1 Aug 2011

समाचार 1 Augest 2011

जिला जन सम्पर्क कार्यालय छिन्दवाडा(म.प्र.)
समाचार

साप्ताहिक समय सीमा के पत्रों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

               प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्वाति मीणा ने आज स्थानीय जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा के पत्रों की समीक्षा बैठक ली ।  उन्होंने समय सीमा के पत्रों का समयावधि में निराकरण करने के निर्देश दिये । उन्होंने कलेक्टर द्वारा ग्रामों के भ्रमण के दौरान दिये जाने वाले निर्देशों का पालन प्रतिवेतन किसी भी स्थिति में 48 घंटे के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश सभी विभाग प्रमुखों को दिये । उन्होंने कलेक्टर द्वारा गत दिनांे पांढुर्ना और भूली में किये गये निरीक्षण के परिप्रेक्ष्य में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि कर्मचारियों को जारी कारण बताओ नोटिस और अन्य निर्देशों का पालन प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करें ।  उन्होंने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को चिन्हित 265 तालाब मछुआरों को तत्काल पट्टे पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये जिससे इन तालाबों में मत्स्य पालन हो सके । उन्होंने जिलाध्यक्ष कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आदिवासी विकास, महिला एवं बाल विकास, कोषालय, खनिज,जल संसाधन, वन, जिला पंजीयक, जिला शिक्षा केन्द्र, ग्रामीण विकास, कृषि, शहरी विकास, लोक निर्माण, पशु चिकित्सा,ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उद्यान, प्रधानमंत्री सडक परियोजना, ग्राम एवं नगर निवेश, सहकारिता, श्रम, विद्युत, ग्रामोद्योग, पंचायत, लीड बैंक आदि विभागों के लंबित समय सीमा के पत्रों की प्रगति की समीक्षा की तथा विभाग प्रमुखों को शीघ्र ही पत्रों के निराकरण के निर्देश दिये । बैठक में संयुक्त कलेक्टर द्वय श्री अनुराग सक्सेना और श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी डॉ. के.डी.त्रिपाठी और सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे ।
------------------
 
जिले में अभी तक 550.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

              जिले में अभी तक 550.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है,जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 482.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गर्ई थी। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रात: 8 बजे तक 3.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड अमरवाड़ा में 5 मी.मी., चौरई में 0.6, सौंसर में 2, बिछुआ में 25, परासिया में 4 और जुन्नारदेव में 2.2 मि.मी. वर्षा शामिल है।
             अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा बताया गया कि जिले में एक अगस्त तक 550.6 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड छिन्दवाड़ा में 556.48 मि.मी.,मोहखेड में 516.1, तामिया में 544.9, अमरवाडा में 1044.8, चौरई में 446, हर्रई में 571.2, सौंसर में 482.4, पांढुर्ना में 488, बिछुआ में 315.8, परासिया में 533.6 और जुन्नारदेव में 587 मि.मी.वर्षा दर्ज की गई है।
--------------------------
राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ और ‘मध्यप्रदेश गान’ का हुआ गायन

               प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्वाति मीणा की उपस्थिति में आज माह के प्रथम दिन स्थानीय कलेक्टर कार्यालय में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ और ‘मध्यप्रदेश गान’ का गायन हुआ। राज्य शासन द्वारा इस बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के साथ अब प्रतिमाह माह की पहली तारीख को ‘मध्यप्रदेश गान’ के गायन के भी निर्देश दिये गये हैं । इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर द्वय श्री अनुराग सक्सेना और श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना के साथ ही अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे । शासकीय कलापथक दल के कलाकारों ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ और ‘मध्यप्रदेश गान’ की संगीतमय प्रस्तुति दी ।
--------------------------
जनशिक्षक एवं बीएसी के शेष पदों के लिए  5 अगस्त को
डाईट में द्वितीय चरण की काउंसलिग आयोजित

            सर्व शिक्षा अभियान के अन्तर्गत शेष 15 बीएसी और 113 जनशिक्षक के पदों की पूर्ति के लिए आगामी  5 अगस्त को स्थानीय डाईट में द्वितीय चरण की काउंसलिग का आयोजन किया गया है । पात्र अभ्यर्थी काउंसलिंग में निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित हो सकते हैं । उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण की काउंसिलिंग में 18 बीएसी और 85 जनशिक्षकों के पदों के लिए सहमति प्राप्त हो गई है ।
          जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा ने बताया कि ऐसे उच्च श्रेणी शिक्षक एवं अध्यापक जिनकी आयु एक जनवरी 2011 को 49 वर्ष से कम हो या ऐसे अध्यापक जिनकी शिक्षा कर्मी/संविदा शिक्षक वर्ग 2 में प्रथम नियुक्ति 22 जनवरी 2002 से 15 नवम्बर 2006 तक हुई हो या ऐसे अभ्यर्थी जो किसी कारणवश प्रथम काउंसलिंग में उपस्थित नहीं हो पाये हो या ऐसे बीएसी/जनशिक्षक जो उच्च श्रेणी शिक्षक एवं अध्यापक संवर्ग के है तथा जिनका कार्य करते हुये 3 वर्ष से कम का समय हो गया है, वे काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। इस संबंध में वरिष्ठता सूची का अवलोकन जिला शिक्षा केन्द्र एवं डाईट के सूचना पटल पर किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि काउंसिलिंग में उपस्थिति के समय अभ्यर्थी जन्म तिथि प्रमाणीकरण हेतु मार्कशीट, जन्म प्रमाण पत्र या अन्य दस्तावेज, प्रथम नियुक्ति आदेश, वर्तमान पद पर पदोन्नति/नियुक्ति आदेश, अध्यापक संवर्ग में संविलियन होने संबंधी आदेश (केवल अध्यापक संवर्ग हेतु), स्नातक अंतिम वर्ष की अंक सूची और स्वयं का यूनिक आई डी क्रमांक की मूल प्रति एवं उनकी एक-एक स्वप्रमाणित छायाप्रति अनिवार्य रुप से साथ  में लेकर आयें। 
------------------------- 

विश्व स्तनपान सप्ताह की जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न

              विश्व स्तनपान सप्ताह के अन्तर्गत आज स्थानीय राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न हुई। कार्यशाला का शुभारंभ महिला बाल विकास एवं स्वास्थ्य समिति जिला पंचायत की सभापति श्रीमती इंदू रबडे द्वारा किया गया ।
            कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री स्वर्णिमा शुक्ला द्वारा कार्यशाला के उद्देश्य एवं एलसीडी प्रोजेक्टर के माध्यम से विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि एक से 7 अगस्त तक जिले के सभी परियोजना कार्यालय एवं आंगनवाडी स्तर पर आंगनवाडी कार्यकर्ताओं/सहायिकाओं, आशा एवं एएनएम का प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा आंगनवाडी केन्द्रों पर स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता एवं गर्भवती महिलाओं से भेंट कर स्तनपान के महत्व के बारे में फिल्म एवं परामर्श द्वारा जानकारी दी जायेगी । कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कामना वर्मा ने कहा कि किशोरी बालिकायें भविष्य की माँ है, वे कार्यशाला से जानकारी लेकर लाभान्वित हो सकती हैं । यूनिसेफ की अधिकारी सुश्री मिश्रा द्वारा जानकारी दी गई कि संभाग में सर्वप्रथम छिन्दवाडा जिले में कार्यशाला का आयोजन किया गया है । इसके लिए विभाग बधाई का पात्र है ।
               कार्यशाला में डॉ.श्रीमती अल्पना शुक्ला द्वारा स्तनपान संबंधी चिकित्सा की विस्तार से एलसीडी के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराईगई । कार्यक्रम के दौरान स्तनपान विषय पर प्रश्नोत्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया एवं छात्राओं को पुरस्कार वितरित किये गये। मुख्य अतिथि श्रीमती इंदु रबडे द्वारा विभाग की सभी गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों को सम्मिलित किये जाने और जिले में विभाग की गतिविधियों का सुचारु रुप से संचालन किये जाने पर संतोष व्यक्त किया गया। कार्यशाला का संचालन श्रीमती वाणी मिश्रा और आभार प्रदर्शन छिन्दवाड़ा शहरी परियोजना अधिकारी सुश्री अन्नपूर्णा उईके द्वारा किया गया । कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, पर्यवेक्षक कार्यालय स्टाफ, आंगनवाडी कार्यकर्ता, मीडिया कर्मी, जनप्रतिनिधिगण,कालेज का स्टाफ एवं महाविद्यालय की छात्रायें उपस्थित थी ।

No comments:

Post a Comment