23 Jul 2011

समाचार 23 जुलाई 2011

जिला जनसंपर्क कार्यालय छिन्दवाड़ा(म.प्र.)
समाचार 

जिला योजना समिति की बैठक 27 जुलाई को

           प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन की अध्यक्षता में जिलाध्यक्ष कार्यालय के सभाकक्ष में जिला योजना समिति की बैठक 27 जुलाई को दोपहर 2 बजे से आयोजित की गई है । बैठक में पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन के साथ ही म.प्र. विद्युत (ऊर्जा), सहकारिता और कृषि विभाग की समीक्षा की जायेगी तथा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की जायेगी । 

क्रमांक 119/905/बीएम/एमआर/

5 तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की नवीन पदस्थापना

                कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा 5 तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की नवीन    पदस्थापना के आदेश जारी किये गये हैं । ये आदेश तत्काल प्रभावशील हो गये हैं ।
             कलेक्टर डॉ. शर्मा ने बताया कि पदोन्नत तहसीलदार श्री बलिराम मेश्राम को जिला कार्यालय छिन्दवाडा से तहसीलदार बिछुआ, पदोन्नत तहसीलदार श्री गोपाल कुमार सोनी को जिला कार्यालय छिन्दवाड़ा से तहसीलदार परासिया, नायब तहसीलदार श्री धनसिंह प्रजापति को प्रभारी तहसीलदार परासिया से प्रभारी तहसीलदार हर्रई, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख श्री डी.पी.चुरेन्द्र को प्रभारी तहसीलदार हर्रई से नायब तहसीलदार बटकाखापा और नायब तहसीलदार श्री बलराम सिंह बघेल को प्रभारी तहसीलदार बिछुआ से नायब तहसीलदार छिन्दवाड़ा में पदस्थ किया गया है ।

क्रमांक 120/906/ओपीएस/एमआर/

मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से एक हितग्राही को
उपचार के लिए 25 हजार रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत

             प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जारी वित्तीय वर्ष में अपने स्वेच्छानुदान मद से जिले के ग्राम पांजरा की श्रीमती गिरजाबाई पत्नी श्री बल्कू पटेल को उपचार के लिए 25 हजार रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है । कलेक्टर द्वारा यह राशि तहसीलदार छिन्दवाडा को पुनरावंटित कर संचालक जवाहरलाल नेहरु कैंसर हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर भोपाल के नाम से अनुदानग्रहिता को चेक प्रदाय करने के निर्देश दिये गये हैं जिससे हितग्राही  महिला का उपचार हो सके ।

क्रमांक 121/907/ओपीएस/एमआर/

स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री मोहोड का भ्रमण कार्यक्रम

           प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड 24 जुलाई को कार द्वारा प्रात: 6.30 बजे सौंसर से प्रस्थान कर प्रात: 8.30 बजे सिवनी पहुंचकर जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे । आप दोपहर एक बजे सिवनी जिले के कुरई से प्रस्थान कर दोपहर 2 बजे सौंसर पहुंचेंगे तथा शाम 4.30 बजे स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद रात्रि विश्राम सौंसर में करेंगे ।

क्रमांक 122/908/बीएम/एमआर/

प्रभारी मंत्री श्री बिसेन के 27 जुलाई के भ्रमण कार्यक्रम में आंशिक संशोधन

               प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन के 27 जुलाई के भ्रमण कार्यक्रम में आंशिक संशोधन हुआ है। अब वे 27 जुलाई को रात्रि 10 बजे पेंचव्हेली एक्सप्रेस ट्रेन के स्थान पर कार द्वारा परासिया से होशंगाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 2 बजे होशंगाबाद पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे । 

क्रमांक  123/910/ओपीएस/एमआर/

कृषि की समस्त योजनाओं से लाभान्वित होंगे ग्रामीण
बलराम ग्राम योजना में चयनित ग्राम भूली के ग्रामीणों से मिले कलेक्टर

               कृषि को फायदे का धंधा बनाने के लिए ग्रामीणों द्वारा अपनाये जा रहे तरीकों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को कैसे एक साथ समाहित कर किसानों का जीवन स्तर ऊंचा उठाया जा सकता है, इन संभावनाओं को साकार रुप देने कलेक्टर डॉ. पवन कुमार शर्मा पांढुर्ना विकासखंड की ग्राम पंचायत भूली पहुंचे । इस ग्राम पंचायत का कृषि विभाग की बलराम ग्राम योजना में चयन किया गया है । कलेक्टर ने यहाँ किसानों से उनके अनुभव सुने एवं जनसमस्याओं का निराकरण किया । इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती इंदु रबडे, जिला पंचायत सीईओ सुश्री स्वाति मीणा, एसडीएम श्री खलगो, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे ।
            कलेक्टर डॉ. शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि कृषि को फायदे का धंधा बनाने के लिए बलराम ग्राम योजना के तहत इस गांव का चयन किया गया है । इन बलराम ग्रामों में कृषि विभाग की समस्त योजनाओं के तहत किसानों को लाभ पहुंचाया जायेगा । इससे न केवल उत्पादन क्षमता बढेगी बल्कि कृषि के क्षेत्र में ग्राम आत्मनिर्भर बनेंगे । इस योजना के तहत जिले में 37 ग्रामों का चयन किया गया है । उद्यानिकी विभाग द्वारा एक दिन पूर्व ही बीज प्रदाय किये जाने पर उन्होंने उद्यानिकी अधिकारियों को फटकार लगाते हुये इस संबंध में जवाब मांगा । कलेक्टर ने ग्राम के किसानों से कृषि में उत्पादन क्षमता बढ़ाने के बारे में जानकारी ली। 
दो किसान मिलकर बनाये कपिलधारा कूप-- कम भूमि होने के कारण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की कपिलधारा उपयोजना के लाभ से वंचित किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुये कलेक्टर डॉ.  शर्मा एवं सीईओ सुश्री मीणा ने कहा कि जिन किसानों के पास डेढ़ एकड़ से कम भूमि हैं, ऐसे किसान संयुक्त रुप से कपिलधारा योजना में कुयें का निर्माण करा सकते हैं । ऐसे किसान ग्राम पंचायत में कपिलधारा कूप का प्रस्ताव जमा करायें ।
बनाये श्रृंखलाबद्ध बोल्डर चैकडेम --बैठक के दौरान ग्रामीणों ने ग्राम भूली में बोल्डर चैक की संभावनाओं से अवगत कराया जिस पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री मीणा ने जनपद सीईओ एवं सहायक यंत्री को निर्देशित किया कि ग्राम में कार्यस्थलों का चयन कर तत्काल बोल्डर  चैक का निर्माण प्रारंभ करायें । मेढ़ बंधान एवं खेत तालाब निर्माण के कार्य का चयन कर तत्काल बोल्डर चैक का निर्माण प्रारंभ करायें । मेढ़ बंधान एवं खेत तालाब निर्माण के कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर करायें । उन्होंने ग्रामीणों को इससे होने वाले फायदों से भी अवगत कराया ।
पुरस्कृत होंगे भागीरथ कृषक –कृषि की उत्पादक क्षमता बढ़ाने एवं जल संवर्धन की दिशा में जिन किसानों ने अपने खेतों में स्वयं खेत तालाबों का निर्माण कराया है, उन्हें भागीरथ कृषक की संज्ञा देकर जिला एवं राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जायेगा । कलेक्टर एवं सीईओ ने उन्नत किसानों से खेत तालाबों का निर्माण कराने की अपील की है ।
ग्राम भूली का पटवारी निलंबित –ग्राम भूली में बैठक के दौरान पटवारी श्री रुपेश पहाडेक द्वारा खसरा किश्तबंदी, बही, आय प्रमाण पत्र, नामांतरण आदि के कार्य में रिश्वत लेने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा करने पर कलेक्टर डॉ.शर्मा ने श्री पहाडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर छिन्दवाड़ा रिकार्ड रुम में अटैच कर दिया ।

देखा गोबर गैस संयंत्र –कलेक्टर डॉ. शर्मा एवं सीईओ सुश्री मीणा ने ग्राम भूली में श्री सुखदेव धारपुरे के यहाँ कृषि विभाग की योजना के अन्तर्गत बने गोबर गैस संयंत्र का भी निरीक्षण कर घरेलू कार्य में इसका उपयोग देखा । गोबर गैस संयंत्र का रसोई गैस एवं प्रकाश के रुप में उपयोग किया जा रहा है । डॉ. शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि पशुपालन को महत्व देते हुये जिले में वर्मी कम्पोस्ट एवं बायोगैस संयंत्र का निर्माण कराया जाये।
शाला परिसर में किया वृक्षारोपण –जिला पंचायत सदस्य श्रीमती इंदु रबडे, कलेक्टर डॉ.शर्मा, सीईओ सुश्री मीणा आदि ने शासकीय हाईस्कूल भूमि परिसर में पौधारोपण किया । कलेक्टर डॉ. शर्मा ने कहा कि हरियाली महोत्सव के तहत जिले में अधिक से अधिक पौधों का रोपण किया जाये । वृक्षारोपण के पश्चात अधिकारियों ने स्कूली छात्रों से शिक्षण संबंधी चर्चा की ।

क्रमांक 124/911/एमबी/एमआर/

सीसी के साथ उपलब्ध कराना होगा कार्यो के छायाचित्र
जिला पंचायत सीईओ सुश्री मीणा ने संबंधित अधिकारियों को दिये निर्देश

              महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनान्तर्गत कार्य पूर्ण होने पर सीसी जारी करते समय निर्माण कार्य के छायाचित्र उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा । उक्त आशय के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्वाति मीणा ने संबंधित अधिकारियों को दिये है । उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य प्रारंभ होने, प्रगतिरत एवं पूर्ण होने पर तीन स्तर पर कार्य के छायाचित्र खींचे जाये एवं सीसी जारी करते समय जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत में सीसी के साथ छायाचित्र अनिवार्य रुप से भेजें । सुश्री मीणा ने गत दिवस पांढुर्ना जनपद पंचायत में आयोजित उपयंत्रियों की बैठक में भी उक्त निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि किसी भी ग्राम पंचायत में मनरेगा के कार्य बंद नहीं होना चाहिये । बारिश में वृक्षारोपण, बोल्डर चैक, खेत तालाब आदि के कार्य प्राथमिकता से कराये । अधिकारी ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर निर्माण कार्यो का निरीक्षण करें । राजस्व भूमि चिन्हित कर वृक्षारोपण कराये । चारागाह विकास के कार्य करायें । नंदन फलोद्यान उपयोजना के तहत संतरे के साथ-साथ मौसंबी के भी पौधे लगाने के लिए कार्ययोजना बनायें । खेत तालाबों का निर्माण कराकर इनमें अजोला नामक घास लगाये । सुश्री मीणा ने बताया कि दुधारु पशुओं के लिए यह घास फायदेमंद साबित होती है ।

क्रमांक 125/ 912/ओपीएस/एमआर/

जिले में अभी तक 484.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

            जिले में अभी तक 484.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 379 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गर्ई थी। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रात: 8 बजे तक 23.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें छिन्दवाडा में 13.6 मि.मी., मोहखेड में 19.5, तामिया में 52, अमरवाड़ा में 14,चौरई में 192, हर्रई में 31.4, सौंसर में 19, पांढुर्ना में 38.6, बिछुआ में 29.2, परासिया में 8 और जुन्नारदेव में 9.8 मि.मी. वर्षा शामिल है।
              अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा बताया गया कि जिले में 23 जुलाई तक 484.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें विकासखंड छिन्दवाड़ा में 439.4 मि.मी.,मोहखेड में 438.9, तामिया में 466.9, अमरवाडा में 993.6,चौरई में 409, हर्रई में 542.2,सौंसर में 422.4, पांढुर्ना में 383.8, बिछुआ में 255.7,परासिया में 479.2 और जुन्नारदेव में 519.4 मि.मी.वर्षा दर्ज की गई है।

क्रमांक 126/ 913 /बीएम/एमआर/

सफलता की कहानी

खेत तालाब बनने से उदयसिंह कर सकेगा रबी की खेती
मनरेगा से चावलपानी में बना किसान के खेत में तालाब

          खेत में सिंचाई की सुविधा नहीं होने के कारण अक्सर वीरान पडे रहने वाले खेत में किसान अब रबी की फसल लहलताते हुये देखेगा । महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना ने किसान का सपना सच किया है । हम बात कर रहे हैं जिले के आदिवासी विकासखंड तामिया की ग्राम पंचायत चावलपानी निवासी किसान उदयसिंह पिता फूल्लू खरे की । ग्राम पंचायत ने उदयसिंह के खेत में इस वर्ष मनरेगा से खेत तालाब का निर्माण कराया हैे। उदयसिंह ने बताया कि उसके पास पांच एकड़ जमीन हे, लेकिन उसमें सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं है । हालांकि गांव के कई किसान यहाँ स्थित देहगांव जलाशय के पानी से अपने खेतों में सिंचाई का कार्य करते हैं, लेकिन अंतिम छोर पर खेत होने के कारण हमारे खेत तक जलाशय का पानी नहीं आ पाता । बारिश में तो खरीफ की फसल ले लेते हैं, लेकिन रबी में खेत खाली पडे रहते हैं । ऐसे में दूसरों के यहाँ मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं । ग्राम पंचायत को जब इस परेशानी से अवगत कराया गया तो पंचायत ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में खेत तालाब बनाने का प्रस्ताव ले लिया । वर्ष 2010-11 में खेत तालाब का कार्य लिया था जो अभी बनकर तैयार हो गया । बारिश के बाद तालाब लबालब भरा हुआ है । उदयसिंह ने बताया कि खेत में तालाब बनने से अब रबी में फसल लेने की उम्मीद जाग गई है । सचिव श्री शिवदयाल ने बताया कि मनरेगा से 60 हजार रुपये की लागत से उदयसिंह के खेत में 21 बाय 23 मीटर क्षेत्रफल का खेत तालाब निर्माण कराया गया । खेत तालाब निर्माण में मजदूरों को काम के अवसर उपलब्ध हुये । साथ ही उदयसिंह के खेत में सिंचाई का स्थायी साधन भी हो गया । सचिव ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा खेत तालाबों का निर्माण प्राथमिकता से कराया जा रहा है ।

क्रमांक 127/914/ओपीएस/एमआर/



No comments:

Post a Comment