24 Oct 2011

News 24 Oct 2011


जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार

शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधायें मुहैया कराई गई -- स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़

ग्राम पिपरिया फतेहपुर में सम्मान समारोह सम्पन्न

                 प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में बेहतर सुविधायें मुहैया कराई गई हैं तथा प्रदेश इस क्षेत्र में देश में सातवें से तीसरे नंबर पर आ गया है । शिक्षा के लिये राशि की कोई कमी नहीं है तथा लगातार स्कूल भवनों के निर्माण के साथ ही विद्यार्थियों को नि:शुल्क गणवेश, सायकिल, पाठ¬पुस्तक, मध्यान्ह भोजन आदि उपलब्ध कराया जा रहा है । शिक्षा की गुणवत्ता बनाये रखने और सुधार के लिये इस वर्ष 400 करोड़ रुपये का प्रावधान बजट में किया गया है । शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2010 लागू होने के बाद से प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार आया है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नये मापदण्ड स्थापित किये गये हैं । आप अपने परिवार के प्रत्येक बच्चे को शिक्षित करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे । श्री मोहोड़ गत दिवस जिले के चौरई विकासखंड के ग्राम पिपरिया फतेहपुर में आयोजित सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे ने की । समारोह में ग्राम में पहली बार किसी मंत्री के पहुंचने पर स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ का शाल और श्रीफल से सम्मान किया गया । कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री दुबे का भी शाल व श्रीफल से सम्मान किया गया ।
               स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ ने इस अवसर पर कहा कि जनता हमारी भगवान है तथा हम इसके पुजारी हैं । जनता के पास आना हमारा धर्म है । उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पेंच परियोजना के बांध निर्माण के अपने संकल्प को दोहराया है तथा इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं होने दी जायेगी । उन्होंने ग्राम पिपरिया फतेहपुर की शासकीय प्राथमिक शाला में एक अतिरिक्त कक्ष और बाउण्ड्रीवाल, ग्राम रामगढ़ की शाला में एक अतिरिक्त कक्ष और बाउण्ड्रीवाल तथा ताने पिपरियाखुर्द में एक अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा की । उन्होंने सभी को दीपावली की बधाई  और शुभकामनायें भी दी ।  कार्यक्रम अध्यक्ष पंडित रमेश दुबे ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश को विकास और व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने सड़क, पानी, शिक्षा के क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुये इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है । उन्होंने ग्राम में पहली बार मंत्री के रुप में पदार्पण करने पर स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ को बधाई देते हुये उनका अभिनंदन किया । उन्होंने क्षेत्र की समस्यायें भी रखी। समारोह में सर्वश्री नेमीचंद जैन, अतरलाल वर्मा और शैलेन्द्र रघुवंशी ने भी अपने विचार व्यक्त किये । कार्यक्रम का संचालन श्री सुरेश शर्मा और आभार प्रदर्शन उप सरपंच श्री प्रमोद दुबे ने किया। इस अवसर पर सर्वश्री शिवकुमार दुबे, प्रवीण जैन, उमेश कवरेती, जितेन्द्र चौरे और अन्य जनप्रतिनिधि, सरपंच श्रीमती शांताबाई, तहसीलदार श्री सनोडिया, बी.आर.सी. श्री कोरडे और अन्य अधिकारी, शिक्षक श्री मेवालाल मरकाम, छात्र-छात्रायें तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।

----------------

छात्रावास/आश्रमों का आकस्मिक निरीक्षण

            संभागीय उपायुक्त आदिम जाति अनुसूचित जाति कल्याण विभाग जबलपुर एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास छिन्दवाड़ा द्वारा जिले के विकासखंड सौंसर एवं मोहखेड के अन्तर्गत संचालित छात्रावास/आश्रमों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट बालक छात्रावास सौंसर, अनु.जाति बालक छात्रावास सौंसर, आदिवासी बालक छात्रावास रामाकोना एवं आदिवासी बालक आश्रम सिल्लेवानी में साफ-सफाई, सामग्री का रखरखाव, अभिलेखों का संधारण आदि उत्तम पाया गया । अधीक्षक द्वारा कराये गये मरम्मत कार्य एवं विभाग द्वारा कराये गये कार्यो की गुणवत्ता भी उत्तम पायी गई । संभागीय उपायुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान उक्त कार्यो के लिए अधीक्षकों की प्रशंसा की गई एवं अच्छे कार्य करने वाले अधीक्षक को जिला/संभाग/राज्य स्तर पर पुरस्कृत करने हेतु निर्देशित किया गया ।

--------------------

जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करें -स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़
कुण्डा में क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह सम्पन्न

                  प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने कहा कि खेलों में वास्तविक प्रतिस्पर्धा होती हैं। इसमें हार-जीत दोनों होती है किन्तु हारने वाले को कभी हताश नहीं होना चाहिये, क्योंकि वह स्वस्थ स्पर्धा में कभी न कभी जीत हासिल कर ही लेगा । प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिये विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही है तथा पारितोषिक की राशि को भी बढ़ा दिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों को वित्तीय संसाधन जुटाने के उद्देश्य से युवा आयोग का गठन भी किया जा रहा है।  आप सभी जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें अच्छे अवसर प्रदान करें जिससे वे जिला,प्रदेश और देश का नाम रौशन कर सकें। श्री मोहोड़ गत दिवस जिले के चौरई विकासखंड के ग्राम कुण्डा में कुण्डा क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री रमेश पोफली ने की तथा पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे ।
                 स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ ने कहा कि यहाँ क्रिकेट खेल देखा जो बहुत ही रोमांचक रहा। ऐसे खेल आयोजन निरंतर होते रहने चाहिये। उन्होंने विजेता और उप विजेता टीमों को अपनी ओर से 11-11 सौ रुपये की नगद राशि पुरस्कार स्वरुप प्रदान की तथा विजेता टीम के कप्तान श्री आरिफ खान को 11 हजार रुपये एवं उपविजेता टीम के कप्तान श्री राजा  वर्मा को 5 हजार रुपये की नगद राशि, शील्ड और खिलाड़ियों को पदक वितरित किये । उन्होंने शिक्षा विभाग से राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिये चयनित शिक्षकों सर्वश्री जितेन्द्र वर्मा, उग्रेन मसराम और सीमेन्द्र मोदक का शाल व श्रीफल से अभिनंदन किया । उन्होंने कार्यक्रम में मैन आफ द सीरिज और मैन आफ द मैच का पुरस्कार श्री दिनेश जावा को दिया गया जिन्होंने 119 रन बनाये । स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड ने प्रारंभ में दोनों टीमों के कप्तान और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा खेल का आनंद भी लिया । कार्यक्रम अध्यक्ष श्री रमेश पोफली ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान में देश में खेलों की दयनीय स्थिति से खिलाड़ियों के भविष्य की चिंता स्वाभाविक है, किन्तु प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ी प्रतिभाओं को अच्छा प्रोत्साहन दिया जा रहा है । उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने पसंदीदा खेलों को रुचि के साथ खेलें, किन्तु देशी खेल कबड्डी को भी प्रोत्साहित करें । यह देशी खेल जहाँ निर्धारित समय में पूरा हो जाता है, वहीं शारीरिक दृष्टि से भी चुस्त-दुरुस्त रखता है । उन्होंने क्षेत्र में होने वाली सभी खेल प्रतियोगिताओं में निरंतर सहयोग के लिये आश्वस्त किया । विशेष अतिथि पंडित रमेश दुबे ने इस अवसर पर कहा कि आयोजकों ने हमारी अपनी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें गौरवान्वित करने का अच्छा प्रयास किया है । ऐसे प्रोत्साहन से खेल प्रतिभायें आगे आकर अपना उत्तम प्रदर्शन करती हैं । उन्होंने कहा कि यहाँ पर हुये अच्छे प्रदर्शन ने मैच को काफी रोमांचक बना दिया था । उन्होंने प्रतियोगिता में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया ।
                  समारोह में विजेता टीम लकी स्पोर्टिंग क्लब अमरवाड़ा के सर्वश्री सीमेन्द्र मोदक, तौसीफ खान, राजा खान, आरिफ खान, दिनेश जावा, कुम्मु नागरे, प्रीतम विश्वास, दिमाकचंद यादव, राहुल यादव, शिवम, सुजीत डुमडुम और सचिन सहारे तथा उप विजेता टीम ताज स्पोर्टिंग क्लब चौरई के सर्वश्री के.के.वर्मा, टूटू भलावी, संजय सोनी, उग्रेन मसराम, राजा वर्मा, सोनू खंडेलवाल, प्रकाश देशमुख, रोहित चौहान, चंचलेश वर्मा, धर्मेन्द्र वर्मा, राजेन्द्र मर्सकोल ओर आशीष राव के प्रदर्शन की सराहना की गई । कार्यक्रम में विजेता टीम को श्री नेमीचंद जैन की ओर से 11 हजार रुपये नगद और श्री सोनू जावरे की ओर से शील्ड तथा उप विजेता टीम को श्री शैलेन्द्र रघुवंशी की ओर से 5 हजार रुपये नगद और श्री राजेश जैन की ओर से शील्ड प्रदान की गई । कार्यक्रम का संचालन श्री सुरेश शर्मा और आभार प्रदर्शन श्री नेमीचंद जैन ने किया। इस अवसर पर छिन्दवाड़ा नगर के पार्षद श्री आलोक साहू और श्री विकास राय, सर्वश्री अतरलाल वर्मा, शिवकुमार दुबे, जितेन्द्र चौरे, प्रवीण जैन और अन्य जनप्रतिनिधि, तहसीलदार श्री सनोडिया, बी.आर.सी. श्री कोरडे और अन्य अधिकारी, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।

----------------------

जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक का आयोजन 4 नवम्बर को

                  जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आगामी 4 नवम्बर को दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई है । जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा ने बताया कि इस बैठक में पूर्व बैठक में पारित प्रस्तावों के परिपालन की समीक्षा और चर्चा एवं जिला पंचायत और सभी विभागों के वर्ष 2011 के अप्रैल से जुलाई और अगस्त से अक्टूबर तक के दो त्रैमासों के त्रैमासिक बजट के आय और व्यय के प्रस्तुतिकरण के साथ ही म.प्र.पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, शिक्षा और जिला शिक्षा केन्द्र की समीक्षा तथा वन, विभागीय निर्माण, मनरेगा योजना और सभी विभागों के निर्माण कार्यो के मजदूरों को मजदूरी भुगतान के संबंध में चर्चा की जायेगी ।

-----------------

साप्ताहिक समय सीमा की बैठक सम्पन्न

                  कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली । बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी.त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आशा कुशरे तथा सभी जिला विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
                 बैठक में कलेक्टर डॉ. शर्मा  ने सभी जिला विभाग प्रमुख अधिकारियों को समय सीमा में पत्रों के निराकरण के निर्देश दिये । उन्होंने जिलाध्यक्ष कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के साथ ही आबकारी, योजना, आदिवासी विकास, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जिला शिक्षा केन्द्र, कृषि, पंजीयन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवायें, लोक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, स्वास्थ्य, वन, पंचायत, श्रम, मत्स्य, जल संसाधन, उद्यान, खनिज, पेंशन, परिवहन आदि विभागों के लंबित पत्रों की प्रगति की समीक्षा की । उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान के अन्तर्गत गणवेश और सायकिल वितरण, कुपोषित बच्चों को पूरक पोषण आहार, अन्त्योदय मेला, स्पर्श अभियान, सतपुड़ा रोमांचकारी उत्सव आदि के संबंध में भी जानकारी ली तथा जिला योजना समिति की आगामी बैठक में प्रस्तुत किये जाने वाले पालन प्रतिवेदन को तत्काल तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये ।

------------------------

केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री नाथ का भ्रमण कार्यक्रम

                  केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री कमलनाथ एक नवम्बर को प्रात: 10.30 बजे दिल्ली से विशेष विमान से प्रस्थान कर प्रात: 11.45 बजे छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे । आप दोपहर 12.30 बजे स्थानीय पोला ग्राउंड में केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री सी.पी. जोशी के साथ सावनेर-छिन्दवाड़ा-नरसिंहपुर एवं मुलताई-छिन्दवाड़ा-सिवनी राष्ट्रीय राजमार्गो के शिलान्यास समारोह में भाग लेंगे । आप शाम 7 बजे यादव समाज के कार्यक्रम, रात्रि 8 बजे सत्कार लॉज में कैरियर विकास सेंटर के शुभारंभ कार्यक्रम, रात्रि 8.15 बजे पूजा लॉन में दीवाली मिलन समारोह और एम्बुलेंस लोकार्पण कार्यक्रम, रात्रि 9 बजे पोला ग्राउंड में आईडियल यूथ फेस्टीवल कार्यक्रम तथा रात्रि 10 बजे भैयाजी दरगाह पर आयोजित मुशायरा में भाग लेंगे ।
                केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री नाथ 2 नवम्बर को प्रात: 10 बजे साउथ ईस्टर्न रेल्वे के सी.ए.ओ. (निर्माण) श्री वेंकट सामी के साथ बैठक और प्रात: 11 बजे स्थानीय फारेस्ट कांट्रेक्टर एसोसिएशन भवन में एच एण्ड पी.एस. के स्किल सेंटर के शुभारंभ कार्यक्रम के बाद दोपहर एक बजे अमरवाड़ा विकासखंड के मंधानगढ़ जायेंगे । आप शाम 6 बजे स्थानीय रानी की कोठी में आर.आर.बी. बैंक के समारोह, शाम 7 बजे स्थानीय शांति नाथ भवन में फ्रीडम फाईटर श्री गुरुप्रसाद श्रीवास्तव के कार्यक्रम तथा रात्रि 8 बजे स्थानीय पोला ग्राउंड में दैनिक भास्कर के कार्यक्रम में भाग लेंगे । आप 3 नवम्बर को प्रात: 8 बजे छिन्दवाड़ा से विशेष विमान द्वारा दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगे ।
--------------------

No comments:

Post a Comment