दर कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने से छूट न पाये, इस हेतु उन्हें पाबंद करें ।
बेटी बचाओ अभियान का आयोजन 5 अक्टूबर को
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि बेटी बचाओ अभियान के अन्तर्गत शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 5 अक्टूबर को क्षेत्रीय विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बेटी बचाओ अभियान कार्यक्रम परियोजनावार 7 स्थानों पर आयोजित किये गये हैं । ये कार्यक्रम विधानसभा क्षेत्र छिन्दवाडा में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उ.मा. विद्यालय छिन्दवाड़ा, परासिया में कन्या शाला परासिया, सौंसर में आईसीडीएस कार्यालय के सामने, चौरई में कम्यूनिटी हॉल में, जामई में जनपद पंचायत जुन्नारदेव, पांढुर्ना में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पांढुर्ना और विधानसभा क्षेत्र अमरवाड़ा में ग्राम जुंगावानी में आयोजित किये गये हैं ।
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड का भ्रमण कार्यक्रम
प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड 4 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे सौंसर से ग्राम सारदौनी विकासखंड सौंसर के लिए प्रस्थान कर प्रात: 10.30 बजे सारदौनी पहुंचकर वन विभाग द्वारा तेन्दूपत्ता संग्रहण राशि से पुलिया निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे । आप दोपहर 12.30 बजे ग्राम सारदोनी से बैरागढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे । आप दोपहर एक बजे ग्राम बैरागढ़ पहुंचकर हायर सेकेण्डरी स्कूल का शुभारंभ करेंगे, तत्पश्चात सौंसर में आयोजित विभिन्न स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा रात्रि विश्राम सौंसर में करेंगे । स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री 5 अक्टूबर को सौंसर में आयोजित विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद दोपहर एक बजे महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित बेटी बचाओ कार्यक्रम के अन्तर्गत कन्याओं का पूजन, कन्या भोज एवं कन्याओं के माता-पिताओं का सत्कार करेंगे, तत्पश्चात सौंसर में आयोजित विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे । आप रात्रि विश्राम सौंसर में करेंगे ।
किसानों के रजिस्ट्रेशन कार्य का शुभारंभ आज
राज्य शासन द्वारा किसानों को खेती का व्यवसाय लाभप्रद बनाने की दिशा में किसानों को बेहतर व्यवस्थाओं के अन्तर्गत खाद्यान्न उपज का समर्थन मूल्य और बोनस का लाभ सुविधाजनक ढंग से मिलने के लिए किसानों के रजिस्ट्रेशन का निर्णय लिया गया है । जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि इस योजना का शुभारंभ किसान नागरिक सुविधा केन्द्र ग्राम चंदनगांव जिला छिन्दवाड़ा में 4 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे राज्यसभा सांसद सुश्री अनुसूईया उईके करेंगी । कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधिगणों की गरिमामय उपस्थिति रहेगी । उन्होंने क्षेत्रीय कृषकों को योजना का लाभ लेने हेतु आमंत्रित किया गया है।
आपदाओं से निपटने का आज दिया जायेगा प्रशिक्षण
छिन्दवाड़ा के पुलिस परेड ग्राउण्ड में 4 अक्टूबर को प्रात: 11.30 बजे गुजरात से आये डी.एम.आर.एफ. के कमाण्डेंट श्री नेगी के नेतृत्व में 35 कार्यकर्ताओं के दल द्वारा सभी प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए नागरिकों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसमें बाढ़,भूकंप, भू-स्खलन, सर्पदंश, अग्नि दुर्घटना, ह्मदयाघात आदि आपदाओं से बचने के लिए प्रदर्शन सहित प्रशिक्षण दिया जायेगा । जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस प्रशिक्षण में सहभागिता की अपील की गई है ।
No comments:
Post a Comment