29 Oct 2011

News 29 Oct 2011



जिला जनसंपर्क कार्यालय,छिन्दवाडा(म.प्र.)
समाचार

स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ म.प्र. स्थापना दिवस
समारोह में एक नवंबर को ध्वजारोहण करेंगे

             प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय पुलिस ग्राउण्ड पर एक नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहरण करेंगे । इस समारोह में सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सहभागिता की अपील की गई है ।
           कलेक्टर डॉ.पवन कुमार शर्मा ने बताया कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह का पल-प्रतिपल का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है । इस दिन एक नवंबर को प्रात: 10.25 बजे मुख्य अतिथि के आगमन के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री का संदेश वाचन होगा । प्रात: 10.55 बजे सभी को संकल्प दिलाया जायेगा तथा प्रात: 11 बजे म.प्र. गीत का गायन होगा। प्रात: 11 से 11.20 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे तथा प्रात: 11.30 बजे वंदे मातरम के गायन के साथ ही कार्यक्रम का समापन होगा ।

-----------------

नवीन लेखा प्रशिक्षण सत्र और अल्पकालिक
लेखा प्रशिक्षण के लिये आवेदन पत्र आमंत्रित

                  शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर द्वारा संभाग के सभी शासकीय कार्यालयों के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के एक दिसंबर से 15 फरवरी तक के नि:शुल्क नवीन लेखा प्रशिक्षण सत्र के लिये 15 नवम्बर तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं । इसके अलावा 4 विषयों के सशुल्क अल्पकालिक लेखा प्रशिक्षण के लिये भी आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं । इच्छुक कर्मचारी इन प्रशिक्षणें में भाग ले सकते हैं ।
               शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर के प्राचार्य ने बताया कि संभाग के सभी कार्यालय प्रमुखों के अधीन कार्यरत लिपिक वर्गीय ऐसे कर्मचारी जिन्होंने एक वर्ष की लगातार नियमित सेवा पूरी कर ली है और हिन्दी टाइपिंग परीक्षा उत्तीर्ण हैं, वे निर्धारित तिथि तक नवीन लेखा प्रशिक्षण सत्र के लिये आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं । शासकीय कर्मचारियों के लिए यह प्रशिक्षण नि:शुल्क है । उन्होंने बताया कि संभाग के सभी शासकीय कार्यालयों के कर्मचारियों के लिए 31 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक अल्पकालिक लेखा प्रशिक्षण का आयोजन भी किया गया है जिसमें पूर्व में लेखा प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारी भी भाग ले सकते हैं । संभाग के सभी कार्यालय प्रमुखों से इस प्रशिक्षण के लिये अपने कार्यालय से कर्मचारियों के नाम प्रस्तावित करने का अनुरोध किया गया है । इस सशुल्क प्रशिक्षण में विभाग द्वारा राशि प्रवेश के समय चालान के माध्यम से जमा की जायेगी । उन्होंने बताया कि पेंशन के 31 अक्टूबर से 2 नवम्बर तक के 3 दिवसीय प्रशिक्षण के लिये प्रति प्रशिक्षार्थी 500 रुपये, अंकेक्षण के 3 से 9 नवम्बर तक के एक सप्ताह और भंडार प्रबंधन के 11 से 17 नवम्बर तक के एक सप्ताह के प्रशिक्षण के लिये प्रति प्रशिक्षार्थी एक–एक हजार रुपये तथा कैशियर एवं एकाउंटेंट संबंधी कार्य के 18 से 30 नवम्बर तक के 2 सप्ताह के प्रशिक्षण के लिये प्रति प्रशिक्षार्थी दो हजार रुपये का शुल्क निर्धारित है ।

----------------

 
पांढुर्ना में 31 अक्टूबर को विकासखंड
स्तरीय अन्त्योदय मेले का आयोजन

सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी

               जिले के पांढुर्ना विकासखंड मुख्यालय पर नगरपालिका हाईस्कूल प्रांगण में 31 अक्टूबर को प्रात: 8 बजे से विकासखंड स्तरीय अन्त्योदय मेले का आयोजन किया गया है । इस मेले में लगभग 1518 हितग्राहियों को लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जायेगी । मेले को सुचारु रुप से सम्पन्न कराने के लिये सभी आवश्यक तैयारियाँ और व्यवस्थायें कर ली गई है । राजस्व अनुविभागीय अधिकारी पांढुर्ना श्री आई.जे.खलखो द्वारा संबंधित अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गये हैं ।


-------------

सर्पदंश से मृत्यु होने पर 3 मृतकों के
वारिसों को 1.50 लाख रपये की आर्थिक
अनुदान सहायता राशि स्वीकृत

               जिले की तामिया तहसील के 3 व्यक्तियों की सर्पदंश से मृत्यु होने पर राजस्व अनुविभागीय अधिकारी जुन्नारदेव द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6 (4) के अन्तर्गत मृतकों के वारिसों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृत की गई है । उन्होंने तहसीलदार तामिया को स्वीकृत अनुदान सहायता राशि तत्काल आहरित कर संबंधित को भुगतान किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं ।
                राजस्व अनुविभागीय अधिकारी जुन्नारदेव श्री अखिलेश जैन ने बताया कि सर्पदंश से तहसील तामिया के ग्राम दहियर की श्रीमती रामकली की मृत्यु होने पर उसके वारिस पति श्री ब्राम्हलाल पिता जतरसिंग, ग्राम हिर्री के श्री अक्कू पिता दिवलू की मृत्यु होने पर उसके वारिस पुत्र श्री जंगलू पालक श्रीमति रमतिया बाई पति स्व. परसादी तथा ग्राम चांवलपानी के रितिक की मृत्यु होने पर उसके वारिस पिता श्री चमनकिशोर वल्द सत्यनारायण चौकसे को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृत की गई है ।

--------------------
राष्ट्रीय संकल्प दिवस पर 31 अक्टूबर
 को रैलियों के आयोजन के निर्देश

               स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि 31 अक्टूबर प्रतिवर्ष राष्ट्रीय संकल्प दिवस के रुप में मनाई जाती है । राज्य शासन द्वारा इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन को रैलियों का आयोजन करने के निर्देश दिये गये हैं । इन रैलियों में राष्ट्रीय भावना और देशभक्ति के गीत गाये जायेंगे । साथ ही गणमान्य व्यक्तियों द्वारा भाषण/व्याख्यान दिये जायेंगे और युवा नेताओं को भी आयोजनों में शामिल किया जायेगा । कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और विभाग प्रमुखों को राज्य शासन के निर्देशों के अनुरुप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं । 
---------------

 

No comments:

Post a Comment