14 Oct 2011

News 14 Oct 2011




जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

माह के प्रथम बुधवार को
कलेक्टर वितरित करेंगे जी.पी.ओ/पी.पी.ओ.

           जिला पेंशन अधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पेंशन कार्यालय द्वारा निराकृत पेंशन प्रकरणों के जी.पी.ओ/ पी.पी.ओ. संबंधित सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया जायेगा । कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी जिला विभाग प्रमुख इस कार्यक्रम में आवश्यक रुप से उपस्थित रहें । इस कार्यक्रम में पेंशनर संघ के अध्यक्ष एवं सचिव भी सादर आमंत्रित किये जायेंगे। सभी अधिकारियों को माह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जारी पी.पी.ओ. की सूची एवं लंबित पेंशन प्रकरणों की सूची कारण सहित कार्यक्रम में कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करना होगी ।
_________________

बेरोजगारी दूर करेंगे रोजगार मेले

            जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा द्वारा जानकारी दी गई कि माह नवम्बर एवं दिसम्बर 2011 में जिले में रोजगार मेले का आयोजन किया जायेगा जिसमें ग्रामीण बेरोजगार युवक/युवतियों को जिले एवं जिले के बाहर उनकी योग्यतानुसार सिक्यूरिटी गार्ड, मशीन आपरेटर, बीमा के क्षेत्र, मार्केटिंग के क्षेत्र, लेखा के क्षेत्र में सीधे रोजगार उपलब्ध कराने वाली संस्थायें मैकेनिक, कम्प्यूटर ऑपरेटर आदि या अन्य क्षेत्रों में सीधे रोजगार उपलब्ध कराने वाली संस्थाओं/कम्पनियों/प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा ।
             मेले के आयोजन के लिये आगामी 15 दिनों में जनपद पंचायत के अधीनस्थ ग्रामों में पंचायत समन्वय अधिकारियों,ग्राम सचिवों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से एक अभियान चलाया जाकर ग्रामवार इन गतिविधियों से संबंधित बेरोजगार युवक-युवतियों का पंजीयन संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय के एस.जी.एस. वाय. कक्ष में कराया जा रहा है। इच्छुक बेरोजगार युवक/युवतियाँ अपना पंजीयन संबंधित जनपद पंचायतों में 20 अक्टूबर 2011 तक करा सकते हैं। पंजीकृत आवेदकों को ही रोजगार मेले में सम्मिलित कराया जायेगा। रोजगार मेले के आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण युवक/युवतियों का सीधे सम्पर्क रोजगार उपलब्ध कराने वाली कंपनियों से कराया जाना है । ये कंपनियाँ योग्यता एवं आवश्यकतानुसार रोजगार उपलब्ध कराने हेतु ग्रामीण युवक/युवतियों का चयन करेगी। पंजीयन कराये जाने से रोजगार या नौकरी दिये जाने का कोई संबंध नहीं है। जो संस्थायें उपरोक्तानुसार सीधे रोजगार उपलब्ध कराने में सक्षम हैं,वे अपना पंजीयन जिला पंचायत कार्यालय में 30 अक्टूबर 2011 तक करा सकते हैं।

____________________  

अनुसूचित जाति-जनजाति के 10 हितग्राहियों को
एक लाख 37 हजार 500 रुपये की राहत राशि स्वीकृत

               सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री बृजेशचन्द्र पाण्डे ने बताया कि जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा पर अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की आकस्मिकता योजना नियम 1995 के अन्तर्गत अत्याचार से पीडित 10 हितग्राहियों को एक लाख 37 हजार 500 रुपये की राहत राशि स्वीकृत की गई है । इसमें अनुसूचित जाति के 5 हितग्राहियों की 50 हजार रुपये और अनुसूचित जनजाति के 5 हितग्राहियों की 87 हजार 500 रुपये की स्वीकृत राशि शामिल है ।
--------------------

एक निर्माण कार्य के लिए 1.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदाय

             सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अन्तर्गत राज्यसभा सदस्य सुश्री अनुसुईया उईके की अनुशंसा पर कलेक्टर द्वारा जारी वित्तीय वर्ष में जिले के तामिया विकासखंड के ग्राम मुत्तौर बकाईन ढ़ाना में बजरंग मंदिर से महेश पटेल के मकान तक 63 मीटर सी.सी. रोड निर्माण कार्य के लिये 1.50 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुये 75 हजार रुपये का आवंटन क्रियान्वयन एजेंसी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तामिया को प्रदाय किया गया है । इस निर्माण कार्य को मार्च माह तक पूर्ण करने के निर्देश क्रियान्वयन एजेंसी को दिये गये हैं ।

-------------------
फोटो निर्वाचक नामावली में पात्र मतदाताओं
 के नाम जोड़ने के लिये नगरीय निकायों में
दो-दो दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन

                भारत निर्वाचन आयोग के फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत शत प्रतिशत पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने के लिये जिले के 14 नगरीय निकायों में 17 और 18 अक्टूबर, 19 और 20 अक्टूबर एवं 27 और 28 अक्टूबर को प्रात: 10 से शाम 5 बजे तक दो-दो दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन किया गया है । इन शिविरों में कोई भी मतदाता किसी भी मतदान केन्द्र का दावा/आपत्ति जमा कर सकता है । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थल पर विशेष शिविर का आयोजन करें और इन शिविरों में अपने स्तर से कम से कम दो कर्मचारियों को आवश्यक प्रपत्रों के साथ अनिवार्य रुप से उपस्थित रहने के लिये आदेशित करें । आदेशित कर्मचारी प्रात: 10 से शाम 5 बजे तक बैठकर दावे/आपत्ति प्राप्त करें, यह भी सुनिश्चित करें । उल्लेखनीय है कि एक जनवरी 2012 को अर्हता तिथि मानकर 10 अक्टूबर से फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य प्रारंभ किया गया है जो सभी मतदान केन्द्रों पर एक नवम्बर तक किया जायेगा ।
                उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना ने बताया कि नगरपालिका परिषद छिन्दवाड़ा द्वारा 17 और 18 अक्टूबर को छिन्दवाड़ा में दानियनसन कॉलेज, संकट मोचन सरस्वती शिशु मंदिर, नगरपालिका कार्यालय और कलेक्टोरेट परिसर एवं 19 और 20 अक्टूबर को छिन्दवाड़ा में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, ज्ञान भारती विलास टावर के पास शिक्षक कालोनी, कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड कार्यालय और राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय, नगरपालिका परिषद सौंसर द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को सौंसर में नगरपालिका कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, आदिवासी छात्रावास सिविल लाईन और कृषि उपज मंडी कार्यालय, नगरपालिका परिषद पांढुर्ना द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को पांढुर्ना में नगरपालिका कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, गिरजाबाई केकतपुरे हाईस्कूल और शासकीय महाविद्यालय, नगरपालिका परिषद चौरई द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को  चौरई में नगरपालिका कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, शासकीय महाविद्यालय और कृषि उपज मंडी कार्यालय, नगरपालिका परिषद अमरवाड़ा द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को अमरवाड़ा में नगरपालिका कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, शासकीय महाविद्यालय और कृषि उपज मंडी कार्यालय, नगर पंचायत हर्रर्ई द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को हर्रई में नगरपालिका कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, शासकीय महाविद्यालय और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नगरपालिका परिषद परासिया द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को परासिया में नगरपालिका कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, शासकीय महाविद्यालय और विकासखड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नगर पंचायत चांदामेटा द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को चांदामेटा में नगर पंचायत कार्यालय और शा.उ.मा.विद्यालय, नगर पंचायत न्यूटनचिखली द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को न्यूटन चिखली में नगरपंचायत कार्यालय और शा.उ.मा.विद्यालय, नगर पंचायत दमुआ द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को नगर पंचायत कार्यालय दमुआ, शा.उ.मा.विद्यालय कालीछापर और शा. महाविद्यालय दमुआ, नगरपालिका परिषद जामई द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को जामई में नगरपालिका कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, शा.महाविद्यालय और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नगर पंचायत पिपलानारायणवार द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को पिपलानारायणवार में नगर पंचायत कार्यालय और शा.उ.मा. विद्यालय, नगर पंचायत लोधीखेडा द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को लोधीखेडा में नगर पंचायत कार्यालय, शा.महाविद्यालय और शा.उ.मा.विद्यालय तथा नगर पंचायत मोहगांवहवेली द्वारा 17 और 18 एवं 27 और 28 अक्टूबर को मोहगांव हवेली में नगर पंचायत कार्यालय, शा.डी.के.उ.मा.विद्यालय और शा.कन्या माध्यमिक शाला में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया है ।

---------------------

जिला जेल में सोलर वाटर हीटर की स्थापना
के लिये 89 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदाय

               जिला जेल छिन्दवाड़ा में सोलर वाटर हीटर की स्थापना की जायेगी । इस संबंध में कलेक्टर द्वारा राज्यसभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके की अनुशंसा पर जारी वित्तीय वर्ष में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अन्तर्गत 89 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुये 50 हजार रुपये का आवंटन क्रियान्वयन एजेंसी को प्रदाय किया गया है । क्रियान्वयन एजेंसी अधीक्षक जिला जेल को इस कार्य को दिसम्बर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिये गये हैं ।


----------------------

दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए
मासिक और दैनिक वेतन की दरें निर्धारित

               श्रमायुक्त कार्यालय म.प्र. इन्दौर द्वारा जिले के दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948 के अन्तर्गत 5 अनुसूचियों में परिवर्तनशील महंगाई भत्ता सहित मासिक और दैनिक वेतन की दरें निर्धारित की गई है । ये दरें 01 अक्टूबर 2011 से 31 मार्च 2012 तक प्रभावशील रहेगी । 
            श्रम पदाधिकारी ने बताया कि अनुसूची ‘अ’ के अन्तर्गत 35 अनुसूचित नियोजनों में कार्यरत अकुशल श्रमिक के लिए 4545 रुपये मासिक और 175 रुपये दैनिक, अद्र्धकुशल श्रमिक के लिए 4675 रुपये मासिक और 180 रुपये दैनिक एवं कुशल श्रमिक के लिए 4825 रुपये मासिक और 186 रुपये दैनिक, अनुसूची ‘ब’ के अन्तर्गत किसी स्लेट/पेंसिल निर्माण शाला में नियोजित कटर्स श्रमिक के लिए 5795 रुपये मासिक और 223 रुपये दैनिक, रोलर्स/मिस्त्री पार्इंटर्स श्रमिक के लिए 5162 रुपये मासिक और 199 रुपये दैनिक, पेकर, पट्टी पेकर और सीपर श्रमिक के लिए 4664 रुपये मासिक और 180 रुपये दैनिक, मुनीम, लेखाकार, क्लर्क आदि श्रमिकों के लिए 4825 रुपये मासिक और 186 रुपये दैनिक एवं मजदूर श्रमिक के लिए 4550 रुपये मासिक और 175 रुपये दैनिक तथा अनुसूची ‘स’ के अन्तर्गत किसी मुद्रणालय में नियोजित लिपिकीय वर्ग में श्रेणी एक के श्रमिक के लिए 4825 रुपये मासिक और 186 रुपये प्रतिदिन एवं श्रेणी दो के श्रमिक के लिए 4675 रुपये मासिक और 180 रुपये प्रतिदिन, कुशल वर्ग में श्रेणी एक के श्रमिक के लिए 5325 रुपये मासिक और 205 रुपये प्रतिदिन, श्रेणी दो के श्रमिक के लिए 5018 रुपये मासिक और 193 रुपये प्रतिदिन एवं श्रेणी तीन के श्रमिक के लिए 4825 रुपये मासिक और 186 रुपये प्रतिदिन, अद्र्धकुशल वर्ग में श्रेणी एक के श्रमिक के लिए 4830 रुपये मासिक और 186 रुपये प्रतिदिन और श्रेणी दो के श्रमिक के लिए 4675 रुपये मासिक और 180 रुपये प्रतिदिन एवं अकुशल श्रमिक के लिए 4545 रुपये मासिक और 175 रुपये प्रतिदिन की वेतन दर निर्धारित की गई है ।
           इसी प्रकार अनुसूची ‘द’ के अन्तर्गत कृषि में नियोजित अकुशल कृषि श्रमिक के लिए 3720 रुपये मासिक और 124 रुपये प्रतिदिन तथा अनुसूची ‘फ’ के अन्तर्गत अगरबत्ती रोलर कर्मचारी को एक हजार अगरबत्ती रोल करने पर साधारण अगरबत्ती के लिए 12.71 रुपये और सुगंधित अगरबत्ती के लिए 13.18 रुपये की दर निर्धारित की गई है ।
------------------



अशासकीय समाचार

जनजाग्रति की मुहिम में जनता दे अपना अमूल्य योगदान
--प्रभारी मंत्री

छिन्दवाड़ा,14 अक्टूबर 2011              जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने बताया कि भूतपूर्व उप प्रधानमंत्री की जनचेतना यात्रा छिन्दवाड़ा जिले में दिनांक 16 अक्टूबर को प्रवेश करेंगी । श्री लाल कृष्ण आडवानी भोपाल से हेलीकाप्टर द्वारा छिन्दवाड़ा पहुंचेंगे । छिन्दवाड़ा पहुंचकर दोपहर 3.30 बजे आमसभा को सम्बोधित करेंगे तथा 17 अक्टूबर को प्रात: 10.30 बजे सौंसर होते हुये नागपुर के लिए रवाना होंगे । उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर से जयप्रकाश नारायण के गृहग्राम सिताबदरिया से प्रारंभ हुई जन चेतना यात्रा 13 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में रहेगी।
             प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया कि उन्होंने छिन्दवाड़ा, नरसिंहपुर एवं मंडला जैसे अति महत्वपूर्ण जनजाति बाहुल्य जिलों का प्रभारी मंत्री बनाया । श्री बिसेन ने कहा कि मैं लगभग पौने तीन सालों से इन जिलों के नागरिकों के सेवक की भूमिका में अपने दायित्व का निर्वहन कर रहा हूँ । श्री बिसेन ने कहा कि इन तीनों जिलों की अपनी विशेषता है जहाँ मंडला में विश्व विख्यात राष्ट्रीय उद्यान कान्हा किसली है वहीं नरसिंहपुर में एशिया की सर्व उपजाऊ भूमि में सभी प्रकार के कृषि उत्पादों की पैदावार होती है तो छिन्दवाड़ा ने उद्यानिकी के क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि इन जिलों के गांवों तक जनकल्याणकारी योजनायें पहुंचाने के लिये मैं प्रतिबद्ध हॅं । हाल ही में सौंसर विकासखंड के दो महत्वपूर्ण गांव मोहगांव एवं बेरडी के दौरे पर ग्रामीणों की धार्मिक एवं विकासोन्मुखी सोच से मंत्री जी काफी प्रभावित हुये । प्रभारी मंत्री समय-समय पर जिला अस्पताल का निरीक्षण करते रहते हैं। 15 अगस्त को मरीजों एवं उनके परिजनों को फल एवं मिठाई बांट कर स्वतंत्रता की वर्षगांठ मनाई । साथ ही अमर शहीद अमित ठेंगे की प्रथम पुण्यतिथि पर उनके शौर्य और बलिदान को नमन करते हुये पुष्पांजलि अर्पित की । मंत्री जी ने बताया कि परासिया क्षेत्र के मंधान डेम सामूहिक पेयजल परियोजना के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 52 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जाकर कार्यादेश जारी किये जा चुके हैं ।  वहीं महिला सशक्तिकरण की दिशा में 27 जुलाई को प्रभारी मंत्री द्वारा दो बेटियों कु. दीक्षा रघुवंशी एवं कु. रेहाना मंसूरी को गोद लिया जाकर उनको भविष्य निधि स्वरुप एक-एक लाख रुपये का चेक दिया गया । प्रभारी मंत्री ने बेटी बचाओ के अभिनव अभियान में सभी वर्गो के लोगों से आगे आकर इसे सफल बनाने में योगदान देने की अपील की । प्रभारी मंत्री का मानना है कि देश के वर्तमान परिदृश्य में श्री लालकृष्ण आडवानी की जन चेतना यात्रा देश को नई दिशा देगी जिससे परिवर्तन के साथ देश का सम्मान बढ़ेगा । प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि अधिकाधिक संख्या में इस सभा में पधार कर इस मुहिम में अपना अमूल्य योगदान प्रदान कर अनुग्रहीत करें । 

---00--

No comments:

Post a Comment