16 Aug 2011

समाचार 16 Augest 2011


जिला जनसंपर्क कार्यालय छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार

ग्रामवासी प्रदेश सरकार की योजनाओं का
 अधिकाधिक लाभ लें – प्रभारी मंत्री श्री बिसेन

प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने ग्राम सहपानी में
 मध्यान्ह भोज किया

मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के जिला स्तरीय स्मार्ट कार्ड का शुभारंभ

                प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए बहुत सी योजनायें संचालित की जा रही हैं तथा किसानों को एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है । शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्रदेश सरकार द्वारा हासिल की गई हैं तथा बालिकाओं के साथ ही अब बालकों को भी गणवेश, साईकिल, पाठ¬पुस्तक आदि नि:शुल्क प्रदाय की जा रही है । आप सभी प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें । श्री बिसेन गत दिवस जिले के परासिया विकासखंड की ग्राम पंचायत बारंगा के ग्राम सहपानी में आयोजित मध्यान्ह भोज के कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे । उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोज किया तथा शासकीय प्राथमिक शाला के 5.20 लाख रुपये लागत के नवनिर्मित दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण भी किया । उन्होंने जिले में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के अन्तर्गत स्मार्ट कार्ड योजना का शुभारंभ भी किया ।  इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री ताराचंद बावरिया, नगरपालिका छिन्दवाड़ा अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर और अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, सहायक कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री रमेश कुमरे, जिला समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र श्री बघेल, उप संचालक सामाजिक न्याय श्री एन.के.दुबे, जिला पंचायत की मध्यान्ह भोजन प्रभारी श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रीवास्तव, अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण श्री एम.एस.डेहरिया, अन्य अधिकारी, सरपंच श्री लच्छीराम साहू, प्रधानपाठक, शिक्षक, शिक्षिकायें, छात्र-छात्रायें तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।
                 प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 50 लाख मीट्रिक टन गेहूँ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है तथा किसानों को समर्थन मूल्य के अलावा प्रति Ïक्वटल 100 रुपये की अतिरिक्त राशि का बोनस किसानों को दिया गया है । जिन कृषकों की फसलें ओला/पाला से प्रभावित हुई , उन्हें भी सरकार द्वारा 500 करोड रुपये की राहत राशि वितरित की गई है । उन्होंने बताया कि प्रदेश के अंत्योदय कार्ड वाले उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 35 किलोग्राम और बी.पी.एल. कार्ड वाले उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 20 किलोग्राम खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है । उन्होंने बताया कि बलराम तालाब योजना के अन्तर्गत किसानों द्वारा अपने खेत में तालाब बनवाये जाने पर एक लाख रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है । ग्राम के किसान इस योजना का लाभ लेकर अपना स्वयं का सिंचाई का साधन विकसित करें जिससे उनकी आर्थिक समृद्धि होगी । उन्होंने बताया कि अब मत्स्यपालक मछुआरों को भी सहकारी समितियों के माध्यम से मछुआरा क्रेडिट कार्ड बनाकर एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है । क्षेत्र के मत्स्यपालक मछुआरे इस योजना का लाभ ले सकते हैं । उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष 160 हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई है तथा इन स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए बजट भी स्वीकृत कर दिया गया है । इन स्कूलों में ग्रामवासी ग्राम के ही शिक्षित युवा को अतिथि शिक्षक के रुप में नियुक्त कर सकते हैं तथा किसी भी अतिथि शिक्षक को 2500 रुपये से कम मानदेय नहीं दिया जायेगा । उन्होंने ग्रामवासियों की मांग पर ग्राम में ही एक सहकारी समिति खोलने और एक पेयजल टंकी निर्माण की घोषणा की तथा छात्राओं की मांग पर शाला में खेल मैदान और खेल सामग्री के लिये स्वीकृति प्रदान करने के साथ ही स्कूल के डेस्क हेतु एक लाख रुपये की राशि प्रदाय करने की घोषणा की । उन्होंने ग्राम छितरी में आंगनवाडी भवन निर्माण के लिए आश्वस्त किया तथा क्षेत्रीय विधायक श्री बावरिया द्वारा प्रस्तुत सूची के सभी हैण्डपंपों के खनन की स्वीकृति भी प्रदान की । उन्होंने लाडली लक्ष्मी योजना के अन्तर्गत कु.ईश्वरीया जगदीश, कु.शिवानी बबीता, कु.श्रद्धा श्वेता, कु.सोनालिका रीना, कु.एकांची चांदनी, कु.साबरी सरसुति, कु.राधिका सरेना, कु.तल्ला साहू, कु.शिवानी संगीता और कु. सलोनी कलावती को 5-5 हजार रुपये की एन.एस.सी. और आंगनवाडी केन्द्र के बच्चों को अनौपचारिक शिक्षा के प्रमाण पत्र वितरित किये । उन्होंने आगामी सत्र से ग्राम में हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने के लिए आश्वस्त किया ।
                     समारोह में क्षेत्रीय विधायक श्री बावरिया ने क्षे में हुये विभिन्न विकास कार्यो की विस्तार से जानकारी देते हुये बताया कि परासिया विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी मंत्री श्री बिसेन के विशेष प्रयासों से मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा इसी वर्ष के बजट में बंधान डैम के लिये 52 करोड रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है । सडक और शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है । उन्होंने मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के अन्तर्गत स्थानीय समूहों को कार्य का अवसर देने की अपेक्षा की तथा स्कूल भवन गिरने की जाँच के लिये कहा । उन्होंने सभी को रक्षाबंधन,रमजान और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें भी दी ।
______________
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने भाजीपानी में दंगल समारोह
और इकलेहरा में भुजलिया मेले में की सहभागिता

कौमी एकता के प्रतीक मस्जिद और मंदिर में की इबादत और पूजा अर्चना

                प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने गत दिवस जिले के परासिया विकासखंड के ग्राम भाजीपानी में भुजलिया के अवसर पर आयोजित दंगल समारोह में भाग लिया तथा इकलेहरा में आयोजित भुजलिया मेले में सहभागिता की । उन्होंने इकलेहरा में मुस्लिम भाईयों से भेंट कर उन्हे रमजान की बधाई दी तथा उनके साथ रोजा अफ्तार में भाग भी लिया । उन्होंने इकलेहरा में एक ही स्थान पर बने कौमी एकता के प्रतीक श्रीराम मंदिर और मस्जिद की सराहना करते हुये जहाँ मस्जिद में जाकर इबादत की, वहीं मंदिर में जाकर पूजा अर्चना भी की । इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री ताराचंद बावरिया, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री अरुण कपूर और अन्य जनप्रतिनिधि, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री रमेश कुमरे, कार्यपालन यंत्री पेंचव्हेली समूह जलप्रदाय परियोजना श्री एच.ए.प्रधान, अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण श्री एम.एस.डेहरिया एवं अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।
                प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने भाजीपानी में सभी को भुजलिया, रमजान, रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें दी तथा ग्रामवासियों की मांग पर एक उच्च स्तरीय पेयजल टंकी स्वीकृत करने की घोषणा की । उन्होंने बराबरी पर रही पहलवानों की दो टीमों अनिल पहलवान सिवनी और राजेश पहलवान चांदामेटा एवं इंदर पहलवान लछुआ और सोना पहलवान चरई को अपनी ओर से एक-एक हजार रुपये की नगद राशि पुरस्कार स्वरुप प्रदान की । उन्होंने इकलेहरा में आयोजित भुजलिया मेले में घूमकर मेले का लुत्फ भी लिया । इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री बावरिया ने प्रभारी मंत्री श्री बिसेन के मेले में आगमन को ऐतिहासिक बताते हुये उनके प्रयासों से स्वीकृत 52 करोड रुपये के बंधान डैम की प्रगति की जानकारी दी । उन्होंने ग्रामवासियों की मांग पर भाजीपानी में एक पेयजल टेंकर देने की स्वीकृति भी प्रदान की ।
______________

जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

                संभागीय आयुक्त श्री रविन्द्र पस्तौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागृह में  जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा, अतिरिक्त कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री अनुराग सक्सेना, एस.डी.एम. डॉ. के.डी.त्रिपाठी एवं विभाग प्रमुख उपस्थित थे ।
              बैठक में कमिश्नर ने सभी विभागों की जानकारी ली । कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि ग्रामीण एवं विकास स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में आवासरत रहने के आदेश जारी करें । सभी अधिकारी आवास के सामने नाम एवं पदनाम पट्टिका लगाये । बैठक में निर्देश दिये कि कोई भी अधिकारी अनावश्यक  मीटिंग न लें ऐसा होने पर मीटिंग का खर्चा साथ ही माइनर पेनाल्टी भी लगाई जायेगी । जिला अधिकारी मासिक डायरी तैयार कर कलेक्टर से अनुमोदित करवाये । कमिश्नर द्वारा ग्राम विकास पुस्तिका तैयार करने के निर्देश दिये गये जिसमें तीन कॉलम में जानकारी समाहित की जायेगी । बैठक में विभिन्न योजनाओं के लिए आये बजट को तीन दिन के अंदर रिलीज करने के निर्देश दिये ।
             कमिश्नर ने मध्यान्ह भोजन, आदिवासी विकास विभाग से छात्रवृत्ति योजनाओं एवं कृषि विभाग से कृषकों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ली । कमिश्नर ने निर्देश दिये कि विभिन्न निर्माण स्थलों पर बोर्ड लगाये जाये जिसमें निर्माण कार्य प्रारंभ  और समाप्ति की दिनांक तथा निर्माण एजेंसी का नाम एवं फोन नंबर की जानकारी हो ।  कमिश्नर ने जानकारी दी कि विकासखंड स्तर पर अन्त्योदय मेले सितम्बर माह से प्रारंभ होंगे । बैठक में कमिश्नर द्वारा निर्देश दिये गये कि सभी प्रमुख योजनाओं की जानकारी विभिन्न माध्यमों से ग्रामीण जन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें । शिक्षा विभाग को सेमीनार आयोजित कर विभिन्न छात्रवृत्तियों की जानकारियाँ टीचर्य को देने के लिये निर्देशित किया गया जिससे छात्रों को इसका लाभ मिल सके । उन्होंने निर्देश दिये कि सभी कार्यालय प्रमुख अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की पॉकेट साईज बुकलेट छपवायें तथा उनहें ग्राम स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुहैया कराकर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें । इसी प्रकार टीकाकरण केवल आंगनवाडी में ही हो ताकि आने वाले माता-पिता अपने बच्चे को आंगनवाडी से चलने वाली योजनाओं का लाभ दिला सके । कमिश्नर द्वारा साफ सुथरे तनावमुक्त वातावरण में शत प्रतिशत कार्यदक्षता के साथ कार्य करने का आव्हान किया गया। कमिश्नर द्वारा निर्देशित किया गया कि अगस्त-सितम्बर माह में कर्मचारियों की समस्या के निवारण हेतु शिविर का आयोजन किया जाये । कमिश्नर द्वारा कृषि कार्यालय के उप संचालक को सभी ग्राम पंचायतों में कृषि बीज समिति बनाने के निर्देश देते हुये कहा कि हर समिति में 350 सदस्य होंगे एवं हर समिति के पास बीज, खाद,कीटनाशक एवं मंडी लाईसेंस होने चाहिये । साथ ही उद्यानिकी, कृषि उत्पादन में वृद्धि , पशुधन वृद्धि, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हेतु अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के लिऐ निर्देशित किया । उन्होंने शहरी क्षेत्र में गरीब महिलाओं, विकलांगों, परित्यक्ता को प्राथमिकता देते हुये हर वार्ड में एक सांची दुग्ध बिक्री केन्द्र स्थापित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये ।
________________

85 आवेदनों में हुई जनसुनवाई

                जनसुनवाई कार्यक्रम के अन्तर्गत आज स्थानीय कलेक्टर न्यायालय कक्ष में 85 आवेदनों में जनसुनवाई की गई । संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना ने आम नागरिकों के आवेदनों पर जनसुनवाई की । जनसुनवाई कार्यक्रम में बी.पी.एल.सर्वे सूची में नाम जोड़ने, बंटवारा, नामांतरण, मुआवजा राशि देने, पेंशन देने, अनुकम्पा नियुक्ति, शाला में प्रवेश, छात्रवृत्ति, निर्माण कार्यो की जाँच तथा अन्य विषयों पर जनसुनवाई की गई ।
________________

9 आंगनवाडी कार्यकर्ता/सहायिकाओं को
अंतिम चेतावनी पत्र

          परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना (शहरी) के अन्तर्गत आंगनवाडी कार्यकर्ताओं के द्वारा आंगनवाडी संचालन में लापरवाही बरती जाने एवं कार्य में किसी भी प्रकार का सुधार नहीं होने पर 9 आंगनवाडी कार्यकर्ता/सहायिकाओं को सेवा समाप्ति की कार्यवाही हेतु अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है ।
         एकीकृत बाल विकास परियोजना छिन्दवाडा (शहरी) की परियोजना अधिकारी सुश्री अन्नपूर्णा उईके ने बताया कि आंगनवाडी कार्यकर्ता श्रीमती किरण विरह, श्रीमती स्मिता मैद, श्रीमती रीना सूर्यवंशी, श्रीमती उर्मिला सोनी, श्रीमती संगीता माहोरे, कु. नीलिमा ठाकरे और श्रीमती सुनीता बेले तथा आंगनवाडी सहायिका श्रीमती रंजना बेलसरे और श्रीमती लीला सोमकुंवर को कार्य में सुधार हेतु तीन दिन का समय देते हुये निर्देशित किया गया है कि यदि उनके कार्य में किसी भी प्रकार का सुधार नहीं होता है, तो उनकी सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जायेगी जिसके लिये वे स्वयं जवाबदार होंगी ।
___________
शालेय राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में
खेल परिसर तामिया के छात्र दिखायेंगे पहलवानी का जौहर

               गत दिनों मंडला में विभागीय राज्य स्तरीय योगा और कुश्ती प्रतियोगिता सम्पन्न हुई जिसमें खेल परिसर तामिया के छात्रों का मुकाबला मध्य क्षेत्र बैतूल,खंडवा और हरदा, पश्चिम क्षेत्र धार, बडवानी, अलीराजपुर, झाबुआ और रतलाम एवं पूर्व क्षेत्र अनूपपुर,उमरिया,शहडोल और सीधी से हुआ । इस प्रतियोगिता में 4 छात्र राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता के लिये चयनित हुये जो अपनी पहलवानी का लौहर सीहोर में दिखायेंगे ।
             जिला क्रीड़ा अधिकारी आदिवासी विकास श्री पी.एल.साहू ने बताया कि विभागीय राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता मंडला में खेल परिसर तामिया के छात्र ईशोर (42 केजी) ने खंडवा के पहलवान को पछाड़ा और छात्र अनिल (69 केजी) धार जिले के छात्र से विजेता रहा ।इसी प्रकार मिनी वर्ग में सतीश (41 केजी) ने बड़वानी के पहलवान से विजयश्री हासिल की तथा राजेश (45 केजी)  बाजना (रतलाम) से विजेता रहा । ये चारों छात्र शालेय राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता सीहोर हेतु रवाना हो गये हैं । सीहोर में यह प्रतियोगिता 16 से 20 अगस्त  तक को होगी जिसमें ये छात्र अपना जौहर दिखायेंगे। खेल परिसर के प्राचार्य श्री यू.सी.कुमरे और अधीक्षक श्री शैलेष राय ने छात्रों को रवाना किया। आयुक्त आदिवासी विकास श्री बी.सी.पांडे और सहायक संचालक शिक्षा श्री सी.के.शर्मा ने इन छात्रों के विजयश्री हेतु शुभकामनायें दी हैं।


No comments:

Post a Comment