14 Aug 2011

समाचार 12 Augest 2011

जिला  जनसंपर्क कार्यालय छिन्दवाड़ा (म.प्र.)
समाचार

प्रभारी  मंत्री श्री बिसेन 15 अगस्त को करेंगे ध्वजारोहण

          प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी,सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरी शंकर बिसेन 15 अगस्त को प्रात: 9 बजे स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में ध्वजारोहण करेंगे । आप प्रात: 9.05 बजे सलामी लेंगे और परेड का निरीक्षण करेंगे  तथा प्रात: 9.15 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री का संदेश वाचन करेंगे । समारोह में प्रात: 9.30 बजे हर्ष फायर और मार्च पास्ट होगा तथा प्रात: 9.50 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रात: 10.30 बजे पुरस्कार वितरण के बाद समारोह का समापन होगा । कलेक्टर द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पत्रकारों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों से निर्धारित समय से 15 मिनिट पूर्व समारोह में उपस्थित होने की अपील की गई है ।

--------------------

प्रभारी मंत्री श्री बिसेन की अध्यक्षता में जिला योजना
समिति की बैठक का आयोजन 14 अगस्त को

              प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ,सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन की अध्यक्षता में आगामी 14 अगस्त को दोपहर 2.30 बजे से जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में जिला योजना समिति की बैठक का आयोजन किया गया है । इस बैठक में 26 मई 2011 और 27 जुलाई 2011 की बैठकों की कार्यवाही विवरण के पालन प्रतिवेदन के साथ ही म.प्र. विद्युत (ऊर्जा) विभाग, सहकारिता और कृषि विभाग की समीक्षा की जायेगी तथा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर चर्चा होगी ।

---------------------

जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न

           कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में विधायक परासिया श्री ताराचन्द बावरिया, चौरई विधायक श्री मेरसिंह चौधरी ,संयुक्त कलेक्टर श्री अनुराग सक्सेना, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री बी.सी.पांडे, समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।
            कलेक्टर डॉ. शर्मा द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि केन्द्र एवं राज्य शासन की अल्पसंख्यक वर्गो के लिये चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का अपने अपने स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह में आयोजित की जाएगी । बैठक में 25 बिन्दुओं के एजेण्डा पर विस्तृत चर्चा हुई जिसमें उर्दू विषय के शिक्षक, उर्दू माध्यम के स्कूल, उर्दू की पुस्तक के नि:शुल्क वितरण संबंधी जानकारी से समस्त सदस्यों को अवगत कराया गया । विधायक श्री बावरिया के अनुरोध पर मदरसा खोलने के मापदण्ड, प्रस्ताव भेजने का समय एवं अनुदान संबंधी जानकारी से जल्द ही सभी सदस्यों को अवगत कराने का आश्वासन दिया गया । बैठक में म.प्र. पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम द्वारा पिछड़े वर्गो को दिये गये ऋण , रोजगार कार्यालय में अल्पसंख्यकों के आवेदनों के पंजीयन, अल्पसंख्यक वर्ग के धार्मिक स्थलों के जीर्णोदार एवं मरम्मत और वक्फबोर्ड की संपत्ति की सुरक्षा के संबंध में चर्चा की गई । चौरई विधायक श्री मेरसिंह चौधरी द्वारा खुले कब्रिास्तानों की फेंसिंग करवाने का मुददा उठाने पर कलेक्टर द्वारा फेंसिंग करवाने की स्वीकृति दी गई । साथ ही अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को दी जाने वाली प्री मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक एवं मेरिट कम मीन्स छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी के साथ ही आवेदन करने संबंधी जानकारी से सदस्यों को अवगत कराते हुये बताया गया कि इन योजनाओं में आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त है। सहायक आयुक्त द्वारा बताया गया कि समिति का एजेण्डा स्थायी है इसमें फेरबदल नहीं होगा ।

---------------------
ग्राम सभाओं में वन अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त दावों का निराकरण होगा

           राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 15 अगस्त से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन होगा । इन ग्राम सभाओं में पूर्व में वन अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त सभी दावों का अधिनियम एवं नियमों के प्रावधान के अनुसार निराकरण किया जायेगा । साथ ही प्रत्येक ग्राम से विभिन्न सामुदायिक वन अधिकारों के दावे भी अनिवार्य रूप से लिये जायेगे ।
          सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री बी.सी.पांडे ने बताया कि सामुदायिक वन अधिकार के दावे के अंतर्गत निस्तार जैसे सामुदायिक अधिकार उन्हें चाहे किसी भी नाम से जाना जाता हो जैसे वनक्षेत्र से सूखी गिरी लकड़ी इकट्ठा करने का अधिकार, पंरपरागत चारागाह, जड़े और कन्द, चारा, वन खाद्य फल ओर अन्य लघु वन उत्पाद संग्रहण करने के क्षेत्र, मछली पकड़ने के स्थान, सिंचाई प्रणालियां, मानव या पशुधन के उपयोग के लिये पानी के स्त्रोत, औषधीय पौधों का संग्रह, जड़ी-बूटी, औषधि व्यवसायियों के क्षेत्र तथा स्थानीय समुदायों द्वारा भू-संरक्षण और जन संरक्षण आदि के लिये बनाई गई संरचनाओं के अवशेष,पवित्र वृक्ष, गुफायें, तालाब या नदी क्षेत्र, कब्रिास्तान या शवदाह गृह आदि के दावे अनिवार्य रूप से लिये जायेगे । उन्होने बताया कि ऐसे सामुदायिक दावे प्राप्त किये जाने हेतु सभी ग्राम सचिवों और सरपंचों को प्रेरित किये जाने के निर्देश सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को दिये गये है जिससे कि वे भविष्य में अपने अधिकारों से वंचित न रहे ।

---------------------

जन हित में दो बसों का हाल्ट/स्टाप सौंसर में होगा

               कलेक्टर के निर्देशानुसार जन हित में छिन्दवाड़ा-नागपुर और छिन्दवाड़ा-पांढुर्णा मार्ग पर संचालित बसों का हाल्ट/स्टाप सौंसर सिविल अस्पताल के पास में किया जायेगा । यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है । इस संबंध में बस संचालकों को सूचित कर दिया गया है  तथा आम जनता से भी इस व्यवस्था का लाभ लेने की अपेक्षा की गई है ।

---------------------

जिले में अभी तक 658.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

            जिले में अभी तक 658.5 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है,जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 619.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गर्ई थी। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रात: 8 बजे तक 2.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड तामिया में 2, सौंसर में 16.4,पांढुर्ना में 8.6 और बिछुआ में 1.8 मि.मी. वर्षा शामिल है।
          अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा बताया गया कि जिले में 12 अगस्त तक 658.5 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड छिन्दवाड़ा में 627 मि.मी., मोहखेड में 572, तामिया में 833.9, अमरवाडा में 1096.4, चौरई में 551.6, हर्रई में 639.6, सौंसर में 571, पांढुर्ना में 595.6, बिछुआ में 405.8, परासिया में 694.2 और जुन्नारदेव में 692.6 मि.मी.वर्षा दर्ज की गई है।

---------------------

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न

          कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री अनुराग सक्सेना, सिविल सर्जन डॉ. पी.के. श्रीवास्तव, डॉ. शुक्ला, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, समिति के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे ।
        समिति में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई । डॉ. शुक्ला द्वारा  बताया गया कि स्वास्थ्य अभियान में आशा कार्यकर्ता की सहभागिता कम है साथ ही आशा के सभी पर्दो पर भर्ती नहीं हो पाई है आशा कार्यकर्ता के कार्य में गुणवत्ता लाने के लिये उनकी ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए । सभी बातों पर गौर करते हुये  कलेक्टर डॉ. शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को आशा कार्यकर्ता से जुड़ी सभी समस्याओं को अति शीघ्र निपटाने के लिये निर्देशित किया । विभिन्न स्तर पर निर्माणाधीन कार्यो की समीक्षा करते हुये कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए । परिवार नियोजन हेतु छिन्दवाड़ा जिले को प्राप्त लक्ष्य 20,900 को समय सीमा के अंदर पूरा किया जाने के निर्देश दिये गए । बैठक में श्री अनुराग सक्सेना द्वारा पिछले वर्ष की गलतियों से सबक लेते हुए इस वर्ष और अच्छे तरीके से कार्य करने की सलाह दी गई । साथ ही जननी के अच्छे स्वास्थ्य और बच्चें को कुपोषण से  बचाने के लिये तथा दो बच्चों में कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने के लिये  स्वास्थ्य विभाग कर्मियों एवं महिला बाल विकास कर्मियों को मिलकर कार्य करने के निर्देश दिये गये । इस बैठक में मुख्यमंत्री बाल ह्यदय उपचार योजना, कुष्ठ निवारण कार्यक्रम, अंधत्व निवारण कार्यक्रम, टी.बी. निवारण कार्यक्रम ,मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम , जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण आदि कार्यक्रमों में आने वाली कठिनाई और उन्हें दूर करने के उपायों पर चर्चा करते हुये डॉ. शर्मा द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं डॉक्टर्स को दिशा निर्देश दिए गए । साथ ही सभी डॉक्टर्स ,बी.्एम.ओ., स्वास्थ्य कर्मियों को जन स्वास्थ्य समृद्धि हेतु चलाई जा रही योजनाओं को शत प्रतिशत सफलता के लिये यथासंभव कार्य करने के निर्देश दिए गए । कलेक्टर डॉ. शर्मा द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आव्हान करते हुये भ्रष्टाचार करने वाले एवं  लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों पर तुरन्त कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए ।

---------------------

समारोह पूर्वक स्वतंत्रता दिवस आयोजन की तैयारियां पूरी

             आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस को समारोह पूर्वक आयोजित करने की तैयारियाँ पूरी कर ली गयी है । कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में विगत वर्षो की भांति स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे । विभिन्न शिक्षण संस्थाओं और कार्यालयों में आगामी 15 अगस्त की प्रात: 7.30 बजे और पुलिस परेड ग्राउण्ड में प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा ।
           कलेक्टर डॉ. शर्मा ने बताया कि जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह के आयोजन के संबंध में बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और परेड की रिहर्सल की समीक्षा आगामी 14 अगस्त को होगी ।  मुख्य समारोह के आमंत्रण पत्र वितरण के प्रभारी वरिष्ठ लिपिक शाखा के प्रभारी अधिकारी होंगे, जबकि बैठक व्यवस्था का दायित्व राजस्व अनुविभागीय अधिकारी ओर  अन्य अधिकारियों का होगा । परेड ग्राउण्ड में साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुनिश्चित करायेंग, जबकि बेरिकेटिंग हेंतु लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को और बांस-बल्ली उपलब्ध कराने का वन मंडलाधिकारी को दायित्व सौंपा गया है । मुख्य समारोह में व्यायाम प्रदर्शन और पूर्ण व्यवस्थित ढंग से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे । जिला कलेक्टर ने बताया कि आगामी 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से जिला मुख्यालय में विभिन्न मार्गो पर भारी वाहनों के प्रवेश को नगर निरीक्षक यातायात प्रतिबंधित रखना सुनिश्चित करेंगे । विद्युत व्यवस्था सहित वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था कराने के लिये भी निर्देश दिये गये हैं ताकि मुख्य समारोह में उद्घोषणा में व्यवधान नहीं हो । स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को मुख्य समारोह में लाने ले जाने की समुचित व्यवस्था की जायेगी । महिलाओं के बैठने के साथ ही पत्रकारों के बैठने की ऐसी व्यवस्था की जायेगी  ताकि सरलता से कव्हरेज किया जा सके । मुख्य समारोह में पुरस्कार वितरण के साथ समृद्धि के प्रतीक रंगीन गंब्बारे और शांति के प्रतीक कपोत आकाश में मुक्त विचरण के लिये छोड़े जायेंगे ।  एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जायेगी तथा परम्परानुसार समारोह में परेड आयोजित की जायेगी ।

---------------------

कलेक्टर एवं अतिरिक्त कलेक्टर के कार्य विभाजन में आंशिक संशोधन

                  कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा कलेक्टर एवं अतिरिक्त कलेक्टर के कार्य विभाजन आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है । इस संशोधन के अनुसार कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. शर्मा मध्यप्रदेश नगरपालिका (कालोनाईजर का रजिस्ट्रीकरण निर्बन्धन तथा शर्ते) नियम 1998 एवं ग्राम पंचायत (कालोनाईजर का रजिस्ट्रीकरण निर्बन्धन तथा शर्ते) नियम 1999 के अंतर्गत जिले की सभी अपील/पुनरीक्षण का कार्य देखेंगे तथा अतिरिक्त कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी डॉ. श्रीनिवास शर्मा म.प्र. भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 240 ओर 241 के अन्तर्गत सभी प्रकरणों का निराकरण करेंगे ।

 

No comments:

Post a Comment