जिला जन सम्पर्क कार्यालय छिन्दवाडा(म.प्र.)
समाचार
जिले में विशेष संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शराब बेचने वालों के विरुद्ध कडी कार्रवाई करें – प्रभारी मंत्री श्री बिसेन
जिला योजना समिति की बैठक में
पुलिस और आबकारी विभाग को निर्देश
कतिपय सदस्यों के व्यवधान पर
प्रभारी मंत्री द्वारा बैठक स्थगित
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री तथा जिला योजना समिति के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रुप से विशेष अभियान संचालित कर अवैध शराब बिक्री के ठिकानों पर छापे मारकर प्रकरण बनाये और अवैध शराब बेचने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही कर 14 अगस्त तक प्रतिदिन की गई कार्यवाही से अवगत करायें। उन्होंने जिले में जुआँ और सट्टा संचालन के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिये । साथ ही जिले में राशन दुकान से बिकने वाले नीले केरोसीन से चारपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की धरपकड करें तथा ऐसे प्रकरणों में कलेक्टर कम से कम 50 हजार रुपये का जुर्माना करें एवं दुबारा केरोसीन से वाहन चलाये जाने पर ऐसे वाहन को राजसात करें। प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने ये निर्देश आज स्थानीय कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में दिये। बैठक में प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड, राज्य सभा सदस्य सुश्री अनुसूईया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सीताराम डेहरिया,विधायक सर्वश्री ताराचंद बावरिया,रामराव कवरेती,दीपक सक्सेना,तेजीलाल सरेयाम और मेरसिंह चौधरी,नगरपालिका अध्यक्ष श्री कन्हईराम रघुवंशी एवं समिति के अन्य सदस्यगण, प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्वाति मीणा तथा सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे ।
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने राजस्व और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि संयुक्त अभियान चलाकर केरोसीन से चलने वाले वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करें, किन्तु किसानों को परेशान नहीं करें। उन्होंने किसानों से भी आग्रह किया कि वे अपने ट्रेक्टरों में राशन दुकान के नीले केरोसीन का उपयोग नहीं करें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि विशेष अभियान चलाकर भूमि का भौतिक सत्यापन करें और किसानों के खेत में कुआ, वृक्ष आदि की प्रविष्टि करें । यदि किसी किसान के खाते में गलत प्रविष्टि हो, तो उसे ठीक भी करें। उन्होंने पटवारियों को भी सख्त निर्देश दिये कि किसानों के हित की चिंता करें अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि आगामी सितम्बर माह में जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों और 11 विकासखंडों में 4 दिन का भ्रमण करेंगे तथा इस भ्रमण के दौरान विभिन्न विभागों की जमीनी स्तर की गतिविधियों का जायजा लेंगे। उन्होंने कलेक्टर के अवकाश पर रहने पर जिला योजना समिति की पिछली बैठक में लिये गये निर्णयों में माचागोरा बांध के निर्माण कार्यो की जाँच और जिले में समान मजदूरी भुगातन के संबंध में आगामी 14 अगस्त 2011 को प्रात: 10.30 बजे से पुन: बैठक आयोजित कर इस बैेठक में इस संबंध में चर्चा करने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने समिति के कतिपय सदस्यों द्वारा कुछ बिन्दुओं पर व्यवधान उत्पन्न किये जाने पर बैठक स्थगित करने की घोषणा करते हुये आगामी 14 अगस्त की बैठक में सभी विषयों पर चर्चा करने के लिये कहा ।
------------------------
जिले में अभी तक 507 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में अभी तक 507 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है,जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 435.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गर्ई थी। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रात: 8 बजे तक 13 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें छिन्दवाडा में 52.2 मि.मी.,मोहखेड में 4.6, तामिया में 30,अमरवाड़ा में 5,चौरई में 26.2,सौंसर में 2,पांढुर्ना में 14.2,परासिया में 4.2 और जुन्नारदेव में 4.8 मि.मी. वर्षा शामिल है। अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा बताया गया कि जिले में 27 जुलाई तक 507 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड छिन्दवाड़ा में 513 मि.मी.,मोहखेड में 464.1, तामिया में 501.9,अमरवाडा में 1002.8,चौरई में 443.2, हर्रई में 544.2, सौंसर में 436.8, पांढुर्ना में 418.2, बिछुआ में 257.7, परासिया में 487.6 और जुन्नारदेव में 534.4 मि.मी.वर्षा दर्ज की गई है।
-----------------------
No comments:
Post a Comment