28 Oct 2011

News 28 Oct 2011


जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार

प्रभारी मंत्री श्री बिसेन की अध्यक्षता में
 विभागीय योजनाओं की समीक्षा

             प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन की अध्यक्षता में आज जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में जिला योजना समिति की बैठक कोरम के अभाव में स्थगित की गई । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने आयोजित विभागीय योजनाओं की समीक्षा की । बैठक में प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़, राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके, विधायक श्री ताराचंद बावरिया, नगरपालिका अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, श्री रमेश दुबे कलेक्टर डॉ पवन कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष तथा सभी विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
                बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को सिंचाई हेतु रात्रि 3 से प्रात: 8 बजे तक प्रदाय की जा रही विद्युत के स्थान पर प्रात: 8 से 10 बजे तक विद्युत प्रदाय करने का निर्णय लिया गया जिससे किसानों को सिंचाई के लिये पर्याप्त समय और विद्युत मिल सके।  बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में दो ग्रुपों में विद्युत वितरण का प्रस्ताव स्वीकृति हेतु भेजा गया है । यह स्वीकृति प्राप्त होते ही विद्युत वितरण व्यवस्था अलग-अलग ग्रुपों से हो जायेगी जिससे ड्रिपिंग की समस्या नहीं रहेगी। किसानों को लिफ्ट इरीगेशन हेतु बिजली उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि जल संसाधन विभाग जल उपभोक्ता समितियों को इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करायेगा तथा समितियाँ नये विद्युत कनेक्शन लेकर सिंचाई की व्यवस्था करेगी । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने विद्युत विभाग के अधिकारी को समिति को नये कनेक्शन देने के निर्देश दिये। 
                प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि नियमानुसार सभी राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त करें तथा अविवादित बंटवारा/ नामांतरण में नियमानुसार कार्यवाही करें । विधायक श्री ताराचंद बावरिया द्वारा म.प्र. हाउसिंग बोर्ड के माध्यम से वर्ष 2008 में पंजीयन कराकर मकान लेने वालों से भूमि और मकान की राशि वर्तमान गाईड लाईन से लेने की जानकारी देने पर प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के लिये आश्वस्त किया । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी को भूमि और मकान पंजीयन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिये जिससे प्रकरण में जाँच की जा सके। जिला सहकारी कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष श्री श्रीराम रघुवंशी ने ग्राम शहपुरा में कुलबहरा नदी पर बने स्टापडैम में पानी नहीं रुकने तथा ग्राम थांवरीकला के जलाशय से नहर तक पानी पहुंचाने हेतु लगे पाईप लीकेज होने की जानकारी देने पर प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य करने के निर्देश दिये ।
                प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने सभी को दीपावली पर्व की बधाई और शुभकामनायें देते हुये आगामी एक नवम्बर को आयोजित म.प्र. स्थापना दिवस समारोह में सहभागिता की अपील की। उन्होंने बताया कि म.प्र. स्थापना दिवस के अन्तर्गत एक नवम्बर को सभी शासकीय भवनों पर रौशनी की जायेगी तथा जिला मुख्यालय के साथ ही विकासखंड मुख्यालय पर भी कार्यक्रम आयोजित होंगे एवं पूरे माह भर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे । उन्होंने बताया कि एक नवम्बर से समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी भी प्रारंभ की जायेगी । उन्होंने इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने म.प्र. स्थापना दिवस पर जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रुपरेखा से अवगत कराया । बैठक में विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री साथ ही अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी ।
_______________

पी.एच.ई.मंत्री 5 एवं 6 नवम्बर को
 जिले के भ्रमण पर रहेंगे

                प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन 5 एवं 6 नवम्बर 2011 को जिले के दो दिवसीय भ्रमण पर रहेंगे । आप 5 नवम्बर को दोपहर 3 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे । रात्रि विश्राम सर्किट हाउस छिन्दवाड़ा करेंगे तथा 6 नवम्बर को प्रात: 9 बजे परासिया में घाटामाली नदी ग्राम डुगरिया तीतर में भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे ।

-------------------


पी.एच.ई.मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन द्वारा
अस्पताल का निरीक्षण

               प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन द्वारा अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया । इस अवसर पर राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके, विधान सभा क्षेत्र परासिया के विधायक श्री ताराचंद बावरिया, नगरपालिका परिषद छिन्दवाड़ा के अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, अनेक जनप्रतिनिधि, सिविल सर्जन डॉ. पी.के. श्रीवास्तव, अन्य डाक्टर एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।
             लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं सहकारिता मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया गया । आपने अनेक कक्षों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिये । मंत्री ने एक महिला श्रीमती कृष्णा के रिश्तेदार का एक्सीडेंट में पैर फेक्चर हो गया । जिसके पैर में स्टील राड लगाई जाना है तथा खून की आवश्यकता थी । विधायक श्री बावरिया के कहने पर मंत्री श्री बिसेन ने डॉक्टर को समुचित इलाज करने, पैर में राड डालने तथा आवश्यकतानुसार खून देने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये । मंत्री ने भ्रमण के दौरान स्वयं भी इलाज कराया। आपने सीने का एक्सरे कराया तथा आवश्यक दवाईयाँ ली ।

_______________

जिले में मेडीकल कालेज खोला जायेगा तथा
जिला चिकित्सालय में एम.आर.आई.मशीन,
मेमोग्राफी मशीन और नेत्र आपरेटिंग
माइक्रोस्कोप मशीन उपलब्ध कराई जायेगी

प्रभारी मंत्री श्री बिसेन की अध्यक्षता में सम्पन्न
 रोगी कल्याण समिति की बैठक में अनेक प्रस्ताव पारित


------------------

 

            जिले में मेडीकल कालेज खोजा जायेगा तथा जिला चिकित्सालय में एम.आर.आई. माइक्रोस्कोप मशीन मेमोग्राफी मशीन और नेत्र आपरेशन के लिये आपरेटिंग माइक्रोस्कोप मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी । प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन की अध्यक्षता में आज जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न जिला रोगी कल्याण समिति की बैठक में इस संबंध में विभिन्न प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया तथा अन्य मुद्दों पर सर्वसम्मति से विभिन्न निर्णय लिये गये । बैठक में प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़, राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके, विधायक श्री ताराचंद बावरिया, नगरपालिका अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, जिला सहकारी कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष श्री श्रीराम रघुवंशी, कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी.त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत नायडू, सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. पी.के. श्रीवास्तव तथा समिति के सदस्यगण उपस्थित थे ।
            बैठक में जिला चिकित्सालय में लगभग 400 शैया होने और मेडीकल कालेज के अनुरुप सभी सुविधायें उपलब्ध होने के मद्देनजर जिला चिकित्सालय में मेडीकल कालेज खोलने का प्रस्ताव रखा गया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया । बैठक में जिला चिकित्सालय में एम.आर.आई. मशीन और मेमोग्राफी मशीन लगाने तथा नेत्र आपरेटिंग माइक्रोस्कोप मशीन क्रय करने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किये गये । बैठक में एम.आर.आई.मशीन की स्थापना के लिये राज्य शासन को लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के बजट आवंटन का प्रस्ताव भेजने तथा विभागीय स्तर से मेमोग्राफी मशीन के लिये लगभग 14 लाख रुपये और नेत्र आपरेटिंग माइक्रोस्कोप के लिये लगभग डेढ़ लाख रुपये की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया । बैठक में जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक उन्नयन हेतु उपकरण क्रय किये जाने का अनुमोदन करने के साथ ही जिला चिकित्सालय परिसर में नवनिर्मित पानी टंकी के बिल भुगतान और सुलभ शौचालय के निर्माण के संबंध में चर्चा कर विभिन्न निर्णय लिये गये । बैठक में सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. श्रीवास्तव ने विभिन्न प्रस्तावों को रखा जिस पर चर्चा कर निर्णय लिये गये ।

No comments:

Post a Comment