1 Oct 2011

News 1 OCT 2011


जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

किसानों के रजिस्ट्रेशन का निर्णय

                   राज्य शासन द्वारा किसानों के लिए खेती का व्यवसाय लाभप्रद बनाने और उन्हें बेहतर व्यवस्थाओं के अन्तर्गत खाद्यान्न उपज का समर्थन मूल्य और बोनस का लाभ सुविधाजनक ढ़ग से दिलाने के उद्देश्य से किसानों के रजिस्ट्रेशन का निर्णय लिया गया है । जिले में रजिस्ट्रेशन का यह कार्य किसान नागरिक सुविधा केन्द्र अथवा एम.पी. ऑन लाईन क्रियोस्क के संचालक के माध्यम से 2 अक्टूबर 2011 से प्रारंभ किया जा रहा है। किसानों से अपना पंजीयन कराने की अपेक्षा की गई है।
                 प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना ने बताया कि पंजीयन हेतु किसानों को किसान नागरिक केन्द्र अथवा एम.पी.ऑन लाईन क्रियोस्क के संचालक को 10 रुपये का भुगतान करना होगा जिसकी रसीद एवं पंजीकरण क्रमांक की छायाप्रति किसान को उपलब्ध करायी जायेगी । इस राशि से किसान द्वारा प्रस्तुत ऋण पुस्तिका की स्केनिंग की जायेगी तथा उसका छायाचित्र भी लिया जायेगा । पंजीयन उपरान्त किसानों को क्रय केन्द्रों पर विक्रय के लिये आने हेतु तिथि का एस.एम.एस. अलर्ट और क्रय किये गये स्कंध का सामान्यत:  उसी दिन किसान के बैंक खाते में भुगतान की व्यवस्था की जायेगी ।

---------------------

अध्यक्ष श्री बंजारा का भ्रमण कार्यक्रम

               म.प्र. राज्य विमुक्त, घुमक्कड एवं अद्र्ध घुमक्कड़, जाति विकास अभिकरण के अध्यक्ष श्री नारायण सिंह बंजारा 5 अक्टूबर को प्रात: 9 बजे भोपाल से प्रस्थान कर शाम 7 बजे अमरवाड़ा पहुंचेंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे । आप 6 और 7 अक्टूबर को अमरवाड़ा में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे । आप 8 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे अमरवाड़ा से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे तामिया तहसील के ग्राम खुलसान पहुंचेंगे तथा यहाँ पर जिला स्तरीय विमुक्त जाति बंजारा के सम्मेलन में भाग लेकर शाम 4 बजे प्रस्थान कर शाम 6 बजे अमरवाड़ा पहुंचेंगे और यहीं विश्राम करेंगे । आप 9 अक्टूबर को प्रात: 9 बजे अमरवाड़ा से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे । 
---------------------
केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री नाथ का भ्रमण कार्यक्रम

                केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री कमलनाथ 6 अक्टूबर को प्रात: 9 बजे दिल्ली से विशेष विमान से प्रस्थान कर प्रात: 10.15 बजे छिन्दवाड़ा आयेंगे तथा प्रात: 10.30 बजे एईजिस काल सेंटर की आधारशिला और प्रात: 11.30 बजे ग्राम नेर में जे.पी.इंजीनियरिंग कॉलेज की आधारशिला रखेंगे । आप दोपहर 2 बजे छात्रों की बैठक, दोपहर 3.30 बजे रामलीला मैदान, शाम 5 बजे भारत मंगल भवन में पुस्तक विमोचन, रात्रि 8 बजे रानी की कोठी में रोटरी क्लब के गरबा और रात्रि 9 बजे दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे । श्री नाथ 7 अक्टूबर को प्रात: 8 बजे छिन्दवाड़ा से विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे ।
--------------------------

लोक सेवा गारंटी के लिये 7 विभागों की 26 सेवाएँ और जुड़ीं
अब 16 विभागों की 52 सेवाएँ उपलब्ध

                    मध्यप्रदेश में सिटीजन चार्टर को मुकम्मल अंज़ाम तक ले जाने की हलचल बढ़ चुकी है। राज्य सरकार की इस सिलसिले में मुस्तैदी से लोक सेवा गारंटी कानून की मजबूत बुनियाद तैयार हो गई है। इसकी बानगी यह है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में गत दिनों सम्पन्न एक बैठक के दौरान 7 अन्य विभागों की 26 और सेवाओं को इस कानून के दायरे में लाने का ऐलान किया था जिसके सिलसिले में  राज्य सरकार ने 24 सितम्बर 2011 को अधिसूचना जारी कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई का उद्देश्य तत्काल अमल सुनिश्चित करना है। यह अधिसूचना अब सभी विभागों की एक साथ जारी की गई है और इसमें पूर्व के विभागों में सेवाओं का विस्तार भी किया गया है। इसके चलते प्रदेश के लोगों को अब कुल 16 विभागों की 52 लोक-सेवाएँ मिल जायेंगी। उल्लेखनीय है कि इस कानून पर अमल की शुरूआत ही 9 विभागों की 26 सेवाओं से हुई थी।
               कलेक्टर ने बताया कि म.प्र. लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम के अन्तर्गत जारी ताज़ा अधिसूचना में लोक सेवाओं के अन्तर्गत ऊर्जा विभाग की स्थायी विच्छेदन करने संबंधी आवेदन का निराकरण, श्रम विभाग (मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल) की निर्माण श्रमिकों का पंजीयन और निर्माण कार्य के दौरान दुर्घटना में स्थायी अपंगता होने पर सहायता प्रदान करना, राजस्व विभाग की नजूल अनापत्ति प्रमाण-पत्र, शोध्य क्षमता प्रमाण-पत्र, वन्यप्राणियों द्वारा फसल हानि करने पर किसान को भुगतान, नगरीय प्रशासन विभाग की बी.पी.एल. सर्वे सूची में नाम जोड़ना, सामान्य प्रशासन विभाग की आय प्रमाण-पत्र, वन विभाग की वन्यप्राणियों से जनहानि हेतु राहत राशि का भुगतान, वन्य-प्राणियों से जन घायल हेतु राहत राशि का भुगतान, वन्य-प्राणियों से पशु हानि राहत राशि का भुगतान, मालिक मकबूजा प्रकरण में भुगतान, डिपो में काष्ठ प्राप्त होने के उपरांत भुगतान, पृथक लाट के विकल्प की दशा में विक्रय मूल्य की पूर्ण वसूली के प्रकरण और काष्ठ के परिवहन के लिये अनुज्ञा-पत्र प्रदाय करना, गृह विभाग की मृतक के परिवार के सदस्य के आवेदन पर पी.एम. रिपोर्ट की प्रति का प्रदाय किया जाना, दर्ज एफ.आई.आर. की प्रतिलिपि शिकायतकत्र्ता को प्रदान करना, लायसेंस अवधि समाप्त होने के पूर्व अवर्जित बोर के शस्त्र लायसेंस का नवीनीकरण और लायसेंस अवधि की समय-सीमा के पश्चात एन.पी. बोर के शस्त्र लायसेंस का नवीनीकरण, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की राज्य बीमारी सहायता निधि के अधीन एक लाख रुपये तक के प्रकरण (जिला-स्तरीय) का स्वीकृत किया जाना, विकलांगता प्रमाण-पत्र दिया जाना, दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना कार्ड जारी करना, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की रासायनिक उर्वरक, कीटनाशक, बीज विक्रय लायसेंस जारी करना और रासायनिक उर्वरक, कीटनाशक, बीज विक्रय लायसेंस का नवीनीकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग की लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत स्वीकृति जारी करना, परिवहन विभाग की लर्निंग ड्रायविंग लायसेंस और वाहन फिटनेस प्रमाण-पत्र तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ग्रामीण क्षेत्र में बी.पी.एल. के नाम जोड़ना की सेवाएँ शामिल की गई है ।
                   कलेक्टर ने बताया कि लोक सेवा से जुडे जिले के अतिरिक्त 7 विभागों से विकासखंड स्तर पदाभिहीत अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्र में 5 अक्टूबर तक जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये है जिससे 52 सेवाओं के प्रत्येक आवेदन का रिकार्ड कम्प्यूटर पर उपलब्ध रहे और सभी स्तर से मानिटरिंग की जा सके ।
----------------------

दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व शांति
और परम्परागत तरीके से मनाया जायेगाशांति समिति की बैठक सम्पन्न

                   दुर्गा उत्सव और दशहरा का त्यौहार आपसी तालमेल, सद्भावना, भाईचारा, शालीनता और शांतिपूर्वक परम्परागत तरीके से मनाया जायेगा । इसके लिए कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक स्थानीय कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति द्वारा विसर्जन के लिए चिन्हित 4 स्थल छोटा तालाब, नागपुर रोड पर स्थित कुलबहरा नदी, गुरैया स्टापडैम और परासिया रोड पर स्थित बोदरी नदी पर ही 6 अक्टूबर की शाम से 7 अक्टूबर की शाम तक प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की गई । बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी और समिति के सदस्यगण, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा, सहायक कलेक्टर  श्री अनुराग चौधरी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना,एस.डी.एम. डॉ. के.डी.त्रिपाठी, नगरपालिका, विद्युत, लोक निर्माण, आबकारी, होमगार्ड, स्वास्थ्य, यातायात, अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और पत्रकार उपस्थित थे ।
                 कलेक्टर डॉ. शर्मा ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व भाईचारा एवं शांतिपूर्वक मनाया जाये। आपने नगरपालिका,लोक निर्माण,विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थायें बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि झांकियों, मंदिरों,दशहरा मैदान, चल समारोह, विसर्जन स्थल एवं अन्य आवश्यक प्रमुख स्थानों पर पुख्ता व्यवस्था की जायेगी तथा यातायात ठीक किया जायेगा । उन्होंने अपेक्षा की कि चल समारोह में घातक और धारदार हथियारों का प्रदर्शन नहीं हों तथा झांकियों से किसी की भावनायें आहत नहीं हों। उन्होंने अपेक्षा की कि पंडालों में रात्रि में सोने,देखरेख और भीड को नियंत्रित करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं की ड¬ूटी लगायें तथा विद्युत से कोई दुर्घटना न हो इस पर ध्यान दें। विसर्जन के समय धार्मिक गाने ही बजे और युवा वर्ग शराब पीकर अश्लील नृत्य नहीं करें, इस पर भी ध्यान दें ।
                    शांति समिति की बैठक में सदस्यों ने नगर की सड़कों से अतिक्रमण और निर्माण सामग्री हटाने एवं सड़कों की मरम्मत किये जाने, आवश्यक स्थानों पर पानी एवं साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की बात कही। बैठक में कहा गया कि दुर्गा उत्सव की झांकियाँ सडकों पर नहीं लगायी जाये। बैठक में सर्वसम्मति से गरबा कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के अनुरुप आयोजित किये जाने तथा लाउड़ स्पीकर रात्रि 11 बजे तक ही बजाने और गरबा कार्यक्रम रात्रि में 11 बजे तक समाप्त कर दिये जाने का निर्णय लिया गया । कलेक्टर ने दुर्गा विसर्जन स्थल पर लाईट, नाव एवं गोताखोर की व्यवस्था करने तथा दशहरा मैदान में अधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुये इसके लिए पुलिस और यातायात की अच्छी व्यवस्था बनाये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने दुर्गा विसर्जन स्थल पर तैराक/गोताखोर के लिये टेंट लगाने के निर्देश दिये और उन्हें 24 घंटे विसर्जन स्थल पर ही रखने के लिए कहा । उन्होंने अच्छे गोताखोरों को मानदेय पर भी रखने के निर्देश नगरपालिका अधिकारी को दिये । बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के बिना अनुमति अनुपस्थित रहने और मुख्यालय से बाहर जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुये अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश अतिरिक्त कलेक्टर को दिये । बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने समिति के सदस्यों से पूर्व की तरह सहयोग करने की अपेक्षा करते हुये कानून व्यवस्था के लिए आश्वस्त किया । बैठक में साफ-सफाई, मार्गो के सुधार, यातायात, प्रकाश, पानी, आवारा पशुओं पर प्रतिबंध आदि पर भी विचार-विमर्श किया गया । समिति सदस्यों द्वारा भी बैठक में विभिनन सुझाव दिये गये ।
----------------------

 
115 हितग्राहियों को समय सीमा में लोक सेवायें प्रदाय

                      म.प्र. लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम 2010 के अन्तर्गत जिले के नगरीय निकाय चांदामेटा बुटरिया में अधिनियम लागू होने की तिथि से माह अगस्त 2011 तक 115 हितग्राहियों को समय सीमा में लोक सेवायें प्रदाय कर लाभान्वित किया गया है ।
                   मुख्य नगरपालिका अधिकारी चांदामेटा बुटरिया ने बताया कि आलोच्य अवधि में 7 हितग्राहियों को नया ए.पी.एल. राशन कार्ड, 107 हितग्राहियों को नवीन नल कनेक्शन और एक हितग्राही को मृत्यु की दशा में अनुग्रह सहायता योजना के अन्तर्गत समय सीमा में लोक सेवायें प्रदान कर लाभान्वित किया गया है । 

-----------------------
डी.एड. पत्राचार पाठ¬क्रम के प्रथम वर्ष के छात्राध्यापक
के लिये अध्यापन अभ्यास/ प्रेक्टीकल की तिथियाँ निर्धारित

                  जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि आयुक्त राज्य शिक्षा केन्द्र म.प्र. भोपाल द्वारा नियमित/पत्राचार पाठ¬क्रम प्रथम पर्ष के अध्यापन अभ्यास/प्रेक्टीकल के लिए 3, 12, 13 और 14 अक्टूबर की तिथियाँ निर्धारित की गई है । डी.एड. पत्राचार पाठ¬क्रम के प्रथम वर्ष के छात्राध्यापक इस परीक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी डाइट छिन्दवाड़ा से प्राप्त कर सकते हैं । 

---------------------          

No comments:

Post a Comment