19 Jul 2011

समाचार 19 जुलाई 2011

जनसुनवाई में 190 आवेदन पत्रों पर हुई सुनवाई
                   जनता की समस्याओं का त्वरित निवारण हेतु किये जा रहे अभिनव प्रयास के क्रम में मंगलवार को संयुक्त कलेक्टर अनुराग सक्सेना ने सह्मदयता, समझाईश एवं धैर्य के साथ 190 आवेदन पत्रों में जनसुनवाई की ।
                  श्री अनुराग सक्सेना द्वारा लक्ष्मण वर्मा की अनुकम्पा नियुक्ति कराने, सियाराम के घर के एक बत्ती कनेक्शन का जरुरत से ज्यादा आये बिजली बिल की जाँच कराने , अंजू मस्तकार के पॉलीटेक्नीक में प्रवेश हेतु प्रमाण पत्र संबंधी समस्या का निराकरण करने , हरिभाऊ कृष्णा जी को बाढ़ से हुई क्षति का मुआवजा दिलाने, चंपाकली परतेती की पेंशन संबंधी समस्या सुलझाने, नंदलाल गोधनलाल का इलाज करवाने, ग्राम करबडोल कोडरा के वृद्धों को पेंशन दिलाने, राधा सोनी को पेंशन दिलाने, सोहन भारती (अनुसूचित जनजाति भारिया) को नौकरी दिलाने, ममता खातरकर का मकान ढह जाने से उन्हें मुआवजा दिलाने, रजनीश जैन का जाति प्रमाण पत्र बनवाने, सुधाकर की जमीन का सीमांकन कराने, अनीता साहू को उत्पीड़न से राहत दिलाने, प्रमिला साहू द्वारा सोसायटी में गेहूँ बिक्री से प्राप्त चैक का भुगतान करने, कैलाश डेहरिया का जाति प्रमाण पत्र बनवाने, टी.एस.चौधरी को क्रमोन्नति दिलाने, सादिक खान द्वारा परासिया में सार्वजनिक सीमेंटेड कचराघर बनवाने के आवेदन पर अनुशंसा करने, सुहगियाबाई को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने, जगदीश ठाकरे को मुख्य मंत्री सहायता कोष से राहत दिलाने, भगवतराम की जमीन पर अवैध कब्जे की जाँच कराने, संदीप शर्मा की जमीन का नामांतरण एवं सीमांकन कराने, राजन बुंदेलिया की टी.सी. में माँ का नाम परिवर्तन कराने, श्यामराव का गरीबी रेखा सूची में नाम दर्ज कराने, सकलोबाई की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने, सुनील प्रजापति को सरकारी जमीन से मिट्टी खुदाई की स्वीकृति दिलाने, छिन्दवाड़ा के वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में इलेक्ट्रिक पोल लगवाने, नंदनी परतेती का एक माह का वेतन दिलाने, प्रहलाद वल्द ज्ञानसिंह को पाला से हुये नुकसान की राहत राशि दिलाने, दैनिक वेतन भोगी को शासन के आदेशानुसार 500 रुपये का अतिरिक्त वेतन का लाभ दिलाने, उषा सूर्यवंशी के बच्चे का उत्कृष्ट विद्यालय में 11 वीं कक्षा में दाखिला कराने, कोलाढ़ाना में पोल्ट्रीफार्म के कारण होने वाली परेशानी से निजात दिलाने, नीरज शर्मा को पावती दिलाने, ग्राम कच्हियाकला के जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत कराने,बबली बाई यादव के पति की दुर्घटना में मृत्यु होने पर 10 हजार रुपये की मुआवजा राशि दिलाने, सहीलाल उईके को स्वरोजगार हेतु लोन दिलाने, अमित साहू की पान की दुकान की वैकल्पिक व्यवस्था कराने, एकता श्रीवास्तव को केन्द्रीय विद्यालय में इच्छित संकाय के विषय दिलाने,सविता साहू को पी.जी.डी.सी.ए. की फीस कम कराने, ग्राम लेंदागोंदी के स्कूल में शिक्षक की भर्ती कराने, मीरा डेहरिया के बच्चों की केन्द्रीय विद्यालय से टी.सी.दिलाने, हरियागढ़ ग्राम की स्कूल में टीचर की कमी को दूर कराने, आनंदकुमार का राशनकार्ड बनवाने, गोपाल प्रसाद डेहरिया का इलाज करवाने, रेखा विश्वकर्मा का बी.पी.एल कार्ड बनवाने, कृपाराम विश्वकर्मा के बच्चे को बी.ई. की शिक्षा प्राप्त करने के लिए लोन दिलाने, सरलाबाई चौरे के बच्चे को छात्रवृत्ति दिलाने जैसे 190 मामलों में जनसुनवाई की गई।


क्रमांक 93/879/बीएम/एमआर/

========================================================================


एक हितग्राही को 50 हजार रुपये की आर्थिक अनुदान
सहायता राशि स्वीकृत

                   राजस्व अनुविभागीय अधिकारी जुन्नारदेव श्री अखिलेश जैन द्वारा सर्पदंश से मृत्यु होने पर एक हितग्राही को 50 हजार रुपये की आर्थिक अनुदान सहायता राशि राजस्व पुस्तक परिपत्र 6 (4) के अन्तर्गत स्वीकृत की गई है । यह राशि तहसील जुन्नारदेव के ग्राम खैरमण्डल की श्रीमती सविताबाई की सर्पदंश से मृत्यु होने पर उसके वारिस पति श्री कृपाल पिता जुंगा को स्वीकृत की गई है ।

क्रमांक 94/ 880/ओपीएस/एमआर/

========================================================================


अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों से प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति
योजना के अन्तर्गत 15 अगस्त तक आवेदन पत्र आमंत्रित

                   जिले के अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को भारत सरकार की अल्पसंख्यक प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिलेगा । इसके लिये पात्र विद्यार्थियों से आगामी 15 अगस्त तक निर्धारित आवेदन पत्र अपनी शैक्षणिक संस्था के संस्था प्रमुख/प्राचार्य से अग्रेषित कराकर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिये गये हैं । निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जायेगा। आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारुप आयुक्त पिछड़ा वर्ग तथा अल्प संख्यक कल्याण की वेबसाईट से डाउनलोड कर प्राप्त किये जा सकते हैं । कलेक्टर ने इस योजना का जिले के अल्पसंख्यक समुदाय के कक्षा एक से 10वी  तक के मान्यता प्राप्त शासकीय/अशासकीय संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों से लाभ लेने की अपेक्षा की है । उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और संबंधित शैक्षणिक संस्थाओं के प्रमुख/प्राचार्यो को विद्यार्थियों से प्राप्त आवेदनपत्रों को समय पर अग्रेषित करने तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को आवेदन पत्रों का परीक्षण कर पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये हैं ।
                    सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री बृजेशचन्द्र पाण्डे ने बताया कि अल्पसंख्यक प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत  मध्यप्रदेश के विद्यार्थियों को भारत में कहीं पर भी अध्ययन करने के लिये छात्रवृत्ति दी जायेगी। यह छात्रवृत्ति शासकीय एवं अशासकीय मान्यता प्राप्त स्कूलों के छात्र-छात्राओं को शिक्षा जारी रखने हेतु दी जावेगी । इस छात्रवृत्ति के लिए कक्षा एक के विद्यार्थियों को छोड़कर शेष विद्यार्थियों को पिछली कक्षा की परीक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा जिसमें कक्षा एक के विद्यार्थी को केवल आय संबंधी पात्रता लागू होगी तथा इस छात्रवृत्ति को प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को किसी अन्य छात्रवृत्ति /शिष्यवृत्ति को प्राप्त करने की पात्रता नहीं होगी। छात्रवृत्ति हेतु छात्र के माता-पिता/अभिभावक की वार्षिक आय समस्त श्रोतों से एक लाख रुपये से अधिक नहीं होना चाहिये। छात्रवृत्ति के लिए चयन प्रक्रिया में प्राप्तांकों के स्थान पर न्यूनतम आय सीमा के छात्रों को वरीयता दी जावेगी ।  आवेदन पत्र के साथ आवेदक को विगत कक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण/अंकसूची, कक्षा एक छोड़कर मूल निवासी प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक होने संबंधी प्रमाण/घोषणा पत्र, आय पत्र/घोषणा पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा । कुल छात्रवृत्तियों में से 30 प्रतिशत छात्रवृत्तियाँ छात्राओं के लिए आरक्षित है। छात्राओं की अनुपलब्धता की स्थिति में छात्रवृत्तियाँ छात्रों को उनकी छात्रवृत्ति स्वीकृत की जायेगी । एक परिवार के अधिकतम दो बच्चों को ही छात्रवृत्ति स्वीकृत की जावेगी। अपूर्ण आवेदन पत्र/निर्धारित प्रारुप में आवेदन नहीं किये जाने तथा आवेदन पत्र की प्रत्येक कंडिकाओं की पूर्ण जानकारी नहीं देने पर छात्रवृत्ति की पात्रता नहीं होगी । विभाग द्वारा सभी प्राप्त आवेदनों का विवरण डाटा एन्ट्री कर वेबसाईट पर उपलब्ध कराया जायेगा । छात्र एवं संस्थायें अपने आवेदनों का अवलोकन कर सकते हैं एवं आवेदन की प्रविष्टि में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर विभाग को पोर्टल के माध्यम से संबंधित जानकारी दे सकते हैं । जिन विद्यार्थियों को पिछले वर्ष 2010-11 में छात्रवृत्ति प्रापत हुई हैं, वे छात्र नवीनीकरण का आवेदन भरने के साथ ही अपने चेकों की फोटो प्रति भी लगायें तथा कक्षा 10 वीं पास करने वाले विद्यार्थी पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु नवीन आवेदन भरें । विद्यार्थी अपना आवेदन पत्र निर्धारित आवेदन पत्र में ही अपनी शैक्षणिक संस्था के संस्था प्रमुख/ प्राचार्य से अग्रेषित  कराकर  सहायक  आयुक्त  आदिवासी  विकास को निर्धारित तिथि तक प्रस्तुत कर सकते हैं ।


क्रमांक 95/881/ओपीएस/एमआर/

========================================================================


जिले में अभी तक 391.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

               जिले में अभी तक 391.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 342.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गर्ई थी। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रात: 8 बजे तक 11.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें छिन्दवाड़ा में 12.8 मि.मी., मोहखेड में 28.2, तामिया में 8, अमरवाडा में 6.2, चौरई में 3.6,  हर्रई में 5, सौंसर में 8.6, पांढुर्ना में 48.8, बिछुआ में 8.1 और जुन्नारदेव में 2 मि.मी. वर्षा शामिल है ।
                अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि जिले में 19 जुलाई तक 391.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है, जिसमें विकासखंड छिन्दवाड़ा में 361 मि.मी., मोहखेड में 332.4, तामिया में 361.9, अमरवाडा में 923.8, चौरई में 349.2, हर्रई में 434.4, सौंसर में 375, पांढुर्ना में 247.8, बिछुआ में 151.2, परासिया में 369.9 और जुन्नारदेव में 418.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।

क्रमांक 96/882/ओपीएस/एमआर/

======================================================================== 

30 कार्यालयों के शासकीय अधिकारी/कर्मचारियों के
यू.आई.डी. कार्ड 20 से 27 जुलाई के दौरान बनाये जायेंगे

                      संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शुचिस्मिता सक्सेना ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित 30 कार्यालयों के शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के यूनिक आईडेन्टिटीफिकेशन कार्ड 20 से 27 जुलार्ई के दौरान कलेक्ट्रेट भवन के कक्ष क्रमांक 7, तहसील भवन कार्यालय तथा बी.टी.आई. भवन में तैयार किये जायेंगे।  उन्होंने संबंधित कार्यालयों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथि को निर्दिष्ट स्थानों पर परिवार के सदस्यों के साथ उपस्थिति सुनिश्चित करायें तथा अधिकारियों एव कर्मचारियों को निर्देशित करें कि वे अपने साथ राशन कार्ड, फोटो परिचय पत्र (निर्वाचन), बच्चों की अंक सूची जिसमें जन्म तिथि अंकित हो आदि पहचान पत्रों की छायाप्रति लेकर अनिवार्यत: नियत तिथि को उपस्थित हों । साथ ही शासकीय अधिकारियों/कर्मचारियों को यू.आई.डी. कार्ड बनाने हेतु भेजते समय यह ध्यान रखा जाये कि जिनके यू.आई.डी. फार्म कोषालय अधिकारी के पास जमा किये गये हैं, उन्हें ही उक्त तिथि को भेजें तथा शेष अधिकारियों/कर्मचारियों से यू.आई.डी. फार्म प्रथमत: भरवाये और इसके बाद ही यू.आई.डी. बनाने हेतु भेजा जाये ।
                   उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष क्रमांक 7 में 20 से 22 जुलाई तक सहायक नियंत्रक नाप तौल, डिस्ट्रिक्ट कामाण्डेंट होमगार्ड और कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग, 20 से 24 जुलाई तक सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, 23 से 25 जुलाई तक महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र, वनमंडलाधिकारी पश्चिम वनमंडल, पूर्व वन मंडल और दक्षिण वनमंडल एवं 26 से 27 जुलाई तक वन संरक्षक वनवृत्त, वनमंडलाधिकारी सामान्य उत्पादन वनमंडल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छिन्दवाड़ा, पुलिस अधीक्षक और पुलिस थाना कुंडीपुरा, तहसील भवन में 20 से 22 जुलाई तक कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, सहायक संचालक उद्यान, अनुविभागीय कृषि अधिकारी और सहायक संचालक मत्स्य विभाग, 23 से 25 जुलाई तक मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला, सहायक आयुक्त सहकारिता, सेनानी आठवीं बटालियन और अधीक्षक जेल एवं 26 से 27 जुलाई तक मुख्य नगरपालिका अधिकारी छिन्दवाड़ा तथा बी.टी.आई.भवन में 20 से 22 जुलाई तक प्राचार्य शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उत्कृष्ट विद्यालय ओर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलाशनगर एवं 23 से 25 जुलाई तक प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदनगांव,रोहनाकला और सारना, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी छिन्दवाडा कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के यू.आई.डी. कार्ड बनाये जायेंगे ।

क्रमांक 97/883/ओपीएस/एमआर/


========================================================================

विद्युत उपकेन्द्र निर्माण कार्य के लिए 5.78 लाख रुपये
की स्वीकृति

                    प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री एवं जिले के विधानसभा क्षेत्र सौंसर के विधायक श्री नानाभाऊ मोहोड़ की अनुशंसा पर कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा जारी वित्तीय वर्ष में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के अन्तर्गत जिले के सौंसर विकासखंड मुख्यालय स्थित सिविल अस्पताल में 33 के.व्ही. नया उच्चदाब कनेक्शन हेतु उपकेन्द्र निर्माण कार्य के लिए 5.78 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुये 3 लाख रुपये का आवंटन क्रियान्वयन एजेंसी को प्रदाय किया गया है । इस निर्माण कार्य को मार्च माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिये गये हैं ।

क्रमांक 98/884/ओपीएस/एमआर/ 

======================================================================== 


17 और 18 अगस्त को दो दिवसीय पेंशन शिविर का आयोजन

                    जिले में माह जुलाई 2011 तक सेवा निवृत्त अधिकारी/कर्मचारियों के पेंशन एवं सेवानिवृत्त लाभों के निराकरण के लिए आगामी 17 एवं 18 अगस्त को जिलाध्यक्ष कार्यालय परिसर में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है । कलेक्टर डॉ पवन कुमार शर्मा ने जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि विगत माहों के लंबित पेंशन प्रकरण एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के प्रकरणों को जिला कोषालय में 31 जुलाई 2011 के पूर्व प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें ताकि इस दो दिवसीय शिविर में उनका तत्परता से निराकरण किया जा सके ।
                   जिला कोषालय अधिकारी श्री एस.के.धाण्डे ने बताया कि शिविर में माह जुलाई 2011 तक लंबित पेंशन प्रकरण एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभ जैसे अवकाश नगदीकरण, समूह बीमा, परिवार कल्याण निधि एवं महालेखाकार से प्राप्त अंतिम भुगतान आदि का निराकरण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रकरणों को जिला कोषालय अधिकारी/जिला पेंशन अधिकारी के कार्यालय में निर्धारित तिथि तक प्रस्तुत नहीं होने पर लंबित प्रकरणों के लिए जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी ।

क्रमांक 99/885/ओपीएस/एमआर/ 

No comments:

Post a Comment