9 Aug 2011

समाचार 9 Augest 2011


जिला जन सम्पर्क कार्यालय छिन्दवाडा(म.प्र.)
समाचार

6 वर्ष से अधिक आयु के बहुविकलांग और मानसिक रुप से
अविकसित सभी नि:शक्त जनों को मिलेगा योजना का लाभ

                राज्य शासन द्वारा म.प्र. के छ: वर्ष से अधिक आयु के बहुविकलांग और मानसिक रुप से अविकसित नि:शक्तजन के लिए सहायता योजना 2009 में आंशिक संशोधन करते हुये इस योजना के पैरा 4 के उपपैरा (घ)  का लोप कर दिया गया है तथा राजपत्र क्रमांक 316 में 30 जून 2011 को इसका प्रकाशन भी कर दिया गया है । इस संशोधित अध्यादेश के माध्यम से गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले की शर्त विलोपित हो जाने के फलस्वरुप अब 30 जून 2011 से इस योजना के अन्तर्गत 6 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे सभी बहुविकलांग और मानसिक रुप से अविकसित नि:शक्त जन को भी 500 रुपये प्रतिमाह की अनुदान राशि मिल सकेगी  जो गरीबी रेखा से नीचे नहीं आने के कारण लाभ से वंचित थे ।  अपर कलेक्टर (विकास) द्वारा जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि स्पर्श अभियान के अन्तर्गत ऐसे सभी बहुविकलांग और मानसिक नि:शक्तजनों के प्रकरण तत्काल पूर्ण कराकर जिला कार्यालय में भेजे जो गरीबी रेखा के नीचे नहीं आने से योजना के लाभ से वंचित थे ।
---------------------------
जिले में अभी तक 646.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

            जिले में अभी तक 646.5 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है,जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 607 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गर्ई थी। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रात: 8 बजे तक 5.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड छिन्दवाड़ा में 2.8 मि.मी., मोहखेड में 10, तामिया में 5, चौरई में 1.2, हर्रई में 4.2, सौंसर में 14.2, पांढुर्ना में 12.8, बिछुआ में 2.6,परासिया में 2 और जुन्नारदेव में 7.6 मि.मी. वर्षा शामिल है।
           अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा बताया गया कि जिले में 9 अगस्त तक 646.5 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड छिन्दवाड़ा में 623.2 मि.मी., मोहखेड में 563.4, तामिया में 823.9, अमरवाडा में 1088.8, चौरई में 545.2, हर्रई में 629.6, सौंसर में 552.6, पांढुर्ना में 582.8, बिछुआ में 400, परासिया में 656 और जुन्नारदेव में 681 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
---------------------------
जिला स्तरीय अल्प संख्यक कल्याण समिति
की बैठक का आयोजन 12 अगस्त को

       कलेक्टर की अध्यक्षता में आगामी 12 अगस्त को प्रात: 11 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अल्प संख्यक कल्याण समिति की बैठक का आयोजन किया गया है । इस संबंध में सभी संबंधित विभाग प्रमुखों को अल्पसंख्यक कल्याण से संबंधित संचालित योजनाओं की जानकारी 10 अगस्त तक आदिवासी विकास कार्यालय में 20 प्रतियों मं भेजने और बैठक में अनिवार्य रुप से उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं ।
---------------------------
खरीफ फसलों में कीट व्याधि के संबंध में सलाह और
मार्गदर्शन हेतु जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित

               किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा खरीफ फसलों में कीट व्याधि के नियंत्रण के संबंध में कृषकों को आवश्यक सलाह एवं मार्गदर्शन देने के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है । साथ ही कीट व्याधि के निरीक्षण और कृषकों को तकनीकी मार्गदर्शन देने के लिए निगरानी दल का गठन भी किया गया है जो 16 अगस्त से 25 सितम्बर तक निर्धारित तिथियों में जिले के विकासखंडों की फसलों/ कीट व्याधि का निरीक्षण करेगा। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07162-24163 है जो प्रात: 10.30 से शाम 5.30 बजे तक चालू रहेगा ।
               उप संचालक कृषि ने बताया कि जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का प्रभारी सहायक संचालक कृषि श्री धीरज कुमार ठाकुर को बनाया गया है तथा कृषि अन्वेषक श्री सी.पी. सिंह सहायक के रुप में कार्य करेंगे । साथ ही वाहन चालक श्री शशिकांत लाल अपने वाहन के साथ नियंत्रण कक्ष में उपस्थित रहेंगे । इसी प्रकार सहायक संचालक कृषि श्री धीरज कुमार ठाकुर को निगरानी दल का प्रमुख भी बनाया गया है । इस दल में जिले के सभी अनुविभागीय कृषि अधिकारी, कृषि अनुसंधान केन्द्र चंदनगांव के कीट विज्ञान के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. एस.आर.धारपुरे और वरिष्ठ वैज्ञानिक (एग्रोनामी) डॉ. विजय पराडकर, संबंधित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी और कार्यालयीन फोटोग्राफर श्री विनोद नायक को शामिल किया गया है । निगरानी दल जिले के विकासखंड छिन्दवाड़ा, चौरई और मोहखेड में 16,18 और 23 अगस्त एवं 9,13 और 16 सितम्बर, विकासखंड अमरवाड़ा और हर्रई में 25 अगस्त एवं 18 सितम्बर, विकासखड परासिया , जुन्नारदेव और तामिया में 27 अगस्त एवं 23 सितम्बर तथा विकासखंड सौंसर, पांढुर्ना और बिछुआ में 29 और 30 अगस्त एवं 25 सितम्बर को फसलों/कीट व्याधि का निरीक्षण कर कृषकों को आवश्यकतानुसार सुझाव देकर स्थल पर ही उनकी समस्याओं का निराकरण करेगा ।
---------------------------
जनसुनवाई कार्यक्रम के अन्तर्गत
138 आवेदनों में हुई जनसुनवाई

              जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत आज स्थानीय कलेक्टर न्यायालय कक्ष में अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा ने 138 आवेदनों में जनसुनवाई की। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान आवेदकों को संबंधित कार्यालयों के प्रमुखों से भी सम्पर्क करने की समझाईश दी जिससे उनके आवेदनों का शीघ्र निराकरण हो सके । उन्होंने संबंधित विभाग प्रमुखों को भी आवेदकों के आवेदनों का यथाशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये ।
            जनसंनुवाई कार्यक्रम के अंतर्गत श्री केशव परतेती ने दैनिक दर पर कार्य करने की अवधि बढ़ाने,श्रीमती सुशीला द्वारा नगरपालिका में दैनिक दर पर कार्य करने, प्रीतम भोई द्वारा अपनी पुत्री की स्कूल फीस की माफी, डॉ. सुमित द्वारा नगरपालिका को आवंटित दुकानों की जांच, श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा अपनी पत्नी की बच्चेदानी का नागपुर में आपरेशन हेतु, आर्थिक अनुदान, प्रीतम श्रीवास द्वारा नगरपालिका से गरीबों के स्थान पर अपात्रों को मकान आवंटित करने की जांच, राधेश्याम द्वारा उसकी जमीन की अन्य व्यक्ति द्वारा बिक्री कर देने की जांच, कु.श्यामकुमारी द्वारा छात्रावास में प्रवेश, दीघावानी (पायली) के ग्रामीणों द्वारा ग्राम में विभिन्न विकास/निर्माण कार्य कराने, श्री छोटेलाल द्वारा फर्जी पावती से रजिस्ट्री की जांच तथा अन्य आवेदकों द्वारा बी.पी.एल. सूची में नाम जोड़ने, बैंक से ऋण दिलाने, ग्राम में चरनोई भूमि घोषित करने, संविदा शिक्षक पद से स्थानांनतरण करने एवं अन्य विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये गये जिन पर जनसुनवाई की गई ।
---------------------------
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ का भ्रमण कार्यक्रम

          प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ 10 अगस्त को प्रात: 9 बजे सौंसर में आयोजित विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में  भाग लेने के बाद दोपहर 2 बजे प्रस्थान कर दोपहर 3 बजे पांढुर्णा पहुंचेंगे । आप पांढुर्ना में सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद दोपहर 3.30 बजे प्रस्थान कर शाम 4.30 सौंसर पहुंचेंगे तथा यहां स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद रात्रि विश्राम करेंगे । स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री मोहोड़ 11 अगस्त को प्रात: 10 बजे सौंसर से प्रस्थान कर प्रात: 11 बजे छिन्दवाड़ा आयेंगे तथा यहां भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में शामिल होने के बाद शाम 6 बजे प्रस्थान कर शाम 7 बजे सौंसर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे । आप 12 अगस्त  को प्रात: 7 बजे सौंसर से छिन्दवाड़ा, चौरई, सिवनी होते हुये बालाघाट जायेंगे तथा वहां आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम 4.30 बजे लांजी से गोंदिया, तुमसर, पारसिवनी, सावनेर खापा होते हुये रात्रि 8.30 बजे सौंसर पहुंचेंगे एवं यही रात्रि विश्राम करेंगे।
---------------------------
पूर्व सैनिक अंशदायी चिकित्सा योजना
की सदस्यता कराने के निर्देश

            जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राजा शेखर (से.नि.) ने एक अप्रैल 2003 से पहले के सेवानिवृत्त हुये सभी पूर्व सैनिकों को निर्देश दिये है कि वे सभी अपनी पूर्व सैनिक अंशदायी चिकित्सा योजना (ईसीएसएच) की सदस्यता 30 नवम्बर 2011 तक करा लें, क्योंकि एक दिसम्बर 2011 के बाद इस योजना की सदस्यता की कार्यवाही बन्द हो जायेगी ।
---------------------------
जनपद पंचायत बिछुआ के प्रशिक्षण
कार्यक्रम की तिथि संशोधित

               जिला योजना अधिकारी ने बताया कि जिला विकेन्द्रीकृत योजना के अन्तर्गत जिले की जनपद पंचायत बिछुआ में आयोजित ग्राम पंचायत स्तरीय तकनीकी सहायता दल के सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथि में आंशिक संशोधन किया गया है । अब यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 अगस्त के स्थान पर 27 अगस्त को आयोजित किया गया है ।


No comments:

Post a Comment