5 Aug 2011

समाचार 5 Augest 2011



जिला जन सम्पर्क कार्यालय छिन्दवाडा(म.प्र.)
समाचार

जिला स्तरीय अनुसूचित जाति सलाहकार एवं
निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न
4 विभागों की गतिविधियों की हुई समीक्षा

                  जिला स्तरीय अनुसूचित जाति सलाहकार एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष एवं जिले के विधान सभा क्षेत्र परासिया के विधायक श्री ताराचंद बावरिया की अध्यक्षता में आज स्थानीय जिला पंचायत के सभाकक्ष में समिति की बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में समिति सदस्य श्री हरीन्द्र कुमार राव और श्री संजय निंबुलकर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री बृजेशचंद्र पाण्डे, उप संचालक कृषि श्री गुर्जर, सहायक संचालक उद्यान श्री तोमर, जिला विपणन अधिकारी श्री येरपुड़े और सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री श्रीवास्तव उपस्थित थे।
                 बैठक में समिति के अध्यक्ष श्री बावरिया ने जिला विपणन अधिकारी को निर्देश दिये कि सहकारी समितियों में उपलब्ध कराई जाने वाली रासायनिक खाद की साप्ताहिक जानकारी का मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करें जिससे कृषकों को रासायनिक खाद की उपलब्धता की जानकारी मिल सके। उन्होंने निर्देश दिये कि जिन क्षेत्रों में रासायनिक खाद की कमी की जानकारी मिल रही है, वहां तत्काल रासायनिक खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने सहायक संचालक उद्यान को निर्देश दिये कि फल पौध रोपण पर अनुदान योजना और घरेलू बागवानी योजना के अन्तर्गत अनुसूचित जाति के हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लक्ष्य को बढ़ाने के लिए जिला योजना में प्रस्ताव शामिल करें । उन्होंने अनुदान वितरण की वर्तमान प्रक्रिया के कारण लक्ष्य पूर्ति में आ रही बाधा को दूर करने के लिए मुख्य मंत्री से चर्चा करने के लिए आश्वस्त किया । उन्होंने उप संचालक कृषि को क्वालिटी कंट्रोल के मद्देनजर खाद, बीज विक्रेताओं के नये लायसेंस विक्रेता की साख और उसके बेकग्राउंड को देखकर ही जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने नलकूप खनन योजना में अनुसूचित जाति के हितग्राहियों के सफल और असफल नलकूप की अनुदान राशि बढ़ाने के लिए भी मुख्य मंंत्री से चर्चा करने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री को निर्देश दिये कि जिले के सभी हैण्डपंप प्लेटफार्म के समीप एक छोटा टांका बनाने का कार्य तत्काल शुरु करें जिससे पानी व्यर्थ नहीं बहे और यह संग्रहित पानी मवेशियों के निस्तार के काम आ सके। उन्होंने ग्राम पंचायत सेठिया की तीनों पेयजल टंकी की गुणवत्ता की जांच करने और पाईप लाईन की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाने, उमरिया फदाली में पेयजल की व्यवस्था सुचारु बनाने, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर और एकलव्य स्कूलों में हैण्डपंप खनन कर पेयजल व्यवस्था करने तथा ग्राम सिरगोरा में दो स्थानों पर हैण्डपंप खनन करने के निर्देश दिये । बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा गत वर्ष की उपलब्धियों एवं जारी वित्तीय वर्ष के लक्ष्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई ।
-----------------------
पूर्व मुख्य मंत्री सुश्री उमा भारती का भ्रमण कार्यक्रम

                 प्रदेश की मुख्य मंत्री सुश्री उमा भारती 6 अगस्त को दोपहर 12 बजे कार द्वारा नागपुर से जामसांवली के लिए प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे जामसांवली मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा अर्चना करेंगी । आप दोपहर 2 बजे कार द्वारा जामसांवली से नागपुर के लिए प्रस्थान कर 3.30 बजे नागपुर पहुंचेंगी । 
------------------------
छात्रा अध्यापकों की परीक्षा 12 सितम्बर से

                जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण सस्थान के प्राचार्य द्वारा बताया गया कि डिप्लोमा इन एजूकेशन प्रथम वर्ष नियमित अथवा पत्राचार 2010-11 के छात्रा अध्यापकों की परीक्षा 12 से 16 सितम्बर तक प्रात: 8.30 से 11.30 बजे तक होगी । भारतीय समाज में शिक्षा विषय की परीक्षा 12 सितम्बर को, बाल विकास विषय की परीक्षा 13 सितम्बर को, विद्यालय प्रबंध एवं नियोजन विषय की परीक्षा 14 सितम्बर को, हिन्दी विषय की परीक्षा 15 सितम्बर तथा गणित विषय की परीक्षा 16 सितम्बर को होगी ।
------------------------------
विकेन्द्रीकृत जिला योजना की कार्यशाला सम्पन्न

                कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन में आज स्थानीय कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में विकेन्द्रीकृत जिला योजना वर्ष 2012-13 की एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न हुई । कार्यशाला में जिला स्तरीय और जनपद/नगरीय निकाय स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के रुप में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ही जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी,अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
              कार्यशाला में जिला योजना अधिकारी ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद/नगरीय निकाय की कार्य योजना 15 सितम्बर 2011 तक ग्राम/वार्ड सभा आयोजित कर तैयार करें एवं साफ्टवेयर में प्रविष्टि की कार्यवाही अनिवार्यत: करें ताकि जिले की कार्ययोजना समेकित कर समयावधि में जिला योजना समिति से अनुमोदित करवा कर राज्य योजना आयोग को स्वीकृति के लिए भेजा जा सके । उन्होंने विकेन्द्रीकृत जिला योजना का उद्देश्य एवं उसके साफ्टवेयर में प्रविष्टि की कार्रवाई से अवगत कराते हुये सभी मास्टर ट्रेनर्स को जनपद/नगरीय निकाय के लिए निर्धारित प्रशिक्षण तिथि में उपस्थित रहकर जनपद/नगरीय निकाय के तकनीकी सहायता दल को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिये । विकेन्द्रीकृत जिला योजना में भारत शासन/यूनिसेफ द्वारा लक्षित आठ महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर प्रकाश डालते हुये डिस्ट्रिक फेसीलीटेटर श्री सिंघा द्वारा उनका महत्व बताते हुये विकेन्द्रीकृत जिला योजना में उनका स्थान बताया । उन्होंने बताया कि ग्राम के उन्मुखीकरण के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, आजीविका, कृषि, ऊर्जा एवं नागरिक/सामाजिक न्याय संबंधित बिन्दुओं पर किस प्रकार की गतिविधियों का समावेश ग्राम/वार्ड सभा में अनुमोदित कर क्रियान्वित किया जाना चाहिये । इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा सभी प्रतिभागियों को अपना कार्य पूर्ण मनोनयन के साथ संपादित करने के निर्देश दिये गये । डिस्ट्रिक फेसीलीटेटर द्वारा सभी प्रशिक्षणार्थियों को विकेन्द्रीकृत जिला योजना हेतु उपलब्ध प्रपत्रों में भरी जाने वाली जानकारी के संबंध में विस्तृत रुप से प्रशिक्षण दिया गया तथा विगत वर्ष के भरे गये सभी प्रपत्रों को इस वर्ष ऑन लाईन किस प्रकार भरा जाना है अथवा संशोधित करना है, की जानकारी से अवगत कराया । ग्राम/वार्ड सभा के सफल आयोजनों के लिए समुचित वातावरण का निर्माण तैयार करने के साथ ही साथ योजनाओं से आमजनों को अवगत करने में स्वयंसेवी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुये जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा बताया गया कि योजना निर्माण में स्वयं सेवी संस्थाओं के सदस्यों की सहायता भी ली जाना चाहिये ।
-----------------------
जल उपभोक्ता संथा निर्वाचन के अन्तर्गत
रिटर्निंग आफिसर एवं सहायक अधिकारी नियुक्त

                उप जिला निर्वाचन अधिकारी (ज.उ.सं.नि.) श्री अनुराग सक्सेना द्वारा जल उपभोक्ता संस्था निर्वाचन 2011 के सफल संचालन के लिये जिले के 9 तहसीलदारों को रिटर्निंग आफीसर नियुक्त किया गया है तथा 50 सहायक अधिकारियों की डूटी भी लगाई गई है। साथ ही जिला स्तर पर कंट्रोल रुम की स्थापना करते हुये रिटर्निंग आफीसर स्तर पर 16 अगस्त से 20 सितम्बर तक कंट्रोल रुम स्थापित कर प्रात: 8 से रात्रि 8 बजे तक अधिकारी/कर्मचारियों की ड¬ूटी लगाने के निर्देश तहसीलदार सह रिटर्निंग आफिसर को दिये गये हैं । जिला स्तरीय कंट्रोल रुम का दूरभाष और फैक्स नंबर 07162-244669 और मोबाईल नंबर 09329220523 तथा मेल आई.डी.    deochhindwara@gmail.com   है ।
                उप जिला निर्वाचन अधिकारी (ज.उ.सं.नि.) श्री सक्सेना ने बताया कि तहसीलदार छिन्दवाड़ा, परासिया, जुन्नारदेव, तामिया, अमरवाड़ा, चौरई, बिछुआ, सौंसर और पांढुर्ना को रिटर्निंग आफिसर  (ज.उ.सं.नि.) नियुक्त किया गया है तथा तहसील परासिया और जुन्नारदेव में 4-4 एवं छिन्दवाड़ा, तामिया, अमरवाड़ा, चौरई, बिछुआ, सौंसर और पांढुर्ना में 6-6 सहायक अधिकारियों/कर्मचारियों की डूटी लगाई गई है । ये  सहायक अधिकारी/कर्मचारी नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, उसकी जाँच करने, जाँच उपरान्त विधिमान्य नामनिर्दिष्ट अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने, नाम निर्देशन पत्र की वापसी, अंतिम सूची तैयार करने, अभ्यर्थियों को प्रतीकों का आवंटन, मतपत्रों का मुद्रण, मतदान दलों का सामग्री का वितरण-वापसी, वाहनों की रवानगी आदि व्यवस्था में रिटर्निंग आफिसरों को सहयोग करेंगे । उन्होंने राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों और कार्यपालन यंत्री सह नोडल अधिकारी जल संसाधन विभाग को भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं ।
-----------------------------
जिले में अभी तक 595.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

               जिले में अभी तक 595.9 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है,जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 555.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गर्ई थी। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रात: 8 बजे तक 6.4 मि.मी. औसत, वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड तामिया में 19, चौरई में 1.8, सौंसर में 7, पांढुर्ना में 36.4, बिछुआ में 6.2 और जुन्नारदेव में 0.8 मि.मी. वर्षा शामिल है।
               अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा बताया गया कि जिले में 5 अगस्त तक 595.9 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड छिन्दवाड़ा में 585 मि.मी., मोहखेड में 542.8, तामिया में 650.9, अमरवाडा में 1068.6, चौरई में 498.8. हर्रई में 587.2, सौंसर में 536.4, पांंढुर्ना में 556.4, बिछुआ में 386.1, परासिया में 556.8 और जुन्नारदेव में 618.4 मि.मी.वर्षा दर्ज की गई है।

No comments:

Post a Comment