जिला जनसम्पर्क कार्यालय,छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार
सूचना के अधिकार के अन्तर्गत क्षमता संवर्धन हेतु 14 और
15 सितम्बर को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन
भारत सरकार के सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 हेतु क्षमता संवर्धन परियोजना के अन्तर्गत अधिनियम के प्रचार-प्रसार और शासकीय अधिकारियों एवं नागरिकों की क्षमता संवर्धन के लिए स्थानीय जिला पंचायत के सभाकक्ष में आगामी 14 और 15 सितम्बर को प्रात: 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया है । इस प्रशिक्षण कार्यशाला में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धाराओं के प्रावधानों/नियमों के संबंध में लोक सूचना अधिकारियों और अपीलीय अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा ।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर एवं जिला पंचायत की परियोजना अधिकारी श्रीमती ललिता कर्णे तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छिन्दवाड़ा और परासिया श्री राजीव खरे और श्री ए.डी.श्रीवास्तव सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के विभिन्न प्रावधानों, अपील और दण्ड, आदेश पारित करना, व्यवहारिक चुनौतियों, अन्य कठिनाईयों आदि पर प्रशिक्षण देंगे । उन्होंने जिले के सभी जनपद पंचायतों के अपीलीय अधिकारियों और लोक सूचना अधिकारियों को इस प्रशिक्षण में अनिवार्य रुप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिये हैं । प्रशिक्षण में भाग नहीं लेने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी ।
-----------------
टी.डी.एस.संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु
छिन्दवाड़ा में सेमीनार का आयोजन 19 सितम्बर को
टी.डी.एस.संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु
छिन्दवाड़ा में सेमीनार का आयोजन 19 सितम्बर को
संभागीय कमिश्नर जबलपुर श्री रविन्द्र पस्तौर के निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में आयकर विभाग के प्रस्ताव पर छिन्दवाड़ा जिला मुख्यालय पर स्थानीय कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आगामी 19 सितम्बर को दोपहर 3.30 बजे से टी.डी.एस. संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए सेमीनार का आयोजन किया गया है। कलेक्टर द्वारा कोषालय अधिकारी को इस सेमीनार के संबंध में सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को सूचित कर सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। जिला कोषालय अधिकारी श्री एस.के.धाण्डे ने बताया कि कलेक्टर ने जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को सूचित करते हुये सेमीनार में अनिवार्य रुप से उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं ।
---------------------
जल उपभोक्ता संथा निर्वाचन के अन्तर्गत सेक्टर मजिस्ट्रेट और
जोनल अधिकारियों एवं परिवहन कार्यक्रम हेतु प्रभारी अधिकारी नियुक्त
जल उपभोक्ता संथा निर्वाचन 2011 के अन्तर्गत प्रभारी अधिकारी परिवहन (ज.उ.सं.) द्वारा सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल अधिकारियों की नियुक्ति तथा परिवहन कार्यक्रम तैयार कर वाहन अधिग्रहण और रवानगी की व्यवस्था के लिए अधीक्षक भू-अभिलेख श्री डी.एल.वाडिवा एवं सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख श्री रंजनलाल बघेल और श्री एस.डी.आर.धारपुरे को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है । साथ ही 8 सहायकों और 6 भृत्यों की नियुक्ति भी की गई है । उन्होंने नियुक्त सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को परिवहन शाखा की प्रभारी अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना के नियंत्रण और निर्देशों के अनुरुप आपसी समन्वय और सहयोग से समयावधि में सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिये हैं ।
---------------------
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ द्वारा 46 हितग्राहियों को
स्वेच्छानुदान मद से 2.80 लाख रुपये की अनुदान राशि की स्वीकृति प्रदाय
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ द्वारा 46 हितग्राहियों को
स्वेच्छानुदान मद से 2.80 लाख रुपये की अनुदान राशि की स्वीकृति प्रदाय
प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ द्वारा जारी वित्तीय वर्ष में अपने स्वेच्छानुदान मद से जिले की 5 तहसीलों के 46 हितग्राहियों को 2.80 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है । इस स्वीकृति के परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर द्वारा तहसील सौंसर, मोहखेड, छिन्दवाड़ा, जुन्नारदेव और हर्रई के तहसीलदार को स्वीकृत राशि पुनरावंटित कर संबंधित अनुदानग्राहिताओं को प्रदान करने के निर्देश दिये गये हैं। यह अनुदान राशि उच्च शिक्षा, उपचार, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि के लिए स्वीकृत की गई है । इसमें तहसील सौंसर के 28 हितग्राहियों की स्वीकृत 1.60 लाख रुपये, मोहखेड के 10 हितग्राहियों की स्वीकृत 55 हजार रुपये, छिन्दवाड़ा के 3 हितग्राहियों की स्वीकृत 25 हजार रुपये, जुन्नारदेव के 3 हितग्राहियों की स्वीकृत 30 हजार रुपये और हर्रई के 2 हितग्राहियों की स्वीकृत 10 हजार रुपये की अनुदान राशि शामिल हैं ।
-----------------------
अभी तक 961.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में अभी तक 961.7 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है,जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 885.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई थी । जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रात: 8 बजे तक 2.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड सौंसर में 4 मि.मी.,पांढुर्ना में 21.2 और जुन्नारदेव में 1.4 मि.मी. वर्षा शामिल है।
अधीक्षक भू-अभिलेख श्री डी.एल. वाडिवा द्वारा बताया गया कि जिले में 8 सितम्बर तक 961.7 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड छिन्दवाड़ा में 958.8 मि.मी., मोहखेड में 904.6, तामिया में 1131, अमरवाडा में 1325.6, चौरई में 831.8, हर्रई में 802.9, सौंसर में 843.2, पांढुर्ना में 1074.2, बिछुआ में 740.8, परासिया में 1021.5 और जुन्नारदेव में 994 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
No comments:
Post a Comment